जशपुर में राज्योत्सव: छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत और उज्ज्वल भविष्य की दिखेगी झलक,रंगारंग कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर

IMG 20241104 WA0000

रणजीता स्टेडियम में 5 नवम्बर को जिला स्तरीय कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विकास प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण जशपुर, 04 नवम्बर 2024 – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष जशपुर में राज्योत्सव 2024 के आयोजन की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। रणजीता स्टेडियम में 5 नवम्बर को आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय समारोह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इस आयोजन में क्षेत्रीय लोक कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी, जिससे जशपुर के निवासियों के बीच खासा उत्साह है। राज्योत्सव का शुभारंभ शाम 5 बजे सांसद चिन्तामणी महाराज के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के सभी विभागों द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। यह प्रदर्शनी जशपुर के विकास में उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिनके माध्यम से छत्तीसगढ़ की धरोहर को पुनर्जीवित किया जाएगा। रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे से होगी, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन के अधिकारी राज्योत्सव को यादगार बनाने के लिए पूरे परिसर की साज-सज्जा और आयोजन की अन्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास, संस्कृति और गौरव को एक मंच पर प्रदर्शित करने का यह प्रयास जशपुर के लिए गर्व की बात है।    

कलेक्टर ने चिकित्सा अधिकारी को किया निलंबित, दोकडा पीएचसी के निरीक्षण में कलेक्टर को मिली खामियां,ग्रामीणों से की चर्चा

IMG 20241102 172141

जशपुर, 2 नवम्बर 2024 – कलेक्टर रोहित व्यास ने आज कांसाबेल विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दोकड़ा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सुविधाओं में अनियमितता और लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार भगत को निलंबित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर मरीजों की सेवा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि सुरक्षा व्यवस्था और कार्य में पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही परिसर के सैप्टिक टैंक पर ढक्कन लगाने, पानी की समस्या का समाधान करने, और परिसर में पेड़-पौधे लगाने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य केंद्र की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने दोकड़ा के सरपंच बलराम भगत और गांव के लोगों से आग्रह किया कि वे श्रमदान कर स्वास्थ्य केंद्र को साफ-सुथरा बनाने में योगदान दें। उन्होंने आगामी शनिवार तक गांव के लोगों को श्रमदान में भाग लेकर स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति सुधारने का आह्वान किया। जिसपर सरपँच बलराम भगत,पुरुषोत्तम सिंह,दिनेश चौधरी समेत उपस्थित लोगों ने श्रमदान करने की सहमति दी। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले सभी मरीजों को मैन्यू चार्ट के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए और चार्ट को स्वास्थ्य केंद्र में प्रदर्शित किया जाए। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य केंद्र में दवा वितरण, पुरुष और महिला वार्ड, प्रयोगशाला और शौचालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने चौकीदार और फार्मेसिस्ट की नियुक्ति करने की भी सिफारिश की ताकि मरीजों की देखभाल में कोई कमी न रहे। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में घर पर प्रसव न हो। कलेक्टर ने आसपास के तीन स्वास्थ्य केंद्रों, बगिया, बटाईकेला और दोकड़ा, का नियमित भ्रमण करने के भी निर्देश दिए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सके। गांववालों की मांग पर कलेक्टर ने दोकड़ा में पोस्टमार्टम सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, सभी ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।।  

कलेक्टर रोहित व्यास ने किया नगर भ्रमण, शहर में स्वच्छता और रौशनी की व्यवस्था में सुधार के लिए दिए दिशानिर्देश

1002539202

जशपुर, 30 अक्टूबर 2024: जिला कलेक्टर  रोहित व्यास ने आज सुबह नगर का भ्रमण कर जशपुर नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता और रौशनी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई सुधारात्मक निर्देश जारी किए, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और रात्रि के समय रोशनी की स्थिति बेहतर हो सके। कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर बंद पड़ी 16 स्ट्रीट लाइट्स को शीघ्र ठीक कराने के लिए कहा, ताकि लोगों का रात्रि में आवागमन सुरक्षित रहे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अंधेरा दुर्घटनाओं और असुविधा का कारण बन सकता है, इसलिए रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य है। श्री व्यास ने निर्देश दिया कि नगर के प्रत्येक चौराहे पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखे जाएं। इसके अलावा, दुकानदारों को भी अपने आस-पास के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की है, ताकि स्वच्छता बनाए रखी जा सके। नगर के बाल उद्यान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहाँ पेयजल व्यवस्था और शौचालय की मरम्मत के निर्देश दिए। नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि बाल उद्यान में एक नया शौचालय निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसे शीघ्र आरंभ किया जाएगा। शहर की स्वच्छता में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भूमिका को सराहते हुए कलेक्टर ने एसएलआरएम (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) केंद्र का निरीक्षण किया। हरित जशपुर क्षेत्र समिति के माध्यम से, महिलाओं द्वारा कचरे से बने हस्तशिल्प जैसे पायदान, झूमर, टोकरी और अन्य सजावटी सामान का उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें आय का एक अतिरिक्त स्रोत प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर श्री व्यास की इस पहल से जशपुर शहर की स्वच्छता और जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।  

