बड़ी खबर : सरिता के ‘राशन’ पर मचा बवाल,भूपेश के पोस्ट पर भाजपा और कांग्रेस भिड़ी,विनयशील ने पूछा सवाल

Picsart 24 08 03 18 16 40 724

रायपुर – भूपेश सरकार में डेढ़ साल तक राशन मिला और विष्णु सरकार के आते ही पिछले 6 माह से राशन नहीं मिल रहा है।यह पढ़ते ही आपको लगेगा कि राशनकार्डधारी के परिवार के साथ ऐसे कैसे हो गया? दरअसल, जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा की राशनकार्डधारी महिला को बीते 18 जनवरी 2024 के बाद से आज तक राशन नहीं मिल रहा है।इस मामले को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने X पर पोस्ट करते हुए सीधे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर हमला बोला है।वहीं बीजेपी ने इस मामले को ही खारिज करते हुए पार्टी के X एकाउंट से भूपेश बघेल को जवाब दिया है।इसके बाद छतीसगढ़ कांग्रेस के आधिकारिक एक्स X एकाउंट से महिला सरिता बाई का बयान पोस्ट कर भाजपा को फिर से कटघरे में खड़ा कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनयशील ने प्रेस कांफ्रेस में कहा कि क्या हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पोस्ट से भाजपा सरकार वंचितों को राशन देगी? दरअसल,यह मामला इसलिए बड़ा सियासी हो गया क्योंकि महिला जिस विधानसभा से आती है वह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सीट है ।ऐसे में मोदी की गारंटी के साथ डबल इंजन की सरकार में सुशासन जिनका नारा हो उनके ही एक परिवार की हांडी में सरकारी राशन क् चावल नहीं पकना कांग्रेस के लिए मुद्दा तो बन ही गया। सो,कांग्रेस के बड़े नेता भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उछाल दिया।उन्होंने 31 जुलाई को X पर लिखा मुख्यमंत्री @vishnudsai जी सुनिए आपके कुनकुरी के ग़रीब परिवार के लोगों का दर्द। फ़रवरी से इस परिवार को राशन का चावल भी नहीं मिल रहा है। वे बता रहे हैं कि नया राशन कार्ड बना नहीं रहे हैं और पुराने राशन कार्ड से चावल नहीं दे रहे हैं। सोसायटी और अधिकारियों के पास गये तो बता रहे हैं कि ऊपर से चावल नहीं आ रहा है। इस पोस्ट के बाद सरकार हरकत में आई और मामले की तफ़्तीश बड़ी तेजी से कराई जिसके बाद प्रदेश भाजपा ने खाद्य अधिकारी का पत्र अटैच करके भूपेश बघेल पर पलटवार किया।पढ़िए , ठगेश जी, झूठ बोलने की कांग्रेसी यूनिवर्सिटी के आप टॉपर छात्र हैं। जिस विषय पर आपने जो रायता फैलाया है, उसकी सच्चाई जान लीजिए। महिला का राशनकार्ड झारखंड में बना था, जिसके कारण उनका कार्ड छत्तीसगढ़ में निरस्त किया गया। अब महिला ने झारखंड से अपना राशन कार्ड निरस्त करवा लिया है, जशपुर जिला प्रशासन को नए कार्ड के लिए आवेदन भी दे दिया है। विष्णु सरकार सुचारू रूप से कार्य कर रही है। आपकी सरकार में बैठे लोगों ने इतनी खोजबीन तब की होती तो आपके 9 मंत्री अपना चुनाव न हारते। अब इस पलटवार से जाहिर है भूपेश बघेल /कांग्रेस तिलमिला गई।