रुपया दुगुना करनेवाला फरार वारंटी धराया,ठगने के ऐसे शिकायत कि पढ़कर चौंक जाएंगे,नारायणपुर पुलिस की कार्रवाई,,,

1002540165

जशपुर, 30 अक्टूबर 2024: दीपावली के अवसर पर अपने घर लौटे स्थाई वारंटी आरोपी राज सिंह विश्वकर्मा को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। राज सिंह के खिलाफ चेक बाउंस मामले में जशपुर और कोरबा न्यायालयों से कई स्थाई वारंट जारी किए गए थे।आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। चिटफंड और क्रिप्टो ठगी में भी लिप्त: आरोपी राज सिंह मटासी, थाना नारायणपुर का निवासी है और एक लंबा आपराधिक इतिहास रखता है। पहले वह साईंप्रसाद चिटफंड कंपनी में एजेंट के रूप में काम करता था, जहाँ उसने लगभग 500 लोगों का नेटवर्क तैयार कर, उनके निवेश को कंपनी में जमा किया। इस चिटफंड के प्रमुख बालासाहब और वंदना भापकर वर्तमान में जेल में हैं। इसके बाद, राज सिंह ने विनायक होम्स रियल एस्टेट चिटफंड में भी एजेंट का कार्य किया, जिसमें उसने फिर से 500 लोगों को जोड़कर निवेश कराया। वर्ष 2018-19 में राज सिंह ने भुवनेश्वर स्थित एक क्रिप्टोकरेंसी कंपनी में नौकरी की, जहाँ उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को निवेश पर दोगुना लाभ का लालच देकर 4 लाख रुपये की ठगी की। इस कंपनी का संचालक विश्वास साहब था, जो अब कंपनी बंद कर चुका है। चेक बाउंस का मामला: राज सिंह ने अपने गाँव की एक महिला को 50,000 और 25,000 रुपये के चेक दिए थे, जो बाउंस हो गए। महिला द्वारा इस मामले में केस दर्ज कराने पर न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ धारा 138 एनआईटी एक्ट के तहत स्थाई वारंट जारी किया। दीपावली के समय घर लौटने की सूचना मिलने पर, पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और न्यायालय में प्रस्तुत किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणपुर उ.नि. सतीश सोनवानी, आर. प्रदीप भगत, आर. यागेश भगत, म.आर. अर्चना तिग्गा, और सै. विरेन्द्र भगत का विशेष योगदान रहा।  

कलेक्टर रोहित व्यास ने किया नगर भ्रमण, शहर में स्वच्छता और रौशनी की व्यवस्था में सुधार के लिए दिए दिशानिर्देश

1002539202

जशपुर, 30 अक्टूबर 2024: जिला कलेक्टर  रोहित व्यास ने आज सुबह नगर का भ्रमण कर जशपुर नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता और रौशनी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई सुधारात्मक निर्देश जारी किए, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और रात्रि के समय रोशनी की स्थिति बेहतर हो सके। कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर बंद पड़ी 16 स्ट्रीट लाइट्स को शीघ्र ठीक कराने के लिए कहा, ताकि लोगों का रात्रि में आवागमन सुरक्षित रहे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अंधेरा दुर्घटनाओं और असुविधा का कारण बन सकता है, इसलिए रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य है। श्री व्यास ने निर्देश दिया कि नगर के प्रत्येक चौराहे पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखे जाएं। इसके अलावा, दुकानदारों को भी अपने आस-पास के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की है, ताकि स्वच्छता बनाए रखी जा सके। नगर के बाल उद्यान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहाँ पेयजल व्यवस्था और शौचालय की मरम्मत के निर्देश दिए। नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि बाल उद्यान में एक नया शौचालय निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसे शीघ्र आरंभ किया जाएगा। शहर की स्वच्छता में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भूमिका को सराहते हुए कलेक्टर ने एसएलआरएम (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) केंद्र का निरीक्षण किया। हरित जशपुर क्षेत्र समिति के माध्यम से, महिलाओं द्वारा कचरे से बने हस्तशिल्प जैसे पायदान, झूमर, टोकरी और अन्य सजावटी सामान का उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें आय का एक अतिरिक्त स्रोत प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर श्री व्यास की इस पहल से जशपुर शहर की स्वच्छता और जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।  

