*मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशव्यापी धान खरीदी महापर्व का किया शुभारंभ,किसानों ने भांठागांव (बी) खरीदी केन्द्र में बेचा अपना धान*

IMG 20241115 101400

*सहकारी बैंक मोहंदीपाट की नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण* रायपुर, 15 नवम्बर 2024/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्य में समर्थन मूल्य पर किसानों से प्रदेशव्यापी धान खरीदी महापर्व का शुभारंभ बालोद जिले के भांठागांव (बी) धान खरीदी केन्द्र से किया। इसी के साथ राज्य में किसानों से धान खरीदी की शुरूआत हो गई है, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने भांठागांव (बी) उपार्जन केन्द्र पहुंचने के बाद इलेक्ट्रॉनिक तौल एवं अन्य यंत्रों का पूजन और वहां उपस्थित किसानों को माला पहना कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने किसान भाईयों को धान खरीदी महापर्व के शुभारंभ की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में ग्राम भांठागांव के किसान भागबली ने कुल 148 क्विंटल और  हरिराम ने 65 क्विंटल 20 किलो धान की बिक्री की। मुख्यमंत्री के सामने अपने धान की बिक्री होते देख किसान भागबली और हरिराम बहुत ही खुश नजर आ रहे थे। उक्त उपार्जन केन्द्र में 14 नवम्बर को धान खरीदी हेतु कुल 06 किसानों का टोकन काटा गया है। इस अवसर पर सीएम साय ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम मोहंदीपाट में 30 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित जिला सेवा सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा मर्यादित दुर्ग के नवीन शाखा भवन का लोकार्पण भी किया।उन्होंने इससे पूर्व छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्र पर माल्यार्पण करते हुए शहीद बिरसा मुंडा एवं गहिरा गुरु के तैल चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 31 जनवरी 2025 तक होगी। किसानों को उनके द्वारा बेचे गए धान के एवज में राज्य शासन द्वारा 72 घंटे भीतर उनके बैंक खाते में भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। राज्य में धान खरीदी के लिए 2,739 स्थापित किए गए हैं। इस साल धान बेचने के लिए 27,01,109 पंजीकृत किसानों द्वारा बोये गए धान का कुल रकबा 34,51,729 हेक्टेयर है। पंजीकृत किसानों में 1,35,891 नये किसान हैं। कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक  कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा, पूर्व विधायक बीरेंद्र साहू एवं राजेंद्र राय, कंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष हरबंश मिरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि पवन साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, कंवर समाज के जिला अध्यक्ष केश कुमार ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियो एवं विभिन्न समाज के पदाधिकारी, किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

कल जशपुर में ऐतिहासिक ‘माटी के वीर पदयात्रा’ का पूरा कार्यक्रम देखिए,,,सुबह से लेकर शाम तक जनजातीय समुदायों के भव्य प्रदर्शन के साक्षी बनेंगे दिग्गज नेता

