खबर अपडेट: छात्रा के भोजन में जहर मिलाने के मामले में पुलिस पहुंची स्कूल,जहर किसने डाला? सस्पेंस बरकरार

IMG20241126141612

जशपुर,27 नवम्बर 2024 – मध्यान्ह भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाने से छात्रा के गम्भीर बीमार हो जाने की खबर से प्रशासन हरकत में आया।मंगलवार को शासकीय प्राथमिक विद्यालय टोंगरीटोली में अलग-अलग शिक्षा विभाग की जांच टीम फिर पुलिस की टीम पहुंची।वहीं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर जहरखुरानी की शिकार हुई छात्रा का मृत्युपूर्व बयान लिया हालांकि छात्रा अब खतरे से बाहर है। दरअसल,मामला सोमवार 25 नवम्बर का है जब सरकारी स्कूल में छात्र-छात्राओं को मध्यान्ह भोजन खिलाया जा रहा था।इसी दौरान पांचवीं की छात्रा दिव्या यादव को भोजन करने से गले में जलन,सिरदर्द,पेट में तेज दर्द होने लगा।जिसको लेकर छात्रा के माता-पिता ने रसोइया महिला पर जहर देने का आरोप लगाया।जिसकी शिकायत दूसरे दिन नारायणपुर थाने में दर्ज कराई गई।शिकायत की जांच करने थाना प्रभारी सतीश सोनवानी टीम के साथ स्कूल पहुंचे और प्रधानपाठक,रसोइया महिला से घटना के बारे में जानकारी जुटाई।वहीं कुनकुरी बीईओ सी. आर. भगत भी जाँच टीम लेकर स्कूल पहुंचे। चूंकि मामला छात्रा के जहरखुरानी से तबियत बिगड़ने को लेकर काफी संवेदनशील हो जाता है,ऊपर से यह आरोप कि, जमीन विवाद के कारण रसोइया ने नरेश यादव की बेटी के खाने में जहरीला टेबलेट मिला देना बड़े अपराध की ओर सीधा इशारा करता है। खबर ज़नपक्ष ने इस मामले की पड़ताल की जिसमें यह बात उभरकर सामने आई कि मध्यान्ह भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाया गया है क्योंकि उसके प्रभाव से छात्रा और बाद में उस भोजन को चखनेवाली रसोइया दोनों का जीवन खतरे में था।रसोइया के पति और छात्रा के पिता का जमीन विवाद कुनकुरी तहसील न्यायालय में चल रहा है।विवादित खेत मे फसल छात्रा के पिता ने लगाया लेकिन रसोइया के पति ने रातोंरात फसल काट ली।ऐसी स्थिति में यह घटना घटी है तो पुलिस का शक दोनों पक्षों की ओर जा रहा है। बहरहाल, इस मामले में दोषी कौन है,इसकी जांच अभी शुरू हुई है लेकिन अपने फायदे-नुकसान के लिए एक बच्ची के जीवन को खतरे में डालना लोगों के लिए काफी सनसनीखेज मामला बना हुआ है।नारायणपुर थाना प्रभारी सतीश सोनवानी ने बताया कि “मध्यान्ह भोजन को प्रिजर्व कराया है।इसकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।”

सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने से छात्रा की तबीयत बिगड़ी,रसोइया ने दिया जहरीला टेबलेट! जमीन विवाद से जुड़ा मामला गर्माया

