#justiceformukesh : प्रेस क्लब रायपुर ने सीएम साय से की मुलाकात,गृहमन्त्री विजय शर्मा पहुंचे प्रेस क्लब

FB IMG 1736129427586

रायपुर,06 जनवरी 2025 – पत्रकार साथी मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में त्वरित और पारदर्शी जांच की मांग को लेकर रायपुर प्रेस क्लब और वरिष्ठ पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीते शाम 5 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मामले की गहन जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। मुख्यमंत्री से मुलाकात रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने कुछ अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह जघन्य हत्याकांड बेहद गंभीर है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने त्वरित और निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि सभी संदिग्ध पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में प्रेस क्लब के महासचिव डॉ. वैभव शिव पांडेय, उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला, कोषाध्यक्ष रमन हलवाई, संयुक्त सचिव तृप्ति सोनी एवं अरविंद सोनवानी, कार्यकारिणी सदस्य सुधीर तम्बोली, वरिष्ठ पत्रकार उचित शर्मा और पीसी रथ शामिल रहे। गृहमंत्री से संवाद रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा और संवाद कार्यक्रम में पत्रकारों ने राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा को घटना की जानकारी दी। गृहमंत्री अपनी अन्य बैठक के कारण प्रारंभ में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन बैठक समाप्त होते ही वे प्रेस क्लब पहुंचे। पत्रकारों ने एसआईटी में स्थानीय अधिकारियों के बजाय साफ-सुथरी छवि के अधिकारियों को शामिल करने की मांग की। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “मुख्यमंत्री से चर्चा कर एसआईटी में बदलाव पर विचार किया जाएगा। जांच की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी और हर बिंदु पर ध्यान दिया जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।” श्रद्धांजलि सभा में जुटा पत्रकार समुदाय पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या से पत्रकार समुदाय में गहरा आक्रोश है। रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए और घटना की निंदा की। सभा में मांग की गई कि हत्याकांड की जांच निष्पक्षता और पारदर्शिता से की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। हम आपको बता दें कि पत्रकार मुकेश    चंद्राकर की हत्या के तीन आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं।मुख्य आरोपी, ठेकदार सुरेश चन्द्रकार अभी भी फरार है । मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की ओर से मिले आश्वासन के बाद पत्रकार समुदाय को उम्मीद है कि मामले में जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।पत्रकार साथी की हत्या से देशभर के पत्रकार एकजुट हैं।  

भरत सिंह बने भाजपा के नए जिलाध्यक्ष, पार्टी के संघर्ष और एकजुटता का हुआ जश्न

FB IMG 1736096208149

जशपुर,05 जनवरी 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भरत सिंह को जशपुर जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के चुनाव प्रभारी निर्मल सिन्हा ने जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित एक विशेष बैठक में यह घोषणा की। इस मौके पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और पार्टी के साथ अपने संघर्ष के दिनों को याद कर भावुक क्षण साझा किए। पार्टी के अनुशासन की मिसाल घोषणा के दौरान चुनाव प्रभारी निर्मल सिन्हा ने कहा कि जशपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं का अनुशासन और संघर्ष क्षमता पूरे प्रदेश में एक मिसाल है। उन्होंने निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी को शानदार जीत मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में भी इसी एकजुटता के साथ काम करें। नेताओं ने जताया आभार जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि सुनील गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार संघर्ष हुआ, जिससे भाजपा को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत मिली। पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने इसे सुनील गुप्ता की कुशल रणनीति का परिणाम बताया, जिससे पत्थलगांव सीट पर जीत संभव हो सकी। भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि भाजपा एक कैडर-बेस्ड पार्टी है, जहां वंशवाद और परिवारवाद के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने 2018 की हार के बाद पार्टी द्वारा किए गए संघर्ष और उपलब्धियों को भी याद किया। भरत सिंह ने जताया भरोसा नवनियुक्त जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि भारत को विश्व गुरु बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया। सुनील गुप्ता हुए भावुक अपने विदाई भाषण में सुनील गुप्ता ने पार्टी के साथ अपने सफर को याद किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के दिनों में भाजयुमो के तत्कालीन जिलाध्यक्ष शत्रुजंय प्रताप सिंह जूदेव के साथ भाजपा से जुड़े थे और उन्हें युधवीर सिंह जूदेव के साथ काम करने का भी अवसर मिला। उन्होंने 2018 की हार के बाद विपक्ष की भूमिका में कांग्रेस सरकार के खिलाफ संघर्ष के अनुभव साझा किए और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उपस्थित रहे कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन चुनाव प्रभारी निर्मल सिन्हा, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियम्वदा सिंह जूदेव, विधायक रायमुनी भगत और गोमती साय समेत कई वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नए नेतृत्व से पार्टी को बड़ी उम्मीदें भरत सिंह की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नया भारत” के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।  

