*तीजा महिलाओं के संकल्प शक्ति और दृढ़ता का प्रतीक त्यौहार: कौशल्या साय,भाजपा महिला मोर्चा का जिला स्तरीय तीजा महोत्सव संपन्न*

IMG 20240905 WA0050

जशपुर: तीजा सुहागिन महिलाओं का त्यौहार है। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रख कर अपने पति और संतान की दीर्घायु की कामना करती है। यह पवित्र त्यौहर भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने उक्त बातें कही। वे शहर के वशिष्ट कम्युनिटी हाल में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय तीजा महोत्सव को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी। उन्होनें कहा कि भारत धर्म,संस्कृति और त्यौहारों का देश है। यहां हम सब मिल कर त्यौहार मनाते हैं। त्यौहार का अवसर खुशियां बिखरने का होता है। इससे समाज में उत्साह का संचार होता है। कौशल्या साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। सांसद राधे श्याम राठिया ने कहा कि तीजा पर्व छत्तीसगढ़ के प्रमुख त्यौहारों में से एक है। इसे माता और बहने अपने सुहाग की लंबी उम्र की कामना के साथ मनाती है। भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने कहा कि तीाज का पर्व घर से लेकर समाज तक हर्षोल्लास बिखेरता है। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता कश्यप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, शहर मण्डल अध्यक्ष संतोष सिंह, डीडीसी राना बरला,अनिता सिंह,पूर्व जनपद अध्यक्ष कमला निराला,अंजू टोप्पो,रेणु विश्वास,गुड़िया यादव,भारती शर्मा,मीना चौहान,सावित्री सिंह,नीतू गुप्ता,सावित्री निकुंज,सुजाता भगत,मुन्नी गुप्ता,प्रतिमा भगत सहित महिला मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जशपुर: शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम रुकवाने का आरोप, छात्राओं ने प्राचार्या के खिलाफ की कलेक्टर से शिकायत*

IMG 20240905 WA0047

  जशपुर –  शासकीय विजय भूषण सिंहदेव कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने कॉलेज की प्राचार्या डॉ. माधुरी गुप्ता पर शिक्षक दिवस का कार्यक्रम रद्द करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने 20-20 रुपये चंदा करके शिक्षक दिवस मनाने की पूरी तैयारी की थी, लेकिन अंतिम क्षणों में प्राचार्या ने कार्यक्रम को रुकवा दिया, जिससे छात्राओं में गहरा असंतोष है। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने प्राचार्या से कार्यक्रम की अनुमति पहले ही प्राप्त कर ली थी। उन्होंने टेंट-पंडाल लगाकर शिक्षक सम्मान और स्वल्पाहार की व्यवस्था की थी, लेकिन अचानक प्राचार्या डॉ. माधुरी गुप्ता ने कार्यक्रम रद्द करवा दिया। नाराज छात्राएं तुरंत कलेक्ट्रेट पहुंचीं और कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल को लिखित शिकायत सौंपकर प्राचार्या के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्या का व्यवहार लंबे समय से अनुचित और दुर्व्यवहारपूर्ण रहा है, जिससे वे असंतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि प्राचार्या अक्सर उनके साथ सख्त और असंवेदनशील रवैया अपनाती हैं। इस घटना ने कॉलेज में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है, और छात्राएं अब न्याय की मांग कर रही हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले पर क्या कदम उठाता है और क्या छात्राओं को उनके आरोपों पर न्याय मिल पाता है। इस घटना से कॉलेज परिसर में असंतोष और विवाद की स्थिति पैदा हो गई है, जो प्रशासनिक हस्तक्षेप की आवश्यकता को उजागर करती है।

*जशपुर में आकाशीय बिजली से सरपंच की मौत, पत्नी घायल, छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से जनहानि का सिलसिला जारी*

