‘अतिथि जशपुर से सुंदर यादें लेकर जाएं’ थीम पर विकास प्राधिकरण की पहली बैठक को ऐतिहासिक बनाने में जुटा प्रशासन

Picsart 24 10 14 18 49 49 096

जशपुर, 14 अक्टूबर 2024 / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अक्टूबर को मयाली डेम में होने जा रही सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होंगे। इसको लेकर कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल और पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक बुलाई और सभी तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण बैठक है, और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि अतिथियों का स्वागत जशपुर के पारंपरिक रीति-रिवाज से किया जाएगा और भोजन में स्थानीय पारंपरिक, पौष्टिक व्यंजनों को परोसा जाएगा। साथ ही, उन्होंने चिकित्सा टीम को सक्रिय रहने और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन अतिथियों को जशपुर के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के लिए विशेष योजना बना रहा है, ताकि मेहमान इस क्षेत्र से सुंदर यादें लेकर जाएं। स्वागत द्वार पर सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों की फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी ताकि अतिथि इन स्थानों की खूबसूरती का अनुभव कर सकें। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री और विभिन्न मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। कलेक्टर ने विशेष व्यवस्था के तहत माइक, एलईडी स्क्रीन, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली की पूरी तैयारी के निर्देश दिए हैं। हम आपको बताते चलें कि मयाली नेचर कैम्प सीएम श्री साय की कुनकुरी विधानसभा का बड़ा पर्यटन केंद्र है।यहां मधेश्वर पर्वत जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग कहा जाता है,बड़ा मनमोहक है।मयाली नेचर कैम्प पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समय तत्कालीन विधायक रोहित साय की बड़ी देन है।जिसे पिछली भूपेश सरकार में मनाली जैसा पर्यटन विकास करने की भरपूर कोशिश विधायक यू डी मिंज ने की थी।यह कुनकुरी विधानसभा की किस्मत थी कि कांग्रेस के सिटिंग एमएलए यूडी मिंज चुनाव हार गए और राजनीति के सूर्य विष्णुदेव साय एमएलए बनते ही मुख्यमंत्री बन गए।अब सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के पदेन अध्यक्ष होने के नाते पहली बैठक सीएम की विधानसभा में 21 अक्टूबर को होने जा रही है तो जाहिर है सबकुछ  ऐतिहासिक ही होगा।  

गिनाबहार में ईसाई उरांव समाज ने करम त्यौहार मनाया,आदिवासी परम्परा से पूजा सम्पन्न

Picsart 24 10 13 19 58 54 795

 जशपुर/कुनकुरी 13 अक्टूबर2024 – आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले में इन दिनों करम त्यौहार की धूम मची हुई है।गिनाबहार में निर्माणाधीन उरांव सामाजिक भवन के सामने कुनकुरी क्षेत्र के ईसाई उरांव जनजाति के लोगों ने पवित्र करम त्यौहार मनाया। उरांव समाज के एमेरियुस लकड़ा ने करम त्यौहार के बारे में बताया कि यह उरांव जनजाति के उन युवाओं के लिए खास त्यौहार है जो विवाह योग्य हो गए हैं।करम गाड़ने की विधि बताते हुए कहा कि पहले अखड़ा(नृत्य स्थल) की साफ-सफाई की जाती है,जिसे गोबर से लिपाई कर पूजा के लिए तैयार किया जाता है।इसके बाद उपवास किये हुए कुंवारे युवक-युवतियां जंगल जाते हैं और करम वृक्ष के नीचे इकट्ठा होकर हल्दी पानी छिड़ककर स्थल शुद्धिकरण किया जाता है।फिर कुंवारा युवक करम वृक्ष की डाल काटता है जिसे जमीन में गिरने से पहले ही कुंवारी युवतियां उसे अपने हाथों में ले लेती हैं।इसके बाद विधि-विधान से अखड़ा में करम डाल गाड़ा गया।इसके बाद करम पर्व से जुड़ी कथा कुँड़ुख़ भाषा ( उरांव जनजाति की भाषा) में कही गई। उन्होंने आगे बताया कि दिन भर उपवास रहते हुए करम राजा के चारों ओर नृत्य करते हैं।शाम को उपवास तोड़ने के बाद पाहन करम डाल को उखाड़ते हैं और फिर कुंवारी लड़कियां उन्हें लेकर पास के नदी-तालाब में ले जाकर विसर्जन किया गया। इस आयोजन में ईसाई आदिवासी महासभा के जिलाध्यक्ष वाल्टर कुजूर, उरांव समाज के शिक्षाविद डॉ. किशोर एक्का,अनिमानन्द,हेमंत, रॉबर्ट,दिलीप केरकेट्टा,अलमा सहित बड़ी संख्या में युवक-युवती,महिला-पुरुष शामिल होकर मांदर की थाप पर नृत्य करते दिखे।

