मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को दीपावली पर दिया उपहार, हितग्राहियों ने उपहारस्वरूप धान की बाली भेंट की

IMG 20241101 WA0022

जशपुर, 01 नवंबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को अपने निवास कार्यालय, बगिया में आमंत्रित कर विशेष उपहार और शुभकामनाएं दीं। इस आत्मीय भेंट के दौरान हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ धान की बाली उपहारस्वरूप भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी श्रीमती तिलासो बाई से विशेष रूप से मिट्टी के दीये और कलश की खरीदारी की। उल्लेखनीय है कि माटी कला बोर्ड द्वारा श्रीमती तिलासो बाई को कुम्भकार टेराकोटा योजना के तहत इलेक्ट्रिक चाक प्रदान किया गया है, जिसके माध्यम से वह विभिन्न मिट्टी के उत्पादों का निर्माण कर रही हैं। दीपावली के दौरान उनके उत्पादों की मांग बढ़ने से उनकी आय में भी वृद्धि हुई है। हितग्राही तिलासो बाई और उनके साथ आए अन्य लाभार्थी, जैसे नवीता पैंकरा, अमृता बाई, रजनी चौहान, कुमारी शशि चौहान ने मुख्यमंत्री से आवास प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की और मुख्यमंत्री की विशेष पहल के लिए आभार जताया। इस अवसर पर जशपुर कलेक्टर  रोहित व्यास और पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह भी उपस्थित रहे। इलेक्ट्रिक चाक से बढ़ी कार्यकुशलता, आमदनी में इजाफा श्रीमती तिलासो बाई ने बताया कि माटी कला बोर्ड द्वारा प्राप्त इलेक्ट्रिक चाक से उनकी कार्यकुशलता में बढ़ोतरी हुई है। अब वे दीये, चिमनी, गुल्लक सहित अन्य मिट्टी के सामानों का निर्माण तेजी से कर पाती हैं। दीपावली के दौरान उनके उत्पादों की अच्छी बिक्री हुई, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्टॉल में महिलाओं द्वारा बनाई चीजों को बारीकी से देखा,कहा – “आप सभी लखपति दीदी बनें,सरकार आपके साथ है”

IMG 20241023 WA0024

जशपुर 23 अक्टूबर 2024/मयाली नेचर कैंप में आयोजित सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने से पूर्व विभिन्न विभागीय स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर महिला समूहों द्वारा निर्मित महुआ के विभिन्न खाद्य पदार्थों एवं अन्य उत्पादों की सराहना की। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री अरूण साव,समाजसेवी जागेश्वर यादव, कृषि मंत्री रामविचार नेता, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, उपाध्यक्ष सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय, सांसद रायगढ़  राधेश्याम राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधयों ने भी स्टॉल प्रदर्शनी का अवलोकन किया।इस दौरान विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत, राम प्रताप सिंह, श्रीमती कौशल्या साय कृष्ण कुमार राय, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी दयानंद, कमिश्नर जी आर चुरेंद्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ रवि मित्तल, एसपी शशिमोहन सिंह उपस्थित थे।

सीएम विष्णुदेव साय ने लांच की ‘बिजली सखी’ योजना,क्या है बिजली सखी पायलट योजना?जानने के लिए पढ़िए पूरी खबर,,,,

IMG 20241023 15240935

जशपुर, 23 अक्टूबर 2024 – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘बिजली सखी योजना’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में आयोजित इस कार्यक्रम में बगीचा विकास खंड की 21 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बिजली सखी के रूप में चुना गया, जिन्हें मुख्यमंत्री ने विशेष बिजली किट प्रदान किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी उपस्थित रहीं।   बिजली सखी योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। जशपुर जिले के कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के निर्देशन में इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ किया गया है, जहां बिजली सखी बनने वाली महिलाओं को मीटर रीडिंग का प्रशिक्षण दिया गया है। योजना के तहत महिलाओं को प्रत्येक घर की मीटर रीडिंग लेने पर 12 रुपये का भुगतान किया जाएगा, जिससे उन्हें नियमित आय होगी और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा, “बिजली सखी योजना महिलाओं के लिए एक स्वर्णिम अवसर है। यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगी और रोजगार के नए द्वार खोलेगी।” उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन पर जिला प्रशासन और जनपद पंचायत बगीचा के प्रयासों की सराहना की। योजना के पीछे प्रमुख विचार यह है कि मीटर रीडर की कमी के कारण उपभोक्ताओं को अक्सर असमान्य बिजली बिल का सामना करना पड़ता है। अब बिजली सखी द्वारा नियमित मीटर रीडिंग से उपभोक्ताओं को समय पर बिल मिल सकेगा, जिससे उन्हें बिल के भुगतान में सहूलियत होगी और बिजली विभाग की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। बगीचा एसडीएम श्री ओंकार यादव ने बताया कि इस योजना का लक्ष्य 300 महिलाओं को बिजली सखी बनाकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना है। वर्तमान में 21 महिलाओं को इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत नियुक्त किया गया है। इस पहल से जशपुर जिले की महिलाओं को न केवल रोजगार मिलेगा, बल्कि वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर ‘लखपति दीदी’ के रूप में उभरेंगी।  