जशपुर के बगीचा में धार्मिक स्थल पर भजन बंद कराने का प्रयास, आरोपी नासिर खान गिरफ्तार

IMG 20250104 WA0019

जशपुर,04 जनवरी 2024 –  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा में स्थित एक प्रमुख धार्मिक स्थल पर भजन-आरती बंद कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस घटना ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। घटना के बाद श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने विरोध जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।जिसपर बगीचा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नासिर खान को गिरफ्तार किया है। घटना का विवरण: जानकारी के अनुसार, 3 जनवरी की सुबह 6 से 7 बजे के बीच धार्मिक स्थल के पुजारी पूजा-अर्चना और भजन-आरती कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने वहां पहुंचकर पूजा-पाठ में बाधा उत्पन्न की और भजन-आरती बंद करने का दबाव बनाया। आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पुजारी और अन्य श्रद्धालुओं को धमकी दी। पुजारी द्वारा तुरंत इस घटना की जानकारी स्थानीय श्रद्धालुओं को दी गई। इसके बाद धार्मिक स्थल पर बैठक कर घटना की निंदा की गई और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई: मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 196(2) और 299 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा, “धार्मिक सौहार्द्र को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना के तुरंत बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और मामले की जांच जारी है।” स्थानीय लोगों में रोष: इस घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है। शांति बनाए रखने की अपील: स्थानीय प्रशासन और समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है। सभी पक्षों से सौहार्द्रपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया गया है।  

बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या: सीएम साय समेत पत्रकारिता जगत और समाज में शोक की लहर

IMG 20250103 211315 1

ख़बर ज़नपक्ष डेस्क : बीजापुर के युवा और समर्पित पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या की खबर ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जघन्य घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि यह पत्रकारिता जगत और समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आया बयान   मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा, “मुकेश चंद्राकर जी की हत्या का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस घटना के अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए।” पत्रकारिता में योगदान मुकेश चंद्राकर बीजापुर के चर्चित पत्रकारों में से एक थे और उनके यूट्यूब चैनल “बस्तर जंक्शन” ने नक्सल प्रभावित इलाकों में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर किया था। उनकी साहसी पत्रकारिता ने उन्हें लोगों के बीच एक पहचान दिलाई। परिवार और समाज में शोक मुकेश चंद्राकर के परिवार और स्थानीय पत्रकार समुदाय में इस घटना से भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। उनकी हत्या ने क्षेत्र में प्रेस की सुरक्षा और स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस जांच में प्रगति इस मामले में पुलिस ने अब तक एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और कई सुरागों पर काम कर रही है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने दावा किया है कि इस केस को जल्द सुलझाया जाएगा। शोक संदेश मुख्यमंत्री श्री साय के अलावा कई अन्य नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकार संगठनों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की है।  

बुरी खबर: बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्या की खबर,घर के पास लाश मिली,आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं

