*विशेष लेख* *मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयास से जशपुर बना एडवेंचर पर्यटन का मुख्य आकर्षण*

IMG 20241111 WA0019

*देश-प्रदेश में जशपुर जिला एडवेंचर टूरिज्म के लिए एक नई पहचान बन चुका**जशपुर, 11 नवम्बर 2024* /मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने पर्यटन को प्रोत्साहित करने और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पिछले वर्ष से व्यापक प्रयास शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री साय ने जशपुर की प्राकृतिक संपदा और रोमांचक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए इसे साहसिक खेलों के एक नए केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा है। उनके कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों के कारण, यह क्षेत्र अब न केवल राज्य में बल्कि पूरे देश में एक प्रमुख साहसिक पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध हो रहा है। जशप्योर और पहाड़ी बकरा एडवेंचर द्वारा हाल ही में आयोजित एक बाइक ट्रिप ने पूरे देश भर के राइडर्स को आकर्षित किया। देशभर से आए इन साहसी बाइकर्स ने जशपुर की घुमावदार सड़कों, कठिन ट्रेल्स, और हरे-भरे जंगलों का रोमांचक अनुभव लिया। इन राइडर्स को हिमालय राज्य जैसे लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कठिन रास्तो पर बाइकिंग अनुभव प्राप्त है और उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य की अनछुई प्राकृतिक सुंदरता को एक नए नजरिये से देखा। जशपुर का अनोखा प्राकृतिक आकर्षण जैसे रानी दह जलप्रपात, सारुडीह चाय बागान, किनकेल पाठ, चुरी और मक्करभज्जा जलप्रपात एवं यहाँ के जनजातीय संस्कृति एवं खाद्य उत्पाद उनके लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने। इसके अलावा, देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर में रॉक क्लाइम्बिंग एवं कैंपिंग तथा पंड्रापाठ में स्टार गेजिंग का रोमांचक अनुभव भी उनके लिए खास था। साहसिक खेल और पर्यटन केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि ये स्थानीय युवाओं के रोजगार का एक प्रमुख स्रोत भी बन सकते हैं। – विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन उनके मार्गदर्शन में स्थानीय युवाओं एवं जनजातीय लोगो को एडवेंचर खेलों की बारीकियों में अंतराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित किया जा चूका है। जशपुर के “देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर” में स्थानीय गाइडों की मदद से रॉक क्लाइम्बिंग का आयोजन हुआ, जो अब देशभर में एडवेंचर खेलों के शौकीनों के बीच चर्चा में है। शुभम नामक एक अनुभवी रॉक क्लाइंबर ने बताया कि जशपुर का यह क्षेत्र अद्वितीय है। इसे देखकर समझ नहीं आता कि इतने सुंदर और साहसिक अनुभवों से लोग अनजान क्यों हैं। इस क्षेत्र को एडवेंचर पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थान मिलना चाहिए। इस टूर के दौरान पंड्रापाठ और सन्नापाठ जैसे क्षेत्रों में स्टार गेजिंग की संभावनाएं भी उजागर हुई हैं। इस यात्रा के दौरान एक विशेष स्टार गेजिंग सत्र का भी आयोजन किया गया था, जिसमें प्रतिभागियों ने खुली रात के आकाश में खगोलीय पिंडों को देखा और एस्ट्रोलॉजी के बारे में जाना। जशपुर का यह हिस्सा अब राष्ट्रीय स्तर पर स्टार गेजिंग के लिए उपयुक्त स्थान के रूप में देखा जा रहा है, जो पर्यटकों को एक विशेष और अनोखा अनुभव देने की क्षमता रखता है। बाइकर्स ने यहां के स्थानीय आदिवासी खान-पान और संस्कृति का भी आनंद लिया। जशप्योर द्वारा बनाये गए महुआ और मिलेट के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद, और आदिवासी घरों का दौरा कर उनके रहन-सहन और सांस्कृतिक धरोहर के बारे में जानना, उनके लिए यादगार अनुभव रहा। अंतराष्ट्रीय पर्वतारोहण गाइड, एक्सट्रीम एडवेंचर स्पोर्ट ट्रेनर एवं जिला एडवेंचर टूरिज्म के सलाहकार के स्वप्निल राचेलवार ने कहा की यह क्षेत्र विविध सम्भावनावो से परिपूर्ण है। यहाँ के स्थानीय एवं जनजातीय लोग ऐसे खेलो में प्राकृतिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होते हैं, और उचित मार्गदर्शन पाकर यहाँ से कई अन्तराष्ट्रीय स्तर के खिलाडी एवं पेशेवर गाइड उभर कर बहार आ सकते हैं। जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की इसी क्रमबद्ध पहल ने यह भी सुनिश्चित किया कि इस क्षेत्र का विकास पर्यावरण संरक्षण और आदिवासी संस्कृति के सम्मान के साथ हो। उनका सपना है कि जशपुर साहसिक खेलों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरे और इसके माध्यम से स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाया जाए। जशपुर अब एडवेंचर खेलों का छत्तीसगढ़ में एक नया केंद्र बनकर उभर चूका है। यह न केवल केंद्रीय भारत बल्कि सपूर्ण राष्ट्र में एडवेंचर खेलों का हॉटस्पॉट बनने की ओर अग्रसर है, जहाँ पर्यटक एक अलग और अनोखा अनुभव पा सकते हैं। स्रोत – जनसम्पर्क विभाग, जशपुर