पदयात्रा का तीसरा दिन: बगिया के 5 किमी के दायरे में लगी धारा 144 (बीएनएसएस की नई धारा163)। तोड़ने वाले पर होगी 188 की कारवाई

IMG 20241026 105806

जशपुर,27 अक्टूबर2024– जिले में चल रही ईसाई आदिवासी न्याय पदयात्रा के तीसरे दिन लोयोला हाईस्कूल के सामने से नेशनल हाइवे से शुरू होकर कृषि महाविद्यालय पंडरीपानी से गुजर रही है।अंतिम पड़ाव सीएम कैम्प बगिया रखा गया है। शनिवार को लोरो घाटी में पदयात्रा को रोकने के दौरान हुई घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाते हुए बगिया के आसपास 5 किलोमीटर के दायरे में धारा 144 (नया खंड 163 बीएनएसएस) लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला दंडाधिकारी, कलेक्टर के इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धारा 188 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि यह पदयात्रा ईसाई आदिवासी महासभा द्वारा जशपुर बीजेपी विधायक रायमुनी भगत द्वारा ईसाई धर्म के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में आयोजित की जा रही है। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हो रहे हैं और आज इसका पड़ाव बगिया में निर्धारित किया गया है। प्रशासन और पुलिस द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।  

छग योग आयोग-यूनिसेफ-जिला प्रशासन ने योगाभ्यास परियोजना की समीक्षा की,बेहतर परिणाम मिलने से उत्साहित हैं योग मित्र

IMG 20241027 WA0000

जशपुर जिले में 24 हजार से अधिक गर्भवती महिलाओं को मिला योगाभ्यास का लाभ जशपुर 27 अक्टूबर 24/ जिला प्रशासन द्वारा जशपुर जिले में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। शनिवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ योग आयोग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, यूनिसेफ एवं जिला प्रशासन जशपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय योग मित्रों, प्रशिक्षकों की समीक्षा बैठक व जशपुर मंगल भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। योग मित्रों (प्रशिक्षको) की समीक्षा बैठक व प्रशिक्षण का कार्यक्रम आयोजन किया गया जिसमें जशपुर जिले में संचालित 50 हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटरो के योग मित्रों को प्रशिक्षण तथा समीक्षा भी किया गया। योग मित्रों ने अपने अपने हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटरो में गर्भवती महिलाओं को उनके तिमाही अनुसार से योगाभ्यास कराते हैं तथा गर्भवती महिलाओं के घरों में भी जाकर गर्भवती महिलाओं को योगाभ्यास कराते है तथा योग मित्रों ने आंगनबाड़ी केन्द्रो स्कूलों टिकाकरण में सहयोग किया जा रहा है। बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को योगाभ्यास कराते है। जिला प्रशासन के अंतर्गत संचालित परियोजना जशपुर जिले में चलते हुए 17 माह पूर्ण हो गया है। 17 माह में इस परियोजना से बहुत ही अच्छा परिणाम सामने आया है। इस परियोजना के तहत अभी तक कुल 24380 गर्भवती महिलाओं को पंजीकृत कर योगाभ्यास का लाभ दिया जा चुका है तथा 4704 गर्भवती महिलाएं पंजीकृत है। इस परियोजना को जिला योग समन्वयक अशोक कुमार यादव  के द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग किया जाता है। योग प्रशिक्षकों को जिला योग समन्वयक द्वारा बराबर मार्गदर्शन भी मिलते रहता है। समय-समय पर सभी योग मित्रों को छत्तीसगढ़ योग आयोग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, यूनिसेफ एवं जिला प्रशासन जशपुर द्वारा समीक्षा बैठक व प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस प्रशिक्षण व समीक्षा बैठक का कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकार डॉ.जी.एस. जात्रा, डीपीएम  गनपत कुमार नायक, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक तिलकेश प्रसाद भावे, यूनिसेफ से डॉ. इंपना बीलगी, आई.आई.टी. बाम्बे से  संदीप घुसले, छत्तीसगढ़ योग आयोग रायपुर से  रविकांत कुम्भकार (परिवीक्षा अधिकारी), राज्य परियोजना समन्वयक श्रीमती ज्योति साहू, योग प्रशिक्षक रश्मी पटेल, तथा जिला योग समन्वयक अशोक कुमार यादव ने विशेष रूप से उपस्थित थे तथा कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न किया गया।

