कलेक्टर- एसएसपी ने दोकड़ा जगन्नाथ मंदिर के निर्माण कार्य का अवलोकन किया,मुख्यमंत्री के संभावित दौरा को देखते हुए तैयारी का लिया जायजा

IMG 20250516 WA0035

जशपुर 16 मई 25/ कलेक्टर  रोहित व्यास और एस एस पी  शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को कांसाबेल विकास खंड के दोकड़ा में जगन्नाथ मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना को देखते हुए तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों के लिए छाया पानी, बिजली स्वास्थ्य सुविधाएं, पार्किंग सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों के लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ  अभिषेक कुमार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एसडीएम बगीचा  रितुराज बिसेन सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

क्रेडा विभाग में भ्रष्टाचार का सूरज चमका, सौर सुजला योजना में खुली ठेकेदारी की पोल मुख्यमंत्री के जिले में सहायक अभियंता के कारनामे सवालों के घेरे में, सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा भ्रष्टाचार?

FB IMG 1746102432351

जशपुर,02 मई 2025 – जिले के क्रेडा विभाग में सौर सुजला योजना के साथ भ्रष्टाचार की नई इबारत लिखी जा रही है। विभाग के सहायक अभियंता निलेश श्रीवास्तव पर खुलेआम ठेकेदारी करने, ईकाई संचालकों से कमीशन वसूलने और योजनाओं को निजी व्यवसाय में बदलने के गंभीर आरोप लगे हैं।सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार श्रीवास्तव न केवल विभागीय कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं, बल्कि अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ मिलकर योजनाओं को ठेकेदारी का जरिया बना चुके हैं। SSY, SHM, JJM सहित अन्य योजनाओं में टेक्नीशियन और हेल्परों के माध्यम से काम बंटवाया जा रहा है, और ईकाई वालों से JCC निकलवाने तक हर मोड़ पर “सुविधा शुल्क” वसूला जा रहा है। इतना ही नहीं, हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ दिलाने से पहले कमीशन तय करने की बात की जा रही है। आरोप तो यह भी है कि यह अधिकारी यूपीआई से भी रिश्वत स्वीकार कर रहे हैं, जो तकनीकी रूप से डिजिटल भ्रष्टाचार का नया उदाहरण बनता है।तस्वीरें जो सोशल मीडिया में तैर रही हैं – पूर्व में सूरजपुर जिले में भी इन पर ऐसे ही आरोप लग चुके हैं, जहां इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी हुई थी, लेकिन शायद सबक नहीं मिला। सत्ता का संरक्षण या उदासीन प्रशासन? सबसे गंभीर सवाल यह है कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद अधिकारी पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। क्या सत्तारूढ़ दल के कुछ प्रभावशाली लोग इन्हें संरक्षण दे रहे हैं? जनता  पूछ रही है — क्या मुख्यमंत्री के जिले में अधिकारियों को सिर्फ भ्रष्टाचार फैलाने के लिए नियुक्त किया गया है? क्या विष्णु सरकार का सुदर्शन चक्र ऐसे भ्रष्टाचारियों पर चलेगा या यह सिर्फ नारे तक ही सीमित रहेगा? अब जनता जवाब चाहती है। जशपुर की जनता इस पूरे मामले पर सीधी कार्रवाई की मांग कर रही है। अगर ऐसे अधिकारियों पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया, तो सौर ऊर्जा जैसी लोक-कल्याणकारी योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएंगी।एक समर्पित भाजपाई ने इस मामले पर चुटकी लेते हुए कहा – यह अधिकारी सत्ता की जांघ में चिपका वह जोंक है जो धनरक्त चूस रहा है। बहरहाल,भ्रष्टाचार के इस चर्चे पर अधिकारी का क्या कहना है,यह उनका पक्ष सामने आते ही पाठकों को बताया जाएगा।फिलहाल उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।

कलेक्टर रोहित व्यास ने खुद उठाया कचरा, कहा – “स्वच्छ गांव, स्वस्थ जीवन का आधार है”