IMG 20250103 180351

रायपुर डेस्क,03 जनवरी2025 –  बीजापुर जिले के चर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर बीते तीन दिनों से लापता हैं। सोशल मीडिया में खबर आ रही है कि उनकी अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है।लाश उनके घर के पास मिली है।इस खबर ने पूरे पत्रकार जगत में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने शुरुआती जांच में अपहरण की आशंका जताई है और मामले को सुलझाने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने आज दोपहर में मीडिया को बताया कि इस मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। दरअसल, 1 जनवरी की शाम मुकेश चंद्राकर टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहनकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनका फोन बंद हो गया। जब रात तक वे घर नहीं लौटे, तो उनके भाई और साथी पत्रकार युकेश चंद्राकर ने उनकी तलाश शुरू की। करीबियों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद जब कोई सूचना नहीं मिली, तो युकेश ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। CCTV और संदिग्ध पर पुलिस की नजर शहर के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। फेसबुक यूजर अंशु रजक ने लिखा है – बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर को एक ठेकेदार ने मार डाला अपने घर के सेप्टिक टैंक में दफना दिया.. वो भी सिर्फ इसलिए क्योकि उसके भ्रष्टाचार को मुकेश ने उजागर किया.. सच्चाई लोगो को बताई और इसका परिणाम मिला मौत .. छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की जरूरत है..!! मुकेश चंद्राकर: नक्सल मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय नाम मुकेश चंद्राकर बीजापुर में “बस्तर जंक्शन” नामक यूट्यूब चैनल चलाते थे, जो नक्सल गतिविधियों और मुद्दों की रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। उनकी निर्भीक पत्रकारिता ने उन्हें क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है। सक्रिय पत्रकार की हत्या ने बस्तर के पत्रकार समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने बस्तर आईजी से मुलाकात कर मामले को जल्द सुलझाने और मुकेश का पता लगाने की मांग की थी। कई पत्रकारों का दल भी उनकी तलाश में जुटा हुआ था। मुकेश चंद्राकर की हत्या की खबर ने स्थानीय लोगों और प्रशासन को गहरी चिंता में डाल दिया है। क्षेत्र में उनके योगदान और निर्भीक पत्रकारिता को देखते हुए, यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेस स्वतंत्रता और सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा करता है।  

हवस के दरिंदे ने पड़ोस की बालिका को भगाया,सूचना मिलते ही 3 घण्टे में पुलिस ने यूँ खत्म किया ‘ऑपरेशन मुस्कान’

rps20221007 181808

जशपुर,03 जनवरी 2025 – 2 जनवरी की सुबह 9 बजे स्कूल जाने को कहकर निकली 17 वर्षीया बालिका अपहरण का शिकार हो गई।शाम 6 बजे के करीब पुलिस को इसकी सूचना मिली।एसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम ने तलाश शुरू की जो तकरीबन तीन घण्टे में जशपुर शहर से नाबालिग बालिका को पड़ोसी युवक के चंगुल से छुड़ाने में सफल रही। फिलहाल  पुलिस अपहृत बालिका के बयान पर अपहरण करनेवाला पड़ोसी युवक को भारतीय नागरिक संहिता व बालकों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध कायम कर रही है। पीड़िता नाबालिग है इसलिए उसकी पहचान उजागर न हो इसलिए ख़बर ज़नपक्ष आरोपी पड़ोसी का नाम ,फोटो उजागर नहीं कर रहा है। उल्लेखनीय है कि जशपुर पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर बालकों व महिला सम्बन्धी अपराध पर त्वरित कारवाई की जा रही है।आंकड़े देखिए – वर्ष 2024 में दुष्कर्म के कुल 137 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 129 प्रकरणों में कुल 170 आरोपी गिरफ्तार हुए। वर्ष 2023 में 118 और वर्ष 2022 में 172 प्रकरण दर्ज हुए थे। बीते एक वर्ष में ऐसे अपराधों में कमी आना इसकी सफलता को दर्शाता है।

