अधूरे-बिगड़े संसाधनों के साथ कुनकुरी कृषि महाविद्यालय युवाओं को दे रहा पँख,उम्दा प्रयोगशालाओं व हाईटेक क्लासरूम में विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाने में डीन के प्रयासों की दिखी झलक

IMG 20240529 08303847

जशपुर – 2019 में भूपेश सरकार ने जिले को कृषि कॉलेज के साथ रिसर्च सेंटर की बड़ी सौगात दी।जिसका लाभ जशपुर सहित पूरे प्रदेश के युवाओं को मिल रहा है।बावजूद इसके  कुछ कमियों की वजह से कॉलेज प्रबंधन और विद्यार्थियों का मनोबल गिरता दिख रहा है। दरअसल,18 जुलाई 2019 को कुनकुरी के आईटीआई कॉलेज में कृषि कॉलेज की कक्षाएं लगनी शुरू हुईं।उधर रायगढ़ रोड पर कुनकुरी से 4 किलोमीटर दूर पंडरीपानी गांव में कॉलेज की बिल्डिंग और फिर दो हॉस्टल बनना शुरू हुआ।कॉलेज के डीन अमित कुमार सिन्हा बताते हैं कि पंडरीपानी में 2023 में कॉलेज की बिल्डिंग अम्बिकापुर के ठेकेदार शिव अग्रवाल ने गुणवत्ता के साथ बनाकर दी।जिसमें नवम्बर 2023 से हमने कॉलेज व रिसर्च सेंटर शिफ्ट किया।इसी कैम्पर में 50-50 मीटर में छात्र व छत्राओ के दो हॉस्टल भी बनाये गयेव जिसमें बीते दो महीने से विद्यार्थी रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। यह आवासीय महाविद्यालय है जिसमें फ़िलहाल 40 छात्र और 25 छात्राएं रह रहे हैं।कॉलेज परिसर में टॉप क्लास के सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं जिससे संस्था प्रमुख के कमरे से पूरे कैम्पस पर नजर रखी जाती है।दोनों हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे भी डीन के चैंबर से कंट्रोल होता है।इंटरनेट की समस्या को देखते हुए डॉ सिन्हा ने वाई-फाई सिस्टम लगाकर सभी को फ्री इंटरनेट दे दिया है। वहीं हॉस्टल में भी छात्र-छात्राओं ने डीन के प्रयासों की खुलकर प्रशंसा करते हुए बताया कि यहां पढ़ाई करने,भोजन करने की अच्छी व्यवस्था है।विद्यार्थियों को ही अपना मीनू तय करने का अधिकार है।डायनिंग हॉल, किचन रूम सभी सुव्यवस्थित रखा जाता है। (भूपेश सरकार में बने छात्रावास में दीमक लगने की एक तस्वीर) इसके बाद विद्यार्थियों ने परेशानियों के बारे में पूछने पर बताया कि भवन में बिजली वायरिंग सही तरीके से नहीं हुआ है।टाइल्स लगे फर्श से दीमक निकलकर कमरों में लकड़ी और किताबों को खराब कर रहे हैं।बिजली भी बार-बार चली जाती है जिसके कारण पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है।यहां जनरेटर नहीं है।बारिश होती है तो छत से पानी टपकता है। इन सब कमियों को लेकर संस्था प्रमुख से जवाब-तलब किया गया तो उन्होंने कहा कि इन सभी परेशानियों को कम करने के लिए प्रयास कर रहा हूँ।कॉलेज परिसर में बाउंड्रीवाल, विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल व शैक्षणिक भ्रमण,कृषि फार्म आने जाने के लिए एक बस ,स्टॉफ क्वार्टर और परिसर में हॉस्टल से कॉलेज और कॉलेज से मेन रोड तक आने-जाने के लिए सड़क की मांग है। बहरहाल,उम्मीद की जा रही है कि कुनकुरी विधायक विष्णुदेव साय के मुख्यमंत्री बनने से कृषि शिक्षा के बड़े केंद्र में भ्रष्टाचार का दीमक लगाने वाले  जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी और कॉलेज की परेशानियों को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा।