IMG 20240905 134330

  जशपुर। जशपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत रौनी के सरपंच रामवृक्ष राम और उनकी पत्नी गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिसमें सरपंच रामवृक्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बुरी तरह झुलस गईं। घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा है। घटना उस समय हुई जब रामवृक्ष अपनी पत्नी के साथ गाँव के पास के जंगल में अपने पालतू मवेशियों को चरा रहे थे। अचानक शुरू हुई बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हो गया। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर कार्रवाई कर रही है। छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली से बढ़ रही जनहानि छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली से होने वाली मौतों में तेजी से इजाफा हो रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में हर साल लगभग 200 से 300 लोगों की जान आकाशीय बिजली गिरने से चली जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के दौरान बिजली गिरने की घटनाएं अधिक होती हैं, खासकर जंगल और खुले क्षेत्रों में। *सरकार द्वारा जागरूकता और सुरक्षा के प्रयास* राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए कई जागरूकता अभियान चलाए हैं। लोगों को सावधानी बरतने के लिए चेतावनी जारी की गई है, जैसे कि बारिश के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण न लेना। इसके बावजूद, ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरने से जनहानि का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामवृक्ष राम की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामवासियों और मृतक के परिवार के सदस्यों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

शिक्षक दिवस विशेष – पढ़ाई के साथ चूल्हा भी सम्हाल रहे हैँ शिक्षक,पहाड़ी कोरवा बाहुल्य सिहारडांड में उजागर हुई संकुल की बड़ी लापरवही,

IMG 20240905 WA0004

  ( सोनू जायसवाल की रिपोर्ट ) जशपुर –  जी हाँ,आप ठीक पढ़ रहे हैँ, जिले में एक स्कूल ऐसा भी है जहां शिक्षक किताबों के साथ स्कूल का चूल्हा – चौका भी सम्हालते हैँ ताकि स्कूली बच्चो को ज्ञान और मध्यान भोजन दोनों मिलता रहे। मामला जिले के बगीचा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कलिया के सिहारडांड पूर्व माध्यमिक स्कूल का है। इस स्कूल में निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचने के साथ ही प्रधान पाठक सहित सारे शिक्षक मध्यान भोजन के लिए लकड़ी जुटाने के साथ अनाज को साफ करने और इसे पकाने की व्यवस्था करने में जुट जाते हैं। बीते 6 माह से यह काम निरंतर चला आ रहा है। इससे शिक्षकों को परेशानी तो हो रही है,लेकिन बच्चों की भूख और स्वास्थ्य को बनाएं रखने के लिए सभी शिक्षक मिल कर मध्यान भोजन पका कर खिलाने का आदर्श प्रस्तुत कर रहें हैं। यहां के प्रधान पाठक नारायण राम यादव ने बताया कि सितम्बर 2023 में बीमारी के कारण स्कूल में पदस्थ रसोईया की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से ही यह पद रिक्त है। उन्होनें बताया कि स्कूल में चालू शिक्षा सत्र में 33 बच्चे अध्ययनरत हैं। रसोईया के अभाव में बच्चों को मध्यान भोजन से वंचित करना ठीक नहीं था। इसलिए उन्होनें संस्था में पदस्थ शिक्षकों से चर्चा की। सबने मिल कर निर्णय किया कि जब तक रसोईया की नियुक्ति नहीं हो जाती है,सब मिल कर बच्चों के लिए मध्यान भोजन तैयार करेगें। स्कूल पहुंचने के साथ ही शिक्षक मध्यान भोजन की तैयारी में जुट जाते हैं। प्रधानपाठक ने बताया कि जिस शिक्षक का पिरीयड खाली होता है,वह अनाज को साफ करने,सब्जी काटने और चुल्हा जलाने के काम में सहयोग करते हैं। सब मिल कर बच्चों के लिए मध्यान भोजन पकाते हैं और उन्हें खिलाते है। प्रायः देखा जाता है कि रसोईया ना होने या कोई और समस्या होने पर शिक्षक रसोई बंद कर देते हैं,जिससे अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है। बच्चे और अभिभावक इसकी शिकायत लेकर उच्च अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के पास पहुंच जाते हैं। शिक्षक दिवस पर ऐसे सेवाभावी शिक्षकों को खबर जनपक्ष का बारम्बार प्रणाम। प्रधान पाठक नारायण राम यादव ने कहा कि मध्यान भोजन संचालित करने में संस्था के सभी षिक्षकों का योगदान सराहनीय है। उन्होनें बताया कि रसोईया की नियुक्ति को लेकर वे पंचायत के साथ विभागिय अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहें हैं,उम्मीद है कि जल्द ही नियुक्ति हो जाएगी।