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनयशील की भेजी एक वीडियो के साथ INC CHHATTISGARH ने X पर लिखा, लीपापोती से कुछ नहीं होगा @BJP4CGState जो पद्मव्यूह जनता के लिए रच रहे हो ना उसे जनता समझ रही है। राशन कार्डधारी सरिता बाई कह रही हैं कि उनका नाम झारखंड से 2021 में कट गया था। 2022 में उनके नाम से छत्तीसगढ़ में कार्ड बन गया था। डेढ़ साल राशन भी मिला और जनवरी से बंद हुआ। अब अपनी नाकामी छिपाने के लिए अधिकारी से चिट्ठी लिखवा रहे हो। तारीख़ तो डाल देते!!!! हड़बड़ी में वो भी भूल गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का क्षेत्र है, कम से कम मुख्यमंत्री की बेइज़्ज़ती तो न करवाओ। इस सियासी उठाफ्टक से हटकर देखा जाए तो कुनकुरी विकासखंड के रायकेरा ग्राम पंचायत निवासी सरिता बाई पति दीपक राम को जनवरी 2024 से आज तक राशन नहीं मिला।जिसका कारण बताया जा रहा है कि वह शादी से पहले झारखण्ड राज्य के सिमडेगा जिले की निवासी थी,वहां के राशनकार्ड से नाम नहीं कटाया गया था। जनवरी में इसकी जानकारी हुई और छत्तीसगढ़ से प्राप्त राशनकार्ड में सरिता का नाम हटाया गया जिससे राशनकार्ड शून्य हो गया।जिसका असर सरिता के पति व बच्चों पर पड़ा।सरिता बाई का कहना है जैसा कि वीडियो में कांग्रेस को बताई, हमर राशनकार्ड बइन रहलक जे हमें चावल नी मिलत रहलक तो हमें मन मंत्री ठन शिकायत कईर रहली तो ओ मन कहलें,पँचायत के कहलें तो पँचायत से मोर ठन आलें और वीडियो बनाइकर लेगलें,कहलें कि झारखण्ड से तोर नाम नी कइट रहलक। विनयशील पूछते हैं – तोर नाम कब कईट रहलक? तब सरिता बताती है कि  मोर नाम 2021 में झारखण्ड से कटलक तब 2022 में छत्तीसगढ़ में कार्ड बनलक और डेढ़ साल तक राशन मिललक।जनवरी 24 तक मिललक ओखर बाद में अचानक नाम कट गेलक।6-7 महीना से चावल नी मिलअथे।फिर सोसायटी वाला आलक और मोर वीडियो बनालक कहलक कि झारखण्ड में तोर नाम जुडले आहे।अब नया कार्ड बनही।कार्ड लाइन देबुं,अगले महीना से राशन भी देबुं। इस मामले में खबर जनपक्ष ने जब भाजपा का पक्ष जानना चाहा तो एक भाजपा नेता ने वीडियो भेजा और अभी खबर लिखे जाने तक जिला अथवा मंडल भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।वीडियो में सरिता बाई अपने पति के साथ खड़ी है और हिंदी में में कह रही है कि झारखण्ड में मेरा मायके था वहां झारखण्ड में मेरा नाम था इसलिए छत्तीसगढ़ में मेरा राशनकार्ड कट गया।झारखण्ड का राशनकार्ड से मेरा नाम कटवा दी हूँ और छत्तीसगढ़ में राशनकार्ड बनवाने का कष्ट करें। इन दोनों वीडियो में सरिता की परेशानी एक ही है कि राशन नहीं मिल रहा है।बहरहाल,अब यह तो तय हो गया कि बीते 6 माह का राशन नहीं मिलेगा लेकिन अगस्त माह से सरिता को राशन मिलना शुरू हो जाएगा।जैसा कि राशन विक्रेता ने कहा है। खबर से सम्बंधित तस्वीरें देखें :  

**मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्थलगांव से गुमला तक हाई-स्पीड फोरलेन रोड की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रदेशवासियों को दी बधाई**

FB IMG 1722682247949

**रायपुर:** मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा रायपुर से रांची नेशनल हाईस्पीड कारीडोर प्रोजेक्ट के अंतर्गत पत्थलगांव, जशपुर (छत्तीसगढ़) से गुमला (झारखंड) तक के लिए हाई-स्पीड फोरलेन रोड की स्वीकृति मिलने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और प्रधानमंत्री का आभार जताया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विशेष रूप से जशपुर निवासियों को इस हाई-स्पीड फोरलेन रोड परियोजना की स्वीकृति पर बधाई देते हुए कहा कि पत्थलगांव से गुमला तक फोरलेन सड़क के निर्माण से रायपुर और रांची के मध्य यात्रा सुगम होने के साथ-साथ यात्रा में समय की भी बचत होगी। सड़क परियोजना पूर्ण होने से दोनों राज्यों में विकास कार्यों की गति में तेजी आएगी। यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना दोनों राज्यों के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय कैबिनेट में 50,655 करोड़ रूपए लागत और लगभग 936 किलोमीटर लंबाई की आठ राष्ट्रीय हाई-स्पीड रोड परियोजनाओं की स्वीकृति दिए जाने की जानकारी X पर साझा की है। उन्होंने कहा है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आर्थिक उन्नति के साथ-साथ देश में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यह बड़ा संयोग भी है कि दोनों आदिवासी बाहुल्य प्रदेश हैं और इस सड़क परियोजना से उन्हें विशेष लाभ होगा। नई सड़क से आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, और स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं तक पहुंच सुगम होगी। इससे दोनों प्रदेशों में आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा और स्थानीय समुदायों के जीवनस्तर में सुधार होगा।

बड़ी खबर : हाथी भोजन की तलाश में मकान तोड़ रहे,बदहवास इंसान बेमौत मर रहे,वन विभाग का अलर्ट सायरन बेअसर,6 में 1 की मौत,5 ऐसे बचे,,,

IMG 20240801 100646

जशपुर/कुनकुरी, 1 अगस्त 2024: जिले के नारायणपुर रेंज के अंतर्गत बिलासपुर डुमरटोली बस्ती में बीती रात एक जंगली हाथी ने 55 वर्षीय जगरनाथ राम चौहान को उनके घर पर हमला कर मार डाला। यह घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई, जब हाथी ने उनके घर को तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि  घटना के दौरान, हाथी गश्ती दल ने समय रहते ग्रामीणों को अलर्ट किया था, जिससे परिवार के बाकी सदस्य पक्के मकान में सुरक्षित चले गए। हालांकि, जगरनाथ राम चौहान मिट्टी के मकान में ही रह गए और जब हाथी ने मकान को तोड़ा, तो बाहर निकलते समय उनका हाथी से सामना हो गया। हाथी ने उन्हें सूंड में लपेटकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।इससे पहले 27 जुलाई को तपकरा रेंज के केरसाई में हाथी के हमले में दो सगे भाइयों की मौत हो गई थी। वनमण्डलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय के निर्देश पर कुनकुरी रेंज के रेंजर सुरेंद्र होता और वनकर्मियों की टीम घटनास्थल पर तुरंत पहुंची। रेंज अफसर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हाथी का लोकेशन मिलने के बाद से गश्ती दल लोगों को लाउडस्पीकर से अलर्ट कर रहा था। मृतक का मकान बस्ती से थोड़ी दूर जंगल के पास होने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं खबर आ रही है कि फरसाबहार तहसील के खुटगांव और ओरिजोर में भी एक हाथी ने कई मकान तोड़े हैं, जहां ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाई। इधर,जनहानि होने की जानकारी मिलते ही वन अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और विधिक कार्रवाई शुरू की। हाथी गश्ती दल लगातार क्षेत्र में लोगों को अलर्ट कर रहा है और हाथी के विचरण क्षेत्र में नहीं जाने की हिदायत दे रहा है। इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग हाथी के हमलों से निपटने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

**मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जिले में हाथी से जनहानि रोकने के लिए सक्रिय हुआ एनीमल ट्रेकर डिवाइस** **जशपुर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन**