शिक्षा विभाग समर कैंप लगाकर विद्यार्थियों की रुचिकर विधाओं को उभारने में जुटा,बन्दरचुंवा हाईस्कूल में धूमधाम से शुरू हुआ समर कैंप

IMG 20240517 WA0008

जशपुर –  जिला कलेक्टर डॉ. रवि के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाने वाले विकास खण्ड कुनकुरी के शास, अशासकीय, अनुदान प्राप्त स्कूलों में समर कैंप प्रारम्भ हो गया है। ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों को तरह तरह की विधाओं में पारंगत किया जा रहा है। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर विद्यालय बन्दरचुवा में भी समर कैंप संचालित हो रहा है । रुचिकर विधा में बच्चे भाग ले रहे हैं । संस्था के प्राचार्य गुप्तेश्वर साय , ब्याख्याता आयोध गुप्ता, सी ए सी  विजय यादव के सार्थक पहल से  बन्दरचुवा में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक के बच्चे मोटिवेट होकर अच्छी संख्या मे भाग ले रहे हैं।कुछ रंगोली तो कुछ क्विज में तो कुछ चित्र कला में तो कुछ पेंटिंग में भाग ले रहे हैं। ग्रीष्म अवकाश के प्रारम्भ से ही विकास खण्ड कुनकुरी के प्राथमिक विद्यालय सलिकटोली, धूमा डाँड़, कन्या कुनकुरी, भुइहरतोली जैसे विद्यालय में अजीज प्रेमजी के ब्लॉक प्रभारियों व शिक्षकों के द्वारा समर कैंप प्रारम्भ हो गया है। हमारे जिले के जिला शिक्षा अधिकारी पी के भटनागर, डी एम सी  नरेन्द्र सिन्हा, के नेतृत्व में लगातार शिक्षा के क्षेत्र में मार्गदर्शन मिल रहा है। इस कार्यक्रम के संचालन, मॉनिटरिंग, के लिए विकास खण्ड स्तर पर टीम का गठन भी किया गया है। विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी सीताराम साव, सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मारिया गोरोति तिर्की, बी आर सी सी  बिपिन कुमार अम्बष्ट के समन्वित योजना से ब्लॉक के शत प्रतिशत स्कूलों में समर कैंप संचालन के लिए प्रयास किया जा रहा है।

 धनवंतरी के नाम पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी में अतिक्रमण का खिलाड़ी कौन?नगरपंचायत और सीएसची के बीच रस्साकशी का कागजी खेल जारी,,पढ़ते रहिए खबर JANपक्ष

