अभी-अभी: रफ्तार के कहर में बाइक सवार दो युवक मरे,ट्रक फरार,पुलिस कर रही है पीछा

IMG 20240723 184952

जशपुर,29 दिसम्बर 2024 – साल के जाते-जाते जिले की सड़कें लाल होने लगी हैं।स्टेट हाइवे बतौली – charaidaand रोड पर 9 बजे के करीब एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार दो युवक काल के गाल में समा गए।हादसा नारायणपुर थाने के मटासी गांव का है। मटासी के वरिष्ठ नागरिक रामकृत नायक ने हादसे की सूचना थाने को दी है।रामकृत ने बताया कि बाइक सवार मटासी गांव के ही हैं अभी उनका नाम पता नहीं चल पाया है।हमने ट्रक को रोकने की कोशिश की लेकिन ट्रक चालक ने ट्रक नहीं रोकी और केराडीह कि ओर भाग निकला है।सूचना पर नारायणपुर पुलिस ट्रक क् पीछा कर रही है।घटना में मृतकों के शरीर बुरी तरह से कुचल गए हैं। मौके पर शव वाहन भेजा जा रहा है।

कलमकार स्व. विश्वबन्धु शर्मा की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि,हुए विभिन्न आयोजन

IMG 20241229 WA0000

जशपुर,29 दिसम्बर 2024 :-जिले के वरिष्ठ पत्रकार स्व.विश्वबंधु शर्मा की तृतीय पुण्यतिथि उनके निवास स्थान जशपुरनगर के तेलीटोली स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां उनके परिजनों के साथ शहर के वरिष्ठजनों की उपस्थिति में तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके द्वारा समाज सेवा सहित उन तमाम कार्यों को याद किया गया, जो आज भी जिले में मिसाल बनी हुई है। लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि तीन वर्ष बाद भी उन्हें ऐसा महसूस होता है कि आज भी  विश्वबंधु शर्मा हमारे बीच किसी न किसी रूप में मौजूद है। वरिष्ठ अधिवक्ता और वनप्रेमी रामप्रकाश पांडे ने कहा कि 3 वर्ष बाद आज भी वे अपने जीवंत  हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार और साहित्यकार विचारों में जीवित होते हैं.श्री शर्मा प्रमुख मानवीय गुणों से ओत-प्रोत थे।उनकी सादगी,शालीनता,समाज के प्रति प्रतिबद्धता एवं ईमानदारी ने लोगों की जीवन शैली बदली है। उनके द्वारा किये गये कार्यों का लोग आज भी अनुकरण करते हैं। *स्व.विश्वबंधु शर्मा वरिष्ठ पत्रकार,एडवोकेट,साहित्यकार,ग्राउंडजीरो ई न्यूज व संवेदना फाउंडेशन के संस्थापक , वरिष्ठ समाजसेवी* उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवाओं एवं कोरोना काल में जिस जिंदादिली के साथ जनसेवा की वो स्मृतियां आज भी शहर वासियों के स्मृति पटल प जीवंत है लोग आज उन्हें याद कर गमगीन हो जाते हैं. जशपुरनगर के साथ-साथ जिले के सन्ना में ग्राउंडजीरो ई न्यूज के साथियों ने बस स्टैंड में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया .इसके साथ ही अस्पताल में उपचारित मरीजों को फल वितरण कर उन्हें याद किया। उनके अभिन्न मित्रों में शामिल जशपुर निवासी राजेश जैन जो वर्तमान में मनेंद्रगढ़ जिले में शासकीय पद पर कार्यरत है.उन्होंने पुण्यतिथि के अवसर पर ब्लड डोनेट कर स्व.विश्वबंधु को याद किया। इधर जिले के कोतबा में भी ग्राउंडजीरो ई न्यूज की टीम के सदस्यों ने संगोष्ठी सभा का आयोजन कर उन्हें याद किया गया.उन्हें याद करते हुये उनके मित्र बूटा सिंह (आरक्षक पुलिस विभाग) ने कहा कि ऐसे लोग विरले ही होते है जो बहुमुखी प्रतिभा के धनी होते है।उन्होंने कहा कि आज भी उनकी तस्वीरों को देखकर आँखे नम हो जाती है.बंधु ने जिंदगी छोटी जी लेकिन सबसे अच्छी जी और सद्कर्मों की ऐसी सुगन्ध फैलाकर गये कि उनकी स्मृति सबके दिलों में बनी हुई है।