*संविधान बदलने का झूठ फैलाने वालों को ओपी चौधरी ने दी कड़ी चेतावनी: “देश को आपातकाल की आग में झोंकने वाले अब जनता को गुमराह कर रहे हैं”*

IMG 20240904 WA0010

*जशपुर:* छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री और जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला स्तरीय सदस्यता अभियान के शुभारंभ के दौरान संविधान बदलने की अफवाह फैलाने वालों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल थोपने वाली पार्टी अब संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने जैसी झूठी बातें फैलाकर जनता को भ्रमित कर रही है। चौधरी ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के होते हुए, इस तरह की झूठी अफवाहें कभी भी सफल नहीं होंगी। चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वही पार्टी जो आज संविधान बदलने के झूठे आरोप लगा रही है, उसने देश की निर्वाचित सरकारों को गिराने के लिए धारा 356 का सौ बार दुरुपयोग किया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन के काम को सर्वोपरि मानते हुए, पार्टी आलाकमान के आदेशों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विकास की एक नई लहर आई है। भाजपा ने पिछले 8 महीनों में वह काम कर दिखाया है, जिसके बारे में कांग्रेस कभी सोच भी नहीं सकती थी। *वित्त मंत्री चौधरी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां* वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 8 लाख गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद में लिप्त है और वह इस योजना को इंदिरा आवास के नाम से चलाना चाहती है। चौधरी ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार बनने के 12 दिन के अंदर ही किसानों को दो साल का बकाया धान बोनस और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर उनका भुगतान किया गया। इसके अलावा महतारी वंदना योजना के तहत 70 लाख माताओं और बहनों के खाते में राशि डाली गई है। *भाजपा का आंतरिक लोकतंत्र और संगठन की ताकत से सरकार बनती है: सुनील गुप्ता* कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है और जो अपने संविधान के तहत काम करती है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान पार्टी का मूल आधार है और सभी वर्ग, समाज, और आयु के लोग इसमें जुड़ने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को रिकॉर्ड स्तर पर पूरा करने की अपील की। *राधेश्याम राठिया ने की कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ सेवा की प्रशंसा* लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी ने अपनी विचारधारा को कायम रखने के लिए बड़ी तपस्या की है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब कल्याण के लिए अंत्योदय की विचारधारा से प्रेरित होकर कार्य कर रही है और धारा 370 को समाप्त करके अपने विचार को पुष्ट किया है। कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष राधेश्याम राम ने सदस्यता ग्रहण की, जिसके बाद सैकड़ों पदाधिकारियों ने भी भाजपा की सदस्यता ली। कार्यक्रम का संचालन सदस्यता अभियान के जिला संयोजक ओमप्रकाश सिन्हा ने किया और आभार व्यक्त जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, पूर्व विधायक रोहित साय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे, जिला महामंत्री भरत सिंह, मुकेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

खबर का असर: कमिश्नर ने आत्मानन्द स्कूल के प्रिंसिपल को किया निलंबित, आदेश जारी कर कमिश्नर ने डीईओ ऑफिस में उवस्थिति देने का दिया आदेश,