21 को आएंगे सीएम साय, मयाली नेचर कैम्प में विकास प्राधिकरण की बैठक की करेंगे अध्यक्षता,कलेक्टर – एसपी ने लिया जायजा

Picsart 24 10 13 19 22 16 977

जशपुर 13 अक्टूबर 24/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आगामी 21 अक्टूबर को जशपुर में होने वाला सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण बैठक में शामिल होंगे। इसी कड़ी में तैयारी का जायजा लेने कलेक्टर डॉ रवि मित्तल और पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह कुनकुरी विकासखण्ड के मयाली नेचर कैम्प पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों हैलिपैड, बैठक व्यवस्था, भोजन, पार्किंग, बैरिकेटिंग, पेयजल, शौचालय बनाने के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नेचर कैम्प की साफ सफाई रंग रोगन करने के लिए कहा है। पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने गाड़ियों की पार्किंग और प्रवेश द्वार सहित अन्य सारी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। प्रवेश द्वार अलग अलग बनाने के लिए कहा है। ताकि किसी को प्रवेश करने में कोई परेशानी न होने पाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

खबर का असर : सरकारी शिक्षक ने भाजपा की सदस्यता लेने की ख़बर पर रखा अपना पक्ष, खबर जनपक्ष को व्हाट्सएप पर भेजी चिट्ठी

IMG 20241013 141022

जशपुर/बगीचा 13 अक्टूबर 2024 – एक सरकारी शिक्षक द्वारा भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनने की खबर सुर्खियों में आने के बाद शिक्षक ने खबर जनपक्ष के सामने अपना पक्ष रखा है।जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताया है। दरअसल, मामला जशपुर जिले के बगीचा में पदस्थ हॉस्टल अधीक्षक व शिक्षक विश्वनाथ प्रधान से जुड़ा हुआ है। दिनांक 12 अक्टूबर,2024 को खबर जनपक्ष में प्रकाशित समाचार का असर हुआ कि भाजपा की सदस्यता लिए हुए सरकारी शिक्षक विश्वनाथ राम ने खबर पढ़ने के बाद फोन पर अपना पक्ष रखा है।उनका कहना है कि दो दिन पहले मेरे घर पर भाजपा के मंडल महामंत्री हरीश यादव,महावीर यादव और अजीत देहरी आये हुए थे। मैं उनके लिए पानी लेने घर के अंदर गया हुआ था।मेरा मोबाइल बाहर ही टेबल पर रखा हुआ था।मुझे नहीं मालूम कि कैसे मुझे सदस्य बना दिया गया।मेरा किसी भी राजनैतिक पार्टी का सदस्य बनने का कोई इरादा नहीं है। इतना ही नहीं विश्वनाथ प्रधान ने अपना पक्ष लिखित में भी भेजा है।

पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग, 11 महिलाएं गिरफ्तार, 8 मंगलसूत्र बरामद