IMG 20250412 WA0009

ग्राम करडेगा में कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर किया श्रमदान, दी स्वच्छता की बड़ी मिसाल जशपुर, 12 अप्रैल 2025– छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से आई है स्वच्छता की एक प्रेरणादायक तस्वीर। दुलदुला जनपद के ग्राम पंचायत करडेगा में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों ने एक साथ मिलकर स्वच्छता श्रमदान किया। कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने स्वयं श्रमदान करते हुए करडे़गा के बाजारडांड परिसर की सफाई की और ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस अभियान की सबसे खास बात रही कि कलेक्टर ने स्वयं झाड़ू उठाकर और कचरा उठाकर जीवन में स्वच्छता के महत्व को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा – “अगर गांव स्वच्छ और सुंदर रहेगा तो बीमारियां नहीं फैलेंगी, लोग स्वस्थ रहेंगे और अस्पतालों की ज़रूरत भी कम पड़ेगी।” कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में सफाई और योग को भी शामिल करें। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और ऊर्जा भी देता है, जिससे दिनचर्या बेहतर और संतुलित बनती है। गांव करडेगा में हुआ यह स्वच्छता अभियान न केवल जिले के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक मिसाल बन गया है। यह उदाहरण दिखाता है कि जब प्रशासन और आम नागरिक साथ आएं, तो कोई भी बदलाव संभव है।

धर्मांतरण मामले में सड़क पर उतरे लोग, हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या की गिरफ्तारी की मांग तेज,हिंदू संगठनों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

IMG 20250410 WA0039

जशपुर/कुनकुरी, 10 अप्रैल 2025 – हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या विंसी जोसफ पर धर्मांतरण की कोशिश के आरोप के बाद कुनकुरी में आज धार्मिक आक्रोश फूट पड़ा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के बैनर तले बुधवार को हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। सलियाटोली के नर्सरी से जयस्तंभ चौक तक निकली जनाक्रोश रैली का नेतृत्व संत राकेश महाराज ने किया। रैली जब हॉलीक्रॉस अस्पताल के पास पहुंची, तो कुछ देर के लिए उसे रोक दिया गया और आक्रोशित युवाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी । स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए सड़क पर बैठे कार्यकर्ताओं को हटाया और रैली को आगे बढ़ाया। भीड़ ने कुनकुरी थाने के सामने भी प्राचार्या विंसी जोसफ की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान धर्मांतरण में लिप्त संस्थाओं पर ताला लगाने के नारे भी लगे। जय स्तंभ चौक पर रैली सभा में बदली, जहां संत राकेश महाराज ने कहा कि “हमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार पर पूरा भरोसा है, लेकिन जब एफआईआर दर्ज हो चुका है, तो अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?” उन्होंने प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सभा के पश्चात प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कुनकुरी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। रैली को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। शहर में जगह-जगह फोर्स की तैनाती की गई थी। हालांकि, विश्वस्त सूत्रों के अनुसार आयोजक 10 हजार लोगों की भीड़ जुटाने के अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके, लेकिन मुख्यमंत्री की विधानसभा में इस तरह हिंदू संगठनों का सड़कों पर उतरना स्थानीय राजनीति और सामाजिक वातावरण में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। रैली में विजय आदित्य सिंह जूदेव, संतोष सहाय, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह समेत बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। इस मामले ने कुनकुरी में धार्मिक और राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज में धर्मांतरण के प्रयास का आरोप, जांच में जुटी प्रशासनिक टीम — मामला गरमाया, सियासी हलचल तेज

IMG 20250402 18402866

जशपुर, 5 अप्रैल 2025: जिले के कुनकुरी स्थित हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज पहली बार विवादों में घिर गया है। कॉलेज में अध्ययनरत एक छात्रा द्वारा धर्मांतरण के प्रयास की शिकायत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने 3 अप्रैल को इस मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की, जो लगातार तीन दिनों से जमीनी पड़ताल में जुटी हुई है। जांच टीम ने पीड़िता छात्रा और मुख्य गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही कॉलेज प्रशासन से बहुत सारे दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। 5 अप्रैल को टीम ने कॉलेज की प्राचार्या विंसी जोसफ़ से घंटों पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, टीम को जांच के दौरान कई प्रशासनिक अनियमितताएं और दस्तावेजीय विसंगतियाँ भी मिली हैं। मामले को दबाने की कोशिश,चर्च से जुड़े लोगों की भूमिका पर उठे सवाल जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस पूरे घटनाक्रम में चर्च से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ रही है। खबर है कि कुछ प्रभावशाली लोग मामले को दबाने की कोशिश में जुटे हैं।पुख़्ता खबर है कि मुख्य गवाह को धमकियां मिल रही है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर पूरी की जाएगी। मामले में विश्व हिंदू परिषद और राजपरिवार कूदा घटना के सामने आते ही विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करणैल सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। वे लगातार हिन्दू समाज की बैठकों का नेतृत्व कर रहे हैं और एक बड़े जन आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उनका कहना है कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मुद्दे पर राजपरिवार के सदस्य विजय आदित्य सिंह जूदेव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि यदि धर्मांतरण जैसे कार्यों पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज में तालाबंदी की जाएगी। उनका यह बयान सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया में उबाल,कार्रवाई की मांग हुई तेज सोशल मीडिया पर इस प्रकरण को लेकर जनता की प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। धर्मांतरण जैसे संवेदनशील विषय पर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और कॉलेज प्रशासन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। समिति जांच रिपोर्ट कलेक्टर को कल सौंप सकती है सूत्रों के मुताबिक, जांच समिति को अब तक की जांच में कई अहम सबूत और गवाहियों की जानकारी मिली है। संभावना जताई जा रही है कि समिति 6 अप्रैल को कलेक्टर रोहित व्यास को अपना विस्तृत जांच प्रतिवेदन सौंप सकती है, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई संभव है।