IMG 20240731 WA0006

जशपुर, 31 जुलाई 2024: छत्तीसगढ़ के सबसे अधिक हाथी प्रभावित जिलों में शामिल जशपुर में जनहानि को रोकने के लिए वन विभाग ने एक नया प्रयोग शुरू किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जिले को एनीमल ट्रेकर डिवाइस उपलब्ध कराया गया है। इस डिवाइस के माध्यम से हाथियों की हलचल से होने वाले जनहानि को रोका जा सकेगा। डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में हाथी के आने की सूचना मिलते ही एनीमल ट्रेकर ऐप पर बीट गार्ड ऑनलाइन सूचना एंट्री करेंगे। इसमें हाथियों की संख्या और उनके जाने की संभावना का विवरण दर्ज होगा। जैसे ही सूचना ऐप में दर्ज होती है, उस बीट क्षेत्र के 10,000 लोगों को एसएमएस और वॉइस मेसेज के माध्यम से सूचना पहुंच जाएगी। उपाध्याय ने बताया कि टेक्स्ट मैसेज के साथ ही वॉइस मेसेज भी ऐप में पंजीबद्ध मोबाइल पर पहुंचेगा। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों तक हाथियों की हलचल की सूचना पहुंचा कर, उन्हें विचरण वाले क्षेत्र से दूर रखना है, ताकि जनहानि ना हो। इस प्रयास के तहत जिला पंचायत में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षु आईपीएस एसडीओपी निखिल अग्रवाल, वन विभाग के एसडीओ, वन परिक्षेत्र अधिकारी, बीट गार्ड, और स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

‘बाल सक्षम अभियान’ मनोरा विकासखंड के इन गांवों में चलाया गया,बच्चों का किया गया चिन्हांकन,कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के निर्देश पर टीम गांवों में पहुंच रही

IMG 20240723 WA0016

जशपुर जिले में कलेक्टर डॉ रवि मित्तल के निर्देश अनुसार महिला एवं बाल विकास विभाग (मिशन वात्सल्य) द्वारा “बाल सक्षम” अभियान चलाया जा रहा है इस अभियान के तहत बाल श्रमिक, भिक्षावृत्ति, मादक द्रव्यों के शिकार बच्चों के सर्वेक्षण, रेस्क्यू, पुनर्वास, एवं “एक युध्द नशे के विरुद्ध” हेतु दिनाँक 15/07/2024 से 14/08/2024 तक विशेष अभियान संचालित किया गया है।जिसके तहत आज मनोरा विकासखंड के गांवों में जाकर टीम के सदस्यों ने बच्चों का चिन्हांकन किया। टीम की सदस्या कंचन ने बताया कि बाल सक्षम अभियान के तहत हर वह बालक/बालिका जो * सड़क जैसी परिस्थिति में बिना किसी सहयोग के अकेले रहता है। * सड़क जैसी परिस्थितियों में अपने परिवार के साथ रहता है और * दिन में सड़क जैसी परिस्थितियों में और रात को अपने परिवार, जो पास की झुग्गी/ झोपड़ियों में रहते है, के साथ घर में जीवन यापन कर रहा/रही है। उक्त श्रेणी के बच्चे अपनी उत्तरजीविता, भोजन, पानी, वस्त्र, आश्रय एवं संरक्षण हेतु प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के संघर्षो एवं चुनौतियों का सामना करते हैं। उपरोक्त के तारतम्य में यह अवश्यक है कि सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें संरक्षण प्रदान किया जाकर उनको शिक्षा एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएगी। साथ ही उनके परिवारों को भी शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाते हुए, उनको प्रशिक्षण एवं रोजगार की व्यवस्था की जाए। इन बच्चों के चिन्हाँकन कर संरक्षण एवं पुनर्वास हेतु राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा जारी SOP अनुसार चरणबद्ध रूप से कर्यवाही की जानी है । इस हेतु आज जशपुर ब्लॉक के मनोरा बस स्टैंड, बाजार डांड, केसरा, भीमसिला, आस्ता, कांताबेल में रेस्क्यू टीम द्वारा जिसमें जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्प लाइन, की संयुक्त टीम शामिल थी के द्वारा सर्वे किया गया। तथा बच्चों का चिन्हाँकन किया गया है।

*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जिले में स्थापित होगा प्रदेश का पांचवां विद्युत 400 केव्ही सबस्टेशन* *कुनकुरी के हर्राडांड़ में 18.20 एकड़ भूमि कलेक्टर ने की आबंटित* *बिजली आपूर्ति में बाधा और लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी मुक्ति*