IMG 20241125 WA0030

जशपुर,25 नवम्बर 2024 – कुनकुरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला टोंगरीटोली में मिड-डे मील खाने के दौरान एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना में संदिग्ध परिस्थितियों को लेकर गांव में आक्रोश है। छात्रा नव्या यादव (कक्षा 5) को मिड-डे मील कड़वा लगा, जिसके बाद उसने खाना छोड़ दिया। घर पहुंचने पर उसे चक्कर, सिरदर्द, और पेट दर्द होने लगा। छात्रा को कुनकुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण आईसीयू में भर्ती कराया गया। घटना का विवरण नव्या के पिता नरेश यादव के अनुसार, दोपहर में स्कूल के भोजन में गड़बड़ी का पता चलते ही नव्या ने खाना घर ले जाने का निर्णय लिया। रास्ते में रसोइया भी उनके साथ गई। बताया गया कि नव्या की रसोइया ने रास्ते में खाने की थाली से थोड़ा भोजन चखा, जिसके बाद उनकी तबीयत भी बिगड़ गई। दोनों को कुनकुरी के हॉलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद की ये है पृष्ठभूमि नरेश यादव ने बताया कि यह मामला केवल खाने की गड़बड़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पारिवारिक जमीन विवाद की गहराई छिपी है। नरेश के परिवार का अपने ही रिश्तेदार बैजनाथ यादव और उसके बेटे रघुनाथ, बसंत और देवनाथ से दो साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद के चलते दोनों पक्षों में तनाव है। नरेश का कहना है कि बैजनाथ और उसके परिवार ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है और फसल भी काटकर ले जा रहे हैं। तहसील कोर्ट में मामला विचाराधीन है, लेकिन परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है।इसी के कारण छात्रा को खाने में जहरीला टेबलेट मिलाया गया।खाने की थाली को छात्रा के परिजन सुरक्षित रखे हैं। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। हालांकि, मामला नारायणपुर थाने का होने के कारण अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। डॉक्टरों के अनुसार, नव्या की हालत खतरे से बाहर है लेकिन ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। मिड-डे मील में क्या गड़बड़ी हुई, यह जांच का विषय है। फिलहाल, स्थानीय प्रशासन और पुलिस को जानकारी दी गई है, लेकिन कार्रवाई की प्रतीक्षा है। प्रशासन से न्याय की मांग नरेश यादव और उनके परिवार ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मिड-डे मील में हुई गड़बड़ी और जमीन विवाद का आपस में कोई संबंध हो सकता है। गांव के लोगों ने भी प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने कृषि पशु की हत्या कर मांस भक्षण करनेवाले दर्जनभर से ज्यादा लोगों को सलाखों के पीछे धकेला

IMG 20241125 WA0026

नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर मौके से कृषि पशु का मांस, हथियार और अवशेष किए जब्त जशपुर, 25 नवंबर 2024/ छत्तीसगढ़ के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेहराखार में मवेशी का वध कर मांस बनाने और खाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सतीश सोनवानी के नेतृत्व में की गई। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में मवेशी का मांस, अवशेष और वध में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए गए हैं। घटना का विवरण 24 नवंबर 2024 को नारायणपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बेहराखार में अश्विन कुजूर के घर पर कुछ लोग मवेशी को मारकर कर मांस पका रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी ने टीम के साथ मौके पर छापा मारा। मौके पर रोहित कुजूर, संजय कुजूर, अश्विन कुजूर, अनुरंजन कुजूर, दीप कुमार तिर्की, बरथोलुयिस लकड़ा, प्रकाश तिर्की, पोलडेक लकड़ा, रानू कुजूर, अजमेस लकड़ा, संदीप कुजूर, तेलेस्फोर कुजूर, नवीन मिंज और आशीष टोप्पो मौजूद मिले। पुलिस ने मौके से दो बड़े बर्तनों में पकाया हुआ 10 किलो गौमांस, सफेद बोरे में गौवंश के अवशेष, वध में इस्तेमाल की गई टांगी और दो बैठी (धारदार हथियार) बरामद किए। कानूनी कार्रवाई थाना नारायणपुर में सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा बीएनएस अधिनियम की धारा 325, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को 24 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी: 1. रोहित कुजूर (28 वर्ष) 2. संजय कुजूर (32 वर्ष) 3. अश्विन कुजूर (32 वर्ष) 4. अनुरंजन कुजूर (25 वर्ष) 5. दीप कुमार तिर्की (25 वर्ष) 6. बरथोलुयिस लकड़ा (50 वर्ष) 7. प्रकाश तिर्की (45 वर्ष) 8. पोलडेक लकड़ा (35 वर्ष) 9. रानू कुजूर (31 वर्ष) 10. अजमेस लकड़ा (25 वर्ष) 11. संदीप कुजूर (35 वर्ष) 12. तेलेस्फोर कुजूर (57 वर्ष) 13. नवीन मिंज (30 वर्ष, निवासी कांसाबेल) 14. आशीष टोप्पो (28 वर्ष, निवासी कांसाबेल) गिरफ्तारी और जांच कार्य में उपनिरीक्षक सतीश सोनवानी, शिव कुमार यादव, सहायक उपनिरीक्षक भिनसेंट टोप्पो, प्र. आरक्षक अजय कुजूर, रंजीत खलखो, पूरन चंद पटेल, बेलसाजर तिग्गा, प्रदीप भगत, जीवन मसीह, और अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई ने समाज में सख्त संदेश दिया है कि गौवंश संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। जशपुर पुलिस ने इस घटना पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। (सोर्स – जशपुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति)  

