*सड़क दुर्घटना में घायल छात्र अंकित अब पूरी तरह स्वस्थ, परिजनों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार*

IMG 20240912 WA0028

  जशपुर, 12 सितंबर,2024– करीब एक साल पहले गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हुए छात्र अंकित अब पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट आया है। ढोलचुवा निवासी अंकित के परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी सरकार का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की और समुचित इलाज सुनिश्चित किया। इस मौके पर परिजनों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। अंकित की दुर्घटना स्कूल जाते समय हुई थी, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं और उसकी स्थिति नाजुक हो गई थी। स्थानीय चिकित्सा केंद्र से उसे रायपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था। हालत गंभीर होने के कारण अंकित के परिजनों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मदद की गुहार लगाई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंकित के इलाज की समुचित व्यवस्था करवाई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर रायपुर के अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अंकित का सफल इलाज किया। लंबे उपचार और रिहैबिलिटेशन के बाद, अब अंकित पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है और सामान्य जीवन जी रहा है। परिजनों ने कहा, “अगर हमें समय पर मुख्यमंत्री कार्यालय से सहायता न मिली होती, तो शायद अंकित का उपचार इतना प्रभावी नहीं हो पाता।” सीएम कैम्प बगिया में जरूरतमंदों के आवेदन पर तत्काल सुनवाई होने लगी है।जिससे जिलेवासियों सहित पूरे प्रदेश से लोगों का आना लगातार बढ़ता जा रहा है।

*कुनकुरी थाना क्षेत्र के श्रीनदी जंगल में सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप, नृशंस हत्या की आशंका*

IMG 20240912 114325 1

  **जशपुर, कुनकुरी** – जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब श्रीनदी से सटे घने जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश बरामद हुई।जिससे नृशंस हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस भयावह घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए हैं।लाश कुनकुरी – तपकरा रोड पर श्रीनदि पुल से सौ मीटर ऊपर सड़क से 70 मीटर अंदर मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर दिया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है ताकि घटनास्थल से कोई अहम सुराग मिल सके। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए गहन जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शी दिलीप राम, जो लाश के आसपास सबसे पहले पहुंचे, ने बताया, “मृतक के शरीर पर भगवा रंग का बनियान है और उसके बाएं हाथ में एक टैटू के रूप में रिंग का निशान था। ऐसा लगता है कि उसे पहले सड़क से घसीटकर जंगल में लाया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या की गई।” थाना प्रभारी सुनील सिंह ने इस मामले को लेकर कहा, “यह घटना गंभीर है और हम हर संभावित पहलू से इसकी जांच कर रहे हैं। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी।” घटनास्थल की स्थिति और लाश की स्थिति को देखते हुए पुलिस का मानना है कि यह हत्या बहुत ही योजनाबद्ध तरीके से की गई है। हत्या के तरीके और मृतक के शरीर पर मिले निशान यह इशारा कर रहे हैं कि यह मामला व्यक्तिगत दुश्मनी या कोई पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

*भाजपा विधायक रायमुनी भगत ने धर्मविशेष व ईसा मसीह का अपमान करने का अपराध किया है,मुकदमा दर्ज करे पुलिस – यू.डी. मिंज*