“जशपुर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा” – एसपी शशि मोहन सिंह

1002536779

जशपुर, 29 अक्टूबर 2024 – “जशपुर पुलिस अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। नशे के खिलाफ हमारा अभियान अनवरत जारी रहेगा, और हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि अपने आसपास की ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना हमें दें,” जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह का यह सख्त संदेश तब आया, जब पुलिस ने एक विशेष ऑपरेशन के तहत आरोपी नीलम लकड़ा को भारी मात्रा में गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। दरअसल, एसपी शाहीमोहन को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, थाना तुमला के निरीक्षक कोमल नेताम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम जोरण्डाझरिया स्थित आरोपी के ससुराल घर में छापा मारा। घर की बारीकी से तलाशी के दौरान, प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखे गए 9 किलो 500 ग्राम गांजे के 7 पैकेट बरामद किए गए, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 95,000 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में नीलम लकड़ा ने बताया कि वह इस गांजे को बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई में योगदान देने वाले निरीक्षक कोमल नेताम और अन्य पुलिसकर्मियों को एसपी शशि मोहन सिंह ने नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसपी ने इस अवसर पर जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कदम उठाती रहेगी।  

कलेक्टर का जिला अस्पताल निरीक्षण: स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर जोर,धनतेरस पर गायब मिले डॉक्टर-कर्मचारी,काट दिए वेतन

1002536599

जशपुर, 29 अक्टूबर 2024 – नवपदस्थ कलेक्टर रोहित व्यास ने आज जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया, जो तीन घंटे तक चला। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की और सुधार के कई निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और बिना पूर्व सूचना के गैरहाजिर स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। उन्होंने मातृत्व और शिशु अस्पताल में दवाई वितरण के लिए अलग काउंटर खोलने की घोषणा की, जिससे मरीजों को जल्दी दवाइयां मिल सकें। कलेक्टर ने मरीजों को मैन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। अस्पताल के विभिन्न विभागों, जैसे हमर लैब, ओपीडी, आईसीयू, और सोनोग्राफी सेंटर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और शौचालयों की मरम्मत के आदेश दिए। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति और काम की निगरानी के लिए एक डिजिटल प्रणाली विकसित करने का सुझाव दिया। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा का भी जायजा लिया और सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत की और आयुष्मान कार्ड सहित स्वास्थ्य योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।  

RUN FOR UNITY: कलेक्टर रोहित व्यास ने स्कूली बच्चों के साथ लगाई दौड़,सभी को एकता व अखंडता की दिलाई शपथ

1002536243

स्कूली बच्चों, स्वच्छताकर्मियों, युवाओं एवं अधिकारियों ने एक सा जशपुर, 29 अक्टूबर 2024/ 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर मनाए जाने वाले ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के लिए एकता दौड़ का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने एकता दौड़ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। एकता दौड़ जिला चिकित्सालय से शुरू होकर महाराजा चौक होते हुए रणजीता स्टेडियम में समाप्त हुई। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जिसमें कलेक्टर सहित स्कूली बच्चे, स्वच्छता कर्मी, एनसीसी कैडेट, युवा एवं शासकीय अधिकारियों ने भाग लिया। अंत में सभी ने रणजीता स्टेडियम में एकता का संकल्प लेते हुए आधुनिक भारत के निर्माता माने जाने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को स्मरण किया। उल्लेखनीय है कि सरदार पटेल को “लौह पुरुष” के नाम से भी जाना जाता था उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे भारतीय संघ के निर्माण के पीछे की प्रेरणा थे और उन्होंने विभाजन के बाद देश के विभिन्न राज्यों को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी दृढ़ निष्ठा और साहस ने यह सुनिश्चित किया कि भारत एक अखंड राष्ट्र के रूप में उभरे। इस अवसर पर एसडीएम प्रशांत कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर विश्वास राव मस्के, सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा, सहायक आयुक्त संजय सिंह, सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या नागरिक एकता दौड़ में शामिल हुए।