ईसाई आदिवासी महासभा न्याय यात्रा का दूसरा दिन शुरू,पदयात्रा में पूर्व विधायक यूडी मिंज हुए शामिल,कुनकुरी में होगा पड़ाव

IMG 20241026 105753

जशपुर,26 अक्टूबर 2024 – बीजेपी विधायक रायमुनी पर एफआईआर की मांग को लेकर ईसाई आदिवासी महासभा की पदयात्रा आज शांति भवन जशपुर से शुरू हुई जो नेशनल हाइवे पर चलते हुए काईकछार तक पहुंची है।वहीं लोरो घाटी के नीचे पदयात्रा को रोकने के लिए भारी फोर्स तैनात की गई है। पदयात्रा का नेतृत्व महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा,जिलाध्यक्ष वाल्टर कुजूर, सिंहासन मिंज,हेमंत कुजूर,अभिनन्द खलखो करते हुए कुनकुरी की ओर बढ़ रहे हैं।इस पदयात्रा को समर्थन देने के लिए पूर्व कांग्रेस विधायक यूडी मिंज भी शामिल हुए हैं। 24 अक्टूबर को लगी ज़नपक्ष की खबर का असर दिखने लगा है कि प्रशासन की बिना अनुमति लिए नेशनल हाइवे पर पदयात्रा निकालने को लेकर आज जिला प्रशासन एक्शन के मूड में दिख रहा है।लोरो घाटी शिव मंदिर के नीचे बने बेरियर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है।पुलिस के आला अधिकारी समेत कार्यपालिक मजिस्ट्रेट भी मौजूद हैं।

ईसाई समाजिक न्याय पदयात्रा हुई शुरू,आम्बाकोना से रायमुनी भगत पर एफआईआर की मांग को लेकर पदयात्री जशपुर की ओर,,

IMG20241025094051

जशपुर/आस्ता,25 अक्टूबर2024 –  1 सितंबर को जशपुर से भाजपा विधायक रायमुनी भगत के धर्मविशेष व उनके आराध्य पर विवादित टिप्पणी से सामाजिक सौहार्द को गहरा झटका लगा है।जिसको लेकर ईसाई आदिवासी महासभा ने आज 25 अक्टूबर को बीजेपी विधायक पर एफआईआर कराने की मांग को लेकर आस्ता थाना के आम्बाकोना गांव से पदयात्रा शुरू की है। पदयात्रा को सम्बोधित करते हुए ईसाई आदिवासी महासभा के जिलाध्यक्ष वाल्टर कुजूर ने विधायक रायमुनी भगत के विवादित भाषण पर आक्रोश जताया और पदयात्रा में शामिल होने आए मसीही समाज के लोगो का स्वागत किया। पदयात्रा को सी.डी. बाखला नगर पंचायत अध्यक्ष बगीचा ने भी सम्बोधित किया।उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है अभी तक ईशनिंदा करनेवाली विधायक के खिलाफ एफआईआर नहीं किया गया है।इसी को लेकर यह हमारा रन फोर जस्टिस आस्ता से मनोरा होते हुए आज जशपुर पहुंचेगा।26 अक्टूबर को जशपुर से कुनकुरी और 27 अक्टूबर को शांतिपूर्ण पदयात्रा हमारे माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के घर बगिया पहुँचकर उन तक हम अपनी बात पहुंचाएंगे। पदयात्रा में ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा,काथलिक सभा अध्यक्ष अभिनन्दन खलखो,सिंहासन मिंज,हैप्पी कमल कुजूर,सफीरा टोप्पो,अंजना मिंज,अजेम टोप्पो,अलमा कुजूर,हेमंत कुजूर समेत बड़ी संख्या में पदयात्री हर्राडीपा से आगे निकले हैं।पदयात्रा को सुरक्षा देने के लिए पुलिस के जवान लगातार चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्टॉल में महिलाओं द्वारा बनाई चीजों को बारीकी से देखा,कहा – “आप सभी लखपति दीदी बनें,सरकार आपके साथ है”

