ऐसा भी होता है : 376 से 64 कम है इसलिए पुलिस पर आवेदक ने पैसे मांगने का लगाया आरोप,जाँच में आरोप बेबुनियाद पाया,नए कानून समझाने से हुआ था विवाद

IMG 20241017 WA0019

जशपुर,08 दिसंबर 2024/ चौकी पण्डरापाठ क्षेत्र की 29 वर्षीय विवाहिता महिला ने दिनांक 03.12.2024 को चौकी पण्डरापाठ में परिजनों के साथ आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि इसके साथ दिनांक 02.12.2024 की रात्रि लगभग 11 बजे ईष्वर उर्फ पंडित घांसी ने दुष्कर्म किया है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चौकी पण्डरापाठ द्वारा तत्काल सूचना दिनांक 03.12.2024 को ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पीड़िता की मुलाहिजा कराकर तत्परतापूर्वक आरोपी ईष्वर उर्फ पंडित घांसी उम्र 27 साल निवासी पण्डरापाठ को दिनांक 04.12.2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है। वहीं आवेदक द्वारा जो शिकायत दिया गया है उस दिनांक को FIR करने के लिये पैसे की मांग की गई है, जो प्रथम दृष्टया सही प्रतीत नहीं होता है। चौकी प्रभारी द्वारा दिनांक 03.12.2024 को ही थाना प्रभारी बगीचा के सामंजस्य से FIR दर्ज कर, पीड़िता का मेडिकल उपरांत विवेचना में लिया गया है। अगर FIR और गिरफ्तारी में विलंब होती तो आवेदक के आरोप की सत्यता प्रथम दृष्टया सही प्रतीत होता।  किराये के वाहन से बगीचा से जशपुर आना:  सूचना दिनांक को ही चौकी पण्डरापाठ द्वारा ब्लैकमेल के एक आरोपी को चंडीगढ़ (पंजाब) से लाया गया था, उक्त आरोपी को शासकीय वाहन से न्यायालय पेश करने हेतु ले जाया गया। चौकी प्रभारी द्वारा प्रार्थिया एवं परिजनों को बस से आने-जाने हेतु व्यवस्था कर दिया गया था, पर वे चौकी प्रभारी की बात न मानकर स्वयं वाहन की व्यवस्था कर जशपुर गये। आवेदक के द्वारा धारा 376 की जगह धारा 64 बी.एन.एस. लगाने पर चौकी प्रभारी पण्डरापाठ से वाद-विवाद किया गया, और कहा गया कि आपने 376 की जगह 64 लगाकर धारा कम किया गया। चौकी प्रभारी द्वारा आवेदक को समझाया गया कि नये कानून में परिवर्तन हुआ है इसलिये बी.एन.एस. की धारा 64 लगाया गया है, फिर भी वह नहीं माना और बोला कि- *”मैं बड़े अधिकारियों से तुम्हारा शिकायत करूंगा।”* प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिर भी न्याय के सिद्धांत के तहत् आवेदक की शिकायत को सूक्ष्मता से जाॅंच करने हेतु एसडीओपी बगीचा को जाॅंच हेतु सौंपा गया है।  आवेदक की शिकायत मेरे समक्ष में प्राप्त हुई है। घटना दिनांक से ही उक्त संवेदनशील प्रकरण मेरे संज्ञान में थी। मेरे निर्देश पर ही चौकी प्रभारी पण्डरापाठ एवं थाना प्रभारी बगीचा द्वारा तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रथम दृष्टया आरोप बेबुनियाद पाया गया है। न्याय के सिद्धांत का पालन करते हुये आवेदक द्वारा प्रस्तुत शिकायत की जाॅंच एसडीओपी बगीचा से कराई जा रही है, अनियमितता पाई जाने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।आवेदक द्वारा किसी के बहकावे में आकर उक्त शिकायत वरिष्ठ कार्यालय में प्रस्तुत किया गया है। महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध घटित अपराधों पर जशपुर पुलिस सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर अत्यंत संवदेनशीलता के साथ कार्य कर रही है। – शशिमोहन सिंह,पुलिस अधीक्षक, जशपुर