collage

पूरे संभाग के जनजातीय कलाओं, व्यंजन, आभूषण संस्कृति का ‘माटी के वीर पदयात्रा’ में होगा प्रदर्शन युवाओं को जनजातीय संस्कृति की समृद्धि से कराया जाएगा अवगत जशपुर, 12 नवम्बर 2024/ जनजातीय युवाओं को जनजातीय संस्कृति से परिचित कराते हुए युवाओं को जागरूक करने एवं उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने हेतु भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 13 नवम्बर को सुबह 9 बजे से जनजातीय गौरव यात्रा ‘माटी के वीर पदयात्रा’ का आयोजन किया गया है। इस पदयात्रा में केंद्रीय युवा कार्यक्रम, खेल, श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ 10 हज़ार से अधिक माई भारत यूथ वालंटियर्स पदयात्रा करेंगे। इस पदयात्रा के लिए पूरे जिले में तैयारियां तीव्र गति से की जा रहीं हैं। इस पदयात्रा में पूरे संभाग की जनजातीय संस्कृति, नृत्यों, आभूषण, व्यंजन एवं परम्पराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें पुरनानगर पेट्रोल पंप के निकट बस्तर से आये गौर सिंग नाचा दल द्वारा स्वागत के साथ संभाग के सभी जिलों के हस्तशिल्प से बने आभूषणों का प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें जशपुर के बांस के पीढ़ा, छिन्द की चटाई, छोपी माहुल पत्ती की टोपी, छिन्द एवं कांसा की टोकरी, खोमरा (गुंगु), अम्बिकापुर की काष्टकला, बांसशिल्प कला, गोदना कला, सूरजपुर की बांस कला, बलरामपुर की वाद्ययंत्र, देवगुड़ी, जनजातीय आभूषण, मनेन्द्रगढ़ कोरिया की लकड़ी की बनी वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी जिलों के बने जनजातीय व्यंजनों का भी प्रदर्शन होगा। बालाछापर में पदयात्रा का स्वागत मुंडा नृत्य द्वारा किया जाएगा। वहीं गम्हरिया स्थित काष्ठागार के समीप काष्ठ कला के लाइव प्रदर्शन के साथ माई भारत कियोस्क पंजीयन, एवं जनजातीय खेलों का आयोजन होगा। इसके साथ ही करमा नृत्य द्वारा पदयात्रा का स्वागत किया जाएगा। गम्हरिया में दिया, खप्पर एवं हवनकुंड के निर्माण का प्रदर्शन किया जाएगा। अघोर पीठ के निकट गहिरा गुरु के भक्तों द्वारा गहिरा भजनों का पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही मुंडारी नृत्य दल द्वारा नृत्य करते हुए पदयात्रा की अगुवाई की जाएगी। रंगोली ढाबा के निकट जनजातीय दलों द्वारा जयद्रा नाचा एवं करमा नृत्य के अतिरिक्त सरगुजा संभाग में रहने वाली विशेष पिछड़ी जनजातीय समुदाय पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, पंडों एवं बैगा जनजाति के लोगों के द्वारा अपनी पारम्परिक वेशभूषा एवं संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। डोड़काचौरा बस्ती में कोरिया जिले के दल द्वारा शैला नृत्य एवं करमा नृत्य करते हुए पदयात्रा की अगुवाई करते हुए छिन्द की टोकरी, बांस की कलाकृति बनाने की जनजातीय कला का प्रदर्शन किया जाएगा। बांकी नदी पर स्थित पुल पर अम्बिकापुर के शैला नृत्य दल द्वारा पदयात्रा की अगुवाई करते हुए जनजातीय खेलों जैसे कबड्डी एवं खोखो का प्रदर्शन किया जाएगा। जैन मंदिर के समीप महादेवनाचा करते हुए बगीचा के दल के द्वारा पदयात्रा की अगुवाई की जाएगी जहां बांस की कलाकृति निर्माण के प्रदर्शन के साथ शास्त्रीय भजन संगीत का प्रदर्शन किया जाएगा। बिरसा मुंडा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनकी जीवन पर प्रकाश डालती आकर्षक प्रदर्शनी के साथ बगीचा के दल द्वारा मुण्डारी नृत्य द्वारा पदयात्रा का स्वागत किया जाएगा। महाराजा चौक पर करमा नृत्य एवं गुदुम बाजा के साथ सिहार पताई की टोपी निर्माण का प्रदर्शन किया जाएगा। ऐतिहासिक काली मंदिर एवं बालाजी मंदिर के निकट कैशव रामायण मण्डली के द्वारा रामायण पाठ द्वारा लोगों को अभिभूत किया जायेगा। वहीं जनजातीय दलों द्वारा अगरबत्ती एवं फूल माला निर्माण का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं बाला साहब देशपाण्डे उद्यान के निकट सूरजपुर के बायर नाचा दल द्वारा एवं अम्बेडकर चौक में मनेंद्रगढ़ के सुआ दल द्वारा पदयात्रा की अगुवाई की जाएगी। कुमार दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा के पास नगाड़ा बाजा के साथ नारायणपुर जिले के नृत्य दल द्वारा ककसार नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं रणजीता स्टेडियम में जनजातीय समाज के युवाओं एवं माई भारत युवा स्वयंसेवकों को संबोधित किया जाएगा।