धर्मांतरण : हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल का आया बयान,छात्रा के बारे में बताई बात,,,

IMG 20250403 21163819

जशपुर ,03 अप्रैल 2025 – हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी की एक छात्रा द्वारा प्रिंसिपल विंसी जोसफ पर जबरन धर्मांतरण की कोशिश का आरोप लगाया है।जिसपर आज शाम 5 बजे प्रिंसिपल ने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए आरोप को बेबुनियाद बताया है। प्राचार्य ने बताया कि वह 2012 से प्रिंसिपल है और नर्सिंग की ट्रेनिंग करा रही है।जिस छात्रा ने धर्मांतरण का आरोप लगाया है,वह कक्षा में नहीं आती और न ही अस्पताल में अपनी ड्यूटी कर रही है। दो दिन पहले वह छात्रा आई थी तो उसे कहा कि अपना पढाई पूरा कीजिये,ड्यूटी पूरा कीजिए,अपना नर्सिंग का पढाई पूरा कीजिये और आगे जाइये। प्रिंसिपल विंसी ने यह भी कहा कि हम धर्मांतरण नहीं करते हैं।हमारे नर्सिंग कालेज और जीएनएम में 312 स्टूडेंट्स ट्रेनिंग ले रहे हैं।जिसमें लगभग 40 स्टूडेंट गैर ईसाई हैं।यह अल्पसंख्यक संस्था है।मैंने या मेरे किसी भी सिस्टर ने किसी को भी कन्वर्ट करने का काम नहीं किया है।जो स्टूडेंट हैं उन्हें चर्च जाने से मना नहीं किया है।जिसको जाना है जा सकता है। वहीं छात्रा ने और छात्रा की माँ ने बताया कि सिस्टर विंसी बेटी को सिस्टर लाइन में भेजना चाहती थी और उस लाइन में जाने के लिए ईसाई धर्म अपनाना पड़ता जो छात्रा और उसके माता-पिता को स्वीकार नहीं था।छात्रा ने आज मीडिया को बताया कि सिस्टर की धर्मपरिवर्तन करने की बात नहीं मानी तो वह मुझे बहुत परेशान की।यह बात अन्य छात्रा के अलावा माँ को भी बताई थी। छात्रा की माँ ने कहा कि सिस्टर ने मुझे कभी नहीं कहा कि धर्मपरिवर्तन कर लो लेकिन छोटी-छोटी बात पर हमें बुलाकर बेटी के बारे में खूब उल्टा सीधा बोलती है। बेटी को मैं हमेशा कहती रहती हूँ कि  हम हिन्दू धर्म से हैं तो सिस्टर बनने क्यों ईसाई धर्म में जाएँ,शादी नहीं करना चाहती है तो हमारे धर्म में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी में जाकर सेवा करेगी। बहरहाल,धर्मांतरण के मामले में दोनों पक्ष अब आमने-सामने हो गए हैं।नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल छात्रा के आरोपों को खारिज कर रही है वहीं इसे छात्रा धर्म नहीं बदलने की सजा बता रही है। बता दें कि कलेक्टर,एसएसपी जशपुर को छात्रा ने 2 अप्रैल को शिकायत दी है।जिसपर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने की दशा में हिन्दू संगठन भी एक्शन के मूड में है।ऐसी सुगबुगाहट आज शाम से मिल रही है।

हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी में धर्म परिवर्तन का दबाव, छात्रा का आरोप – जिला प्रशासन से की शिकायत,विहिप ने दी चेतावनी

IMG 20250402 18402866

जशपुर,02 अप्रैल 2025 – बड़ी खबर कुनकुरी से सामने आई है जहाँ हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी की एक छात्रा ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि कॉलेज की प्रिंसिपल सिस्टर विंसी जोसेफ द्वारा उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया और मना करने पर मानसिक प्रताड़ना दी गई। कलेक्टर जशपुर को छात्रा ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि वह कॉलेज में  नर्सिंग कोर्स के अंतिम वर्ष की छात्रा है और उसे फर्स्ट ईयर में दाखिले के लगभग 3 महीने बाद से ही सिस्टर विंसी द्वारा धर्म परिवर्तन कर नन बनने के लिए बार-बार दबाव डाला गया। जब उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो प्रबंधन ने उसके साथ भेदभाव करना शुरू कर दिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि 01 अप्रैल 2024 को उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया और कॉलेज परिसर में प्रवेश से भी रोका गया। इसके बाद उसे पढ़ाई और वार्षिक परीक्षा से वंचित करने की कोशिश की गई। जब उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तब जाकर उसे परीक्षा में बैठने दिया गया, लेकिन प्रबंधन ने उसे प्रैक्टिकल परीक्षा से बाहर रखने की कोशिश की।सिस्टर विंसी छात्रा का शैक्षणिक जीवन खराब कर रही है। छात्रा ने इस उत्पीड़न के खिलाफ जशपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रा ने एएसपी शशिमोहन सिंह को भी शिकायत की एक कॉपी सौंपी है। छात्रा ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी। इस शिकायत के बारे में जैसे ही हिन्दू संगठन विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख करनैल सिंह को जानकारी मिली तो उन्होंने इस विषय को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।करनैल सिंह ने कहा कि ” शिक्षा और सेवा को धर्मान्तरण का हथियार बनाने वाली मिशनरी संस्था में एक गरीब हिन्दू लड़की को नन बनाने के लिए उसे धर्मपरिवर्तन करने के लिए प्रताड़ित करने से सर्व हिन्दू समाज आहत है।यदि कलेक्टर ,एसपी इस विषय पर तत्काल कार्रवाई कर दोषी संस्था को बंद करते हुए धर्मांतरण करने के लिए छात्रा को फेल करने तक कि साजिश रचनेवाली संस्था प्रमुख को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो हमें मजबूरन सड़क पर उतरना होगा।” इस मामले में ख़बर ज़नपक्ष हॉलीक्रॉस नर्सिंग कालेज प्रबंधन का पक्ष जानने की कोशिश कर रहा है ,जैसे ही उनका पक्ष सामने आता है,पाठकों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा।

कलेक्टर और एसएसपी का सराहनीय प्रयास: जेल, नशा मुक्ति केंद्र और बाल संरक्षण गृह का किया निरीक्षण

IMG 20250331 WA0019

जशपुर, 31 मार्च 2025 – जशपुर जिले में कानून-व्यवस्था और समाज कल्याण को मजबूत करने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन सिंह लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने जिला जेल, नशा मुक्ति केंद्र और बाल सम्प्रेक्षण गृह का आकस्मिक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सुधार के महत्वपूर्ण निर्देश दिए। जेल में सुरक्षा और सुधार पर विशेष ध्यान कलेक्टर और एसएसपी ने जिला जेल का निरीक्षण कर बंदियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कैदियों को ईद और चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और उन्हें सही राह पर लौटने की प्रेरणा दी। जेल में भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने बंदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देने, गंभीर रूप से बीमार कैदियों का इलाज सुनिश्चित करने और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। नशा मुक्त समाज की ओर कदम इसके बाद कलेक्टर और एसएसपी ने नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया, जहां नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों को एक माह तक इलाज और काउंसलिंग दी जाती है। अधिकारियों ने भर्ती मरीजों को नशे से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी और समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि घर लौटने के बाद इन व्यक्तियों की ट्रैकिंग की जाए, ताकि वे पुनः नशे की चपेट में न आएं। बच्चों के भविष्य को संवारने की पहल कलेक्टर रोहित व्यास ने बाल सम्प्रेक्षण गृह और बालिका खुला आश्रय गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और खेल-कूद गतिविधियों की समीक्षा की। बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, कौशल विकास में प्रशिक्षित करने और खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। कलेक्टर ने बच्चों को बैडमिंटन, बैट और बॉल उपहार स्वरूप भेंट किए, जिससे बच्चे उत्साहित हुए और उन्होंने कलेक्टर को धन्यवाद दिया। बहरहाल,इन तीनों स्थानों के निरीक्षण से कहा जा सकता है कि जिला प्रशासन केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सुधार की दिशा में भी ठोस कदम उठा रहा है।