कुनकुरी: वनवासी कल्याण आश्रम का 72वां स्थापना दिवस भव्यता के साथ मनाया गया

IMG 20241228 WA0017

जशपुर,28 दिसम्बर 2024// कुनकुरी में वनवासी कल्याण आश्रम के 72वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रही। मुख्य अतिथि के रूप में सत्यप्रकाश तिवारी (अधिवक्ता), यश प्रताप सिंह जूदेव और आर.एस.एस. के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। वनवासी कल्याण आश्रम की स्थापना और उद्देश्य वनवासी कल्याण आश्रम की स्थापना 26 दिसंबर 1952 को बालासाहेब देशपांडे द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य भारत के आदिवासी समाज को उनके सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों से जोड़ते हुए उन्हें सशक्त बनाना है। यह संगठन वनवासी समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के माध्यम से सशक्त बनाकर उन्हें सनातन संस्कृति और धर्म से जोड़े रखने का कार्य करता है। स्थापना दिवस का भव्य आयोजन कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, दिवंगत बालासाहेब देशपांडे और अन्य संस्थापकों के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित करके की गई। इसके बाद पारंपरिक लोकनृत्यों का आयोजन हुआ, जिसमें करमा, सरहुल और डंडा नृत्य की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय लोककला के इस उत्सव में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। विशेष रूप से बुजुर्ग महिला और पुरुषों का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि का संबोधन मुख्य अतिथि सत्यप्रकाश तिवारी ने अपने उद्बोधन में वनवासी कल्याण आश्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह संगठन सनातन संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए एक मजबूत स्तंभ है। उन्होंने वनवासी समाज के उत्थान में संगठन की भूमिका की सराहना की। विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम में अखिल भारतीय कार्यालय प्रमुख श्रीपाद जी, प्रांतीय सचिव बासुदेव राम यादव, सरहुल समिति के जिला उपाध्यक्ष मैनेजर राम, कल्याण आश्रम अध्यक्ष विश्वनाथ सिदार और लोककला जिलाध्यक्ष जेरकू राम सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल हुए। वनवासी कल्याण आश्रम का 72वां स्थापना दिवस इस बात का प्रतीक है कि यह संगठन वनवासी समाज के उत्थान और उनकी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस आयोजन ने स्थानीय समुदाय में सांस्कृतिक एकता और गौरव का भाव जगाया।  

सड़क पर डेडबॉडी रखकर प्रदर्शन: सच जानकर परिजन डेडबॉडी लेकर हुए रवाना,एसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर डीएसपी विजय राजपूत ने प्रदर्शन ख़त्म कराया

IMG 20241227 20172108

जशपुर,27 दिसंबर2024 // चौकी उपरकछार के बाहर आज शनिवार को एक मृतक के शव को रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए मुआवजे की मांग की। इस दौरान पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाया गया,जो सही नहीं निकला। घटना की जानकारी मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक विजय सिंह राजपूत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।शाम 5:30 बजे सभी प्रदर्शनकारी खिसक लिए। क्या है पूरा मामला? मृतक दीना राठोर (37 वर्ष), निवासी नामनी को कुत्ते ने काट लिया था। उसे प्राथमिक इलाज के लिए कुनकुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल जशपुर रैफर किया गया। इलाज के दौरान 26 दिसंबर की रात करीब 1 बजे दीना राठोर की मृत्यु हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक के साथ संदीप साहू और उसके भाई ने गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस घटना पर मृतक की पत्नी अनिता राठोर ने शिकायत दर्ज कराई, लेकिन ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस आरोप को ख़ारिज करते हुए पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर थाना जशपुर में भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2)(5) के तहत जीरो में मामला दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी प्रक्रिया के कारण यह मामला जशपुर थाना में पंजीकृत किया गया है। जब परिजनों और ग्रामीणों को इस बात की जानकारी दी गई, तो उन्होंने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा, “हमने शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिकता के आधार पर हर पहलू की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।” ग्रामीणों को समझाकर प्रदर्शन को शांत कराने के लिए पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की जा रही है। मामले की जांच जारी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अन्य धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।  