*विशेष लेख* *मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयास से जशपुर बना एडवेंचर पर्यटन का मुख्य आकर्षण*

IMG 20241111 WA0019

*देश-प्रदेश में जशपुर जिला एडवेंचर टूरिज्म के लिए एक नई पहचान बन चुका**जशपुर, 11 नवम्बर 2024* /मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने पर्यटन को प्रोत्साहित करने और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पिछले वर्ष से व्यापक प्रयास शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री साय ने जशपुर की प्राकृतिक संपदा और रोमांचक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए इसे साहसिक खेलों के एक नए केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा है। उनके कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों के कारण, यह क्षेत्र अब न केवल राज्य में बल्कि पूरे देश में एक प्रमुख साहसिक पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध हो रहा है। जशप्योर और पहाड़ी बकरा एडवेंचर द्वारा हाल ही में आयोजित एक बाइक ट्रिप ने पूरे देश भर के राइडर्स को आकर्षित किया। देशभर से आए इन साहसी बाइकर्स ने जशपुर की घुमावदार सड़कों, कठिन ट्रेल्स, और हरे-भरे जंगलों का रोमांचक अनुभव लिया। इन राइडर्स को हिमालय राज्य जैसे लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कठिन रास्तो पर बाइकिंग अनुभव प्राप्त है और उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य की अनछुई प्राकृतिक सुंदरता को एक नए नजरिये से देखा। जशपुर का अनोखा प्राकृतिक आकर्षण जैसे रानी दह जलप्रपात, सारुडीह चाय बागान, किनकेल पाठ, चुरी और मक्करभज्जा जलप्रपात एवं यहाँ के जनजातीय संस्कृति एवं खाद्य उत्पाद उनके लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने। इसके अलावा, देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर में रॉक क्लाइम्बिंग एवं कैंपिंग तथा पंड्रापाठ में स्टार गेजिंग का रोमांचक अनुभव भी उनके लिए खास था। साहसिक खेल और पर्यटन केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि ये स्थानीय युवाओं के रोजगार का एक प्रमुख स्रोत भी बन सकते हैं। – विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन उनके मार्गदर्शन में स्थानीय युवाओं एवं जनजातीय लोगो को एडवेंचर खेलों की बारीकियों में अंतराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित किया जा चूका है। जशपुर के “देशदेखा क्लाइंबिंग सेक्टर” में स्थानीय गाइडों की मदद से रॉक क्लाइम्बिंग का आयोजन हुआ, जो अब देशभर में एडवेंचर खेलों के शौकीनों के बीच चर्चा में है। शुभम नामक एक अनुभवी रॉक क्लाइंबर ने बताया कि जशपुर का यह क्षेत्र अद्वितीय है। इसे देखकर समझ नहीं आता कि इतने सुंदर और साहसिक अनुभवों से लोग अनजान क्यों हैं। इस क्षेत्र को एडवेंचर पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थान मिलना चाहिए। इस टूर के दौरान पंड्रापाठ और सन्नापाठ जैसे क्षेत्रों में स्टार गेजिंग की संभावनाएं भी उजागर हुई हैं। इस यात्रा के दौरान एक विशेष स्टार गेजिंग सत्र का भी आयोजन किया गया था, जिसमें प्रतिभागियों ने खुली रात के आकाश में खगोलीय पिंडों को देखा और एस्ट्रोलॉजी के बारे में जाना। जशपुर का यह हिस्सा अब राष्ट्रीय स्तर पर स्टार गेजिंग के लिए उपयुक्त स्थान के रूप में देखा जा रहा है, जो पर्यटकों को एक विशेष और अनोखा अनुभव देने की क्षमता रखता है। बाइकर्स ने यहां के स्थानीय आदिवासी खान-पान और संस्कृति का भी आनंद लिया। जशप्योर द्वारा बनाये गए महुआ और मिलेट के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद, और आदिवासी घरों का दौरा कर उनके रहन-सहन और सांस्कृतिक धरोहर के बारे में जानना, उनके लिए यादगार अनुभव रहा। अंतराष्ट्रीय पर्वतारोहण गाइड, एक्सट्रीम एडवेंचर स्पोर्ट ट्रेनर एवं जिला एडवेंचर टूरिज्म के सलाहकार के स्वप्निल राचेलवार ने कहा की यह क्षेत्र विविध सम्भावनावो से परिपूर्ण है। यहाँ के स्थानीय एवं जनजातीय लोग ऐसे खेलो में प्राकृतिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होते हैं, और उचित मार्गदर्शन पाकर यहाँ से कई अन्तराष्ट्रीय स्तर के खिलाडी एवं पेशेवर गाइड उभर कर बहार आ सकते हैं। जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की इसी क्रमबद्ध पहल ने यह भी सुनिश्चित किया कि इस क्षेत्र का विकास पर्यावरण संरक्षण और आदिवासी संस्कृति के सम्मान के साथ हो। उनका सपना है कि जशपुर साहसिक खेलों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरे और इसके माध्यम से स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाया जाए। जशपुर अब एडवेंचर खेलों का छत्तीसगढ़ में एक नया केंद्र बनकर उभर चूका है। यह न केवल केंद्रीय भारत बल्कि सपूर्ण राष्ट्र में एडवेंचर खेलों का हॉटस्पॉट बनने की ओर अग्रसर है, जहाँ पर्यटक एक अलग और अनोखा अनुभव पा सकते हैं। स्रोत – जनसम्पर्क विभाग, जशपुर