झारखण्ड के विकास के लिए भाजपा का समर्थन जरूरी है – कौशल्या साय, चुनावी समर में कुशल संवाद से मतदाताओं को डबल इंजन के फायदे गिनाए,, देखें तस्वीरें

IMG 20241111 WA0006

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय ने संभाला चुनावी मोर्चा, झारखंड में भाजपा के लिए मांगा समर्थन जशपुर,11 नवम्बर 2024 – झारखंड विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी गतिविधियों में तेजी ला दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने भी झारखंड के सिमडेगा जिले में भाजपा के पक्ष में प्रचार किया। रविवार को उन्होंने सिमडेगा के कूटमाकछार, डुमरडीह, दर्रीपारा, चाडरीमुंडा, मेसना और बनगांव जैसे महत्वपूर्ण गांवों में चुनावी सभाएं कीं और भाजपा के लिए समर्थन की अपील की। कौशल्या साय ने अपने संबोधनों में भाजपा की नीतियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और पार्टी के घोषणापत्र पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी जीत से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी। उन्होंने जनता से भाजपा को वोट देने का आग्रह करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा की जीत जरूरी है। अपने भाषणों में कौशल्या साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और किसानों के लिए समर्थन मूल्य जैसी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। भाजपा के घोषणापत्र के मुख्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कौशल्या साय ने गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल तय करने और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के वादों का जिक्र किया। “झारखंड के विकास के लिए भाजपा का समर्थन जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा इस राज्य के विकास को प्राथमिकता दी है। हमारे घोषणापत्र में झारखंड की जनता के सभी सवालों का समाधान है।” – कौशल्या साय वहीं भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानन्द बेसरा ने कहा कि “श्रीमती साय के इस दौरे से भाजपा के चुनावी अभियान में जोश और गति आई है। उनकी सहज भाषण शैली और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की क्षमता ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में उनकी भूमिका जीत की ओर ले जानेवाली है।  

डॉ. मनसुख मांडविया जशपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में सीएम साय के साथ पदयात्रा करेंगे,जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा

Picsart 24 11 10 17 49 48 318

*भगवान बिरसा मुंडा की विरासत और राष्ट्र निर्माण में आदिवासी समुदायों के योगदान का उत्सव मनाने के लिए पदयात्रा* *10,000 से अधिक माई भारत यूथ वालंटियर्स भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में पदयात्रा में शामिल होंगे* रायपुर 10 नवंबर 2024/ केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 13 नवंबर को छत्तीसगढ़ के जशपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर माई भारत यूथ वालंटियर्स के साथ पदयात्रा करेंगे। इस पदयात्रा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के साथ राज्य के अन्य मंत्री भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में उनकी विरासत और देश के विकास में आदिवासी समुदायों के महत्वपूर्ण योगदान के सम्मान में मनाया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में आदिवासी विरासत को याद करने, समावेशिता को बढ़ावा देने और आदिवासी समुदायों को लाभ पहुंचाने वाली सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 10,000 से अधिक माई भारत यूथ वालंटियर्स भाग लेंगे। ये वालंटियर्स आदिवासी संस्कृति, विरासत और विरासत की रक्षा और संरक्षण की भावना को बढ़ावा देंगे। पदयात्रा कोमड़ो गांव से शुरू होगी और लगभग 7 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रणजीत स्टेडियम में समाप्त होगी। यह पदयात्रा युवाओं, आदिवासी नेताओं और समुदाय के सदस्यों को आदिवासी विरासत और भावना के जीवंत उत्सव में एकजुट करेगी। इस कार्यक्रम की शुरुआत भारत की स्वतंत्रता में आदिवासी नेताओं के योगदान को दर्शाने वाले सांस्कृतिक अभिनय और आदिवासी विरासत की प्रचुरता को दर्शाने वाले नृत्यों से होगी। इस पदयात्रा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के अनुरूप वृक्षारोपण से होगी। इस पदयात्रा के दौरान, एक प्रदर्शनी स्थल पर ऐतिहासिक आदिवासी आंदोलनों, आदिवासी नायकों को श्रद्धांजलि और भारत के आदिवासी समुदायों की अनूठी कलात्मकता और शिल्प कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। इस पदयात्रा के मार्ग के ठहराव स्थलों पर आदिवासी संस्कृति, सुंदर रंगोली कलाकृतियां, पेंटिंग और पारंपरिक आदिवासी कला का उत्सव मनाने वाले नाटकों का प्रदर्शन किया जाएगा। सीधी प्रसारित कार्यशालाएं उपस्थित लोगों को आदिवासी नृत्य, संगीत और साहित्य के साथ एक परस्पर अनुभव प्रदान करेंगी जबकि आदिवासी खाद्य पदार्थों का चयन उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में बताएगा। पदयात्रा के मुख्य आकर्षण में शामिल हैं: सांस्कृतिक कार्यक्रम: सांस्कृतिक समृद्धि का उत्‍सव मनाते आदिवासी नृत्य और संगीत। आदिवासी आंदोलनों और कलाओं पर प्रदर्शनी: नाटकों और झांकियों द्वारा ऐतिहासिक आदिवासी आंदोलनों, वीरता और शिल्प कौशल का प्रदर्शन। जागरूकता कियोस्क: सरकारी योजनाओं और महिला लाभार्थियों के बारे में जानकारी। कलात्मक कार्यक्रम: रंगोली, पेंटिंग और आदिवासी कला और साहित्य को बढ़ावा देने वाली कार्यशालाएं। युवाओं के योगदान का उत्सव: माय भारत पोर्टल और एनवायकेएस उपलब्धियां दर्शाना। आदिवासी नेताओं को श्रद्धांजलि: प्रतिभागी प्रमुख आदिवासी हस्तियों की वेशभूषा में होंगे। आदिवासी उत्कृष्टता को सम्मान: पद्म पुरस्कार विजेताओं का अभिनंदन और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना। आदिवासी भोजन: स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रकार के आदिवासी खाद्य पदार्थ परोसना। मंत्रालय इस आयोजन के माध्यम से आदिवासी विरासत और संस्कृति की गहन समझ को बढ़ावा देना चाहता है साथ ही सरकारी कल्याणकारी पहलों में आदिवासी समुदाय को सक्रिय रूप से शामिल करना चाहता है। इस उत्सव का उद्देश्य युवाओं को भारत की आदिवासी विरासत की समृद्ध विरासत से जुड़ने, उसे समझने और उसका सम्मान करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। युवा कार्यक्रम विभाग देश भर के युवाओं को www.mybharat.gov.in पर माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करके और आदिवासी विरासत की अपनी समझ को गहरा करने और अपनी आदिवासी विरासत का सम्मान करने के लिए इस पदयात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है। संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक साल तक चलने वाले उत्सव में युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को अपनाने और प्रदर्शित करने के लिए पूरे भारत में पदयात्राओं का आयोजन करेगा।

जनजातीय गौरव यात्रा का भव्य आयोजन 13 नवंबर को,कलेक्टर  ने समाज प्रमुखों के साथ  तैयारी को लेकर की बैठक