IMG 20241013 122940

जशपुर/पत्थलगांव,13 अक्टूबर 2024 – जशपुर जिले के पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान उमड़ी भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की बड़ी घटना सामने आई है। इस वारदात को कुसमी क्षेत्र की महिला अपराधियों के एक गिरोह ने अंजाम दिया। गिरोह की महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं से सोने की चेन छीन रहीं थीं। शहर में दुर्गा विसर्जन के मौके पर उमड़ी भीड़ में कई महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब हो गई, जिसके बाद पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 महिला अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी गए 8 सोने के मंगलसूत्र भी बरामद किए गए हैं। पत्थलगांव थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरोह की गतिविधियों को पकड़ा। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद हाई स्कूल कॉलोनी की श्रीमती तोष कुंवर, सारसमार बांदीपारा की श्रीमती सत्यवती निषाद, पुरानी बस्ती की श्रीमती पूजा गुप्ता और अन्य महिलाओं की चेन स्नेचिंग की पुष्टि हुई। सीसीटीवी फुटेज में महिलाओं का गिरोह साफ तौर पर चेन स्नेचिंग करते हुए दिखा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और 11 महिलाओं को हिरासत में लिया। जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि दुर्गा विसर्जन के दौरान भीड़ में कई महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन महिलाओं को मौके पर ही हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ के बाद 11 अन्य महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक 8 मंगलसूत्र बरामद किए हैं, और आगे की जांच जारी है। आरोपी महिलाएं शातिर ढंग से चोरी को अंजाम देती थीं, वे अपने साथ छोटे बच्चों को लेकर आती थीं ताकि पकड़े जाने पर बच्चों के बहाने खुद को मासूम दिखा सकें।  

सड़क पर अघोरियों का अभ्यंकर प्रदर्शन, खेल मैदान में भव्य आतिशबाजी, मुख्य अतिथि कौशल्या साय ने कहा – रामराज्य का सपना हमारे आपके विष्णु सरकार पूरा कर रहे हैं

Picsart 24 10 13 10 23 25 784

जशपुर/कुनकुरी,13 अक्टूबर 2024 – दशहरा का पर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के मुख्य आतिथ्य में भारी आतिशबाजी के साथ मनाया गया।शहर में 4 स्थानों पर मां दुर्गा विराजीं थीं।जिन्हें बड़ी सुंदर झांकियों के साथ तालाब में विसर्जित किया गया। जशपुर जिले के हृदयस्थल कुनकुरी शहर में इस बार नवरात्र पर ऐतिहासिक कार्यक्रम हुए।जिसका आनंद नगरवासियों ने खूब उठाया।सनातन दुर्गा पूजा समिति ने शिव मंदिर प्रांगण में दुर्गा पंडाल सजाया था।जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम,रास गरबा नृत्य का आयोजन किया गया।नवरात्रि के अंतिम दिन आयोजको ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।वहीं माँ दुर्गा की झांकी निकली तो अघोरी रूप में कानपुर से आये कलाकारों का प्रदर्शन देखकर नगरवासी महाकाल की जय जयकार करने लगे।शक्ति की आराधना के दृश्य रोंगटे खड़े कर दे रहे थे। बजरंगनगर दुर्गा पूजा समिति ने शहर के इतिहास में पहली बार माँ गंगा आरती का भव्य आयोजन किया।सप्तमी के दिन विसर्जन तालाब के घाट पर बनारस से आये पुजारियों ने गंगा आरती की,जिसे देखने पूरा शहर उमड़ पड़ा था। हम आपको बता दें कि कुनकुरी खेल maidan में सालों से रावण दहन का आयोजन किया जाता है।जिसमें इस बार 60 फीट का रावण बनाया गया। रावण दहन समिति के अध्यक्ष महेश त्रिपाठी ने बताया कि छाल के कारीगरों ने बड़ा सुंदर रावण बनाया।आतिशबाजी के लिए विशेष तौर पर राऊरकेला से बमबाज बुलाये गए जिनकी आतिशबाजी देखकर दर्शकों को खूब आनंद मिला। खेल मैदान में रावण दहन कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने अपने संबोधन में कुनकुरी विधानसभा के लोगों को दशहरा पर्व की बधाई दी।उन्होंने लोगों से राम का आचरण जीवन मे उतारने की बात कही।साथ ही नारी शक्ति का सम्मान करने को कहा।साथ ही मुख्यमंत्री बिष्णुदेव साय की ओर से सभी को दशहरा पर्व की बधाई और शुभकामना संदेश दिया। सनातन पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने बताया कि कुनकुरी धर्मनगरी है।यहां का दशहरा पर्व देखने सभी धर्म-समाज के लोग बड़े उत्साह से आते हैं।इस बार कानपुर से आये कलाकारों ने भगवान शिव के अघोरी रूप में उनकी कई कहानियों को नृत्य नाटिका के माध्यम से दिखाया।बारिश के बावजूद खेल मैदान में लोग भर गए।इसके साथ ही मैदान के चारो ओर हजारों लोग मकानों की छतों पर खड़े होकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।