खबर का असर: घटिया सड़क निर्माण पर नगर पंचायत ने ठेकेदार को नोटिस जारी किया

IMG 20241226 WA0022

कुनकुरी (जशपुर),27 दिसम्बर 2024 // नगर पंचायत कुनकुरी में भ्रष्टाचार के मामले उजागर हो रहे हैं। हाल ही में वार्ड क्रमांक 3 बजरंगनगर में विसर्जन तालाब से रामपति सोनी के घर तक बनी सीसी रोड में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और खराब निर्माण की शिकायतों पर नगर पंचायत प्रशासन ने ठेकेदार मिथुन सोनी को कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया है। जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच में अनियमितताएं पाई गईं। ठेकेदार ने अनुबंध की शर्तों और निर्माण मापदंडों का पालन नहीं किया, जिससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे। नगर पंचायत ने ठेकेदार को निर्देश दिया है कि वह तत्काल सड़क को तोड़कर इंजीनियर की उपस्थिति में नए सिरे से निर्माण कार्य सुनिश्चित करे। ऐसा न करने की स्थिति में कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि इस निर्माण कार्य पर 12 लाख 56 हजार रुपये का बजट निर्धारित था, जिसे ठेकेदार ने 30.97% बिलो रेट पर प्राप्त किया था। इस मामले को लेकर स्थानीय पार्षद राजेश ताम्रकार और नगरवासी पहले ही विरोध दर्ज करा चुके हैं। उनका कहना है कि घटिया गिट्टी और बालू के कारण सड़क पर मवेशियों के पैर धंसने जैसी घटनाएं हो रही हैं। नगरवासियों का आरोप है कि कुनकुरी में विकास कार्यों की सही मॉनिटरिंग न होने के कारण शहर का विकास प्रभावित हो रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा आवंटित करोड़ों रुपये का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। नगरपंचायत सीएमओ की इस बड़ी कार्रवाई से जनता अब सही गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों की उम्मीद कर रही है।  

गलतफ़हमी में दो भाइयों ने पड़ोसी को इतना पीटा कि हो गई मौत,पुलिस चौकी पर लाश रखकर कर रहे बवाल,फोर्स तैनात

IMG 20241227 15150570

जशपुर, 27 दिसंबर 2024 : नशे में धुत्त एक ग्रामीण को आवारा कुत्ते ने काट लिया जिसपर नशेड़ी कुत्ते को गाली देने लगा,जिसे सुनकर दो भाई गलतफहमी के शिकार हो गए और झगड़ते हुए इतना पीट दिया कि दूसरे दिन उसकी अस्पताल में मौत हो गई।घटना तपकरा थाना क्षेत्र के ऊपरकछार पुलिस चौकी की है।चक्काजाम को हटाने के लिए प्रशासन के अधिकारी बीते 3 घण्टों से बातचीत कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना 25 दिसंबर की रात की है, जब उपरकछार नामनी गांव निवासी दीनानाथ राठौर को एक आवारा कुत्ते ने काट लिया। नशे की हालत में दीनानाथ कुत्ते को गाली देने लगा, लेकिन पास के दो संदीप साहू और हेमराज साहू को लगा कि वह उन्हें गाली दे रहा है। इससे विवाद बढ़ गया, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने डंडों से दीनानाथ पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।गंभीर हालत में दीनानाथ को जशपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 26 दिसंबर की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल से पीएम के बाद लाश जब गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने उपरकछार चौकी के सामने लाश को रखकर ओडिशा-झारखंड सीमा पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे मारपीट की शिकायत दर्ज कराने चौकी पहुंचे, तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में लापरवाही की। फिलहाल,चक्काजाम स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है,अन्यथा समय पर ईलाज मिलने से यह स्थिति नहीं बनती। आक्रोशित ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों और हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

आंखों देखी : सीएम के जाते ही नगरवासियों ने खोली विकास की पोल,पुरानी सड़क पर नई सड़क बनाकर किया बड़ा खेल

