सनकी चोर : साड़ी और पेटीकोट चुराकर नाचने वाला युवक गिरफ्तार, 4 साल से कर रहा था वारदातें

Picsart 24 10 19 18 22 26 166

जशपुर,19 अक्टूबर 2024- जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चिटकवाईन में एक अजीबो-गरीब चोरी का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय इमिल तिर्की, जो पिछले 4 सालों से महिलाओं के कपड़े चोरी कर उन्हें पहनकर नाचता था, आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद कृषि विस्तार अधिकारी सलिल कुजूर की रिपोर्ट पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। कपड़े चोरी कर करता था नृत्य ग्रामीणों के अनुसार, इमिल तिर्की मेहनती और सरल स्वभाव का लड़का है, लेकिन उसकी एक अनोखी आदत ने लोगों को चौंका दिया। वह चुपचाप बंद घरों में घुसकर साड़ियां और पेटीकोट चुराकर उन्हें पहनता और फिर कमरे के अंदर नाचता था। शुरुआत में वह कपड़े वहीं छोड़ देता था, लेकिन पिछले कुछ सालों से उसने उन्हें अपने साथ ले जाना शुरू कर दिया। ताजा मामला और गिरफ्तारी 12 अक्टूबर 2024 को कृषि विस्तार अधिकारी सलिल कुजूर जब अपनी पत्नी के इलाज के लिए बाहर गए हुए थे, तो उनके क्वार्टर से 7 नई साड़ियां चोरी हो गईं। वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था और साड़ियां गायब थीं। उन्होंने तुरंत नारायणपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस तरह की चोरी के पीछे इमिल तिर्की हो सकता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमिल को गिरफ्तार किया और चोरी की गई साड़ियां बरामद कीं। पूछताछ में इमिल ने बताया कि वह पिछले 4 सालों से महिलाओं के कपड़े चुराकर उन्हें पहनता और नाचता था। ग्रामीणों को मिली राहत इमिल की गिरफ्तारी से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पिछले कई सालों से गांव-गांव में महिलाओं के कपड़े गायब होने की घटनाएं हो रही थीं। पुलिस ने इमिल तिर्की के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।  

जशपुर जम्बूरी: साहसिक खेल, संस्कृति और दोस्ती का अनोखा सफर

IMG 20241018 WA0014

जशपुर, 18 अक्टूबर 2024। जशपुर की खूबसूरत पहाड़ियों में चल रहा चार दिवसीय जशपुर जम्बूरी युवा उत्सव इस साल भी साहसिक खेलों और जनजातीय संस्कृति से पर्यटकों को रोमांचित कर रहा है। 17 से 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर से आए युवा प्रकृति, साहसिक खेलों और स्थानीय जनजातीय परंपराओं से रूबरू हो रहे हैं। कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जशपुर के पर्यटन को बढ़ावा देना और इसकी सांस्कृतिक व प्राकृतिक धरोहर से दुनिया को परिचित कराना है। शुक्रवार, 18 अक्टूबर को देशदेखा पहाड़ी में साहसिक गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसमें पर्यटकों ने रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग और ट्रैकिंग जैसी रोमांचक खेलों का आनंद लिया। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने भी पर्यटकों के साथ ट्रैकिंग करते हुए मयाली नेचर कैम्प का दौरा किया। ट्रैकिंग के दौरान पर्यटकों ने स्थानीय वनस्पतियों और जंगली रास्तों से परिचित होकर साहसिक सफर का लुत्फ उठाया। पारंपरिक करमा नृत्य और स्वागत गीत से आतिथ्य मयाली नेचर पार्क पहुंचने पर देशभर से आए युवाओं का स्वागत पारंपरिक करमा नृत्य और स्वागत गीतों से किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने आदिवासी नर्तकों के साथ नृत्य किया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह की लहर दौड़ गई। पारंपरिक व्यंजन और जनजातीय कलाकारों की प्रदर्शनी ने जम्बूरी को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया, जहां पर्यटकों ने आदिवासी कला और संस्कृति के सरलता भरे पहलुओं को करीब से जाना। युवाओं के अनुभव: सपनों के उत्सव का मजा रांची की दीपिका ने बताया कि उन्होंने ऐसा उत्सव केवल फिल्मों में देखा था। यहां एडवेंचर स्पोर्ट्स, बॉन फायर, रॉक क्लाइम्बिंग और बोटिंग उनके लिए सपनों को पूरा करने जैसा अनुभव रहा। रायपुर के आयुष्मान ने बताया कि उन्हें यहां आकर आदिवासी संस्कृति की सादगी और सरलता को जानने का अवसर मिला, जिससे वे बेहद प्रभावित हुए। इंदौर के सुष्मीत जैन ने कहा कि जशपुर जम्बूरी उन्हें नई चीजें सीखने का बेहतरीन मौका दे रहा है, और उन्होंने साहसिक खेलों का भरपूर आनंद लिया। बिलासपुर के दीपक पटेल ने इसे दोस्ती का उत्सव बताया, जहां देशभर से आए युवा आपस में मिलकर नई-नई चीजें सीख रहे हैं। उनके अनुसार, यह आयोजन आपसी मेलजोल और रोमांचक अनुभवों से भरा हुआ है। वहीं, विकास साहू ने कहा कि इस उत्सव में सब कुछ बेहतरीन तरीके से आयोजित किया गया है और साहसिक खेलों ने उन्हें बेहद रोमांचित किया है। जशपुर जम्बूरी में हर किसी के लिए कुछ खास है—साहसिक खेलों से लेकर सांस्कृतिक अनुभवों तक, यह उत्सव प्रकृति, रोमांच और दोस्ती का बेहतरीन संगम है – डॉ. रवि मित्तल,कलेक्टर जशपुर  