रौतिया समाज के सोहराय करम पूजा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय टेलीफोनिकली हुए शामिल , समाज के लिए 50 लाख की भवन निर्माण की घोषणा

1002535564

जशपुर/कुनकुरी,29 अक्टूबर 2014 – अखिल भारतीय रौतीया समाज द्वारा 27 तारीख को कुनकुरी के कंडोरा में भव्य सोहराय करम पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के हजारों लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति प्रेम दिखाने पहुंचे। इस आयोजन में समाज के सभी  पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। रौतिया समाज के नेता मीनू प्रसाद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर रायपुर से उड़ान नहीं भर सका और दो बार प्रयास करने के बाद भी वे समारोह में शामिल नहीं हो पाए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर खेद जताते हुए मोबाइल के माध्यम से समाज को संबोधित किया और 50 लाख रुपए की लागत से कंडोरा में रौतीया समाज के लिए भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने इस आयोजन के लिए समाज को बधाई दी और भविष्य में कार्यक्रम में शामिल होने का वचन दिया। इस कार्यक्रम में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, बस्तर सांसद महेश कश्यप और रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने करम राजा की पूजा अर्चना की और समाज के साथ मांदर बजाकर पारंपरिक नृत्य में भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के कार्यकारी अध्यक्ष प्रताप सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. साय, प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम सिंह,रंजीत सिंह,अशोक सिंह,श्रीमती सपना सिंह, श्रीमती अनिता सिंह और कई अन्य पदाधिकारी व समाज के सदस्य इस आयोजन में उपस्थित रहे और इसे सफल बनाने में सहयोग दिया।  

‘विष्णु’ के घर श्रीराम सदन बगिया से अयोध्या में भाँचा श्रीराम के चरणों तक जाएगी मिट्टी,छत्तीसगढ़ से सायकिल पर जा रहा यश जशपुर पहुंचा,,,

1002533825

जशपुर,28 अक्टूबर 2024 – राजनांदगांव जिले के यश सोनी सायकिल पर सवार होकर श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या की यात्रा पर निकले हैं। छग के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृहनिवास बगिया स्थित श्रीराम सदन में श्री साय के पारिवारिक सदस्य ने तुलसी चौरा की मिट्टी दी है।इस मिट्टी को छत्तीसगढ़ के पावन स्थलों से ली हुई मिट्टी के साथ मिलाकर प्रभु श्रीराम के चरणों तक पहुंचाएंगे। यश सोनी ने बताया कि वे 20 तारीख को राजनांदगांव के अपने घर से हीरो की सामान्य सायकिल लेकर अयोध्या के लिए निकले हैं।इस यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि पिछले साल मैंने सायकिल से छग के पूरे 33 जिले का भ्रमण करते हुए मिट्टी एकत्रित किया था। मेरे दिमाग मे आया कि प्रत्येक व्यक्ति जिसकी आस्था-प्रार्थना प्रभु श्रीराम तक व्यस्तता,बीमारी या अन्य परिस्थिति अनुसार नहीं पहुंच पा रही है तो मेरे दिमाग में विचार आया छत्तीसगढ़ की मिट्टी लेकर पूरे छत्तीसगढ़ की प्रार्थना प्रभु श्रीराम तक पहुंचाऊं और मैं लक्ष्य की ओर निकल पड़ा हूँ।यश ने इस बात का जिक्र भी किया कि कल 27 अक्टूबर को रास्ते में जगह-जगह मेरे बैग की जांच की गई,जिससे आने में काफी परेशानी हुई।यश ने यह भी बताया कि जशपुर में रात्रि विश्राम के बाद वह बिहार के लिए रवाना होगा जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर आगे बढ़ेगा।सायकिल यात्री यश ने एक सप्ताह में अयोध्या पहुंचने की उम्मीद जताई है।

सरकारी रोलर चोरी कर कबाड़ में बेचने वाला धराया,6 महीने से पुलिस को चकमा दे रहा था आरोपी तनवीर