खबर जरा हटके : ‘गुरुजी’ ने राजनैतिक दल की सदस्यता लेकर किया सेवा नियमों का उल्लंघन,सोशल मीडिया में गुरुजी की पोल पर बजी ढोल

IMG 20241011 WA0019

  जशपुर,12 अक्टूबर 2024 – विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का तमगा लिए भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान जशपुर जिले में बड़ा तूफानी चल रहा है।इस तूफान की जद में सरकारी कर्मचारी भी आ चुके हैं।ताजा मामला बगीचा विकासखंड का है,जहां एक शिक्षक ने विधिवत भाजपा की सदस्यता ले ली है। दरअसल,भारतीय शासन व्यवस्था में चाहे व केंद्र की शासन व्यवस्था हो या राज्य की,कोई भी शासकीय सेवक किसी भी राजनैतिक दल का सदस्य नहीं बन सकता है।गूगल करने पर भी जानकारी मिली कि , कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी राजनीतिक दल या संगठन का सदस्य नहीं बन सकता. इसके अलावा, वह किसी राजनीतिक आंदोलन या गतिविधि में भी हिस्सा नहीं ले सकता. सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कुछ और नियम ये रहे: सरकारी कर्मचारी किसी विधानसभा या स्थानीय प्राधिकरण के चुनाव में प्रचार नहीं कर सकता. सरकारी कर्मचारी चुनाव में हस्तक्षेप नहीं कर सकता. सरकारी कर्मचारी चुनाव में अपने प्रभाव का इस्तेमाल नहीं कर सकता. सरकारी कर्मचारी सरकार की नीति या किसी कार्रवाई की आलोचना नहीं कर सकता. सरकारी कर्मचारी अपने नाम से कोई कारोबार नहीं खोल सकता. वहीं Quora डॉट कॉम में सीधे इसे गैरकानूनी बताया गया है।ऐसा करने से कर्मचारी को सेवा निलंबित किया जा सकता है। इसी से जुड़ी 10 साल पुरानी खबर दैनिक भास्कर में मिली जिसमें लिखा मिला कि 1965 के नियम 5 के अनुसार शासकीय सेवक राजनीतिक दल या राजनीति से जुड़े संगठन का सदस्य नहीं बन सकता। न ही वह संगठन से किसी तरह का संबंध रख सकता है। ऐसा करना नियम विरुद्ध है। (एडवोकेट कैलाश पाठक के मुताबिक) अब इससे यह साफ समझा जा सकता है कि शिक्षक विश्वनाथ प्रधान ने राजनैतिक दल भाजपा की सदस्यता लेकर गैर कानूनी काम किया है। हम आपको इतना बताते चलें कि आज के समय भाजपा की सदस्यता लेना इतना आसान भी नहीं है।सदस्यता रिनिवल कराने में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। नए सदस्य बनने के लिए ऑनलाइन आपको फार्म भरना होगा जिसमें पूरी जानकारी भरनी होगी।इसके बाद आपके नम्बर पर ओटीपी आएगा जिसे डालने के बाद ही आपको सदस्यता मिलेगी। ऐसी स्थिति में अगर शिक्षक विश्वनाथ प्रधान यह कहकर बचना भी चाहे ‘गलती से हो गया’,नहीं बच सकता।जानकारों के मुताबिक उसे अपने पद से इस्तीफा देने के बाद पार्टी का सदस्य बनना चाहिए। हालांकि इस मामले में खबर जनपक्ष ने शिक्षक विश्वनाथ प्रधान से उनके मोबाइल नम्बर  9340084125 पर  सम्पर्क करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मोबाइल कॉल का कोई जवाब नहीं दिया। विश्वनाथ प्रधान के बारे में जो जानकारी मिली है उसके अनुसार श्री प्रधान का मूल पद शिक्षक का है जो सरबकोम्बो माध्यमिक शाला में पदस्थ हैं लेकिन वहां अध्यापन कार्य न करके व्यवस्था में तीन छात्रावासों में अधीक्षक के पद पर कार्य कर रहे हैं।विश्वनाथ प्रधान इतने व्यवहार कुशल हैं कि कोई भी सहायक आयुक्त हों उन्हें अपनी विलक्षण क्षमता से प्रभावित कर पद पर बने रहते हैं।इसी के साथ वे सत्ताधारी राजनैतिक दल के नेता-विधायकों से भी अच्छा तालमेल बिठा लेते हैं।यही वजह है कि कांग्रेस की पिछली सरकार में योग्यता न होते हुए भी विधायक विनय भगत की कथित कृपा से तीन -तीन छात्रावासों के अधीक्षक बन गए।अब भाजपा सरकार में वर्तमान विधायक श्रीमती रायमुनी भगत की कथित कृपा से कंटीन्यू काम कर रहे हैं। वहीं,भाजपा की सदस्यता लेने के बाद दशहरे के दिन बगीचा के कई व्हाट्सप ग्रुपों में गुरुजी खूब चर्चा में हैं। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि क्या जिला प्रशासन गैरकानूनी तरीके से राजनैतिक दल की सदस्यता ले चुके सरकारी शिक्षक/हॉस्टल अधीक्षक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की हिम्मत दिखा पाएगा?