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र की S.H.G महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किया बड़ा काम, 24 लाख रुपये के चेक वितरित

IMG 20241023 WA0007

भेलवां के ग्रामीणों को मिली नई बैंकिंग सुविधा, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किया यूको बैंक शाखा का शुभारंभ जशपुर/बगिया, 23 अक्टूबर 2024 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में फरसाबहार विकास खंड के ग्राम भेलवां में आज यूको बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया, जिससे ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 40 स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों को 24 लाख रुपये के चेक प्रदान किए, जिससे वे रोजगार के नए अवसरों को साकार कर सकेंगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने बैंक शाखा के उद्घाटन पर स्थानीय ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा, “यह कदम वित्तीय समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे फरसाबहार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा, खासकर महिलाओं को, जो आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर हो रही हैं।” श्री साय ने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन स्व-सहायता समूहों की महिलाएं सब्जी उत्पादन, व्यापार, आचार-पापड़ निर्माण, कोसा उद्योग और अन्य क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर रही हैं, जिससे उनका आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रयासरत है। “बैंकिंग सुविधा ग्रामीणों के लिए बहुत आवश्यक है और यह शाखा उनके आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी,” उन्होंने कहा। सीएम निवास बगिया में यूको बैंक के उद्घाटन के मौके पर श्री साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ स्व सहायता समूह की महिलाओं को लखपति दीदी बनने की शुभकामना दी। इस मौके पर स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया और इस नई सुविधा के लिए खुशी जाहिर की।  

*मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने ग्रामीण महिलाओं के साथ किया करमा नृत्य*

IMG 20241020 WA0040

*पानी करमा के अवसर पर राज्य में अच्छी फसल और वर्षा के लिए की प्रार्थना *जशपुर, 20 अक्टूबर 2024/* मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बगिया स्थित निज निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने स्थानीय ग्रामीण महिलाओं के साथ करमा त्यौहार मनाया। पानी करमा पर्व के अवसर पर नदी का जल अर्पण कर पीपल वृक्ष की पूजा करते हुए स्थानीय ग्रामीण महिलाओं के साथ करमा नृत्य में भाग लिया। ग्रामीणों के साथ मिल कर करम देवता की स्तुति करते हुए ग्राम एवं पूरे राज्य की खुशहाली और समृद्धि के साथ अंचल में अच्छी वर्षा की कामना के लिए अर्चना की। इस अवसर पर पूरे ग्राम की महिलाएं मुख्यमंत्री निवास में करम वृक्ष की डाल के साथ आईं जहां करमा वृक्ष की डाल को गाड़ कर सभी ने हर्षोल्लास से श्रीमती साय के साथ करमा नृत्य किया। इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने बताया कि दशहरा के बाद स्थानीय महिलाएं इंद्र देवता को प्रसन्न कर ग्राम एवं प्रदेश में अच्छी वर्षा की कामना लेकर पानी करमा पर्व मनातीं हैं। इस अवसर पर दिन भर महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं और जंगल से करमा वृक्ष की लकड़ी लाकर हमारे निवास में नदी से जल लाकर पीपल वृक्ष के नीचे जल अर्पण कर पूजा करतीं है और इसके पश्चात ग्राम में जाकर रात भर पूजा आराधना एवं करमा नृत्य करतीं हैं। उन्होंने आज करम त्यौहार और करवाचौथ पर सभी को बधाई देते हुए बताया कि पतिदेव अभी दरिमा से निकले हैं।दो घण्टे बाद पहुंचेंगे तब तक करवाचौथ की तैयारी कर लूँगी।

*महिलाओ के अधिकारों और हितों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएगी राज्य महिला आयोग: प्रियंवदा सिंह जूदेव*