IMG 20240829 123946

जशपुर(कुनकुरी) – 28 अगस्त 2024 को स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में दो छात्रों की पिटाई के मामले को सबसे पहले खबर जनपक्ष ने प्रमुखता से उठाया।जिसका असर हुआ कि कमिश्नर सरगुजा ने आज प्रिंसिपल इकबाल खान को निलंबित कर दिया। कमिश्नर ने अपने निलंबन आदेश में प्रिंसिपल पर बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के दूसरे स्कूल के छात्र को प्रवेश देना,नियम विरुद्ध बताया है। आदेश की प्रति देखें

*प्रभारी मंत्री ओपी का दौरा* *भाजयुमो मंडल अध्यक्ष रित्विक जैन ने बगीचा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग उठाई*

IMG 20240904 WA0007

जशपुर (बगीचा) – भाजयुमो मंडल अध्यक्ष रित्विक जैन ने बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में प्रभारी मंत्री ओ पी चौधरी से मुलाकात की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और उच्च तकनीक से लैस सोनोग्राफी मशीन की उपलब्धता की मांग की है। रित्विक जैन ने प्रभारी मंत्री से मुलाकात के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा में स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, और सोनोग्राफी टेक्नीशियन की पदस्थापना की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बगीचा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव है, जिसके चलते लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को बेहतर सुविधाओं से लैस करने की अपील की। प्रभारी मंत्री ओ पी चौधरी ने रित्विक जैन की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही इन मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। इस मुलाकात के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही नई सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

जिला प्रशासन ने एक बड़े आंदोलन को बड़ी समझदारी से खत्म किया,न हो-हल्ला न झूमा-झटकी,कैसे हुआ ये सब?

IMG 20240903 WA0032

जशपुर – राजी पड़हा समेत 6 उरांव समाज के संगठनों ने जिले के सभी उरांव जनजाति को 3 सितंबर की सुबह से हॉकी स्टेडियम में बुलाया गया।जिसमें दोपहर 1 से डेढ़ बजे तक बमुश्किल 8-9 सौ लोग इकट्ठा हो पाए थे।बाद में झारखण्ड और ओडिशा से आई भीड़ ने आयोजनकर्ताओं की लाज रख ली।राजी पड़हा शासन व्यवस्था को माननेवालों की जनाक्रोश रैली को जिला प्रशासन ने केवल सभा में समेट दिया।बिना कोई ढोल-तमाशे के कार्यक्रम शाम 5 बजे तक खत्म हो गया।   यह सब पूर्व कांग्रेस विधायक विनय भगत समेत कई सामाजिक नेताओं,संगठनों के लोगों पर शासन की सतर्क निगाहों और तगड़ी घेराबंदी के कारण हो पाया।मंगलवार 3 सितंबर को सम्भावित जनाक्रोश से निपटने के लिए चार दिन पहले से ही प्रशासन ने रणनीति बना ली थी।पूरे जशपुर को छावनी में तब्दील करते हुए जगह-जगह टीन की दीवार खड़ी कर दी गई।   दीवार,बेरिकेड के आगे जितनी फोर्स लगाई गई उसी के अनुपात में पीछे भी फोर्स रखी गई थी।हालांकि सरकार की इंटेलिजेंस ने बखूबी काम करते हुए इतना क्लियर कर दिया था कि लाठीचार्ज की नौबत नहीं आएगी।मंच पर हर भड़काऊ भाषण देनेवाले को सादे वेश में पुलिस के जवान कवर किये हुए थे।तैयारी यह थी कि अगर भीड़ को उकसाने की किसी ने कोशिश की तो उसे तत्काल सभा से हटा दें।भीड़ को भेड़ बनाकर बाड़े में रखने की योजना बेहद सफल रही।सभा खत्म होने के बाद राजी पड़हा के धर्म गुरु बंधन तिग्गा दीपू बगीचा की ओर जाने की योजना बनाते हुए सभस्थल से बाहर निकल रहे थे कि योजना भांपकर तत्काल एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा त्रिपाठी,इंस्पेक्टर रवि तिवारी के साथ आयोजकों को शर्तें याद दिलाने लगे ,जिसका तेजी से असर हुआ।वहीं फोर्स भी गेट की एक ओर तैनात हो गई।भीड़ निकलती जा रही थी और अधिकारी,फोर्स के जवानों के साथ उन्हें घोलेंग रोड पर रवाना करते रहे।इस तरह न कोई हो-हल्ला न कोई झूमा-झटकी हुई और आंदोलन शान्तिपूर्ण शहर के बाहर ही निपट गया। बलौदाबाजार हिंसा से झुलसा छत्तीसगढ़ शासन का यह पहला ड्रिल था।जिसे कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल,पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने सफलतापूर्वक पूरा किया।