FB IMG 1602475159338

जशपुर/कुनकुरी – पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व कुनकुरी विधायक यू. डी. मिंज ने जशपुर विधायक रायमुनी भगत के ईसा मसीह के ऊपर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है उन्होंने जारी प्रेस-विज्ञप्ति में कहा कि एक विधायक होते हुए भी उन्होंने दूसरे धर्म के ईष्ट के ऊपर शर्मनाक बयान दिया है। जशपुर एक बेहद शांत जिला है जहां सभी जाति और धर्म के लोग मेल प्रेम से निवास करते हैं सभी धार्मिक उत्सव मिल जुल कर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मांधता फैलाने के लिए भाजपा विधायक ईसाई धर्म के साथ ईसा मसीह पर स्तरहीन बयान देकर अपने आप को बड़ा नेता बनाने का प्रयास कर रही है । इस बयान की कड़ी शब्दों में निंदा करता हूँ। पूर्व विधायक ने आगे कहा कि सत्ता के नशे में चूर विधायक रायमुनी भगत यह भूल गई है कि इस देश में सब धर्म को मानने वालों को रहने का अधिकार है और संविधान में सभी धर्म को सामान अवसर है लेकिन भाजपा का काम ही धार्मिक उन्माद फैला कर वोट हासिल करो यही जशपुर विधायक कर रहीं हैं जो कि उनकी अविकसित  घटिया मानसिकता का परिचायक  है. उन्हें राजनीती करना है करें लेकिन अपने गिरते ग्राफ को बचाने के लिए धर्म का आड़ लेना कायरता और विकृत मानसिकता को दिखाता है। श्री मिंज ने कहा कि रायमुनि भगत की ईसा मसीह पर अमर्यादित टिप्पणी से स्वयं मुझे तथा हमारी समुदाय की आस्था एवं विश्वास को गहरा  चोट पहुँचा है। एक संवैधानिक पद पर होकर उनसे ऐसे बयान की उम्मीद नहीं थी।उन्होंने कहा कि विधायक रायमुनि भगत ने ईसा मसीह पर अमर्यादित टिप्पणी किसी धार्मिक कार्यक्रम में नहीँ कही है बल्कि उन्होंने शासकीय कार्यक्रम में अपनी इमेज़ बढ़ाने के लिए की है जिसके लिए हम उनपर कार्रवाई की माँग करते है क्योंकि किसी धर्म को लेकर किया गया यह टिप्पणी समुदायों के मध्य शत्रुता एवं घृणा, वैमन्सयता फैलाने का काम कर रहा है,जो कि अपराध की श्रेणी में आता है। हम आपको बता दें कि  जशपुर से भाजपा विधायक श्रीमती रायमुनी भगत द्वारा दिनांक 01 सितम्बर 2024 को ग्राम-ढंगनी, थाना-आस्ता, तहसील-मनोरा, जिला जशपुर (छ.ग.) में भुंईहर समाज के सामुदायिक भवन के भूमिपूजन के कार्यक्रम में दिये गये भाषण का वीडियो सोशल मीडिया व्हाट्सएप्प में वायरल हुआ है।जिसमें उन्होंने ईसाई धर्म व ईसा मसीह पर कथित रूप से विवादित बातें कही हैं।वायरल वीडियो में कैमरे के पीछे से विधायक की बातें सुनकर नाराजगी जताते हुए शब्द भी सुने जा सकते हैं।हालांकि खबर जनपक्ष वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।    

*अभी-अभी**हर्राडांड पंचायत: दबंग ने सड़क खोदी, ग्रामीणों का आना-जाना हुआ मुश्किल, सरपंच ने की थाने में शिकायत*

Picsart 24 09 10 19 26 42 176

*जशपुर, 10 सितंबर 2024* – हर्राडांड पंचायत के डीपाटोली मोहल्ले में सड़क खोदे जाने से ग्रामीणों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। इस घटना से नाराज होकर ग्रामीणों ने  सरपंच राजकिशोर बैगा के नेतृत्व में थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। राजकिशोर बैगा ने बताया कि गांव के कुलदीप तिर्की, पिता पौलुस तिर्की, उम्र 45 वर्ष, ने शासन द्वारा बनाई गई तृतीय श्रेणी सड़क को जेसीबी और ट्रैक्टर से खोद दिया। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो कुलदीप ने उनकी एक नहीं सुनी और खुदाई जारी रखी।मना कर रहे लोगों के साथ उसने गाली-गलौच किया है। इतना ही नहीं, कुलदीप तिर्की ने जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पानी की पाइपलाइन को भी उखाड़ दिया, जिससे ग्रामीणों को और भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दबंगई से तंग आकर ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुनील सिंह ने तुरंत पुलिस टीम को मौके पर रवाना कर दिया है। ग्रामीणों ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है और प्रशासन से दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वर्षों पुरानी सरकारी सड़क और पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने की यह घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

*कलेक्टर डॉ. मित्तल ने की जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक, स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर*