IMG 20240730 WA0007

जशपुर 30 जुलाई 2024 /  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की पहल पर जिले में 400 केव्ही विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है। सब स्टेशन स्थापित करने के लिए कुनकुरी ब्लाक के हर्राडांड़ में 18.20 एकड़ भूमि राज्य विद्युत वितरण कंपनी को कलेक्टर डॉ रवि मित्तल ने आबंटित कर दिया है। विद्युत विभाग के डीई एन आर भगत ने बताया कि इस सब स्टेशन के बन जाने से जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में आमूलचूल सुधार आएगा। उन्होनें बताया कि फिलहाल जिले में 132 केव्ही लाइन में बिजली की आपूर्ति बिलासपुर स्थित सब स्टेशन से होती है। दूरी अधिक होने के कारण तकनीकि समस्या आती रहती है। जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित होती है। कई बार लो वोल्टेज की समस्या का सामना भी करना पड़ता है। उन्होनें बताया कि इस सब स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो जाने से ये सारी समस्याएं बीते दिनों की बात हो जाएगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। इसके साथ ही पड़ोसी राज्य झारखंड को होने वाली बिजली आपूर्ति भी सुचारू और बेहतर हो सकेगी। जिले में सब स्टेशन बन जाने से झारखंड जाने वाली ट्रांसमिशन लाइन की गुणवत्ता में सुधार आ सकेगा। जिससे वहां के उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।उल्लेखनिय है कि जिले में बुनियादी सुविधा पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क में सुधार लाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार तेजी से काम कर रही है। बीते 8 माह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जिले में 220 बिस्तर वाले सर्वसुविधा अस्पताल की स्वीकृति के साथ ही जिले को 7 विशेषज्ञ चिकित्सक मिल चुके हैं। इसके साथ ही कुनकुरी में कृषि अनुसंधान केन्द्र और मयाली नेचर कैम्प को देश के पर्यटन नक्शे में लाने के लिए 10 करोड़ रूपये की स्वीकृति केन्द्र सरकार दे चुकी है। विद्युत व्यवस्था दुरस्त करने जिले में स्थापित हुए 176 नए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले में विद्युत वितरण व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन तेजी से काम कर रही है। डीई भगत ने बताया कि जिले में विद्युत व्यवस्था को सुधार के लिए जिले को अतिरिक्त 274 ट्रांसफार्मर की स्वीकृति मिली हैं। इनमें से 176 ट्रांसफार्मर को लगाया जा चुका है। बिजली व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए लाइन और ट्रांसफार्मर को मेन्टेनेंस पर जोर दिया जा रहा है। खराब मौसम सहित अन्य कारणों से फाल्ट आने पर विद्युतकर्मी तत्काल इसमें सुधार के लिए पहल करते हैं। इसके लिए विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को alert पर रखा गया है।साथ कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।जिससे जिले की विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से सप्लाई की जा सके।

उत्कल ब्राह्मण समाज की मातृशक्ति ने द्वितीय सावन सोमवार पर किया बड़ा आयोजन,शिवभक्ति करते पर्यावरण रक्षा के साथ किया वृक्षारोपण

IMG 20240729 WA0008

जशपुर/कुनकुरी –  द्वितीय सावन सोमवार को उत्कल ब्राम्हण समाज की महिला शक्ति द्वारा शिव मंदिर दमगड़ा में जलाभिषेक पूजन कर सभी के कल्याण ,सुख संमृद्धि की कामना किया गया। सावन माह की दूसरी सोमवारी पर जिले के तमाम शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती रही। कुनकुरी शहर के सभी शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर कई मंदिर परिसरों को भव्य तरीके से सजाया गया। शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने शिवभक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कुनकुरी से तपकरा रोड पर करीब 4 किलोमीटर दूर स्थित शिव मंदिर दमगड़ा में सुबह के चार बजे से ही उत्कल ब्राम्हण समाज कुनकुरी मण्डल की महिला मातृ शक्ति द्वारा जलाभिषेक पूजन कर सभी के कल्याण ,सुख संमृद्धि की कामना की गई। लगातार घटते, कटते पेड़-पौधों के कारण ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रहा है।जिसे कम करने के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफल बनाने के लिए संवाद किया गया।इस अवसर पर वृक्षारोपण (बेल पौधा रोपण ) कर भंडारा का आयोजन किया गया।