धान खरीदी अब तक : 3776 किसानों को 41 करोड़ 66 लाख 65 हजार रूपए का भुगतान

IMG 20241207 121109

जिले में अब तक 22377.7 मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी जशपुर,7 दिसंबर 24/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में जशपुर जिले में सुव्यवस्थित रूप से धान की खरीदी की सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। अब तक जिले के किसानों से 22377.7 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। जशपुर के 3 हजार 776 किसानों ने अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में इन किसानों को भुगतान करने के लिए विपणन संघ मुख्यालय द्वारा अपैक्स बैंक को लिकिंग व्यवस्था के तहत 41,66,65,240 रूपए (इकतालीस करोड़ छयासठ लाख पैसठ हजार दो सौ चालीस) का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक जारी रहेगा। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 51180 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 6301 नए किसान शामिल है। इस वर्ष 46 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 3,36,459.00 मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। अधिकारियों ने बताया कि 06 दिसम्बर तक 3776 किसानों से 22377.7 मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। इसके लिए आज दिनांक तक कुल 24434 मीट्रिक टन टोकन जारी किए गए थे। आगामी सप्ताह तक की खरीदी के लिए कुल 3732 किसानो हेतु 25320.84 मीट्रिक टन का टोकन जारी किया गया हैं।

प्राचार्य एम.जेड.यू. सिद्दीकी को मिली डॉक्टरेट ऑफ फिलॉसफी की उपाधि, बिरहोर जनजाति के विकास पर किया शोध

IMG 20241205 WA0003

जशपुर,5 दिसम्बर 2024 – जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य श्री एम.जे.यू. सिद्दीकी को डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि प्रदान की गई है। उनका शोध बिरहोर जनजाति की शिक्षा, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास पर केंद्रित रहा। शोध का विषय “शिक्षा का व्यक्तिगत, सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विकास पर प्रभाव और बिरहोर जनजाति के उत्थान में इसकी भूमिका” था। श्री सिद्दीकी ने बताया कि बिरहोर जनजाति के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के लिए नीतियां बनाने की आवश्यकता है। इस शोध के निष्कर्ष से सरकार द्वारा नीति निर्माण में सहायता मिलेगी, जिससे बिरहोर जनजाति के सामाजिक उत्थान में मदद हो सकेगी। इस उपाधि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। श्री सिद्दीकी का कहना है कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे जशपुर जिले के लिए गौरव का विषय है।  

जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: अपहरण और लूट के बड़े मामले में फरार नौशाद खान गिरफ्तार

IMG 20241203 WA0026

जशपुर, 3 दिसंबर 2024 – जशपुर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अपहरण और लूट के पुराने मामले में फरार कुख्यात आरोपी नौशाद खान को झारखंड के रांची से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नौशाद खान अगस्त 2023 से फरार था और पुलिस को उसकी तलाश थी। ⏺️ क्या है मामला? दिनांक 2 अगस्त 2023 को कुनकुरी निवासी नंदन गुप्ता ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना का विवरण: नंदन गुप्ता, जो ट्रक के जरिए कोयला परिवहन का व्यवसाय करता है, को नौशाद खान ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग के काम के लिए खंडसा स्थित राजू ढाबा पर बुलाया। नौशाद खान ने अपने एक साथी को बड़ा कोयला व्यापारी बताकर बातचीत शुरू की। अचानक नंदन को जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया गया। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए रांची ले जाया गया, रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई। रांची पहुंचकर नंदन का सोने का चेन, अंगूठी, एटीएम कार्ड छीन लिया गया और 2.7 लाख रुपये की निकासी की गई।   ⏺️ आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच की प्रगति नौशाद खान, पिता नूरहसन अंसारी (उम्र 41 वर्ष), निवासी सेन्हा, लोहरदगा (झारखंड) को रांची से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि नौशाद रांची में छिपा हुआ है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी की मॉनिटरिंग में कार्रवाई की गई। उप निरीक्षक संतोष तिवारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने रांची पहुंचकर नौशाद खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में नौशाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। ⏺️ लूट का सामान और अन्य आरोपी नौशाद से लूटी गई रकम से खरीदा गया Vivo का मोबाइल बरामद किया गया। मामले में अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। ⏺️ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी उप निरीक्षक सुनील सिंह, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे, नंदलाल यादव, और सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक नसरूदीन अंसारी की अहम भूमिका रही। जशपुर पुलिस की इस सफलता से इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर जनता में विश्वास बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।  

जशपुर में आज हिंदू सुरक्षा मंच की आक्रोश रैली, राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने की तैयारी

IMG 20241203 115436

जशपुर, 3 दिसंबर 2024 – आज जशपुर नगर में हिंदू सुरक्षा मंच के बैनर तले एक विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक महाराजा चौक से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक निकाली जाएगी। इस रैली का उद्देश्य बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ विरोध जताना है। हिंदू सुरक्षा मंच के संयोजक एवं सह-संयोजक द्वारा जारी सूचना के अनुसार, रैली के माध्यम से बांग्लादेश में हिंदुओं पर इस्लामिक कट्टरपंथियों द्वारा हमले, लूटपाट, आगजनी और महिलाओं-बच्चों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आक्रोश जताया जाएगा। रैली के अंत में मंच के प्रतिनिधि राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे। रैली के मद्देनज़र जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है ताकि रैली के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो। हिंदू सुरक्षा मंच ने जशपुर के नागरिकों से इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपना समर्थन देने की अपील की है।  