IMG 20240910 WA0026

  *जशपुर, 10 सितंबर 2024* – कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल ने आज कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की, जिसमें जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया गया। बैठक में यूनिसेफ से डॉक्टर गजेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. जी.एस. जात्रा, सिविल सर्जन डॉ. विपिन इंदवार और अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ कार्यक्रम के नोडल अधिकारी, बीएमओ, बीपीएम और बीडीएम मौजूद थे। कलेक्टर मित्तल ने अधिकारियों से जिले में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में आ रही कमियों पर ध्यान देने और सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए और अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने पिछले निर्देशों के क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी ली और सभी स्वास्थ्य सेवाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाइपरटेंशन जैसी गैर-संक्रामक बीमारियों के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का आदेश दिया, ताकि मरीजों का सही इलाज हो सके। अधिकारियों ने बताया कि 95% गैर-संक्रामक रोगियों की अब तक स्क्रीनिंग हो चुकी है। कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ब्लड डोनेशन कैंप प्राथमिकता के आधार पर आयोजित करने की बात कही, ताकि ब्लड बैंक की पर्याप्तता बनी रहे। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत यू-विन पोर्टल में प्रोपर इंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिकल सेल एनीमिया और आयुष्मान योजना पर विशेष ध्यान सिकल सेल एनीमिया के मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और हाइड्रोक्सी यूरिया टेबलेट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। आयुष्मान योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को कार्ड जारी करने के निर्देश भी दिए गए। सर्पदंश से संबंधित जागरूकता और प्रसव सेवाओं में सुधार कलेक्टर मित्तल ने सर्पदंश के खिलाफ ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने और अंधविश्वास से होने वाली जान-माल की हानि को रोकने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। लोदाम की स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि झारखंड बॉर्डर से लोग लोदाम में प्रसव और अन्य जांचों के लिए आते हैं। इस पर कलेक्टर ने सभी सीएससी, पीएससी, और एचएचसी में संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर मित्तल ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की और सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध और प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। सुशासन का उद्देश्य कलेक्टर मित्तल ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य तभी सफल होगा जब योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को इस दिशा में और अधिक सटीकता और समर्पण के साथ काम करना होगा ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

*जशपुर: गोल्ड ब्लॉक्स की नीलामी रद्द, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिणाम – सुनील गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष*

Picsart 24 09 10 16 49 35 574

  *जशपुर, 10 सितंबर 2024* – जशपुर जिले में सोने की खदानों के लिए जारी नीलामी प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया है। संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म छत्तीसगढ़, रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मेंडरबहार-भगोरा और बनगांव नॉर्थ स्थित गोल्ड ब्लॉक्स के लिए 30 जुलाई 2024 को जारी एनआईटी (नोटिस इनवाइटिंग टेंडर) को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। जशपुर के जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने इस फैसले का स्वागत किया और इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “स्वयं मुख्यमंत्री भी नहीं चाहते कि जनभावनाओं के खिलाफ कोई उद्योग यहां शुरू हो।” यह फैसला तब आया है जब फरसाबहार ब्लॉक मुख्यालय में सोना खदान की नीलामी को लेकर दो बार लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति उत्पन्न हो चुकी थी। नीलामी के खिलाफ स्थानीय लोगों में व्यापक असंतोष था, और लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। **नीलामी रद्द होने के पीछे जनभावनाओं का सम्मान** नीलामी समिति की बैठक में विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समिति की अनुशंसा के आधार पर, मेंदरबहार-भगोरा और बनगांव नॉर्थ स्थित गोल्ड ब्लॉक्स की नीलामी को रद्द कर दिया गया है। जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने विरोध प्रदर्शनों को “बेवजह का हंगामा” करार देते हुए कहा कि सरकार जनहित में काम कर रही है और मुख्यमंत्री का यह कदम स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से सरकार के सुशासन और जनसमर्थन की छवि और मजबूत हुई है। **फरसाबहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति** फरसाबहार ब्लॉक मुख्यालय में नीलामी के विरोध में स्थानीय लोगों ने दो बार प्रदर्शन किया था, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की नौबत आई थी। हालांकि, प्रशासन ने स्थिति को काबू में रखा और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम उठाए गए। यह निर्णय जशपुर जिले के विकास और स्थानीय जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, और इससे यह साबित होता है कि राज्य सरकार स्थानीय समुदायों की अपेक्षाओं और अधिकारों का सम्मान करती है। अब देखना यह होगा कि भविष्य में इस क्षेत्र में खनन और अन्य उद्योगों से संबंधित नीतियों में क्या बदलाव होते हैं, और किस तरह से सरकार इन परियोजनाओं को जनता की सहमति के साथ आगे बढ़ाती है।

*जशपुर: विधायक रायमुनी भगत की विवादित टिप्पणी से ईसाई समुदाय में आक्रोश, थानों में दर्ज कराई गई शिकायतें*