कुनकुरी शहर में निकली ‘लाल चुनरिया यात्रा’,माता के जयकारे से गूँज उठा आकाश

Picsart 24 10 11 16 12 10 024

जशपुर/कुनकुरी,11 अक्टूबर 2024 – कुनकुरी शहर में दुर्गा पूजा की धूम मची हुई है।सुबह बजरंग नगर दुर्गा पूजा उत्सव समिति ने शक्तिस्वरूपा माता-बहनों के साथ भव्य चुनरी यात्रा निकाली। 108 मीटर लंबी माता की लाल चुनरी के निकलते ही पूरे शहर में जय माता दी के गनगनभेदी जयकारे गूँजने लगे। समिति के वरिष्ठ सदस्य राजेश ताम्रकार ने बताया कि चुनरी यात्रा दुर्गा पंडाल से शुरू हुई जो जय स्तम्भ चौक,खेल मैदान,बस स्टेशन,बाजारडांड होते हुए नगर भ्रमण कर वापस माता के दरबार में आकर सम्पन्न हुई।शहर के माता भक्तों,राहगीरों ने चुनरी को प्रणाम किया और लाल चुनरिया वाली माँ भवानी का जयकारा लगाया। इस यात्रा के दौरान कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह के निर्देश पर सुबह 8 बजे से सब-इंस्पेक्टर सन्तोष तिवारी, एएसआई ईश्वर वारले,एएसआई मनोजकुमार साहू, प्रधान आरक्षक रामानुजम पांडेय, आरक्षक नन्दलाल यादव,महिला आरक्षक रीना केरकेट्टा, गीता यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने नेशनल हाइवे,स्टेट हाइवे पर यातायात नियंत्रित करते हुए चुनरी यात्रा को शांतिपूर्वक पूरा कराया। आचार्य राहुल मिश्रा के मार्गदर्शन में  अध्यक्ष कृष्णा साहू,राजेश ताम्रकार,प्रकाश राणा,सह आचार्य अशोक मिश्र,आशीष कंसारी,दिलीप ताम्रकार,गिरधारी कंसारी,रिक्की ठक्कर, विशु, जीवन चटर्जी,रोशन, तेजस्व,अनिल भगत,पारस ताम्रकार,विशाल ,बिट्टू, जोगी,कन्हैया समेत समिति के सभी कार्यकर्ता -पदाधिकारी चुनरी रैली को पूरे उत्साह के साथ सम्पन्न कराने में सक्रिय रहे।