Picsart 24 10 17 19 21 05 724

*जशपुरनगर 17 अक्टूबर 2024/* पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जुदेव की बड़ी बहु श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव सहित राज्य महिला आयोग की पांच नवनियुक्त सदस्यों ने गुरुवार को आयोग में कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित थे। श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव के साथ महासमुन्द की सरला कौशरिया, बलौदा की लक्ष्मी वर्मा, सुकमा की दीपक सोरी और दंतेवाड़ा से ओजस्वी मंडावी ने भी कार्यभार ग्रहण किया।  सदस्या श्रीमती प्रियंवदा सिंह जुदेव ने कहा कि महिलाओ की सुरक्षा, आर्थिक रूप से आत्म निर्भरता और उनके अधिकारों की रक्षा करना राज्य महिला आयोग का लक्ष्य है। उन्होंने राज्य महिला आयोग का दायित्व सौपने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि ‘मुझ पर विश्वास करते हुए जो भी दायित्व सौंपा है, उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगी।’ इस अवसर पर डीडीसी उमा सिंह, सुनीता रोशन, मुन्नी गुप्ता, कमला निराला, रंजना तिडू, आकाश गुप्ता, राजेश सिन्हा, अमित साय, अभिषेक गुप्ता, विक्रांत कश्यप, सूरज सिंह, प्रकाश गुप्ता, विजय गुप्ता मौजूद रहे।

विचार : असाध्य को साधने के लिए राम को भी शक्ति साधना का अनुष्ठान करना पड़ा

IMG 20241012 WA0042

असाध्य को साधने के लिए राम को भी शक्ति साधना का अनुष्ठान करना पड़ा और आज हम शक्ति की महत्ता को नकारते जा रहे हैं। रावण अतुल बलशाली और अत्यन्त ज्ञानी पुरुष था… उसके पास साधारण व्यक्तियों की तुलना में दस व्यक्तियों के बराबर बुद्धि थी… परंतु असाधारण बुद्धि होने के उपरांत भी वह विवेकशून्य था! रावण त्रिकालदर्शी महाकाल महादेव का अनन्य भक्त था… जनश्रुति अनुसार रावण जब महादेव की पूजा के कैलाश जाता था तो अहंकारी स्वभाव वश स्वयं शीश नवाकर महादेव को नमन करने के बजाय महादेव को कैलाश सहित उठाकर अपने शीश पर रख लेता था… रावण के अनुसार दोनों बातें एक ही थी… कि चाहें महादेव के चरणों में वह अपना शीश नवाए या महादेव के चरण उठाकर अपने शीश पर धर लें! क्योंकि उसके पास ज्ञान तो बहुत था पर विवेक जिसे हम कॉमनसेंस कहते हैं, नहीं था। क्योंकि जब आप किसी के दरवाजे कुछ मांगने जाते हैं या उससे मात्र मिलने ही जाते हैं तो आपके स्वभाव में मृदुलता और सौम्यता होनी चाहिए… रावण सुरों और वाद्य यंत्रों का कुशल ज्ञाता था इसलिए रावण जब कैलाश के प्रांगण में प्रवेश करता था वो वह नानाप्रकार से महादेव की स्तुति करके महादेव को प्रसन्न करता था… उसकी सारी प्रार्थनाएं ध्वनि और स्वरों पर आधारित थी। आज भी उसकी गायी स्तुतियां पढ़ते, सुनते या गाते समय शरीर में विभिन्न प्रकार की ओज शक्ति और आनंद का भान होता है… लेकिन यह ऊर्जा नकारात्मकता से भरी हुई हैं। रावण की गाई हुई स्तुतियों में रावण का अहंकार और दम्भ स्पष्ट झलकता है। परंतु राम विनीत भाव से अत्यन्त सरल मना होकर करबद्ध निवेदन की भंगिमा में महादेव की स्तुति करते हैं। जिससे प्रसन्न होकर महादेव कहते हैं… “रावण जैसा भी है… परंतु मेरा अनन्य भक्त है.. मैं रावण के विपक्ष में खड़ा नहीं हो सकता इसलिए मैं आपको विजय का आशीर्वाद नहीं दे सकता” अब जिस पक्ष में स्वयं देवों के देव स्वयं महादेव खड़े हो उस पक्ष से जीत पाना कठिन नहीं वरन असम्भव है। तब राम महादेव के कहने पर शक्ति की साधना करते हैं! परंतु शक्ति की विशेषता है कि वह सदैव योग्य पात्र का ही चयन करती हैं। शक्ति महादेव की वामांगी हैं इसलिए राम से उच्चतर पात्र और कौन हो सकता है, जिसके पक्ष में वह खड़ी हों! कोई भी व्यक्ति मात्र एक लोटा जल चढ़ाकर भी महादेव को अपने पक्ष में कर सकता है परन्तु शक्ति बिना योग्यता का परीक्षण किये किसी के पक्ष में नहीं जाती हैं। नौ दिवस के अन्तिम दिवस के शक्ति अनुष्ठान में एक कमलपुष्प कम होने पर कमलनयन राम अपनी आंख निकालकर चढ़ाने का प्रयोजन करते है तभी शक्ति प्रकट होकर उन्हें विजय का आशीर्वाद देती हैं। जिस पक्ष में शक्ति है, स्त्री है वह पक्ष स्वयं ही बहुत बलशाली हो जाता है। शक्ति के समक्ष जब महादेव करबद्ध प्रणाम कर रहे हैं तो शक्ति की महिमा पर संदेह ही नहीं उठता है। लेकिन वर्तमान में पुरुष इतना दंभी है कि वह शक्ति को ही नकार रहा है… या शक्ति को ही प्रताड़ित कर रहा है! अब ऐसी परिस्थितियों में आप कैसे विजय और सफल होगें यह निर्णय आप स्वयं कीजिए! *विजयदशमी की शुभकामनाएं* 🚩 यह विचार मेरे प्रिय भाई अभिषेक बनारसी ने मेरे व्हाट्सएप में भेजा।उनका यह विचार आज के समय मे जब धर्म की मजबूती चारों ओर दिखाई दे रही है लेकिन धर्म जीवनचर्या में नहीं दिखने पर उपजा है। खबर जनपक्ष अपने पाठकों से अपील करता है कि आपके विचार सम्समयिकजनसरोकर से जुड़े हों तो हमें भी अवगत कराएं।हमारे पोर्टल के माध्यम से आपके विचार भी जनमानस तक पहुंचाने का काम करेंगे। 8103015433 पर व्हाट्सएप करें।