*सफलता की कहानी: जशपुर की बेटियों का क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन,राष्ट्रीय अंडर-17 महिला क्रिकेट टीम में इन छात्राओं का हुआ चयन*

IMG 20241017 201505

जशपुर, 17 अक्टूबर 2024: जशपुर जिले की बेटियों ने खेल के मैदान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सरगुजा संभाग की टीम में शानदार प्रदर्शन करते हुए जशपुर की 13 बेटियों ने रजत पदक जीता है। इस उपलब्धि के साथ ही इचकेला स्थित प्री-मेट्रिक बालिका छात्रावास की 3 बेटियों, एंजल लकड़ा, झुमुर तिर्की और वर्षा बाई का चयन राष्ट्रीय अंडर-17 महिला क्रिकेट टीम में हो गया है। ये तीनों खिलाड़ी अब आगामी राष्ट्रीय अंडर-17 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2024-25 में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। जशपुर की बेटियों का सरगुजा संभाग में दबदबा जशपुर की बेटियां राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में अपने अद्वितीय प्रदर्शन से न सिर्फ संभाग का नाम रौशन कर रही हैं बल्कि राष्ट्रीय टीम तक पहुंच रही हैं। सरगुजा संभाग की क्रिकेट टीम में जशपुर की 13 बेटियों का चयन यह दर्शाता है कि जिले में खेल के प्रति बढ़ती रुचि और संभावनाओं को कैसे साकार किया जा रहा है। इन खिलाड़ियों में से 11 बालिकाएं इचकेला छात्रावास की हैं, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। छात्रावास अधीक्षिका पंडरी बाई का महत्वपूर्ण योगदान छात्रावास की अधीक्षिका पंडरी बाई ने छात्राओं के इस विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने छात्रावास में अभ्यास पिच बनवाकर और क्रिकेट की आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध कराकर खिलाड़ियों को लगातार प्रेरित किया। पंडरी बाई का कहना है, “मेरी बेटी आकांक्षा रानी ने राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त की, और जब मैंने छात्रावास की बच्चियों में भी वही उत्साह देखा, तो मैंने उनके लिए बेहतर भविष्य बनाने का संकल्प लिया। आज उनकी मेहनत का फल मिल रहा है।” चयनित खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर :  वर्षा बाई (राष्ट्रीय अंडर-17 और बीसीसीआई अंडर-19 खिलाड़ी): “छात्रावास में हमें निरंतर प्रशिक्षण और समर्थन मिल रहा है। मेरे राष्ट्रीय टीम में चयन से मेरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। सभी ने मिठाइयाँ बांटी और मुझे देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं। मेरा चयन अंडर-17 के साथ-साथ बीसीसीआई की अंडर-19 टीम में भी हुआ है, और मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।” एंजल लकड़ा (कक्षा 8, राष्ट्रीय अंडर-17 खिलाड़ी): “मुझे बहुत खुशी है कि मेरा चयन राष्ट्रीय अंडर-17 टीम में हुआ है। मुझे मेरे शिक्षकों और कोच का भरपूर सहयोग मिल रहा है। मेरा सपना है कि मैं स्मृति मंधाना की तरह एक बेहतरीन बल्लेबाज बनूं और देश का नाम रोशन करूँ।” झुमुर तिर्की (कक्षा 8, राष्ट्रीय अंडर-17 खिलाड़ी): “यह मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। जब मेरा चयन राष्ट्रीय दल में हुआ तो मुझे यकीन नहीं हुआ। मेरे पिता के निधन के बाद मेरी माँ ने मुझे बहुत मेहनत से पाला, और उनका सपना था कि मैं परिवार का नाम रोशन करूं। अधीक्षिका पंडरी बाई के मार्गदर्शन और समर्थन से आज मैं इस मुकाम तक पहुंची हूँ।”  

*सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक अब 21 की जगह 22 अक्टूबर को होगी*

IMG 20241016 181552 1

रायपुर, 17 अक्टूबर 2024/ सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक 22 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में सवेरे 11 बजे से जिला जशपुर के मयाली नेचर कैम्प में आयोजित की गई है। गौरतलब है कि पहले यह बैठक 21 अक्टूबर को आयोजित होनी थी।बैठक की तैयारी में जिला कलेक्टर डॉ रवि मित्तल, एसपी शशिमोहन सिंह व जिले के सभी विभाग प्रमुख जूट गए हैं।

*महिलाओ के अधिकारों और हितों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएगी राज्य महिला आयोग: प्रियंवदा सिंह जूदेव*

Picsart 24 10 17 19 21 05 724

*जशपुरनगर 17 अक्टूबर 2024/* पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जुदेव की बड़ी बहु श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव सहित राज्य महिला आयोग की पांच नवनियुक्त सदस्यों ने गुरुवार को आयोग में कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित थे। श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव के साथ महासमुन्द की सरला कौशरिया, बलौदा की लक्ष्मी वर्मा, सुकमा की दीपक सोरी और दंतेवाड़ा से ओजस्वी मंडावी ने भी कार्यभार ग्रहण किया।  सदस्या श्रीमती प्रियंवदा सिंह जुदेव ने कहा कि महिलाओ की सुरक्षा, आर्थिक रूप से आत्म निर्भरता और उनके अधिकारों की रक्षा करना राज्य महिला आयोग का लक्ष्य है। उन्होंने राज्य महिला आयोग का दायित्व सौपने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि ‘मुझ पर विश्वास करते हुए जो भी दायित्व सौंपा है, उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगी।’ इस अवसर पर डीडीसी उमा सिंह, सुनीता रोशन, मुन्नी गुप्ता, कमला निराला, रंजना तिडू, आकाश गुप्ता, राजेश सिन्हा, अमित साय, अभिषेक गुप्ता, विक्रांत कश्यप, सूरज सिंह, प्रकाश गुप्ता, विजय गुप्ता मौजूद रहे।

जशपुर पुलिस ने फरार आरोपियों पर घोषित किया नकद इनाम, 8 प्रकरणों में कुल 40 हजार का इनाम