IMG 20241023 WA0024

जशपुर 23 अक्टूबर 2024/मयाली नेचर कैंप में आयोजित सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने से पूर्व विभिन्न विभागीय स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर महिला समूहों द्वारा निर्मित महुआ के विभिन्न खाद्य पदार्थों एवं अन्य उत्पादों की सराहना की। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री अरूण साव,समाजसेवी जागेश्वर यादव, कृषि मंत्री रामविचार नेता, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, उपाध्यक्ष सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय, सांसद रायगढ़  राधेश्याम राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधयों ने भी स्टॉल प्रदर्शनी का अवलोकन किया।इस दौरान विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत, राम प्रताप सिंह, श्रीमती कौशल्या साय कृष्ण कुमार राय, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी दयानंद, कमिश्नर जी आर चुरेंद्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ रवि मित्तल, एसपी शशिमोहन सिंह उपस्थित थे।

सीएम विष्णुदेव साय ने लांच की ‘बिजली सखी’ योजना,क्या है बिजली सखी पायलट योजना?जानने के लिए पढ़िए पूरी खबर,,,,

IMG 20241023 15240935

जशपुर, 23 अक्टूबर 2024 – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘बिजली सखी योजना’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में आयोजित इस कार्यक्रम में बगीचा विकास खंड की 21 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बिजली सखी के रूप में चुना गया, जिन्हें मुख्यमंत्री ने विशेष बिजली किट प्रदान किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी उपस्थित रहीं।   बिजली सखी योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। जशपुर जिले के कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के निर्देशन में इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ किया गया है, जहां बिजली सखी बनने वाली महिलाओं को मीटर रीडिंग का प्रशिक्षण दिया गया है। योजना के तहत महिलाओं को प्रत्येक घर की मीटर रीडिंग लेने पर 12 रुपये का भुगतान किया जाएगा, जिससे उन्हें नियमित आय होगी और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा, “बिजली सखी योजना महिलाओं के लिए एक स्वर्णिम अवसर है। यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगी और रोजगार के नए द्वार खोलेगी।” उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन पर जिला प्रशासन और जनपद पंचायत बगीचा के प्रयासों की सराहना की। योजना के पीछे प्रमुख विचार यह है कि मीटर रीडर की कमी के कारण उपभोक्ताओं को अक्सर असमान्य बिजली बिल का सामना करना पड़ता है। अब बिजली सखी द्वारा नियमित मीटर रीडिंग से उपभोक्ताओं को समय पर बिल मिल सकेगा, जिससे उन्हें बिल के भुगतान में सहूलियत होगी और बिजली विभाग की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। बगीचा एसडीएम श्री ओंकार यादव ने बताया कि इस योजना का लक्ष्य 300 महिलाओं को बिजली सखी बनाकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना है। वर्तमान में 21 महिलाओं को इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत नियुक्त किया गया है। इस पहल से जशपुर जिले की महिलाओं को न केवल रोजगार मिलेगा, बल्कि वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर ‘लखपति दीदी’ के रूप में उभरेंगी।  

आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

IMG 20241022 WA0025

सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में प्रगतिरत कार्याे को दो माह में पूर्ण करने के निर्देश प्राधिकरण की बजट राशि 50 से बढ़ाकर 75 करोड़ की गई, मयाली में पर्यटन को बढ़ावा देने 10 करोड़ की घोषणा खराब सड़कों की होगी शीघ्र मरम्मत जशपुर, 22 अक्टूबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के मयाली में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक ली। उन्होंने विधायक रेणुका सिंह की मांग पर प्राधिकरण की बजट राशि को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ करने की घोषणा की। साथ ही मयाली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बैठक में प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत कार्याे की समीक्षा की और निर्देश दिए कि अप्रारंभ कार्याे को निरस्त कर प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने वन-टू-वन चर्चा कर सदस्यों की समस्याओं और मांगों की जानकारी ली और संबंधित विभागों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बस्तर से लेकर सरगुजा तक विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं के तहत पिछड़े क्षेत्रों में बजट का प्रावधान कर विकास कार्याे को गति दी जा रही है।” बैठक में उन्होंने जशपुर जिले की खनिज संपदा और वन संसाधनों का जिक्र करते हुए वनोपज के वैल्यू एडिशन पर जोर दिया और कहा कि इससे ग्रामीणों और किसानों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मयाली में पर्यटन को बढ़ावा देने से जिले के विकास में मदद मिलेगी और राजधानी से आए अधिकारियों से जिले के उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। बैठक के दौरान लुण्ड्रा-बतौली क्षेत्र में गन्ना खरीदी केंद्र को पुनः प्रारंभ करने, हाथी से जनहानि रोकने के उपाय, और बिजली से जुड़ी समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राशन की कमी से संबंधित शिकायतों को भी सुलझाने के निर्देश दिए गए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की इस बैठक से इन क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आएगी और जन-जीवन को बेहतर बनाया जाएगा। बैठक में कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत कई प्रमुख नेताओं ने अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर चर्चा की। सभी ने अपनी-अपनी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिन्हें शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।