*कुनकुरी में मामूली विवाद बना हिंसा का कारण, आरोपी गिरफ्तार और जेल भेजा गया*

IMG 20240904 WA0002

जशपुर (कुनकुरी): एक मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब गांव के एक युवक ने लोहे के सब्बल से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना 2 सितंबर 2024 की सुबह ठेठेटांगर गांव की है। पीड़िता हेमोवती यादव ने कुनकुरी थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका पति रामचंद्र यादव खेत में मवेशी चरा रहा था। उसी समय गांव का विद्याधर यादव भी अपनी मवेशियों को लेकर वहां पहुंचा और अपनी मवेशियों को बांधने के लिए खेत में लोहे का साबर गाड़ने लगा। रामचंद्र ने उसे मना करते हुए कहा कि इससे दोनों के मवेशी आपस में लड़ सकते हैं, इसलिए यहां साबर न गाड़े। इस बात पर नाराज होकर विद्याधर यादव ने रामचंद्र को गाली-गलौज करते हुए लोहे के सब्बल से हमला कर दिया, जिससे रामचंद्र को चेहरे, पीठ, और बाएं हाथ पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जशपुर, श्री शशि मोहन सिंह को अवगत कराया। पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए आरोपी विद्याधर यादव के खिलाफ धारा 296, 351(2), 118(1), 118(2) बी, एन एस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से हमले में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी जप्त किया गया है। पीड़ित रामचंद्र यादव के डॉक्टरी परीक्षण में पाया गया कि उनके बाएं हाथ की हड्डी टूट गई है, जिससे उनकी चोटें गंभीर मानी जा रही हैं। आरोपी विद्याधर यादव को 3 सितंबर 2024 को न्यायिक रिमांड पर कुनकुरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले की विवेचना में सहायक उप निरीक्षक संतोष तिवारी, आरक्षक नंदलाल और गणेश यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब इस मामले की आगे की जांच कर रही है।

राजी पड़हा जनाक्रोश महारैली को लेकर जशपुर छावनी में तब्दील,भारी फोर्स की तैनाती के साथ कई रोड ब्लॉक किये गए,,लोगों का आना शुरू,