IMG 20240515 WA0018

जशपुर – सत्ता की सरपरस्ती में भ्रष्टाचार का नँगा नाच करने वाले धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर के प्रोपराइटर की करतूत सामने आई है।पिछली खबर के दौरान जो जानकारी हमें मिली है वो काफ़ी हैरान कर देने वाली है।वहीं अवैध रूप से बने गुमास्ता लाईसेंस पर नगर पंचायत प्रशासन मौन है। पूरे छत्तीसगढ़ में आपने ऐसा मामला कहीं और नहीं देखा होगा कि हड़बड़ी में क्रेडिट लेने के चक्कर में, भूपेश सरकार का चेहरा चमकाने के लिए सत्ताधीशों ने एक दवा बेचनेवाले को अस्पताल की गोद दे दी।अब वो सिर पर चढ़ बैठा है।   दरअसल,कुनकुरी के बड़े सरकारी अस्पताल के कक्ष क्रमांक 10 में बिना लिखित अनुमति के सरकारी योजना श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर में भ्रष्टाचार की कलई खुलने लगी है। बता दें कि मामला केवल स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में अवैध अतिक्रमण तक ही सीमित नही है, योजना को लेकर की जा रही काली कमाई के साथ साथ अनेक प्रकार के भ्रष्टाचार से भी जुड़ता जा रहा है। अब तक की पड़ताल में अवैध तरीके से अस्पताल प्रबंधन एवं नगरीय प्रशासन को अंधेरे में रखकर अवैध दुकान के निर्माण की पोल खुली तो अस्पताल प्रशासन अब खुलकर सामने आ गया है।इस निर्माण को अवैध बताकर कार्यवाही करने की बात करने लगा है। गुमाश्ता में पंजीकृत दुकान के कागजात के अनुसार श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर को प्रोपराईटर विशाल गुप्ता पिता जंगली निवासी बगीचा द्वारा 16 जनवरी 2023 से संचालित किया जा रहा है तथा फार्मासिस्ट के रूप में प्रभु तिग्गा दवा दुकान में बैठते है। दुकान के संचालन के दौरान मरीजों से जानकारी मिली कि दवा का किसी प्रकार का बिल नही दिया जाता है। भुगतान भी केवल नगद के रूप में लिया जाता है, जिसके कारण अधिक भुगतान लेने पर इसे प्रमाणित भी नही किया जा सकता है। जबकि यह दुकान इसी कक्ष क्रमांक 10 में 20 अक्टूबर 2021 से यानि कि लगभग तीन सालों से चल रहा है।अस्पताल से जुड़े आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर को अस्थायी तौर पर शासन की महत्वपूर्ण योजना के नाम पर स्थान दिया गया था। जिसे अस्पताल प्रबंधन ने कुछ दिनों बाद स्थान की कमी के कारण अन्यत्र संचालन करने कई बार नगरीय प्रशासन को पत्र लिखा भी था। जिसपर कोई कार्यवाही नही हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुनकुरी के विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक द्वारिका निकुंज द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर का संचालन अस्पताल परिसर से बाहर करने का प्रावधान है, जिससे अस्पताल के मरीजों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इस योजना का लाभ प्राप्त हो सके। परिसर में हो रहे अवैध निर्माण के सवाल पर उन्होने निर्माण हेतु किसी प्रकार की स्वीकृति न दिये जाने की जानकारी दी तथा अवैध निर्माण की सूचना उच्चधिकारियों को देकर जल्द ही कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। नगर पंचायत के इंजीनियर सुशांत मिंज द्वारा दवा दुकान संचालन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि दवा दुकान को अस्पताल भवन से अन्यत्र स्थानांतरण हेतु अस्पताल प्रबंधन द्वारा पत्र लिखा गया था। नगर पंचायत द्वारा आबंटित स्थल दूर होने के कारण अस्पताल प्रबंधन को परिसर में स्थल देने हेतु आग्रह किया गया है। चल रहे निर्माण हेतु नगर पंचायत को किसी प्रकार की सूचना नही दी गई है। निर्माण दवा दुकान के संचालक द्वारा स्वयं कराया जा रहा है। इस प्रकरण की पड़ताल के दौरान चौकाने वाली जानकारी सामने आई है, जशपुर जिले के पांचों नगरीय निकाय में एक ही व्यक्ति विशाल गुप्ता के नाम पर श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर संचालित किया जा रहा है। एक ही व्यक्ति का एकाधिकार होने के कारण मरीजों से दवा का मनमाना मूल्य लिया जाना जानकारी में आया है। इस प्रकरण की भी गहन जांच करने से और भी कई अनियमित्ता सामने आने की संभावना है। मरीजों एवं आम नागरिकों को सस्ते मूल्य पर दवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य की प्राप्ति के लिये इस पूरी व्यवस्था का पोस्टमार्टम कर जनता की सुविधा के अनुकूल व्यवस्था स्थापित करने में शासन और प्रशासन को ध्यान देना होगा। बहरहाल,पिछली :खबर का असर यह हुआ है कि अवैध तरीके से अतिक्रमण कर बन रही दुकान में शटर भी लग गया।ताज़्जुब इस बात पर कि जो अस्पताल नगर पंचायत को चिट्ठी लिखकर निवेदन कर रहा है कि धनवंतरी जेनेरिक दवा की दुकान को बाहर ले जाओ।उसी अस्पताल की बाउंड्री के अंदर बल्कि बाउंड्री तोड़कर धड़ल्ले से नई दुकान बनाई जा रही है।

भूपेश सरकार में संचालित जनस्वास्थ्य की दुकान अवैध तरीके से चल रही है,सांय सांय..बड़ा खुलासा जारी है,,पढ़ते रहिए ख़बर JANपक्ष