जशपुर प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दी दीपावली की शुभकामनाएं

IMG 20241101 WA0029

जशपुर,02 नवम्बर 2024- दीपावली के शुभ अवसर पर जशपुर प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सीएम हाउस बगिया में भेंट की और उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात का स्वागत करते हुए उन्हें भी दीपावली की मंगलकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों का यह समय सभी को मिलकर काम करने और एकजुट रहने का अवसर प्रदान करता है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रेस क्लब के सदस्य जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह से भी मिले और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।इस दौरान सहायक संचालक व जिला जनसम्पर्क अधिकारी श्रीमती नूतन सिदार भी मौजूद रहीं।   इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात ने जिले में अधिकारियों और पत्रकारों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय की भावना को बढ़ावा दिया। प्रेस क्लब के सदस्यों ने इस अवसर पर आशा व्यक्त की कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र के विकास में सभी का सहयोग बना रहेगा। इस अवसर पर जशपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष विकास पांडे, वरिष्ठ पत्रकार एवं संरक्षक विष्णु जोशी, विजय त्रिपाठी, विनोद शर्मा, सीएम हाउस बगिया के मीडिया प्रभारी टंकेश्वर यादव, संतोष चौधरी, आनंद गुप्ता, राजेश पांडे, सुरेंद्र चेतवानी, दीपक सिंह, योगेश थवाईत, संजीत यादव, नवीन ओझा, प्रशांत सहाय, नीरज गुप्ता, शिवप्रताप सिंह, सागर जोशी, निरंजन मोहंती, परेश दास, मिथलेश गुप्ता, गणेश साहू, मयंक शर्मा, सजन बंजारा, नवीन शर्मा, अभिषेक शुक्ला, कमलेश अम्बस्थ, धवलेश्वर सिंह, सुमीत ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को दीपावली पर दिया उपहार, हितग्राहियों ने उपहारस्वरूप धान की बाली भेंट की