नाबालिग के साथ जंगल में गैंगरेप: वीडियो बनाकर धमकाने वाले दरिंदे सलाखों के पीछे

rps20221007 181808

  जशपुर –  जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ हुई गैंगरेप की दर्दनाक घटना ने इलाके को हिला कर रख दिया है। दो दोषियों ने 5 जुलाई 2024 को नाबालिग को बहला-फुसलाकर जंगल में ले जाकर गैंगरेप किया और उसका वीडियो बनाया। इस वीडियो को दिखाकर उन्होंने पीड़िता को धमकाने की कोशिश की। पुलिस ने घटना की गम्भीरता को देखते हुए तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चंद घण्टों में ही हिरासत में ले लिया। कुनकुरी एसडीओपी विनोद मंडावी ने बताया कि पीड़िता के पिता ने 26 जुलाई 2024 की रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, 5 जुलाई को नाबालिग बालिका अपने आधार कार्ड बनवाने के लिए कचहरी गई थी। वापस लौटते समय धुमाडांड नवाटोली के दो लड़के, दीपक बरवा (27) और अमित केरकेट्टा (24), उसे घर छोड़ने की बात कहकर अपनी स्कूटी पर बैठाकर गड़ाकटा पुलिया के आगे जंगल में ले गए। वहां दोनों ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया और इस जघन्य कृत्य का वीडियो भी बनाया। **वीडियो बनाकर दी मुंह बंद करने की धमकी** घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो वे वीडियो को वायरल कर देंगे। इस धमकी के कारण पीड़िता डर गई और उसने किसी को इस घटना के बारे में नहीं बताया। लेकिन 26 जुलाई को, जब आरोपियों ने अपने मोहल्ले में गैंगरेप का वीडियो दिखाया, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। **पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई** रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कुनकुरी पुलिस ने एसडीओपी विनोद मंडावी के निर्देश पर तेजी से कार्रवाई की। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि इस गंभीर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई और उनके मार्गदर्शन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 64, 65, 70(2), 87, 96, 137(2)3(5) एवं पॉस्को एक्ट की धारा 5, 6 तथा आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए),(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन के निर्देश पर थाना प्रभारी ने तत्काल दल-बल के साथ आरोपियों के घरों की घेराबंदी की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। **आरोपियों ने अपराध स्वीकारा** पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना के सम्बन्ध में पूरी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। **समाज में भय का माहौल** इस घटना ने जशपुर जिले में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की है और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई ने लोगों में कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रखा है। यह घटना एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर करती है कि कैसे हमारे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और ऐसे दरिंदों को कठोरतम सजा मिले ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

हाथी ने दो भाइयों को दी दर्दनाक मौत,भोजन की तलाश में जंगली हाथी ने तोड़ा मकान,इंसान को देखकर हाथी को आया गुस्सा