IMG 20240514 WA0010

नियमों की धज्जियां उड़ाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुनकुरी में श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर का किया जा रहा संचालन, काली कमाई के लिये अस्पताल की जमीन पर किया जा रहा अतिक्रमणबाहरी मरीज़ों को नही मिलता सस्ती दवाओं का लाभ भ्रामक जानकारी देकर नगर पंचायत में कराया गया गुमाश्ता पंजीयन जशपुर  : आम जनता को सस्ती दवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तत्कालीन भूपेश सरकार ने धन्वंतरि जेनेरिक मेडिसिन सेंटर खोला जो विष्णु सरकार में भी चल रहा है।कुनकुरी में संचालित सेंटर का मुआयना करने पर जानकारी मिली कि यहां दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करके राजनैतिक संरक्षण में बड़ा काम किया जा रहा है। दरअसल, जनस्वास्थ्य के नाम पर इस खेल की शुरूवात राजनैतिक हस्तक्षेप में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के अंदर 10 नम्बर के कमरे में अवैधानिक रूप से दवा दुकान खोलने के साथ हुई। अवैधानिक इसलिए क्योंकि इस दवा दुकाम को खोलने के लिये किसी भी प्रकार की न तो अनुमति ली गई और न ही अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। यह जांच का विषय है कि यह दवा दुकान नियमों के विपरित अस्पताल भवन में खुली कैसे ? इस मामले की पड़ताल प्रारंभ होने पर पता चला कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुनकुरी के भवन मं संचालित हो रही श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिसिन सेंटर से जुड़ा हुआ है और इसी दवा दुकान को इसी परिसर में संचालित करने के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर एक दुकान का निर्माण कराया जा रहा है। पड़ताल में ज्ञात हुआ कि इस दवा दुकान का गुमास्ता पंजीयन में भी वैध दस्तावेज की जानकारी दिये बगैर रहस्यमय ढ़ंग से कराया गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से इस दुकान के संचालन को अन्यत्र किये जाने हेतु नगर पंचायत को कई बार पत्र लिखे जाने की भी जानकारी प्राप्त हुई है लेकिन लम्बा समय बीत जाने के बाद भी इस संबंध में कोई कार्यवाही नही हुई है। अस्पताल परिसर में हो रहे इस अतिक्रमण के बारे में अस्पताल प्रशासन द्वारा भी किसी प्रकार की कार्यवाही किये जाने की जानकारी नही मिली है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के कर्मचारियों से जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि इस दवा दुकान को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन से हटाये जाने हेतु प्रारंभ से लिखा जा रहा है। अस्पताल परिसर में हो रहे अवैध निर्माण कार्य से अस्पताल प्रशासन जानकारी नही होने की बात कह रहा है। इस दवा दुकान से मरीजों को बेची जा रही दवा में भी अधिक मूल्य वसूल करने की मरीजों से जानकारी मिली है। दुकानदार द्वारा मरीजों को दवा का बिल भी नही दिये जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। दुकान से मनमाने मूल्य पर दवा विक्रय किये जाने की भी जांच की मांग उठ रही है।

 बिरहोरों के भाई जगेश्वर यादव को राष्ट्रपति मुर्मू ने पद्मश्री अवार्ड से किया सम्मानित,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