दोस्तों की दग़ाबाजी से दो दिनों तक तालाब में डूबा रहा बालक, थाना प्रभारी सुनील सिंह ने गोताखोरों की मदद लेकर निकलवाई लाश

IMG 20240723 184952

जशपुर,11 अक्टूबर 2024: तालाब में नहाने गए एक 15 वर्षीय नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित लकड़ा, पुत्र स्व. अनिल लकड़ा, निवासी मांझीटोला (गड़ाकटा) के रूप में हुई है। अमित अपने दोस्तों के साथ 9 अक्टूबर की शाम को तालाब में नहाने गया था, लेकिन जब वह डूब गया, तो उसके दोस्तों ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। इस घटना की जानकारी कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह को उड़ती खबरों के जरिए मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मामले की जांच शुरू की। पता चला कि अमित लकड़ा दो दिन से घर से गायब था। थाना प्रभारी ने तत्काल उच्चाधिकारियों से मदद मांगकर गोताखोरों को बैगामुड़ा तालाब में उतारा। 10 अक्टूबर की शाम लगभग तीन घंटे के बाद अमित का शव गहरे पानी से बरामद किया गया।फिलहाल कुनकुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मुंबई में जशप्योर ब्रांड की धूम, शुद्धता और सेहतमंद उत्पादों से बढ़ी मांग

Picsart 24 10 10 18 43 26 693

जशपुरिया उत्पादों की मुंबई में लोकप्रियता बढ़ी शुद्धता और स्वास्थ्य लाभ बने आकर्षण का कारण जशपुर, 10 अक्टूबर 2024 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर जिले के स्थानीय उत्पादों को देशभर में पहचान मिल रही है। मुंबई के विभिन्न स्थानों पर जशप्योर ब्रांड के उत्पादों की स्टॉल लगाई गई हैं, जो लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो रही हैं। जशपुर की आदिवासी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ये उत्पाद अपनी शुद्धता और स्वास्थ्य लाभ के कारण बड़ी मात्रा में खरीदे जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में मुंबई में जशप्योर ब्रांड की स्टॉल नियमित रूप से लगाई जा रही हैं। इन स्टॉल पर जशपुर के प्राकृतिक और बिना रसायन वाले उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जिन्हें स्थानीय आदिवासी महिलाएं तैयार करती हैं। इन उत्पादों को स्वस्थ विकल्प मानते हुए लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं। मुंबई में लगने वाली इन स्टॉल्स में महुआ सिरप, महुआ आधारित च्यवनप्राश विकल्प ‘फॉरेस्टगोल्ड वन्यप्राश’, और बाजरा से बने पास्ता जैसे उत्पाद शामिल हैं, जिनकी बाजार में बड़ी मांग है। इसके अलावा, छिन्द घास से बने हाथ के बने टोकरियां भी त्योहारी सीजन में खूब बिक रही हैं। जशप्योर ब्रांड की स्टॉल मुंबई के डीसीबी बैंक मुख्यालय, कांदिवली, साकी नाका, अंधेरी, आईआईटी-मुंबई, पवई, लोअर परेल और अन्य कई स्थानों पर लगाई जा रही हैं। इस पहल से जशपुर और महाराष्ट्र के जवाहर जिले के आदिवासी समुदायों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। “माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रोत्साहन से जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि आदिवासी समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद कर रहा है।” – डॉ. रवि मित्तल,कलेक्टर जशपुर