IMG 20241109 WA0028

जशपुर, 09 नवंबर 2024: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 13 नवंबर को जशपुर में जनजातीय गौरव यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देना, आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और बलिदानों को स्मरण करना, और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना है। इस विशेष अवसर के सफल आयोजन हेतु कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में शनिवार को जिला कार्यालय में समाज प्रमुखों की बैठक हुई। “यह आयोजन आदिवासी महापुरुषों के कार्यों और बलिदानों को सम्मान देने के साथ-साथ आदिवासी समाज के संरक्षण और प्रोत्साहन के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस यात्रा से जनजातीय समुदाय के हितों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, जिसमें समाज प्रमुखों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।” – रोहित व्यास,कलेक्टर जशपुर बैठक में उरांव, गोंड, पहाड़ी कोरवा, खैरवार, मुंडा सहित अन्य जनजातीय समाज प्रमुखों के अलावा जशपुर के व्यापारी संघ, जैन समाज, स्वर्णकार समाज और अन्य समुदायों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने एकमत होकर इस गौरव यात्रा के आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने समाज से जुड़े सांस्कृतिक और परंपरागत कलाओं का प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ जनजातीय नागरिकों, स्वतंत्रता सेनानियों, विशेष पिछड़ी जनजातियों के विशिष्ट सदस्यों और जनजातीय विकास में योगदान करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। जनजातीय खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे। यात्रा का रूट: जनजातीय गौरव यात्रा पुरनानगर से शुरू होगी और विभिन्न मार्गों जैसे बालाछापर चौक, फॉरेस्ट डिपो, गम्हरिया चौक, हाउसिंग बोर्ड, बांकी नदी, जैन मंदिर, बिरसा मुंडा चौक, महाराजा चौक और बालाजी मंदिर से होते हुए रणजीता स्टेडियम तक जाएगी, जहां समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस तैयारी बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, सीईओ जिला पंचायत रायगढ़ जितेंद्र यादव, एसडीएम जशपुर प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख मौजूद थे।  

जिले के विद्यार्थी साइंस एंड रिसर्च में आगे बढ़ सकते हैं – कलेक्टर व्यास,जशपुर विधायक रायमुनी ने अन्वेषण कार्यक्रम का किया उद्घाटन

IMG 20241108 WA0021

जशपुर,08 नवम्बर 2024 –  विधायक रायमुनि भगत ने संकल्प शिक्षण संस्थान में “अन्वेषण” कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जो अंतरिक्ष विज्ञान में जिले के विद्यार्थियों को प्रेरित करने का अनूठा प्रयास है। इस अवसर पर उन्होंने एपीजे अब्दुल कलाम और कल्पना चावला का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले के विद्यार्थी भी विज्ञान और अनुसंधान में करियर बना सकते हैं। कलेक्टर रोहित व्यास ने इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी की समझ बढ़ाने का अवसर बताते हुए स्पेस साइंस में करियर की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “अन्वेषण” के तहत जिले के विद्यालयों में स्टार गेजिंग और खगोल विज्ञान की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। “अन्वेषण” के अंतर्गत 18 नवंबर से “अंतरिक्ष ज्ञान अभियान” भी शुरू होगा, जिसमें 45 हायर सेकेंडरी विद्यालयों के लगभग 12,000 विद्यार्थियों को चलित वैन के माध्यम से अंतरिक्ष की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, जिले के आठ विकासखंड मुख्यालयों में 3डी-प्लेनेटोरियम शो का आयोजन किया जाएगा, जहां विद्यार्थी ग्रहों और तारों के बीच यात्रा का अद्भुत अनुभव कर सकेंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के प्रभारी विश्वासराव मस्के, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर, संकल्प प्राचार्य विनोद गुप्ता और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।  