IMG 20241101 WA0022

जशपुर, 01 नवंबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को अपने निवास कार्यालय, बगिया में आमंत्रित कर विशेष उपहार और शुभकामनाएं दीं। इस आत्मीय भेंट के दौरान हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ धान की बाली उपहारस्वरूप भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी श्रीमती तिलासो बाई से विशेष रूप से मिट्टी के दीये और कलश की खरीदारी की। उल्लेखनीय है कि माटी कला बोर्ड द्वारा श्रीमती तिलासो बाई को कुम्भकार टेराकोटा योजना के तहत इलेक्ट्रिक चाक प्रदान किया गया है, जिसके माध्यम से वह विभिन्न मिट्टी के उत्पादों का निर्माण कर रही हैं। दीपावली के दौरान उनके उत्पादों की मांग बढ़ने से उनकी आय में भी वृद्धि हुई है। हितग्राही तिलासो बाई और उनके साथ आए अन्य लाभार्थी, जैसे नवीता पैंकरा, अमृता बाई, रजनी चौहान, कुमारी शशि चौहान ने मुख्यमंत्री से आवास प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की और मुख्यमंत्री की विशेष पहल के लिए आभार जताया। इस अवसर पर जशपुर कलेक्टर  रोहित व्यास और पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह भी उपस्थित रहे। इलेक्ट्रिक चाक से बढ़ी कार्यकुशलता, आमदनी में इजाफा श्रीमती तिलासो बाई ने बताया कि माटी कला बोर्ड द्वारा प्राप्त इलेक्ट्रिक चाक से उनकी कार्यकुशलता में बढ़ोतरी हुई है। अब वे दीये, चिमनी, गुल्लक सहित अन्य मिट्टी के सामानों का निर्माण तेजी से कर पाती हैं। दीपावली के दौरान उनके उत्पादों की अच्छी बिक्री हुई, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।  

बड़ी खबर: व्यापारी के घर में लगी आग, पुलिस और फायर बिग्रेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला

IMG 20241101 WA0014

जशपुर/कुनकुरी:),1 नववम्बर 2024 – आज सुबह लगभग 5:30 बजे कुनकुरी के एक मोबाइल व्यवसायी पवन लड्ढा के घर में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई, और लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। घटना जैन मंदिर के पीछे स्थित गली की है। सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना प्रभारी सुनील सिंह ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसी बीच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह निवास बगिया से भी एक अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहन घटनास्थल पर भेजा गया। कुशल अग्निशमन प्रयासों के चलते कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पूजा के कमरे में लगी थी। यह शॉर्ट सर्किट या दीये से जलने के कारण हो सकती है, लेकिन इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। इस त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कुनकुरी पुलिस प्रशासन, और फायर ब्रिगेड टीम की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। इस राहत कार्य में थाना प्रभारी सुनील सिंह के साथ नंदलाल यादव,ढलेश्वर यादव जितेन्द्र गुप्ता,मनोज एक्का, आदित्य साय, और फायर ब्रिगेड टीम के सैनिक मत्थू नारायण, अजय आगापित, प्रकाश तथा नगर पंचायत के चालक पंचम कुजूर की भी अहम भूमिका रही।  

मुख्यमंत्री का जशपुर आगमन: बगिया हैलीपेड पर हुआ आत्मीय स्वागत,देखें तस्वीरें

1002542390

जशपुर, 31 अक्टूबर 2024 – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज जशपुर में बगिया हैलीपेड पर आत्मीय स्वागत किया गया। विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर  रोहित व्यास और पुलिस अधीक्षक  शशी मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री साय अपने प्रवास के दौरान माँ जसमनी देवी का आशीर्वाद प्राप्त कर नवाखानी पर्व और दीपावली मनाने आए हैं। जानकारी के अनुसार, श्री साय आज अपने निवास ‘श्रीराम सदन’ बगिया में रहेंगे, जहां जिले भर से नेता, अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उन्हें दीपावली की शुभकामनाएँ देने पहुंच रहे हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री साय इस बार अपने परिवार के सदस्यों,इष्टजनों के साथ अधिक समय बिताने का मन बना रहे हैं।  

राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नागरिकों के साथ लगाई दौड़

1002536173

रायपुर, 29 अक्टूबर 2024 – राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानीवासियों के साथ देश की एकता और अखंडता के लिए दौड़ लगाई। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर में एकता, फिटनेस और भाईचारे का संदेश फैलाना था। मुख्यमंत्री ने एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा, “रन फॉर यूनिटी हम सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।” मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार पटेल का पुण्य स्मरण करते हुए उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान सरदार पटेल ने अंग्रेजों के खिलाफ कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया, और स्वतंत्रता के बाद उनके प्रयासों से ही रियासतों का एकीकरण संभव हो सका। मुख्यमंत्री साय ने कहा, “सरदार पटेल ने जिस संकल्प और साहस के साथ राष्ट्र को एकजुट किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।” इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और गुरु खुशवंत साहेब ने भी दौड़ में हिस्सा लिया। मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि यह दिवस हमें देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा, “रन फॉर यूनिटी देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और इसे पूरा करने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। दीपावली के उत्सव को देखते हुए इस वर्ष ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन 29 अक्टूबर को किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी को धनतेरस, दीपावली, राज्य स्थापना दिवस, अन्नकूट और छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।  

‘विष्णु’ के घर श्रीराम सदन बगिया से अयोध्या में भाँचा श्रीराम के चरणों तक जाएगी मिट्टी,छत्तीसगढ़ से सायकिल पर जा रहा यश जशपुर पहुंचा,,,

1002533825

जशपुर,28 अक्टूबर 2024 – राजनांदगांव जिले के यश सोनी सायकिल पर सवार होकर श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या की यात्रा पर निकले हैं। छग के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृहनिवास बगिया स्थित श्रीराम सदन में श्री साय के पारिवारिक सदस्य ने तुलसी चौरा की मिट्टी दी है।इस मिट्टी को छत्तीसगढ़ के पावन स्थलों से ली हुई मिट्टी के साथ मिलाकर प्रभु श्रीराम के चरणों तक पहुंचाएंगे। यश सोनी ने बताया कि वे 20 तारीख को राजनांदगांव के अपने घर से हीरो की सामान्य सायकिल लेकर अयोध्या के लिए निकले हैं।इस यात्रा का उद्देश्य बताते हुए कहा कि पिछले साल मैंने सायकिल से छग के पूरे 33 जिले का भ्रमण करते हुए मिट्टी एकत्रित किया था। मेरे दिमाग मे आया कि प्रत्येक व्यक्ति जिसकी आस्था-प्रार्थना प्रभु श्रीराम तक व्यस्तता,बीमारी या अन्य परिस्थिति अनुसार नहीं पहुंच पा रही है तो मेरे दिमाग में विचार आया छत्तीसगढ़ की मिट्टी लेकर पूरे छत्तीसगढ़ की प्रार्थना प्रभु श्रीराम तक पहुंचाऊं और मैं लक्ष्य की ओर निकल पड़ा हूँ।यश ने इस बात का जिक्र भी किया कि कल 27 अक्टूबर को रास्ते में जगह-जगह मेरे बैग की जांच की गई,जिससे आने में काफी परेशानी हुई।यश ने यह भी बताया कि जशपुर में रात्रि विश्राम के बाद वह बिहार के लिए रवाना होगा जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर आगे बढ़ेगा।सायकिल यात्री यश ने एक सप्ताह में अयोध्या पहुंचने की उम्मीद जताई है।

जशपुर जिले को स्वास्थ्य सेवा में बड़ी सौगात, 35.53 करोड़ से होगा जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय का आधुनिकीकरण

1002533078

जशपुर,28 अक्टूबर2024 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जिले को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। गम्हरिया रोड पर वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा संचालित जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय का 35.53 करोड़ की लागत से आधुनिकीकरण किया जाएगा। एनटीपीसी लारा ने इस परियोजना के लिए राशि स्वीकृत कर दी है। इसके बाद यह अस्पताल 100 बिस्तरों के साथ आधुनिक उपकरणों से लैस होगा, जिससे जशपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने जिले में 220 बिस्तर का एक अत्याधुनिक अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बनाने की भी घोषणा की थी। साथ ही, पिछले 10 महीनों में 15 अतिरिक्त एंबुलेंस, डायलिसिस केंद्र, और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने जैसे कई कदम भी उठाए गए हैं।