IMG 20241226 155600

 नई सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, नगरवासियों ने उठाए सवाल जशपुर,26 दिसम्बर 2024 –  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र में स्थित कुनकुरी नगर पंचायत एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों के घेरे में है। बजरंगनगर मुहल्ला के वार्ड क्रमांक 2 और 3 में हाल ही में बनी सीसी सड़क को लेकर नगरवासियों ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गुणवत्ता पर सवाल, मवेशियों के पैरों ने खोल दी पोल विसर्जन तालाब से रामपति सोनी के घर तक बनी 12.56 लाख रुपये की लागत वाली इस सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। बिना वाइब्रेटर और उचित मानकों के, केवल पाटा मारकर सड़क तैयार कर दी गई। सड़क पर मवेशियों के पैर धंसने की घटनाएं निर्माण में हुई लापरवाही की ओर इशारा कर रही हैं। पार्षद ने भी जताई आपत्ति इस मामले में वार्ड पार्षद राजेश ताम्रकार ने ठेकेदार मिथुन सोनी पर आरोप लगाते हुए कहा कि काम की गुणवत्ता पर पहले ही चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण मानकों की अनदेखी की गई। सीएमओ ने दी सफाई नगर पंचायत के सीएमओ प्रवीण उपाध्याय ने बताया कि सड़क निर्माण का ठेका 30.97% बिलो में दिया गया था। उन्होंने कहा कि अभी तक इस काम को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर उचित जांच और कार्रवाई की जाएगी। जनता ने उठाए सवाल, कांग्रेस की नगर सरकार पर निशाना कुनकुरी में सड़क निर्माण को लेकर नगरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोग आरोप लगा रहे हैं कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शहर के विकास के लिए दिल खोलकर दी जा रही बड़ी धनराशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है। ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत से काम का स्तर गिरता जा रहा है। सुशासन पर लगा दाग मुख्यमंत्री के सुशासन की बातों के बावजूद, नगर पंचायत में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की परतें खुलने से शासन की छवि धूमिल हो रही है। नगरवासियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अंत में जनता का सवाल: “क्या विकास के नाम पर हो रहे इस तरह के भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री का ध्यान जाएगा?”  

डॉ रमन सिंह ने विष्णुदेव को ‘चमत्कारी मुख्यमंत्री’ बताया,कुनकुरी विधानसभा में मुख्यमंत्री की सांय-सांय घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को मिली नई रफ्तार

IMG 20241226 WA0007

जशपुर, 25 दिसंबर 2024- अटल बिहारी बाजपेयी के सौंवे जन्म जयंती पर प्रदेश की विष्णु सरकार ने अटल सुशासन दिवस मनाया।जिसमें प्रदेश के नगरपालिकाओं,नगरपंचायतों से लाखों लोग,सरकार के मंत्रीगण वर्चुअली मुख्यमंत्री श्री साय के साथ जुड़े रहे।इस दौरान बिल्हा से विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने विष्णु सरकार के सुशासन से खुश होकर कहा कि विष्णुदेव साय अच्छा काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में चमत्कार कर रहे हैं।समारोह में उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने भी सभा को सम्बोधित किया।कुनकुरी की सभा में सीएम साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी शामिल रहीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर जशपुर के सरईटोला और कुनकुरी सलियाटोली में आयोजित अटल सुशासन चौपाल व समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की, जिनसे अधोसंरचना और जनकल्याण को बल मिलेगा। विकास को मिलेगी नई दिशा मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया। इनमें मुख्य रूप से— कुनकुरी में ऑडिटोरियम निर्माण। कुनकुरी नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये। जशपुर में 500 सीटर ऑडिटोरियम का निर्माण। कुनकुरी में इनडोर स्टेडियम के लिए 20 लाख रुपये। ग्राम पंचायत नारायणपुर के ओघेश्वर आश्रम में 2 प्रवेश द्वारों का निर्माण। तपकरा तहसील में लिंक कोर्ट की स्थापना। सालियाटोली की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपये। बार एसोसिएशन कुनकुरी में फर्नीचर और पुस्तकालय के लिए 25 लाख रुपये। सड़क, पुल और जलस्रोतों का होगा विकास -सीएम साय मुख्यमंत्री ने अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए इन परियोजनाओं की भी घोषणा की— 1. कोतईबीरा सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार। 2. कोतईबीरा से कपाटद्वार तक लक्ष्मण झूला की तर्ज पर सस्पेंशन ब्रिज। 3. अंकिरा राजा पुल का जीर्णोद्धार। 4. दलटोली डैम का जीर्णोद्धार। 5. दलटोली से भेलवा तक सड़क चौड़ीकरण। 6. गोलीडीह से लवाकेरा मार्ग पर पुलिया का चौड़ीकरण।   क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को बल मुख्यमंत्री ने किसानों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए फरसाबहार में अपेक्स बैंक की शाखा खोलने की घोषणा की। साथ ही, सुशासन दिवस के अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, उपकरण और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि “अटल जी की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।” रजत जयंती वर्ष ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष को ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा करते हुए कहा कि यह वर्ष प्रदेश के लिए अधोसंरचना और विकास के कार्यों को प्राथमिकता देने का वर्ष होगा। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं क्षेत्र के नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ उनकी जीवनशैली को बेहतर बनाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।”  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जशपुर दौरा: विकास कार्यों का लोकार्पण और जन संवाद