कोई है,,,,,,साहब ने सुशासन का झंडा बुलंद करने दफ्तर छोड़ा

IMG 20250102 WA0008

*जशपुर/मनोरा,02 जनवरी 2025 – जब पूरा देश नए साल के जश्न में खोया हुआ था, मनोरा ब्लॉक के कर्मठ ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) संजय पटेल ने सुशासन की परिभाषा ही बदल दी। बीईओ साहब ने नए साल का स्वागत अपने “फील्ड” में किया। अब फील्ड का मतलब यहां दोहरा है – एक सरकारी क्षेत्र का, दूसरा असली खेत-मैदान वाला। 1 जनवरी को जब हमारा “सरकारी दफ्तरों में सुशासन कैसा चल रहा है?” विषय पर उनके कार्यालय का दौरा हुआ, तो वहां एक महिला पियून ड्यूटी करती मिली। दूसरे कर्मचारी, जिनका नाम  लेटगू राम है, जो घर का बिजली वायरिंग कराने के लिए पहले ही दफ्तर छोड़ चुके थे। संजय पटेल ने बताया कि नए साल पर भी तीन कर्मचारी – दीपांशु, विभा और अन्य – छुट्टी पर चले गए थे। लेकिन खुद बीईओ साहब ने फील्ड जाने का बीड़ा उठाया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों “अपार पहचान” बनाने के लिए अभिभावकों का इंतजार करने के बाद ही फील्ड का रुख किया गया। आपको लगता है क्या कि विष्णु के सुशासन और कलेक्टर रोहित व्यास के प्रशासन में मनोरा के बीईओ संजय पटेल जैसे अधिकारी नए साल का जश्न मनाने का साहस कर सकते हैं? आखिर, जब जिम्मेदारी की बात आती है, तो पटेल साहब पूरे ब्लॉक को दिखा देते हैं कि सुशासन का मतलब सिर्फ कुर्सी पर बैठना नहीं, बल्कि “फील्ड” में पसीना बहाना है।ऐसे कर्मठ अधिकारी को, जो 1 जनवरी को भी सुशासन का झंडा उठाए हुए हैं, उनकी कर्मठता पर शाबाशी जरूर दी जानी चाहिए।

2024 को विदा करने निकले 4 युवकों में 3 दुनिया से हो गए विदा,स्टेट हाइवे पर बाईक-ट्रक में टक्कर,एसपी शशिमोहन सिंह ने कहा,,,,

IMG 20240723 184952

जशपुर, 31 दिसंबर 2024 – नए साल का जश्न मनाने निकले चार युवाओं की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। स्टेट हाईवे-27 पर कुनकुरी-लवाकेरा मार्ग पर तपकरा थाना क्षेत्र के कोतईबीरा के पास देर रात हुए इस दर्दनाक हादसे में तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे चार युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर नए साल का स्वागत करने निकले थे। रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक बेसुध होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना प्रभारी खोमराज ठाकुर मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कुनकुरी के निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 18 वर्षीय एलेन्स तिर्की, 18 वर्षीय दीपसन टोप्पो और 17 वर्षीय रोहित चौहान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य बड़ा (18) को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान 1. एलेन्स तिर्की (उम्र 18) निवासी खरीबहार, थाना तुमला 2. दीपसन टोप्पो (उम्र 18) निवासी बांसाझाल, थाना तपकरा 3. रोहित चौहान (उम्र 17)   गंभीर घायल 1. आदित्य बड़ा (उम्र 18) निवासी बांसाझाल, थाना तपकरा   पुलिस की अपील और सख्ती जशपुर पुलिस ने नए साल के जश्न में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाएं और लापरवाह वाहन चालकों पर कठोर कार्रवाई करें। इस हादसे ने क्षेत्र में गहरा शोक पैदा कर दिया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जश्न के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखें और यातायात नियमों का पालन करें।  

2024: क्राइम किलर IPS शशिमोहन सिंह का “ऑपरेशन शंखनाद”: 704 गौ-वंश बचाए, ₹3.5 करोड़ की संपत्ति जब्त,109 आरोपी कानूनी शिकंजे में और अंतर्राष्ट्रीय गौ-तस्करी का नेटवर्क हुआ ध्वस्त