लवाकेरा में अवैध धान परिवहन का पर्दाफाश: प्रशासन का सख्त रुख, सियासी हलचल तेज

IMG 20241201 WA0003

जशपुर, 1 दिसंबर 2024 – कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में फरसाबहार के एसडीएम आर.एस. लाल और राजस्व विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लवाकेरा के पास एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से उड़ीसा से लाया गया धान जब्त किया है। वाहन के चालक राजेश साहू द्वारा यह धान सीमावर्ती इलाके से लाया गया था। धान और वाहन को तुरंत तपकरा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। अवैध धान परिवहन का खेल धान खरीदी को लेकर इस वक्त राज्य में एक बड़ा खेल चल रहा है। सरकार द्वारा निर्धारित प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी नीति का फायदा उठाने के लिए किसान, बिचौलिये और मंडी के बीच एक गठजोड़ बन गया है। कृषि विभाग के अधिकारियों की मानें तो किसान के एक एकड़ खेत मे धान की फसल अधिकतम 15 क्विंटल हो सकती है,इससे ज्यादा नहीं।ऐसे में किसान अपने खेत की फसल के साथ बाहरी धान मिलाकर सरकार को बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इस गठजोड़ से सरकारी नीति की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, और राज्य सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद इसे रोकने में सफलता नहीं मिली है। प्रशासन की सख्ती और सियासी दबाव जशपुर जिले में लगातार अवैध धान परिवहन के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि सीमावर्ती राज्यों से बड़े पैमाने पर अवैध धान की तस्करी हो रही है। प्रशासन अब सख्त रुख अपनाए हुए है और ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गड़बड़झाले में सभी राजनीतिक दलों के लोगों की प्रत्यक्ष या परोक्ष संलिप्तता की चर्चा जोरों पर है। चाहे भाजपा हो या कांग्रेस, हर दल के लोग इस गठजोड़ का हिस्सा बने हुए हैं, जिससे प्रशासन के लिए चुनौती और बढ़ गई है। सरकारी अमले की मुस्तैदी धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। सीमावर्ती इलाकों में बने 21 चेकपोस्ट के अलावा भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि उड़ीसा,झारखण्ड राज्यों से धान की तस्करी पर रोक लगाई जा सके। क्या सरकार तोड़ पाएगी गठजोड़? इस पूरे मामले ने सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह सख्ती कितनी कारगर साबित होती है और क्या सरकार इस गठजोड़ को तोड़ने में सफल हो पाती है। फिलहाल, लवाकेरा में हुई इस कार्रवाई से अन्य तस्करों में हड़कंप मच गया है।  

पीड़िता को रेपिस्ट फोन पर कहता था – मुझे कोई पकड़ नहीं सकता,एसपी शशिमोहन ने दिया टास्क,विशेष टीम ने यूँ पकड़ा ,,,,

IMG 20241129 WA0011

जशपुर, 29 नवम्बर 2024 – जिले में शादी का झांसा देकर महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने झारखंड के रांची से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। दरअसल,पीड़िता ने जनवरी 2024 में कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 2018 में वासिफ अंसारी, निवासी सिमडेगा (झारखंड), से उसकी पहचान हुई थी। वासिफ ने उसे शादी का झांसा देकर 2019 में शारीरिक संबंध बनाए और 2023 तक लगातार शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो वासिफ बहाने बनाने लगा। इस पर कुनकुरी थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 376 (2)(ढ), 493 भादवि. और 3(2-v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिससे पुलिस को काफी समय तक उसकी तलाश करनी पड़ी। विशेष न्यायालय जशपुर ने आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था। एसपी शशिमोहन सिंह ने सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थाना प्रभारी सुनील सिंह, एएसआई मनोज साहू, प्रधान आरक्षक छविकांत पैंकरा, आरक्षक राजेंद्र तिर्की और साइबर सेल प्रभारी नसरूद्दीन अंसारी शामिल थे। ऐसे पकड़ा गया आरोपी: पुलिस टीम को जानकारी मिली कि वासिफ अंसारी झारखण्ड लातेहार के पुंदाग क्षेत्र में छिपा हुआ है। टीम ने वहां पहुंचकर लगातार तलाश की और उसे हिरासत में लिया। आरोपी की उम्र 29 वर्ष है और वह सिमडेगा के ईदगाह मोहल्ला का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है। इस सफल कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।  