“अन्वेषण” तीसरा चरण : 3D प्लेनेटोरियम शो का कलेक्टर-एसपी ने किया शुभारम्भ,विद्यार्थियों को ब्रह्मांडीय रोमांच का मिला अनुभव

IMG 20241125 WA0014

विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि और ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से “अन्वेषण” कार्यक्रम का तीसरा चरण शुरू जशपुर, 25 नवंबर 2024/ छत्तीसगढ़ सरकार की नई शिक्षा नीति और मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों में विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से जशपुर जिले में “अन्वेषण” कार्यक्रम के तहत थ्रीडी प्लेनेटोरियम शो की शुरुआत की गई। इस अभिनव पहल का शुभारंभ स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम नवीन आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कलेक्टर  रोहित व्यास और पुलिस अधीक्षक  शशिमोहन सिंह की उपस्थिति में हुआ। “शिक्षा और विज्ञान का संगम” कलेक्टर  रोहित व्यास ने उद्घाटन करते हुए कहा, “पहले ऐसे आयोजन महानगरों तक ही सीमित थे। अब, यह तकनीकी नवाचार हमारे जिले के बच्चों को भी उपलब्ध हो रहा है। यह पहल बच्चों को न केवल अंतरिक्ष विज्ञान की अनूठी दुनिया से जोड़ने का माध्यम बनेगी, बल्कि उन्हें अपने सपनों को आकार देने का अवसर भी प्रदान करेगी।” उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि ब्रह्मांड की रहस्यमयी गतिविधियों को समझने से उनकी सोच का दायरा बढ़ेगा और भविष्य में वे बड़े वैज्ञानिक बन सकते हैं। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा कि थ्रीडी प्लेनेटोरियम शो के माध्यम से विद्यार्थी ब्रह्मांड की अद्भुत संरचना और गतिविधियों को नजदीक से समझ पाएंगे। उन्होंने इसे बच्चों के लिए “ज्ञान और कल्पना का नया आयाम” बताया। अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल इस कार्यक्रम के अंतर्गत थ्रीडी प्लेनेटोरियम के भीतर 4के वीडियो गुणवत्ता के जरिए ब्रह्मांड निर्माण और उसकी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा, एस्ट्रोनॉमी लैब में जीएसएलवी प्रक्षेपण सेटेलाइट, टेलीस्कोप और थ्रीडी सेट जैसे मॉडलों का भी प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने थ्रीडी शो में हिस्सा लेकर छात्रों के साथ ब्रह्मांडीय रोमांच का अनुभव साझा किया। विद्यालय के प्राचार्य  विनोद गुप्ता ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में जशपुर के केंद्रीय विद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, सेजेस स्कूल और मॉडल स्कूल सहित 1000 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। “अन्वेषण” कार्यक्रम का प्रभाव जिले के आठ विकासखंड मुख्यालयों में अस्थाई वातानुकूलित डोम्स के जरिए यह शो आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और ज्ञानवर्धन करना है। सपनों को पंख देता “अन्वेषण” जशपुर के छात्रों के लिए “अन्वेषण” न केवल एक कार्यक्रम है, बल्कि उनके सपनों को नई ऊंचाई देने का एक मंच भी है। कलेक्टर के शब्दों में, “हम आशा करते हैं कि यह पहल आने वाले वर्षों में हमारे बच्चों को विश्वस्तरीय वैज्ञानिक बनाने की दिशा में पहला कदम साबित होगी।” आने वाले दिनों में आयोजन का विस्तार यह थ्रीडी शो जिले के आठ स्कूलों में आयोजित होगा, जिसमें 4के वीडियो और अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। बच्चों को एक ऐसा अनुभव दिया जाएगा जो उन्हें अंतरिक्ष की अनंत संभावनाओं से जोड़ सके। जशपुर जिले में यह पहल बच्चों के बीच विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति उत्सुकता और रुचि जगाने में सफल साबित हो रही है। यह न केवल उनके ज्ञान को बढ़ाएगी, बल्कि उनके सपनों को भी नई उड़ान देगी।  