IMG 20240510 WA0001

जशपुर – समाज सेवक जगेश्वर यादव को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री से सम्मानित किया है । आज राष्ट्रपति भवन, दिल्ली में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में पद्मश्री से सम्मानित किया है । श्री जागेश्वर यादव का नाम 2024 के पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयनित हुआ था। जिले के बिरहोर आदिवासियों के उत्थान हेतु बेहतर कार्य के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया। बगीचा ब्लॉक के भितघरा गांव में पहाड़ियों व जंगल के बीच रहने वाले श्री जागेश्वर यादव 1989 से ही बिरहोर जनजाति के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए जशपुर जिले में एक आश्रम की स्थापना की है। साथ ही शिविर लगाकर निरक्षरता को खत्म करने और स्वास्थ्य व्यवस्था लोगों तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उनके प्रयासों का नतीजा था कि कोरोना के दौरान टीकाकरण की सुविधा मुहैया कराई जा सकी। इसके अलावा शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी मदद मिली। पद्मश्री जगेश्वर यादव का जन्म जशपुर जिले के भितघरा गांव में हुआ था। बचपन से ही इन्होंने बिरहोर आदिवासियों की दुर्दशा देखी थी। उस समय घने जंगलों में रहने वाले बिरहोर आदिवासी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से वंचित थे। जगेश्वर ने इनके जीवन को बदलने का फैसला किया। इसके लिए सबसे पहले उन्होंने आदिवासियों के बीच रहना शुरू किया। उनकी भाषा और संस्कृति को सीखा। इसके बाद उन्हें शिक्षा की अलख जगाई, और स्कूलों में भेजने के लिए प्रोत्साहित किया। जगेश्वर यादव ‘बिरहोर के भाई’ के नाम से चर्चित हैं। उनके बेहतर कार्य के लिए पहले भी 2015 में शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान मिल चुका है। जगेश्वर के लिए आर्थिक कठिनाइयों की वजह से यह सब आसान नहीं था। लेकिन उनका जुनून सामाजिक परिवर्तन लाने में सहायक रहा। जगेश्वर बताते हैं कि पहले बिरहोर जनजाति के लोग उनके बच्चे अन्य लोगों से मिलते जुलते नहीं थे। बाहरी लोगों को देखते ही भाग जाते थे। इतना ही नहीं जूतों के निशान देखकर भी छिप जाते थे। ऐसे में पढ़ाई के लिए स्कूल जाना तो बड़ी दूर की बात थी। लेकिन अब समय बदल गया है। जगेश्वर यादव के प्रयासों से अब इस जनजाति के बच्चे भी स्कूल जाते हैं। जगेश्वर यादव के पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयनित होने के बाद से ही परिवार और पूरा गांव खुशियां मना रहा था। लोगों का बधाई देने के लिए उनके घर आने का सिलसिला जारी था । आज राष्ट्रपति भवन, दिल्ली में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने श्री जागेश्वर यादव को पद्मश्री से सम्मानित किया। जिसके बाद से ही परिवार और पूरा गांव सहित जिले भर में लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने मतदाताओं का किया आभार व्यक्त, अपने कार्यकर्ताओं को लेकर कह दी बड़ी बात…

IMG 20240508 WA0008

जशपुर – लोकसभा 2024 के तीसरे चरण की वोटिंग मंगलवार की शाम समाप्त हो गई। रायगढ़ लोकसभा का मतदान भी इसी चरण में था और जशपुर जिला रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही आता है। जशपुर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। इसके अलावा शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए ड्यूटी में लगे अधिकारी, कर्मचारियों का भी आभार माना है। तीसरे चरण के साथ ही राज्य के सभी 11 लोकसभा सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। श्री गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और भीषण गर्मी में अपने घरों से निकलकर मतदान केन्द्रों तक आये और मतदान किया। भाजपा सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता ने धूप और गर्मी की परवाह न करते हुए चुनाव में समर्पित भाव से काम किया। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और ऐसे ही निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं।

लोकतंत्र का महापर्व वनांचल में पूरे उत्साह से मनाया गया,महिला मतदाताओं ने खूब ली सेल्फी

IMG 20240507 WA0042

जशपुर – लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदान सुचारू रूप से सम्पन्न हो चुका है। मतदाताओं में मतदान के प्रति सुबह 5 बजे से ही भारी उत्साह दिखाई दिया। जिले के सभी मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ था। मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी और लंबी-लंबी लाइनें लगने लगी। मतदान केन्द्रों में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी मतदान केन्द्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। मतदान केंद्र बुमतेल और फतेहपुर मतदान केंद्र में भारी उत्साह के साथ महिला व पुरुषों ने अपना मतदान किया।पँचायत सचिव  नईम खान ने बताया कि 1271 कुल मतदाता थे जिसमें 928 मतदान हुआ है। मतदान केंद्र के सेल्फी जोन में महिलाओं ने खूब सेल्फी ली।मतदान केंद्र के पास गर्मी में प्यासे मतदाताओं के लिए गुड़,नींबू पानी की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे मतदान में मौसम ने भी साथ दिया हालांकि कई जगह अच्छी बारिश भी हुई जिसके कारण मतदाताओं को थोड़ी देर रुकना पड़ा।गांवों में महतारी वंदन योजना का असर रहा कि महिला मतदाताओं ने घरों से निकलकर मतदान किया और फोन करके अन्य परिचित मतदाताओं को बूथ में आने के लिए प्रेरित भी किया।