IMG 20241017 WA0019

जशपुर, 17 अक्टूबर 2024: जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने विभिन्न गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाले लोगों के लिए कुल 40,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। इस इनाम के तहत हर मामले में 5000 रुपये की राशि दी जाएगी। पुलिस ने अपील की है कि जो कोई भी इन फरार आरोपियों की पुख्ता जानकारी देगा, उसका नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। प्रमुख फरार आरोपी और उनके खिलाफ प्रकरण: 1. अन्नू घांसी: वर्ष 2011 में हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में लिप्त आरोपी अन्नू घांसी (25), जो आरा चौकी, जशपुर का निवासी है, घटना के बाद से फरार है। 2. प्रेम कुमार गेडाम: धार्मिक सौहार्द्र बिगाड़ने के आरोपी प्रेम कुमार गेडाम, जो महाराष्ट्र के चंद्रपुर का निवासी है, 2022 में अपराध करने के बाद से फरार है। 3. कृष्णा यादव: लूट और डकैती के आरोपी कृष्णा यादव (20), निवासी बिदुरपुर यादवपारा, फरसाबहार, 2023 में वारदात के बाद से फरार है। 4. मो. शहीद खान: छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के उल्लंघन के मामले में आरोपी शहीद खान (40), गुमला (झारखंड) का निवासी है, जो जनवरी 2023 से फरार है। 5. लाल खान उर्फ लल्लू खान: पशु तस्करी के मामलों में लिप्त और 2022 से फरार चल रहे लाल खान पर भी इनाम की घोषणा की गई है। 6. उमेश यादव: हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में फरार उमेश यादव (2019 से), जो करडेगा, जशपुर का निवासी है, पर भी इनाम घोषित किया गया है। 7. मनोज कण्डुलना: सिमडेगा (झारखंड) निवासी मनोज कण्डुलना, जो डकैती और आम्र्स एक्ट के तहत फरार है, पर भी इनाम घोषित किया गया है। 8. इन्ताब खान और अन्य: पशु क्रूरता और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामलों में फरार इन्ताब खान और उसके साथी, जो 2020 से फरार हैं, पर भी इनाम की घोषणा की गई है।   पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने जनता से अपील की है कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में मदद करें। जो कोई भी व्यक्ति इन आरोपियों की जानकारी देगा, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे 5000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। संपर्क के लिए महत्वपूर्ण फोन नंबर: 1. पुलिस अधीक्षक जशपुर: 9479193600 2. अति. पुलिस अधीक्षक: 9479193601 3. पुलिस अनु. अधि.: 9479193605 4. थाना प्रभारी कुनकुरी: 9479193613 5. थाना प्रभारी जशपुर: 9479193608 6. थाना प्रभारी तपकरा: 9479193609    

ऐतिहासिक उपलब्धि :  जशपुर के 30 बच्चों के नाम पहुंचेंगे बृहस्पति के उपग्रह यूरोपा,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल को कहा – थैंक्यू सर

IMG 20241015 WA0050

यूरोपा क्लीपर स्पेसक्राफ्ट के साथ अंतरिक्ष यात्रा पर बच्चों के नाम हुए रवाना, 2030 में पहुंचेगा यूरोपा पर नासा का मिशन जशपुर, 15 अक्टूबर 2024: जशपुर जिले के 30 बच्चों के नाम अब अंतरिक्ष में भेजे गए हैं, जो बृहस्पति के उपग्रह यूरोपा तक की यात्रा पर निकले हैं। नासा के यूरोपा क्लीपर नामक अंतरिक्ष यान ने सोमवार को फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी। इस यान का उद्देश्य बृहस्पति के चंद्रमा यूरोपा पर जीवन की संभावनाओं की तलाश करना है। इस ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा में जशपुर के बच्चों, शिक्षकों और जिलाधीश डॉ. रवि मित्तल के नाम भी सिलिकॉन चिप में दर्ज किए गए हैं। इन नामों के साथ यह यान 2030 में यूरोपा पर पहुंचेगा। नवसंकल्प शिक्षण संस्थान के विषय विशेषज्ञ विवेक पाठक ने बताया कि इस पहल का मकसद बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि जागरूक करना है। इससे पहले भी नासा के परसिविएन्स रोवर के जरिए जिले के सैंकड़ों बच्चों के नाम मंगल ग्रह पर भेजे गए थे। गम्हरिया की छात्रा आकांक्षा तिर्की ने इस अवसर पर कहा, “हमारे नाम के साथ हम महसूस कर रहे हैं कि हम भी अंतरिक्ष की यात्रा कर रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व का क्षण है।” वहीं, छात्रा प्रीति निराला ने कहा, “अब जब भी बृहस्पति को देखेंगे, हमें गर्व होगा कि हमारे नाम यूरोपा पर पहुंच गए हैं।” यह पहल बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन को इस ऐतिहासिक प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया गया।    