जिला प्रशासन-पहाड़ी बकरा-जशप्योर की कोशिश रंग लाई,देशभर से बाइकर्स जुटे

IMG 20241108 WA0001

जशपुर 08 नवम्बर 2024- प्रशासन और पहाड़ी बकरा और जशप्योर के सहयोग से जशपुर में पर्यटन एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए आयोजित होने वाली बाइक यात्रा में दूर-दूर से लोग आकर्षित हो रहे हैं। जशपुर में 6 से 10 नवम्बर तक विभिन्न पर्यटन स्थल का यात्रा करेंगे पुणे से तुषार गोवर्धन और सागर तथा मुंबई से शुभम गंभीर के साथ-साथ ओडिशा से आकाश, उत्तम, उत्कर्ष और बंगाल से अमित घोष जैसे बाइकर्स ने वेबसाइट पर देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर के बारे में पढ़ने के बाद इस खूबसूरत जगह की यात्रा करने के लिए प्रेरित हुए हैं और बिलासपुर से अपनी यात्रा शुरू कर दी है। पहला पड़ाव जशपुर बनाएंगे। यहां वे स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखेंगे और देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर में रॉक क्लाइंबिंग का रोमांच अनुभव करेंगे। इसके बाद, यात्री पांड्रापाट में ऑफबीट कैंपिंग का आनंद लेने के लिए रवाना होंगे, और फिर मक्करभंजा जलप्रपात की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान, वे स्वच्छ भारत अभियान को बढ़ावा देने के लिए कई स्थानों की सफाई भी करेंगे। जशपुर टूर के दौरान सभी पर्यटकों को जशप्योर के सेहतमंद एवं पौष्टिक उत्पाद जैसे की मिलेट कूकीज, पास्ता, लाडू एवं विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक चायों के स्वाद से भी रूबरू कराया जायेगा ।पर्यटक महुआ सेंटर और मंथन फ़ूड लैब में जशपुर की आदिवासी महिलाओं से उनके अनुभव साझा करंगे | बातचीत करके बाइकर्स स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली के बारे में अधिक जान पाएंगे। खासकर, तुषार जो खुद एक जैविक किसान भी हैं, वे स्थानीय आदिवासियों से जैविक खेती के तरीकों के बारे में सीखने के लिए उत्सुक हैं। इस तरह की पहल न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी फैलाएगी। बाइकर्स के इस साहसिक कार्यक्रम से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। स्थानीय लोगों के लिए भी यह एक अवसर होगा कि वे अपने क्षेत्र की खूबसूरती को एक नए नजरिए से देखें। यह यात्रा जशपुर जिला प्रशासन के उन प्रयासों का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिनके माध्यम से जिले को एक ऐसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है जहां पर्यावरण अनुकूल और स्थायी पर्यटन मॉडल को बढ़ावा दिया जाता है। यह यात्रा न केवल पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करने का अवसर प्रदान करती है, बल्कि स्थानीय समुदायों के जीवन और संस्कृति से भी रूबरू कराती है। जशपुर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से न केवल जिले का विकास होगा बल्कि यह अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली

IMG 20241106 WA0024

जशपुर 06 नवम्बर 2024: आगामी धान खरीदी को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने खाद्य अधिकारियों की बैठक में सभी उपार्जन केंद्रों में तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समितियों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने, पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता और ट्रायल रन कराने के निर्देश दिए। किसानों को 5000 रुपये तक के भुगतान की सुविधा माईको एटीएम से देने के लिए कहा गया। बगीचा में बैंक की नई शाखा 15 दिन में शुरू होगी। साथ ही, अवैध धान पर रोक के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित किए जाएंगे।  

बिग ब्रेकिंग: कियोस्क शाखा में गोलीबारी,एक महिला की मौत,कियोस्क संचालक घायल,पुलिस

IMG 20241105 WA0025

जशपुर,05 नवम्बर 2024 –  अभी-अभी जानकारी मिली है कि कांसाबेल थानांतर्गत बटइकेला,टोंगरीटोला गांव में एसबीआई कियोस्क ग्राहक सेवा केंद्र में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर संचालक की दादी को मौत के घाट उतार दिया है।वहीं संचालक सन्चू घायल है जिसे कांसाबेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो हमलावर नकाबपोश थे जो मोटरसाइकिल में आये और सीधे दुकान में घुसकर लूटपाट करने की कोशिश करने लगे।जब नकाबपोश ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक संजू गुप्ता को गोली मार रहे थे तो  उसकी दादी ने बहादुरी दिखाते हुए कट्टा को छीनी,जिससे हमलावरों ने 65 साल की वृद्ध महिला उर्मिला गुप्ता को मार दी। वृद्ध महिला की मौके पर ही मृत्य हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।वहीं सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई है।बताया जा रहा है कि हमलावर पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद कर रहे थे।गोली मारने के बाद हमलावर अपनी बाइक वहीं छोड़कर जंगल मे फरार हो गए हैं।

धान खरीदी शुरू होने से पहले ही बिचौलिए बिछाने लगे बिसात! कुनकुरी में ट्रक से पकड़ाया अवैध धान