कलेक्टर रोहित व्यास ने बड़े पैमाने पर किए तबादले,’जुगाड़वालों’ की भी नहीं चली

1002540664

जशपुर,25 नवम्बर 2024 –  कलेक्टर रोहित व्यास ने प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और कामकाज में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से 6 वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत राजस्व निरीक्षकों और लिपिक वर्ग के शासकीय सेवकों का स्थानांतरण किया है। 25 नवंबर को जारी आदेश में कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रशासनिक प्रक्रिया में निष्पक्षता और संतुलन बनाए रखना सर्वोपरि है। 25 वर्षों से जमे आरआई का ट्रांसफर कलेक्टर का सबसे बड़ा कदम जशपुर मुख्यालय में 25 वर्षों से कार्यरत राजस्व निरीक्षक गोविंद कुमार सोनी को पत्थलगांव स्थानांतरित करना रहा। यह निर्णय प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। इसी तरह, कलेक्ट्रेट में पदस्थ बाबुओं का भी स्थानांतरण कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजस्व निरीक्षकों के स्थानांतरण की सूची: 1. गोविंद कुमार सोनी – जशपुर से पत्थलगांव 2. रोहित कुमार सुकरा – कुनकुरी से पत्थलगांव 3. शशिकांत मिश्रा – दुलदुला से पत्थलगांव 4. चंद्र विजय साय – कुनकुरी से फरसाबहार 5. बिशेष्वर एक्का – पत्थलगांव से दुलदुला 6. रमेशचंद्र भगत – पत्थलगांव से बगीचा 7. राजेश कुमार खूंटे – पत्थलगांव से कुनकुरी 8. कन्हैयालाल डेलकी- फरसाबहार से जशपुर   अन्य विभागीय तबादले भी शामिल इसके अतिरिक्त, जिला कार्यालय और विभिन्न तहसीलों में कार्यरत लिपिक वर्ग और सहायक ग्रेड कर्मचारियों को भी नई शाखाओं में स्थानांतरित किया गया है। इस कदम का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रिया को अधिक कुशल और प्रभावी बनाना है। कलेक्टर का यह निर्णय प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों के स्थानांतरण से कामकाज में गति और संतुलन आने की संभावना है।यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों को शीघ्र ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।    

ठंड से मौत! गोकुला मेले में लाश मिलने से फैली सनसनी,पुलिस को शिनाख्ती करने में लगे 5 घण्टे

IMG 20241124 133640

जशपुर,24 नवम्बर 2024 – कुनकुरी थाना क्षेत्र के कंडोरा गांव में आयोजित गोकुलाष्टमी मेले में रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मेले में मौजूद थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत हेलीपैड ग्राउंड पहुंचे और अज्ञात व्यक्ति के जीवन बचाने के लिए उसे एम्बुलेंस से कुनकुरी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने जांच शुरू की और पांच घंटे के भीतर मृतक की शिनाख्त कर ली। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान प्रेम शंकर राम (49 वर्ष), पिता स्वर्गीय जगदीश राम, निवासी नोनियातला, थाना दुलदुला के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पता चला कि प्रेम शंकर राम शनिवार रात 12 बजे घर से मेले में आया था। मेले के दौरान वह नशे की हालत में जमीन पर सो गया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगने से होना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। ठंड और नशे का घातक संयोजन! पुलिस के मुताबिक, मृतक कम कपड़ो में था।नशे और अत्यधिक ठंड के कारण उसकी जान गई हो सकती है। हालांकि, अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।परिजनों ने थाने आकर पुष्टि की कि प्रेम शंकर राम अपनी 12 वर्षीय बेटी को लेकर गोकुलाष्टमी मेले के लिए घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। मेला समिति ने पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता की सराहना कंडोरा मेले में मिली लाश की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।एसपी शशिमोहन सिंह की लगातार मॉनिटरिंग करते रहने और आसपास के सभी थानों-चौकियों और कई व्हाट्सएप ग्रुप्स में मृतक की फोटो शेयर करने का परिणाम आया।जिसके कारण पांच घंटे के भीतर मृतक की पहचान दुलदुला थाने के नोनियातला गांव के प्रेमशंकर राम उम्र 52 वर्ष के रूप में करने और परिजनों को सूचना देने में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है। स्थानीय प्रशासन की अपील इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने अपील की है कि मेले जैसे आयोजनों में लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और नशे का सेवन न करें, ताकि ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से बचा जा सके। जांच जारी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। वहीं, परिजनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।  