IMG 20240903 100309

जशपुर – सरना पूजा स्थल दीपू बगीचा में राजी पड़हा के लोग शासन-प्रशासन के साथ ही उरांव समाज के कुछ नेताओं से नाराज चल रहे हैं।राजी पड़हा के आज 3 दिसम्बर को जिला मुख्यालय में आयोजित जनाक्रोश महारैली में उरांव आदिवासी समाज के लोगों का आना शुरू हो गया है।आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। दरअसल,दीपू बगीचा जो उरांव जनजातीय समाज का पूजा स्थल है,जिसमें बीते माह राजी पड़हा मुख्यालय में संचालित छात्रावास प्रशासनिक जांच में अवैध पाया गया।जहां के छात्र-छात्राओं को शासकीय छात्रावासों में विधिवत प्रवेश दिलाया गया।एसडीएम जशपुर प्रशांत कुशवाहा ने बड़ी कुशलता से कार्रवाई की।इसके बाद राजी पड़हा के पदाधिकारी इसपर दबी जुबान से अपनी नाराजगी जताने लगे।जिसके बाद उरांव समाज के 6 संगठनों ने मिलकर सरना स्थल में तालाबंदी की बात कहते हुए 03 सितम्बर 2024, दिन-मंगलवार यानी आज जनाक्रोश रैली की अपील की।वहीं जशपुर विधायक रायमुनी भगत समेत उरांव समाज का एक वर्ग  इस रैली में समाज के लोगों को बहकावे में न आते हुए शामिल नहीं होने की अपील किया है। जो यह है, अपील, आप सभी उरांव समाज को सूचित किया जाता है कि उरांव समाज मुख्यालय दीपु बगीचा (सरना स्थल) दिनांक 10/08/2024 को उरांव आदिवासियों के रुढ़ि-प्रथा एवं संस्कृति आस्था व धरोहर का केन्द्र में सरहुल / खद्दी परब का सरना स्थल एवं राजी पड़हा मुख्यालय को नगरपालिका एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा ताला लगा दिया गया, जो कि हमारे पुरखों के द्वारा बरसों से इस दीपु बगीचा में उरांव आदिवासियों के द्वारा अपना सांस्कृतिक कार्यक्रम पूजा पाठ करते आ रहे हैं, परन्तु नगरपालिका के द्वारा दीपु बगीचा को अपने अन्दर में लेकर अन्य समाज के लोगों को कार्यक्रम करने समय-समय पर दिया जायेगा। उरांव समाज कहां पर सरहुल, करम, टुंटा मनाएगा। उरांव समाज का धरोहर एवं अस्तित्व समाप्त हो जाएगा अगर दीपु बगीचा को बचाना है तो उरांव समाज के जितने भी हमारे समाज के अगुवागणों से प्रार्थना है कि आप सभी अधिक से अधिक संख्या में आकर जन आक्रोश रैली को सफल बनावें । यह हमारा उरांव आदिवासियों का धरोहर का सवाल है। इस जन आक्रोश महारैली को सफल बनाने के लिए हमारे राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष-धरम गुरु श्री बंधन तिग्गा जी, श्री जगरनाथ उरांव (रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर) पधार रहे हैं। नोट :- उरांव समाज के सभी बन्धुगण एवं परिवार के सभी सदस्य गण जन आक्रोश महा रैली को सफल बनाने में योगदान दें निवेदक ( आयोजक) (1 ) शाखा-राजी पाड़हा सरना प्रार्थना सभा भारत, बालाछापर जशपुर(2 ) उरांव समाज (पाड़हा व्यवस्था), (3) उरांव समाज के सभी संगठन,(4)सर्व आदिवासी समाज (5)नव युवा समाज,(6)रानी सिनगी दाई  महिला संगठन भारत, (7) समस्त मुली पाड़हा / डाड़ा पाड़हा/ अतखा पाड़हा (गांव स्तर)। इस अपील के अनुसार समाज के लोगों ने जिला प्रशासन से जनाक्रोश महारैली के लिए अनुमति मांगी।जिसपर प्रशासन ने इसकी अनुमति शर्तो के साथ दे दी। राजी पड़हा से जुड़े विनोद प्रधान ने बताया कि जनाक्रोश महारैली एस्टोटर्फ हॉकी मैदान में ,एनईएस कॉलेज के बगल में होगी।उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अलावे ओडिशा,झारखण्ड,बिहार,पश्चिम बंगाल और नेपाल देश में रहनेवाली राजी पड़हा की प्रजा उपस्थित होगी।हालांकि संख्या कितनी होगी यह उन्होंने नहीं बताया।कहा कि अभी लोगों का आना शुरू हुआ है। बहरहाल, सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो बलौदाबाजार हिंसा के बाद से छत्तीसगढ़ सरकार हर प्रकार के प्रदर्शनों पर बेहद सतर्क है।जिला मुख्यालय में जगह-जगह मजबूत बेरिकेड बनाये गए हैं।भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।सादे वेश में पुलिसकर्मी कार्यक्रम में आने वाले लोगों पर नजर रख रहे हैं।सभा को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।