1002533474

जशपुर,28 अक्टूबर 2024 – जशपुर पुलिस ने आखिरकार शासकीय रोलर चोरी मामले में 6 महीने से फरार मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को पकड़ लिया है। ये वही शख्स है जिसने अपने साथी की मदद से सरबकोंबो में PWD का रोलर चुराकर झारखंड में कबाड़ के रूप में बेच दिया था। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने बाकायदा क्रेन और ट्रक का इस्तेमाल किया था, जिससे रोलर को उठाकर आरा और सकरडेगा रोड से झारखंड पहुंचाया। इस कार्रवाई में जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। लंबे समय से फरार चल रहे तनवीर को रायपुर से हिरासत में लिया गया, जहां वह ट्रक चला रहा था। पूछताछ में उसने रोलर चोरी कर कबाड़ में बेचने की बात कबूल की और बताया कि उसे 30 हजार रुपए मिले थे, जिसमें से केवल 3 हजार ही बचा पाया। पुलिस ने तनवीर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और अन्य चार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।प्रकरण की विवेचना कार्यवाही एवं आरोपी को गिरफ्तार करने में निरीक्षक रामसाय पैंकरा, स.उ.नि. भुनेष्वर भगत, स.उ.नि. नसरूद्दीन अंसारी, आर. 685 मुकेश पाण्डेय का योगदान रहा है। पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि :-” शासकीय रोलर चोरी करने के मामले में मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, आरोपी के संबंध में झारखंड पुलिस से संपर्क कर और जानकारी जुटाई जा रही है कि यह इस प्रकार के कितने अपराधों में सम्मिलित रहा है, शेष फरार 04 आरोपियों की सघन पतासाजी की जा रही है।”  

जशपुर जिले को स्वास्थ्य सेवा में बड़ी सौगात, 35.53 करोड़ से होगा जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय का आधुनिकीकरण

1002533078

जशपुर,28 अक्टूबर2024 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जिले को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। गम्हरिया रोड पर वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा संचालित जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय का 35.53 करोड़ की लागत से आधुनिकीकरण किया जाएगा। एनटीपीसी लारा ने इस परियोजना के लिए राशि स्वीकृत कर दी है। इसके बाद यह अस्पताल 100 बिस्तरों के साथ आधुनिक उपकरणों से लैस होगा, जिससे जशपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने जिले में 220 बिस्तर का एक अत्याधुनिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बनाने की भी घोषणा की थी। साथ ही, पिछले 10 महीनों में 15 अतिरिक्त एंबुलेंस, डायलिसिस केंद्र, और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने जैसे कई कदम भी उठाए गए हैं।  

महामहिम द्रौपदी मुर्मू की फोटो के पीछे खड़ा पर्वत कौन सा है?क्या है इसकी कहानी?जानने के लिए क्लिक करिए,,

1002527905

रायपुर 27 अक्टूबर 2024/ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ में थीं। अपने प्रवास के दूसरे दिन आज राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा आयोजित दोपहर के भोज में शामिल हुईं l इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु की मुख्यमंत्री श्री साय और उनके परिवारजनों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ग्रुप फोटो हुई। इस ग्रुप फोटो की खास बात यह थी कि इसके बैकड्रॉप में जशपुर का खूबसूरत मधेश्वर पहाड़ प्रदर्शित था। उल्लेखनीय है कि मधेश्वर पहाड़ जशपुर जिले के कुनकुरी ब्लॉक में स्थित है जो कि विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग के रूप में पूजा जाता है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर मयाली ग्राम में स्थित मधेश्वर पहाड़ की आकृति शिवलिंग जैसी है। ग्रामीण इसकी पूजा करते हैं और इसे विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग होने का गौरव प्राप्त है। यहाँ सैलानी दूर-दूर से आते हैं और प्रकृति से अपने आप को जोड़ते हैं। मधेश्वर पहाड़ पर पर्वतारोहण भी किया जाता है। जशपुर जिले में एडवेंचर स्पोर्टस और पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं मौजूद है। विगत 22 अक्टूबर को मयाली नेचर कैम्प में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। जिसमें मंत्रीगणों के साथ सरगुजा प्राधिकरण के सदस्यगण भी शामिल हुए थे। मयाली नेचर कैम्प को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा। प्रकृति के गोद में बसा जशपुर अपनी मनमोहक छंटा के कारण लोगों को सहज ही अपनी और आकर्षित कर रहा है।