 महतारी के भरोसे भाजपा कर रही जीत का दावा,प्रचार के मैदान में अकेले दिख रही भाजपा

rps20240505 205539

जशपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने 50 हजार पार का नारा देकर कुनकुरी विधानसभा से राधेश्याम राठिया को लोकसभा भेजने के लिए महतारी वंदन लाभार्थी सम्मेलन में लोगों को संकल्प दिलाया।इसी के साथ जशपुर विधानसभा में भी कृष्ण कुमार राय की अगुवाई में धुँवाधार प्रचार हुआ। प्रचार के अंतिम दिन तक रायगढ़ लोकसभा सीट पर भाजपा के कार्यकर्ता से लेकर बड़े नेता मैदान में डटे रहे।जशपुर जिले में भाजपा ने महतारी वंदन लाभार्थी सम्मेलन के जरिये हर परिवार को मोदी का परिवार बनाने की पुरजोर कोशिश की है। कुनकुरी शहर के तपकरा रोड में सीएम मैडम कौशल्या साय ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना की इस महीने की किश्त भी पहुंच गई है।सीएम साहब के आदेश से ही मैं आप लोगों के बीच काम कर रही हूँ।उन्होंने समरसता का संदेश देते हुए बताया कि ये भारत देश है जहां सभी जाति-धर्म के लोग बहुत अच्छे से रह रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी धर्मों के साथ विश्वास बढाते हुए सभी का विकास कर रहे हैं।महतारी सभा में उन्होंने कहा कि रामराज्य में आप सभी रामलला का दर्शन करने अयोध्या जाना है।अभी मथुरा भी बाकी है।इसके बाद मैडम सीएम ने रोड शो किया और भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। वहीं लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जशपुर शहर के बस स्टेण्ड एवं मनोरा और बगीचा में भी महतारी वंदन लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिलासपुर संभाग के सह कलस्टर प्रभारी कृष्ण कुमार राय ने सीधा कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होनें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी नरवा,गरूआ,घुरूवा और बाड़ी योजना पर हमला करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस योजना की आड़ में छत्तीसगढ़वासियों को ठगने का काम किया है। योजना में किये गए दावे हकीकत की जमीन से कोसो दूर रहे। ग्रामीणों के घर में ना तो बाड़ी बने और ना ही लाखों रूपये खर्च करके बनाए गए गौठानों में मवेशियों का चारा पानी। उन्होनें कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेयी ने किया था। अब इसे विकसीत राज्य बनाने का काम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार करेगी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी आर्थिक सशक्तीकरण का काम सिर्फ भाजपा ही करती है। भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में महिला आरक्षण देने का काम,डा रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने दिया था। अब केन्द्र सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिला आरक्षण देने का कानून पास कर दिया है। आने वाले चुनावों में इसका लाभ मिलेगा। लेकिन,कांग्रेस ने सत्ता मे रहने के बाद भी महिला आरक्षण कानून बनाने के लिए गंभीरता से प्रयास नहीं किया।

चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं का जनसम्पर्क हुआ तेज,रणनीतिकार कृष्णा राय ने जीत का आंकड़ा बढ़ाने के लिए दिया यह मंत्र