Screenshot 2024 09 10 15 48 27 88 99c04817c0de5652397fc8b56c3b3817

  *जशपुर, 10 सितंबर 2024* – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर में एक बार फिर धार्मिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। जशपुर की विधायक श्रीमती रायमुनी भगत द्वारा ईसाई धर्म और यीशु मसीह को लेकर की गई विवादित टिप्पणी से ईसाई समुदाय आक्रोशित हो गया है। इस बयान के बाद जिले के विभिन्न थानों में ईसाई समुदाय के नेताओं ने विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब विधायक रायमुनी भगत का 1 सितंबर 2024 को ग्राम ढंगनी, थाना आस्ता, तहसील मनोरा में आयोजित भुंईहर समाज के सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में दिया गया भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में विधायक ने ईसाई धर्म और यीशु मसीह पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की, जिससे ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। ईसाई नेता वाल्टर कुजूर, क्रिस्तोफर खलखो, अनिमानंद,अभिनंद,कुंदन,जुलियस,जयंत ने कुनकुरी थाने में ज्ञापन सौंपा और विधायक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि विधायक ने अपने भाषण में ईसाई धर्म और यीशु मसीह का अपमान करते हुए उन्हें सूली पर चढ़ाने और उनके पुनर्जीवित होने के विश्वास पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। ईसाई समुदाय के नेताओं ने विधायक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने, धर्म के आधार पर वैमनस्य और घृणा फैलाने का आरोप लगाते हुए  की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की है। इस घटना ने जिले में धार्मिक और सामुदायिक सौहार्द को चुनौती दी है, और राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इसकी चर्चा जोर-शोर से हो रही है। धार्मिक नेताओं और विभिन्न संगठनों ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

*व्याख्याता अयोध किशोर गुप्ता को राज्यपाल से मिला राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान* *परिजनों के साथ स्कूली विद्यार्थियों में खुशी का माहौल*

IMG 20240909 WA0004

  *जशपुर, 8 सितम्बर 2024* – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंदरचुवा के व्याख्याता अयोध किशोर गुप्ता को शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल श्री रामेन डेका जी द्वारा “राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में दरबार हाल, राजभवन में यह सम्मान प्रदान किया गया। श्री गुप्ता, जो कि जशपुर जिले के बंदरचुवा निवासी हैं, अपने मिलनसार व्यक्तित्व और शिक्षण के क्षेत्र में अपने समर्पण के लिए जाने जाते हैं। वह रामजी गुप्ता और माता पार्वती गुप्ता के सुपुत्र हैं और 2009 से अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की थी। बच्चों के शैक्षिक उन्नयन और उनके समग्र विकास के लिए उनके द्वारा किए गए नवाचार और प्रयास प्रशंसनीय हैं। गणित जैसे जटिल विषय को सरल तरीके से समझाना, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद करना, और छात्रों में नैतिकता और मानव मूल्यों का विकास करना उनकी प्राथमिकताएँ हैं। श्री गुप्ता के मार्गदर्शन में बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ कैरियर गाइडेंस और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। वह यूनिसेफ के साथ मिलकर बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बाल लैंगिक अपराध से बचाव पर भी काम कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, श्री गुप्ता बच्चों को रोजगारोन्मुख शिक्षा और स्वरोजगार की ओर प्रेरित करने के लिए विभिन्न व्यवसायिक संस्थानों से जुड़े हुए हैं। शिक्षा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें पूर्व में राष्ट्रपति रजत पदक और मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण से भी नवाजा जा चुका है। इस सम्मान पर श्री गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता, गुरुजनों, और मित्रों के आशीर्वाद को दिया है। शुभकामनाओं का तांता उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के छात्रों, सहयोगियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। संयुक्त संचालक  संजय गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर, और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुनकुरी ने बधाई संदेश भेजे। बीआरसी विपिन अंबस्त ने कहा कि यह कुनकुरी विकासखंड के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि यह पहली बार है जब इस क्षेत्र से किसी को राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त हुआ है। श्री गुप्ता की इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में एक प्रेरणा का संचार किया है, और उनके द्वारा किए जा रहे कार्य शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।

*महुआपानी गांव में पहली बार पहुंचेगी बिजली: पीएम जनमन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की विष्णु सरकार का बड़ा कदम*