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जाली नोट व्यापार में शामिल दो और आरोपी गिरफ्तार

IMG 20241015 WA0042

जशपुर, 15 अक्टूबर 2024: जशपुर पुलिस ने जाली नोटों के व्यापार में लिप्त फरार आरोपियों सुधन यादव और मंगलू उर्फ मंगल मालाकार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में सम्पत कुमार टोप्पो, ललित कुमार त्रिपाठी, और अर्जुन राम को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और HP Ink Tank 316 कलर प्रिंटर भी जब्त किया, जिसका इस्तेमाल जाली नोट छापने में किया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी मंगलू उर्फ मंगल मालाकार अपने ससुराल ग्राम में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे वहां से गिरफ्तार किया। वहीं, सुधन यादव को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने नकली नोटों के व्यापार में अपनी संलिप्तता कबूल की है। इससे पहले, 30 जून 2024 को पुलिस ने सम्पत कुमार टोप्पो को 500 रुपये के 150 जाली नोटों और 49 हजार रुपये असली नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। सम्पत ने खुलासा किया था कि उसे ललित त्रिपाठी ने नकली नोटों के बदले असली नोट देने का लालच दिया था। इसके बाद पुलिस ने ललित त्रिपाठी और अर्जुन राम को भी गिरफ्तार किया था। मामले की जांच जारी है, और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 489(बी), 489(सी), और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।  

बड़ी खबर: शासकीय भूमि पर पेड़ कटाई मामले में बगीचा एसडीएम की सख्त कार्रवाई,नोटिस पढ़कर आरोपी के हाथ-पांव फूले,,पढ़िए पूरी खबर

IMG 20241015 WA0008

जशपुर/बगीचा,15 अक्टूबर2024 – शासकीय भूमि पर पेड़ों की अवैध कटाई के गंभीर मामले में एसडीएम बगीचा ओंकार यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी देवाधी राम यादव को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार बगीचा के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है, जिसमें बताया गया कि ग्राम गायलूंगा निवासी देवाधी राम यादव ने शासकीय भूमि पर खड़े 164 पेड़ों की अवैध रूप से कटाई की और 44 अन्य पेड़ों को छीलकर सुखाने की कोशिश की है। प्रतिवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत गायलूंगा के सरपंच और अन्य ग्रामीणों ने देवाधी यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने ग्राम गायलूंगा स्थित शासकीय भूमि ख.नं. 511/1 रकबा 13.962 हेक्टेयर में महुआ, साल, और चार प्रजाति के पेड़ों की कटाई की है। मौके पर जांच में दो साल प्रजाति के कटे हुए वृक्ष पाए गए। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 240 और 241 (4) के तहत की गई, जिसमें बिना अनुमति शासकीय भूमि पर पेड़ों की कटाई दंडनीय अपराध है। प्रत्येक कटे हुए पेड़ पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है, और इस प्रकार देवाधी यादव द्वारा काटे गए 164 पेड़ों पर भारी शास्ति आरोपित की जा सकती है। एसडीएम ने आरोपी को 3 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है, अन्यथा उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अवैध कटाई के मामले ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है, और एसडीएम की सख्ती से लोगों में एक संदेश गया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और अवैध कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।  

कलेक्टर और एसपी ने किया हैलीपैड और मयाली नेचर कैंप का निरीक्षण,80 से ज्यादा वीवीआइपी,वीआईपी के साथ सीएम 21को करेंगे बैठक

IMG 20241014 WA0030

जशपुर, 14 अक्टूबर 2024 / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आगामी 21 अक्टूबर को जशपुर में होने वाली सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल और पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कुनकुरी विकासखंड के मयाली नेचर कैंप, टापू और हैलीपैड का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने हैलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था, स्थल की लाइटिंग और बिजली आपूर्ति की तैयारी की समीक्षा की। साथ ही, बैठक स्थल को फूलों से सजाने और डोम तैयार करने के निर्देश दिए। मयाली नेचर कैंप की झील में बोटिंग के लिए नाव की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। भोजन व्यवस्था के लिए तीन अलग-अलग पंडाल बनाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने गाड़ियों की पार्किंग, प्रवेश द्वार और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, कुनकुरी एसडीएम नंदजी पांडे व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।