IMG 20241017 WA0019

जशपुर, 31 दिसंबर 2024:क्राइम किलर IPS शशिमोहन सिंह की रणनीति ने वर्ष 2024 को गौ तस्करों के लिए भय और कानून व्यवस्था के लिए बदलाव का साल बना दिया। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” ने गौ तस्करी के नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने में ऐतिहासिक सफलता हासिल की। अभियान की शानदार उपलब्धियों के आंकड़ों पर एक नजर – प्रकरण दर्ज: 61 आरोपी गिरफ्तार: 109 गौ-वंश मुक्त: 704 वाहन जप्त: 35 (मूल्य ₹3.5 करोड़ से अधिक) पुलिस द्वारा 16 वाहनों को राजसात किया गया, जबकि बाकी पर प्रक्रिया जारी है। ताजा मामला सामने आया है जिसमें फरसाबहार क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 10 गौ-वंश को तस्करों से बचाया। इस दौरान आरोपी पप्पू यादव और प्रकाश यादव को गिरफ्तार किया गया। इन पर छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। तस्करों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया गया।झारखंड सीमा के डड़गांव और अन्य इलाकों में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। इन कार्रवाइयों के चलते सीमावर्ती तस्करी पर अंकुश लगा है। एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया, “ऑपरेशन शंखनाद के तहत तस्करों पर बड़ा आर्थिक प्रहार हुआ है। उनकी गतिविधियां बाधित हुई हैं, और उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।” पुलिस की सफलता में स्थानीय ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई। उनकी सतर्कता और सूचनाओं से कई तस्करी प्रयासों को विफल किया गया। लगातार कार्रवाई के चलते अब तस्कर वाहनों की बजाय पैदल मार्ग से तस्करी का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, पुलिस की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से उनके ये प्रयास भी असफल हो रहे हैं। एसपी सिंह ने कहा, “हमारा मिशन है कि गौ तस्करी को जड़ से खत्म किया जाए। पुलिस तस्करों को वैकल्पिक और सम्मानजनक रोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।” 2024: अपराध के खिलाफ निर्णायक वर्ष “ऑपरेशन शंखनाद” ने 2024 को अपराध के खिलाफ निर्णायक साल बना दिया। पुलिस की इन कड़ी कार्रवाईयों से जशपुर में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, और समाज में सकारात्मक बदलाव आया है। 2025 का लक्ष्य: जशपुर पुलिस इस अभियान को और सख्ती और रणनीति के साथ आगे बढ़ाएगी, ताकि गौ तस्करी को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

कांसाबेल: युवा और ऊर्जावान नेता सालिक साय के सम्मान समारोह में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़

IMG 20241229 WA0015

जशपुर,29 दिसम्बर 2024 – कांसाबेल में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के ऊर्जावान और स्पष्टवादी नेता सालिक साय के पांच साल के बेमिसाल जिला पंचायत सदस्यीय कार्यकाल के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का शुभारंभ और सालिक साय का सम्मान सम्मान समारोह का शुभारंभ स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। भारी संख्या में कार्यकर्ताओं से भरे प्रांगण में सालिक साय को फूल-मालाओं से लादकर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जब जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के विधायक थे, तब सालिक साय ही थे जिन्होंने जिला पंचायत से लेकर सड़कों तक उतरकर जनता के मुद्दों के लिए लड़ाई लड़ी। सालिक साय: जननेता के रूप में सक्रिय युवा नेता सालिक साय ने अपने जिला पंचायत सदस्यीय कार्यकाल में जनता के बीच अपनी छवि एक मिलनसार और प्रखर नेता के रूप में स्थापित की है। वर्तमान में वे जिला पंचायत सदस्य होने के साथ-साथ भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर भी कार्यरत हैं। उनकी सबसे बड़ी विशेषता उनकी सहजता और मतदाताओं से जुड़ने की क्षमता है। हर वर्ग और समुदाय के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की उनकी शैली ने उन्हें क्षेत्र का जननेता बना दिया है। कार्यकर्ताओं के सम्मान से अभिभूत हुए सालिक सायसम्मान समारोह में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के इस सम्मान से सालिक साय ने भावुक होकर सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां पद नहीं, दायित्व दिए जाते हैं। मैं कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करता रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा।” सालिक साय ने कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्थन को अपनी ताकत बताते हुए धन्यवाद दिया। भविष्य के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता समेत हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे सालिक साय के नेतृत्व में आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने के लिए दोगुनी शक्ति से काम करेंगे। युवा, ऊर्जावान, और स्पष्टवादी नेता के रूप में सालिक साय ने न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं बल्कि क्षेत्र के आम जनमानस के बीच भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। यह सम्मान समारोह उनके जननेता के रूप में बढ़ते कद का प्रमाण है।