IMG 20240907 WA0023

*जशपुर, 7 सितंबर 2024:* आजादी के 75 वर्षों बाद, जशपुर जिले के बगीचा ब्लॉक के कोरवा जनजाति बाहुल्य गांव महुआपानी में पहली बार बिजली की रोशनी दस्तक देने वाली है। यह ऐतिहासिक कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनमन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से संभव हो पाया है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर त्वरित कार्यवाही कर सरकार ने इस क्षेत्र को बिजली से जोड़ने का काम स्वीकृत किया है। बिजली पहुंचने की खबर मिलते ही पूरे गांव में उत्सव का माहौल है, और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है। **जनमन योजना से महुआपानी के लिए उम्मीद की नई किरण** महुआपनी, जो जशपुर जिला मुख्यालय से करीब 85 किलोमीटर दूर स्थित है और जहां 100 से अधिक विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा परिवार रहते हैं, वर्षों से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित था। यह गांव पहाड़ी और वन क्षेत्रों से घिरा हुआ है, जिससे यहां तक बिजली पहुंचाना कठिन चुनौती थी। लेकिन पीएम जनमन योजना के तहत, इस गांव में बिजली पहुंचाने की स्वीकृति मिलने से अब अंधेरे के बीच जीवन जी रहे लोगों के लिए एक नई शुरुआत की उम्मीद जगी है। **कोरवा जनजाति के जीवन में बड़ा बदलाव** पीढ़ियों से जंगलों के बीच निवास करने वाले कोरवा समुदाय के लिए यह बिजली की रोशनी सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि उनके जीवन में एक बड़े बदलाव का प्रतीक है। बिजली से न केवल उनके जीवन में उजाला होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। तकनीक की पहुंच से ग्रामीणों को दुनिया से जुड़ने और अपने जीवन स्तर को सुधारने का मौका मिलेगा। महुआपानी गांव के निवासियों आलु राम, भदई राम, खुलु पैकरा और रामबिसाल यादव ने बताया कि बिजली की खबर उनके लिए एक उत्सव से कम नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह हमारे गांव के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। हमें उम्मीद है कि बिजली की सुविधा हमारे बच्चों की पढ़ाई से लेकर खेती और रोजगार तक के अवसरों को सुधारने में मदद करेगी।” **विष्णु सरकार की सुशासन की प्रतिबद्धता** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनमन योजना के अंतर्गत, छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने प्रदेश के दूर-दराज और पिछड़े क्षेत्रों में सुशासन और आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए व्यापक कार्य किए हैं। यह पहल दिखाती है कि राज्य सरकार गरीब और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कितनी गंभीर और प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश के विशेष पिछड़ी जनजातियों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को बल मिला है। महुआपानी जैसे दुर्गम इलाकों में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराकर राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रदेश के हर नागरिक को विकास का लाभ मिले। **आगे की राह** बिजली पहुंचने से महुआपनी में अब शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और आधुनिक तकनीक के प्रयोग को बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा की व्यवस्था कर सकेंगे और खेती-बाड़ी में भी सुधार होगा। इसके अलावा, रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जो इस क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। महुआपानी की इस सफलता से यह संदेश मिलता है कि छत्तीसगढ़ की विष्णु सरकार प्रदेश के विकास और जनहित के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और आने वाले समय में प्रदेश के और भी क्षेत्रों में ऐसे सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

*सीएम कैम्प ने तीजा पर्व पर महिलाओं को दिलाई अंधेरे से मुक्ति,24 घण्टे के भीतर बदला खराब ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जताया आभार*

IMG 20240907 WA0002

  *जशपुर, 7 सितंबर 2024*: मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय जशपुर जिले के लोगों के लिए उम्मीदों का नया केंद्र बनकर उभरा है। यहाँ लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे जिले में सकारात्मक माहौल निर्मित हो रहा है। इसी कड़ी में, जिले के कुनकुरी विकासखंड के नारायणपुर ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम चिटकवाईन गंझूटोली में गुरुवार शाम को हुई तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जिससे गाँव में बिजली संकट उत्पन्न हो गया। गाँववासियों ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के निज सहायक को व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी दी। कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग को निर्देशित किया। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पाया कि ट्रांसफार्मर खराब हो चुका था। इसके तुरंत बाद, 24 घंटे के भीतर शुक्रवार की शाम को ट्रांसफार्मर बदल दिया गया और गाँव की बिजली समस्या का समाधान हो गया। ग्रामीणों में इस त्वरित कार्रवाई से खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके कैंप कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। तीजा पर्व पर महिलाओं की मदद: हरितालिका तीज के पावन अवसर पर, जब महिलाएं निर्जला व्रत रख रही थीं, बिजली की समस्या ने उनकी कठिनाईयों को बढ़ा दिया था। लेकिन सीएम कैंप कार्यालय ने समय रहते बिजली विभाग को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में बिजली बहाल की जाए, ताकि त्योहार के दौरान किसी को परेशानी न हो। ट्रांसफार्मर के बदले जाने से महिलाएं भी राहत महसूस कर रही हैं। बिजली विभाग के डीई भगत लगातार बारिश के मौसम में क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और जहां भी बिजली समस्या सामने आती है, वहां कैंप लगाकर तब तक कार्यवाही करते हैं, जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता। उनकी इस कर्तव्यनिष्ठा के कारण जशपुर के ग्रामीण इलाकों में बिजली समस्या का त्वरित समाधान हो रहा है और लोग अब अंधकार से मुक्ति पा रहे हैं। ग्रामीणों ने जताया आभार: गाँववासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सीएम कैंप कार्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यह त्वरित और प्रभावी कार्रवाई प्रशासन की जनता के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाती है।