सीएम साय कल बागबहार में : 33 वें ओपन चैलेंज ट्रॉफी फूटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में होंगे शामिल

1002542390

जशपुर 23 नवम्बर 24// मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 24 नवम्बर को पत्थलगांव विकास खंड के बागबहार में दोपहर 2 बजे ओपन चैलेंज ट्रॉफी फूटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होंगे और फूटबॉल खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे उल्लेखनीय है कि बागबहार में हर वर्ष युवा क्रीड़ा क्लब एवं बागबहार के ग्रामवासियों द्वारा फूटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। बागबहार में 33 वर्ष से फूटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 23 अक्टूबर से 24 नवम्बर 24 तक मिनी स्टेडियम बागबहार आयोजित की गई है। लगभग 1 माह तक प्रतियोगिता चली इसमें छत्तीसगढ़, झारखंड और उड़ीसा के लगभग 600 खिलाड़ी और कोच शामिल हुए हैं।

बड़ी खबर:अंधेरी रात में जंगल के अंदर चल रहे बड़े खेल को पुलिस ने ऐसे बिगाड़ा,,,एक गिरफ्तार बाकी फ़रार,,

IMG 20241123 WA0007

जशपुर,23 नवंबर 2024 – कुनकुरी पुलिस ने कुंजारा सागौन की बड़ी तस्करी पकड़ी है।टीआई सुनील सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि केरसई गांव का पंकज यादव कुंजारा के सागौन जंगल मे दो जिंदा पेड़ काट दिया है और उसे टुकड़ों में काटकर ट्रैक्टर में ले जानेवाला है।यह सूचना शनिवार ढाई बजे मिली।तत्काल रात्रि गश्ती टीम के साथ सुनील सिंह जंगल के अंदर घुसे और ट्रैक्टर में लोड कर रहे तस्कर पंकज यादव पिता नकुल यादव उम्र 35 वर्ष को धर दबोचा।वहीं पेड़ काटने वाले मजदूर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। यहां यह बताना जरूरी है कि कुंजारा के जंगल से बेशकीमती सागौन की लकड़ी बड़े तस्करों के निशाने पर रहती है।पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने हर प्रकार के अवैध कार्यों पर सख़्त कार्रवाई के निर्देशों का असर है कि पुलिस ने सभी क्षेत्रों में अपना मुखबिर फैला दिया है। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल को रवाना किया। आधे घण्टे के भीतर हमारी टीम जंगल में उस जगह पहुंच गई जहां वन अपराधी ने पेड़ काट डाले थे।मौके पर सागौन के 10 लट्ठे परिवहन के लिए ट्रैक्टर पर लोड मिले।जिसकी सूचना वन विभाग को देकर अग्रिम कारवाई के लिए सौंप दिया गया है। कुनकुरी रेंज अफसर सुरेंद्र होता ने बताया कि यह कुंजारा वन क्षेत्र के आर.एफ. 719 का मामला है जहां सागौन का वृक्षारोपण काफी पुराना है।जहां हमें भी सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल के अंदर लकड़ी काटने घुसे हैं।जिसपर वन अमले और वन सुरक्षा समिति को अलर्ट किया गया।कुनकुरी पुलिस के सहयोग से ट्रैक्टर समेत सागौन पेड़ के ताजे कटे गोले बरामद किए गए हैं।वन अधिनियम 1927 की धारा 52 व अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बेशकीमती सागौन लकड़ी की अवैध कटाई व तस्करी के मामले का पर्दाफाश करने में कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह,गोविंद यादव,देवनाथ साय, प्रदीप एक्का की सक्रिय भूमिका रही।