जशपुर में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का असर

IMG 20241128 124730

जशपुर,28 नवम्बर 2024 – जिले में धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही प्रशासन अवैध धान परिवहन पर सख्त हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और कड़े निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में कुनकुरी पुलिस ने बीती रात एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर नेशनल हाइवे पर अवैध धान से भरे ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की। गश्ती के दौरान पकड़ा गया ट्रक: थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि एसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार गश्ती की जा रही है। इसी दौरान सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध रूप से धान का परिवहन किया जा रहा है। ट्रक को रोककर पूछताछ करने पर वाहन चालक देवलाल केरकेट्टा, निवासी पुरनानगर, ने बताया कि यह धान जशपुर निवासी विशाल गुप्ता का है। वाहन आयशर 407 (क्रमांक CG14 MB 7244) में लदी 100 बोरी धान के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद तहसीलदार की उपस्थिति में ट्रक और धान को जप्त कर लिया गया। पहले भी हो चुकी है तस्करी पर कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर इससे पहले भी कुनकुरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें ट्रक से धान उतारकर पिकअप वाहन के माध्यम से बिचौलियों द्वारा तस्करी करते हुए पकड़ा गया था। सुशासन की नीतियों का असर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है। धान खरीदी के दौरान तस्करी रोकने के लिए प्रशासन की सक्रियता इस बात का प्रमाण है कि सुशासन की नीतियां जशपुर में प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। पुलिस और प्रशासन के इस सख्त रवैये से तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान: पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि धान खरीदी के पूरे सीजन में इस प्रकार की गश्ती और सघन जांच जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में सुशासन की साख और मजबूत होगी।  

शिलाजीत बेचने के बहाने दिन में करते रेकी फिर रात को पुष्पा बनकर राजा के चंदन चुराते,ऐसे हुआ खुलासा,एक क्लिक पर पढ़िए दो खबर,,

IMG 20241127 170954

जशपुर,27 नवम्बर 2024 – जशपुर पुलिस ने  चोरी के दो अलग-अलग मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला – 24 नवम्बर को आराम निवास जशपुर के निजी बागान से चंदन के पेड़ काटकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चंदन की लकड़ी और अपराध में इस्तेमाल लोहे की आरी बरामद की गई है। जब्त लकड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया।कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने शिलाजीत बेचने के बहाने दिन में रेकी की और रात में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में लिकाड़िया उर्फ पिंटू (20) और कर बाबू (55) कटनी (म.प्र.) के निवासी हैं, जबकि तीसरा आरोपी नीवन (18) मंडला (म.प्र.) का रहने वाला है। तीनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दूसरा मामला : तपकरा पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपियों को दबोचा तपकरा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान दो आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना तपकरा प्रभारी उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपियों में इलियास बड़ा (32) सुंदरगढ़ (ओडिशा) और प्रेमानंद चौहान (32) तपकरा (जशपुर) के निवासी हैं। इलियास बड़ा को संदिग्ध हालत में एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया, जबकि प्रेमानंद के घर से चोरी की गई दूसरी मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के कारण ही इन मामलों का खुलासा हो पाया है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से अन्य चोरी के मामलों में भी सुराग मिल सकते हैं।  

बलरामपुर हत्याकांड: नाई समाज के अगुआ पीड़ित परिवार के लिए मांगे 2 करोड़,सीएम साय-डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा को सौंपा ज्ञापन

IMG 20241127 121949

रायपुर,27 नवम्बर 2024 – बलरामपुर जिले के दहेजवार (कंचनपुर) में मिले नरकंकाल और कुसमी थाना क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रांत सेन नाई समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने हत्याकांड के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को 2 करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रांतीय उपाध्यक्ष अविनाश कुमार ठाकुर ने किया। प्रांतीय अध्यक्ष पुनीत राम सेन, केश शिल्पी बोर्ड के अध्यक्ष नंद कुमार सेन, महिला प्रकोष्ठ की प्रांतीय अध्यक्ष मोना सेन, उपाध्यक्ष अशुतोष श्रीवास, सचिव भुवन लाल कौशिक, धनुष सेन, चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. मनोज ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनोद सेन और भूपेंद्र सेन भी इसमें शामिल रहे। बलरामपुर के कुम्हारपारा निवासी कौशल्या देवी, 17 वर्षीय मुस्कान और 5 वर्षीय मिंटू ठाकुर की हत्या के मामले में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। साथ ही दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने पर जोर दिया। रायपुर, दुर्ग और धमतरी जिलों के पदाधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। रायपुर जिला से नारायण प्रसाद सेन, सुशील कौशिक और तेजराम सेन, दुर्ग जिला अध्यक्ष भीखम सेन, डॉ. सुमन कौशिक और क्षमा सेन सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जोर देकर कहा कि हत्याकांड के पीछे की साजिश का पर्दाफाश होना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।