rps20240727 130127

जशपुर, 27 जुलाई 2024: जशपुर जिले के तपकरा वन परिक्षेत्र के केरसई (रापाडांड) में  रात लगभग 2:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर में हाथी के हमले के कारण दीवार गिर गई और घर में मौजूद दो सगे भाई कोकडे पिता रामसाय (45 वर्ष) और पड़वा पिता रामसाय (43 वर्ष) बाहर की ओर भागते समय हाथी के सामने आ गए। हाथी ने उन दोनों को मार डाला। घर के अन्य सदस्य जान बचाकर भागने में सफल रहे। घटना की पुष्टि डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने की है। **वन विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई** घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया, “बीते तीन महीने से तपकरा रेंज में 9 लोनर हाथी विचरण कर रहे हैं। ये हाथी जंगल के किनारे अकेले मकानों पर भोजन की तलाश में हमला करते हैं। बीती रात एक लोनर हाथी ने घर पर हमला किया, जिसमें दो भाइयों की जान चली गई। वन विभाग जंगल के पास बने मकानों में रह रहे लोगों को सामुदायिक भवन में शिफ्ट करने में जुट गया है।” वहीं जनपद सदस्य संगीता कालो ने कहा, “रापाडांड में बिजली नहीं है, जिससे वन्य जीव घरों तक बेधड़क पहुंच जा रहे हैं।” **हाथी मित्र दल और गश्ती दल की सक्रियता** हाथी मित्र दल और हाथी गश्ती दल दिन-रात इन हाथियों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। बावजूद इसके, हाथियों के हमलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ वर्षों में हाथी के हमलों में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 2019 से अब तक 200 से अधिक लोग हाथियों के हमलों में मारे जा चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि वन्यजीवों और मानवों के बीच संघर्ष बढ़ रहा है। इस तरह की घटनाएँ वन्यजीवों के साथ सहअस्तित्व के महत्व और चुनौती को रेखांकित करती हैं। इस तरह की घटनाएं जंगलों के आसपास रहने वाले लोगों के लिए गंभीर खतरे का संकेत हैं और यह आवश्यक है कि सरकार और वन विभाग मिलकर इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकालें।

*हिंदू धर्म के खिलाफ अपशब्द कहने पर चार एक्टिविस्ट गिरफ्तार: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई*27 फरवरी 2024 को भरी सभा में लोगों को कथित तौर पर भड़काने का मामला*कई और एक्टविस्ट पुलिस के राडार पर*

IMG 20240726 WA0015

जशपुर – हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने पर जशपुर पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी चंद्रपुर, बागबहार, कांसाबेल और कुनकुरी क्षेत्रों से की गई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कुनकुरी में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण का विवरण प्रार्थी करनेल सिंह (उम्र 52 साल, निवासी चरईडांड़) ने 28 फरवरी 2024 को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 फरवरी 2024 को सुनील कुमार खलखो, श्याम सुंदर मरावी, रेमिश तिर्की और संजय सक्सेना ने भारत मुक्ति मोर्चा राष्ट्रीय किसान मोर्चा के संयुक्त तत्वाधान में कुनकुरी सलियाटोली के मिनी स्टेडियम में एक आमसभा का आयोजन किया। इस सभा में हिंदू धर्म के बारे में आपत्तिजनक एवं अपशब्द टिप्पणियां की गईं, जिसमें हिंदू धर्म को धर्म न मानते हुए मौलिक अधिकारों का हनन करने, एसटी/एससी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग को सताने, अनुच्छेद-25 का उल्लंघन करने और धार्मिक गुरुओं के बारे में अपशब्द कहने के आरोप लगाए गए थे। **पुलिस की छापामार कार्रवाई से हुई आरोपियों की गिरफ्तारी** जशपुर के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर सुनील कुमार खलखो (उम्र 37 साल, निवासी गोढ़ी बी, थाना बागबहार), श्याम सुंदर मरावी (उम्र 47 साल, निवासी कुनकुरी), रेमिश तिर्की (उम्र 56 साल, निवासी कांसाबेल) और संजय सक्सेना (उम्र 47 साल, निवासी कापू विजय नगर) को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। **पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका** इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक सरोज टोप्पो, उप निरीक्षक सुनील सिंह, स.उ.नि. मनोज साहू, प्र.आर. आदित्य साय, आर. धनेष्वर राम, आर. गणेश यादव, आर. छवि पैंकरा और आर. जितेंद्र गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन अधिकारियों की तत्परता और समर्पण के कारण यह कार्रवाई सफल रही। **जांच और गिरफ्तारियां जारी** जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की जांच जारी है और इसमें और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने यह भी संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। **संदेश स्पष्ट: भड़काऊ टिप्पणियों पर सख्त कार्रवाई** यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश है कि जशपुर पुलिस किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक भड़काऊ गतिविधियों को सहन नहीं करेगी। सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।