जशपुर पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई: कबाड़ी कारोबार पर सख्त शिकंजा, लाखों की नकदी और अवैध संपत्ति जब्त

IMG 20241122 130821

जशपुर,22 नवम्बर 2024//  जिले में अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह कबाड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष रणनीति के तहत पत्थलगांव, कांसाबेल और कुनकुरी सहित कई स्थानों पर छापेमारी कर लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में अवैध कबाड़ बरामद किया। गुप्त सूचना पर बनी रणनीति एसपी शशिमोहन सिंह को अवैध कबाड़ी कारोबार की जानकारी मिलने के बाद एक विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई। शुक्रवार सुबह 4 बजे पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। कबाड़ गोदामों पर बड़ी बरामदगी 1. पत्थलगांव: तीन गोदामों में भारी अवैध कबाड़ पुलिस ने पत्थलगांव में कबाड़ी बिट्टू, सुंदर और विक्की के गोदामों पर छापा मारा। यहां से लोहे और अन्य धातुओं का अवैध भंडारण मिला। 2. कांसाबेल: कबाड़न के पास से लाखों रुपए नगद मिले कांसाबेल में कबाड़न पूनम साहू के गोदाम से सैकड़ों कांसे और पीतल के बर्तन बरामद किए गए। इसके अलावा, 22 लाख 30 हजार रुपये नकद मिले, जिसके संबंध में पूनम कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। पुलिस ने इस मामले की सूचना आयकर विभाग को दी है। 3. कुनकुरी: सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग उजागर कुनकुरी के गिनाबहार गांव में कबाड़ी निजाबुल आलम के गोदाम से सरकारी सप्लाई के झूलों और रेलिंग का अवैध भंडार बरामद हुआ। यह सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का गंभीर मामला है। एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में संगठित अपराधों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “जिले में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” एसपी शशिमोहन सिंह ने इससे पहले मवेशी तस्करी और गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। इस ताजा कार्रवाई ने जिले के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है और संगठित अपराधों पर कड़ी चोट की है। पुलिस की इस ऐतिहासिक कार्रवाई की जिलेवासियों ने सराहना की है। लोगों का मानना है कि एसपी शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में जिले में अपराधों पर लगाम लगाने के प्रयास तेजी से सफल हो रहे हैं।ऐसी कार्रवाई न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि संगठित अपराधों को समाप्त करने में मील का पत्थर साबित होगी।  

एसपी शशिमोहन सिंह ने 06 आरक्षकों को फित्ति लगाकर प्रधान आरक्षक पद पर किया पदोन्नत

IMG 20241118 WA0038

जशपुर,18 नवम्बर 2024// जिले में कार्यरत 06 आरक्षक पदोन्नत होकर प्रधान आरक्षक बने। पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने आज दिनांक 18.11.2024 को पुलिस कार्यालय में प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति प्राप्त करने वाले आर.क्र. 301 भरत कुमार साहू, आर.क्र.64 वृतनारायण भगत, आर.क्र. 258 मुनेष्वर राम, आर.क्र. 20 छविकांत पैंकरा, आर.क्र. 115 राजेन्द्र साय एवं आर.क्र. 147 चंद्र विजय साय को फित्ती लगाकर पदोन्नत किया। उपरोक्त कर्मचारियों का नवीन पदस्थापना पृथक से जारी किया जायेगा। पुलिस अधीक्षक ने पदोन्नत हुए कर्मचारियों को कहा कि जनता के हित में कार्य करें, फरियादी को न्याय दिलाने की दिशा में त्वरित एक्शन ले और सौपें गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने पदोन्नत हुए कर्मचारियों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, स्थापना लिपिक बिहारीलाल साहू एवं कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित थे।