IMG 20240504 WA0016

जशपुर – लोकसभा चुनाव के लिए निर्धारित प्रचार अभियान के अंतिम दिन से पहले भारतीय जनता पार्टी ने जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार अभियान के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह,पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव,बिलासपुर संभाग के सह कलस्टर प्रभारी कृष्ण कुमार राय,विधायक रायमुनि भगत,विधानसभा संयोजक ओमप्रकाश सिन्हा ने जशपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनक्यारी,सन्ना,पंडरापाठ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन और महतारी लाभार्थी सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार अभियान के अंतिम दिन,रविवार 5 जून और इसके बाद घर घर जा कर,मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति पर विचार किया। सह कलस्टर प्रभारी कृष्ण कुमार राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा – आने वाले तीन दिन,लोकसभा चुनाव में बड़े अंतर से जीत हासिल करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होनें कहा कि रविवार को प्रचार अभियान का अंतिम दिन है। इस दिन का हम सबकों अधिकतम उपयोग करना है। इसके बाद,अगले दो दिन आदर्श आचरण संहिता का पालन करते हुए,घर घर जा कर मतदाताओं से संपर्क करना है। पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए खूब पसीना बहाया है। बचे हुए अंतिम तीन दिन में हमे पार्टी की जीत का अंतराल बढाने के लिए काम करना है। जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने महुआ में आयोजित महतारी लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है,उसे पूरा करके दिखाती है। विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के तहत किये गए 80 प्रतिशत वायदे पूरा कर दिया गया है। जो बचे हुए है,उसे भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा। उन्होनें कहा कि महतारी वंदन योजना इसका जीवंत उदाहरण है। लाभार्थियों के खाते में इस योजना की तीन किश्त की राशि आ चुकी है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत, गोपाल राय, युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव, डीडीसी रीना बरला, सत्येन्द्र सिंह, आलोक राय, सुनिल सोनी, विजय सोनी, कृपा शंकर भगत, नसरुल्लाह सिद्दीकी, प्रभाकर यादव, मंगल राम, हरिशंकर यादव, त्रिवेणी यादव, रामनारायण यादव, काजल राय, बलवंत गुप्ता, गुड्डू सिद्दीकी, मोहम्मद इलियास, बलवंत गुप्ता, सोहन राम, देवलाल भगत, जुगनू यादव, काजल राय,नरेंद्र लकड़ा, रामस्वरूप यादव, शिवशंकर गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी सहित बूथ प्रभारी उपस्थित थे।

7 मई को पोलिंग बूथ में वोट डालने जरूर जाएं लेकिन उसके साथ बिल्कुल न जाएं

IMG 20240421 WA0025

जशपुर – 7 मई को रायगढ़ लोकसभा में मतदाता लोकतंत्र का महापर्व वोट देकर मनाने जा रहे हैं। पोलिंग बूथ में इस महापर्व को शांतिपूर्वक,पूरी गोपनीयता के साथ मनाने के लिए आपको मोबाईल लेकर नहीं जाना है। दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि मतदान के दिन कोई भी मतदाता मोबाइल लेकर मतदान केंद्र में प्रवेश न कर सके। इसके लिए सभी पोलिंग बूथों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। मतदान केंद्र पर मोबाइल पकड़े जाने पर सुरक्षाकर्मी उसे जब्त कर सकेंगे,या वहा उपस्थित बीएलओ या मतदान कर्मी उसे बाहर ही स्विच ऑफ कर के जमा कराएंगे,जिसकी जिम्मेदारी मतदाता की भी होगी।असुविधा से बचने के लिए बेहतर है कि मतदान केंद्र पर मोबाइल लेकर न जाएं ।क्योंकि मतदान केंद्र के भीतर किसी भी तरह से फोन या कैमरे के उपयोग से मतदान की गोपनीयता भंग होती है ।जो स्पष्ट रूप से लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 128 का उल्लंघन है।जिसमे अधिनियम के तहत निर्धारित सजा का भी प्रावधान है। नियमों का उल्लंघन करने पर एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बीते कई चुनावों में इस तरह की खबरें आई कि कई मतदाताओं ने पोलिंग बूथ में वोटिंग करते समय अपनी निष्ठा जताने या अन्य किसी स्वार्थ सिद्धि के लिए ईवीएम की फोटो ली।इससे भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रणाली में सेंध माना और मतदाताओं को ऐसा करने से रोकने के लिए मोबाइल को ही प्रतिबंधित कर दिया। लोकतंत्र के इस महापर्व पर  ख़बर JANपक्ष  सभी  पाठक मतदाताओं  से अपील करता है कि शत प्रतिशत मतदान करने के लिए 7 मई को पहले मतदान फिर जलपान करें।मतदान के नियमों का उल्लंघन ना करें।