कोई है,,,,,,साहब ने सुशासन का झंडा बुलंद करने दफ्तर छोड़ा

IMG 20250102 WA0008

*जशपुर/मनोरा,02 जनवरी 2025 – जब पूरा देश नए साल के जश्न में खोया हुआ था, मनोरा ब्लॉक के कर्मठ ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) संजय पटेल ने सुशासन की परिभाषा ही बदल दी। बीईओ साहब ने नए साल का स्वागत अपने “फील्ड” में किया। अब फील्ड का मतलब यहां दोहरा है – एक सरकारी क्षेत्र का, दूसरा असली खेत-मैदान वाला। 1 जनवरी को जब हमारा “सरकारी दफ्तरों में सुशासन कैसा चल रहा है?” विषय पर उनके कार्यालय का दौरा हुआ, तो वहां एक महिला पियून ड्यूटी करती मिली। दूसरे कर्मचारी, जिनका नाम  लेटगू राम है, जो घर का बिजली वायरिंग कराने के लिए पहले ही दफ्तर छोड़ चुके थे। संजय पटेल ने बताया कि नए साल पर भी तीन कर्मचारी – दीपांशु, विभा और अन्य – छुट्टी पर चले गए थे। लेकिन खुद बीईओ साहब ने फील्ड जाने का बीड़ा उठाया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों “अपार पहचान” बनाने के लिए अभिभावकों का इंतजार करने के बाद ही फील्ड का रुख किया गया। आपको लगता है क्या कि विष्णु के सुशासन और कलेक्टर रोहित व्यास के प्रशासन में मनोरा के बीईओ संजय पटेल जैसे अधिकारी नए साल का जश्न मनाने का साहस कर सकते हैं? आखिर, जब जिम्मेदारी की बात आती है, तो पटेल साहब पूरे ब्लॉक को दिखा देते हैं कि सुशासन का मतलब सिर्फ कुर्सी पर बैठना नहीं, बल्कि “फील्ड” में पसीना बहाना है।ऐसे कर्मठ अधिकारी को, जो 1 जनवरी को भी सुशासन का झंडा उठाए हुए हैं, उनकी कर्मठता पर शाबाशी जरूर दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जशपुर दौरा: विकास कार्यों का लोकार्पण और जन संवाद

1002542306 scaled

जशपुर,24 दिसंबर2024 – जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 और 26 दिसंबर को दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले के तीन प्रमुख कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें अटल सुशासन समारोह, विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन, और जन संवाद शामिल हैं। उनके साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पहला दिन: 25 दिसंबर मुख्यमंत्री साय 25 दिसंबर को रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा कुनकुरी के सलियाटोली खेल मैदान पहुंचेंगे। वहां वे भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अटल सुशासन समारोह में शामिल होंगे। समारोह में शामिल रहेंगे ये प्रमुख नेता: लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत जिला भाजपा अध्यक्ष सुनील गुप्ता जिला महामंत्री भरत सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। अटल सुशासन चौपाल कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सराइटोला में आयोजित अटल सुशासन चौपाल में शामिल होंगे। यहां वे जनता से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान प्रदान करेंगे। रात्रि विश्राम मुख्यमंत्री साय दिनभर के कार्यक्रमों के बाद अपने गृह निवास बगीचा में रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरा दिन: 26 दिसंबर दौरे के दूसरे दिन, मुख्यमंत्री बगीचा के घुघरी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहां से वे रायपुर के लिए रवाना होंगे। प्रशासनिक तैयारी पूरी जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सलियाटोली खेल मैदान और सराइटोला चौपाल में मंच, सुरक्षा व्यवस्था और जनसभा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। जनता की उम्मीदें बढ़ीं मुख्यमंत्री साय के इस दौरे से जनता में विकास कार्यों को लेकर उत्साह है। अटल सुशासन चौपाल के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।