IMG20241105092745

जशपुर/कुनकुरी,05 नवम्बर2024- राज्योत्सव के साथ ही छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तैयारी शुरू हो गई है।उधर मंडियों में बारदाने,कांटा-बाट तैयार हो रहे हैं तो मंडियों तक अवैध धान भेजने की भी तैयारी में बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं।इस संभावना से जुड़ा पहला मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र से सामने आया है। कुनकुरी तहसीलदार मुकदेव यादव से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 8 बजे के करीब गोपनीय सूचना मिली कि पंडरीपानी गांव के पास रोड किनारे एक ट्रक से पिकप में धान अनलोड किया जा रहा है,जो संदिग्ध लग रहा है।जिसपर तहसीलदार अपने साथ दुलदुला तहसीलदार व कुनकुरी थाने से पुलिस बल को लेकर बताए स्थान पर पहुंचे।जहां  ट्रक खड़ा मिला जिसका मुआयना करने पर अंदर में धान से भरी बोरियां मिलीं।ट्रक चालक से पूछने पर वह गोलमोल जवाब देने लगा।धान परिवहन से सम्बंधित कोई वैध कागजात भी पेश नहीं किया। ट्रक चालक महावीर राम ने बताया कि धान जशपुर से लोड करके पत्थलगांव के राइस मिल तक ले जा रहा था लेकिन राइस मिल का नाम,पता उसे नहीं बताया गया है।ट्रक में खराबी आने से पिकअप नहीं ले रहा था जिसके कारण धान भेजनेवाला आशीष गुप्ता निवासी जशपुर छोटी गाड़ी पिकप वाहन भेजकर 150 बोरी धान उतरवा लिया। मौके पर तहसीलदार ने ट्रक के अंदर रखे तकरीबन 150 बोरी धान ट्रक समेत जब्त कर थाने में अग्रिम कार्रवाई करने के लिए भेज दिया है।ट्रक अशोक लीलैंड कम्पनी का CG15 DX 6229 भी धान भेजने वाले आशीष गुप्ता का बताया जा रहा है। इस तरह धान खरीदी से पहले धान का अवैध परिवहन करने का मामला सामने आने से लोगों में यह चर्चा है कि मंडी और बिचौलियों की सांठगांठ हो चुकी है,बस धान खरीदी शुरू हो जाये।हालांकि,प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से धान की तस्करी आसानी से होना सम्भव नहीं है।अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है?  

इकलौते बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत: शोक-पत्र बांटने निकले युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

IMG 20241104 170256

जशपुर/कुनकुरी,04 नवम्बर2024 – चराईडांड-बगीचा स्टेट हाइवे पर आज सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। अपने चचेरे दादाजी की मृत्यु के शोक में शोक-पत्र बांटने निकला इकलौता बेटा, नवीन कुमार सिंह उर्फ नंदू सिंह (25 वर्ष) की इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसके साथ बैठे शिवप्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कुनकुरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दोपहर करीब 3 बजे की है, जब नवीन और शिवप्रकाश सिंह बाइक पर सवार होकर अपने गांव बरडांड (पतराटोली) से शोक-पत्र बांटने निकले थे। थाना प्रभारी सुनील सिंह के अनुसार, चराईडांड चौक से बगीचा रोड पर 100 मीटर आगे एक पिकअप वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नवीन कुमार सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि शिवप्रकाश को गंभीर चोटें आई हैं। पिकअप चालक फरार, वाहन पर नहीं था नंबर हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, और पुलिस को दुर्घटना स्थल पर बिना नंबर की पिकअप मिली। यह जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना के तुरंत बाद चराईडांड के सरपंच किशोर लकड़ा ने घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। सरपंच ने कहा कि हादसा अत्यंत दुखद है और उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। नवीन कुमार सिंह की असमय मृत्यु से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं। नवीन परिवार का इकलौता बेटा था, और अपने चचेरे दादाजी दिगम्बर सिंह के शोक में शोक-पत्र बांटने निकला था। इस दुखद हादसे ने सभी को भावुक कर दिया है, और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें। पिकअप चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, और उम्मीद है कि जल्द ही दोषी को हिरासत में लिया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। नवीन की असामयिक मौत ने न केवल परिवार बल्कि पूरे समुदाय को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में त्वरित कार्रवाई से लोगों में न्याय की उम्मीद बनी हुई है।