1002542306 scaled

जशपुर,24 दिसंबर2024 – जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 और 26 दिसंबर को दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले के तीन प्रमुख कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें अटल सुशासन समारोह, विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन, और जन संवाद शामिल हैं। उनके साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पहला दिन: 25 दिसंबर मुख्यमंत्री साय 25 दिसंबर को रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा कुनकुरी के सलियाटोली खेल मैदान पहुंचेंगे। वहां वे भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अटल सुशासन समारोह में शामिल होंगे। समारोह में शामिल रहेंगे ये प्रमुख नेता: लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत जिला भाजपा अध्यक्ष सुनील गुप्ता जिला महामंत्री भरत सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। अटल सुशासन चौपाल कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सराइटोला में आयोजित अटल सुशासन चौपाल में शामिल होंगे। यहां वे जनता से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान प्रदान करेंगे। रात्रि विश्राम मुख्यमंत्री साय दिनभर के कार्यक्रमों के बाद अपने गृह निवास बगीचा में रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरा दिन: 26 दिसंबर दौरे के दूसरे दिन, मुख्यमंत्री बगीचा के घुघरी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहां से वे रायपुर के लिए रवाना होंगे। प्रशासनिक तैयारी पूरी जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सलियाटोली खेल मैदान और सराइटोला चौपाल में मंच, सुरक्षा व्यवस्था और जनसभा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। जनता की उम्मीदें बढ़ीं मुख्यमंत्री साय के इस दौरे से जनता में विकास कार्यों को लेकर उत्साह है। अटल सुशासन चौपाल के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।  

ईसाई समुदाय क्यों सादगी से मना रहा है क्रिसमस? एशिया के बड़े चर्च की क्या है तैयारी? पढ़िए,,

IMG20241224142335

जशपुर,24 दिसम्बर 2024 – जिले में एशिया के दूसरे सबसे बड़े चर्च रोजरी की महारानी गिरिजाघर कुनकुरी में आज ईसा मसीह के जन्मदिन मनाने की तैयारी जोरों से चल रही है।हालांकि इस वर्ष क्रिसमस पर्व को लेकर वह उत्साह नजर नहीं आ रहा है जो बीते वर्षों में देखने को मिला करता था। उल्लेखनीय है कि चर्च की ओर से इस बार का त्यौहार सादगी से मनाने का फरमान सुनाया गया है।इसकी बड़ी वजह भाजपा विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के उस कथित विवादित भाषण को बताया जा रहा है,जिसमें उन्होंने ईसा मसीह व ईसाई धर्म के बारे में अमर्यादित टिप्पणी की थी। इस मामले में युवा जयंत लकड़ा ने बताया कि क्रिसमस पर्व को सादगी से मनाने के फैसले के बाद से बाजार की खरीदारी में भारी कमी आई है।सभी ईसाई परिवार अपने संसाधन व पुराने सामानों के साथ क्रिसमस पर्व मनाने जा रहे हैं।चूंकि चर्च में पूजा -पाठ करने समुदाय के लोग बड़ी संख्या में यहां जुटेंगे तो यहां थोड़ी-बहुत रौनक देखने को मिलेगी। काथलिक सभा के विशेष सदस्य डॉ. किशोर मिंज ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रभु यीशु के जन्मदिन पर आज 24 दिसम्बर की रात 10 बजे से बिशप इमानुएल केरकेट्टा मुख्य अधिष्ठाता सारे अनुष्ठान कराएंगे।बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए चर्च के बाहर पंडाल और स्टेज तैयार किया गया है।