मुंबई में जशप्योर ब्रांड की धूम, शुद्धता और सेहतमंद उत्पादों से बढ़ी मांग

Picsart 24 10 10 18 43 26 693

जशपुरिया उत्पादों की मुंबई में लोकप्रियता बढ़ी शुद्धता और स्वास्थ्य लाभ बने आकर्षण का कारण जशपुर, 10 अक्टूबर 2024 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर जिले के स्थानीय उत्पादों को देशभर में पहचान मिल रही है। मुंबई के विभिन्न स्थानों पर जशप्योर ब्रांड के उत्पादों की स्टॉल लगाई गई हैं, जो लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो रही हैं। जशपुर की आदिवासी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ये उत्पाद अपनी शुद्धता और स्वास्थ्य लाभ के कारण बड़ी मात्रा में खरीदे जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में मुंबई में जशप्योर ब्रांड की स्टॉल नियमित रूप से लगाई जा रही हैं। इन स्टॉल पर जशपुर के प्राकृतिक और बिना रसायन वाले उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जिन्हें स्थानीय आदिवासी महिलाएं तैयार करती हैं। इन उत्पादों को स्वस्थ विकल्प मानते हुए लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं। मुंबई में लगने वाली इन स्टॉल्स में महुआ सिरप, महुआ आधारित च्यवनप्राश विकल्प ‘फॉरेस्टगोल्ड वन्यप्राश’, और बाजरा से बने पास्ता जैसे उत्पाद शामिल हैं, जिनकी बाजार में बड़ी मांग है। इसके अलावा, छिन्द घास से बने हाथ के बने टोकरियां भी त्योहारी सीजन में खूब बिक रही हैं। जशप्योर ब्रांड की स्टॉल मुंबई के डीसीबी बैंक मुख्यालय, कांदिवली, साकी नाका, अंधेरी, आईआईटी-मुंबई, पवई, लोअर परेल और अन्य कई स्थानों पर लगाई जा रही हैं। इस पहल से जशपुर और महाराष्ट्र के जवाहर जिले के आदिवासी समुदायों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। “माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रोत्साहन से जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है, बल्कि आदिवासी समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद कर रहा है।” – डॉ. रवि मित्तल,कलेक्टर जशपुर  

जिले में बाल अपराध में कमी लाने, महिला बाल विकास विभाग कर रही जागरूकता अभियान

IMG 20241006 WA0035 1

जशपुर, 06 अक्टूबर 2024 कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के निर्देशन में जिला कार्यक्रम अधिकारी बी.डी. पटेल,जिला बाल संरक्षण अधिकारी शेखर यादव,जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के मार्गदर्शन के नेतृत्व में गुरुवार 3 सितंबर को शासकीय हाई स्कूल बरपानी में आईसीपीएस एवम चाइल्ड लाइन की टीम के द्वारा आईसीपीएस (बाल संरक्ष्ण इकाई) में चलने वाली सभी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण, मानव तस्करी, बाल विवाह, नशा मुक्ति,बाल श्रम,दत्तक ग्रहण, गुड टच बैड टच के बारे जानकारी दी गई। परिवीक्षा अधिकारी श्रीमती अंजना मिश्रा ने बताया कि बच्चों के विरुद्ध हो रहे अपराधों को शून्य स्तर पर लाने हेतु जिलों की भौगोलिक, सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप कार्य योजना तैयार कर बच्चों के सर्वोत्तम हित में बाल अपराधों में कमी लाने हेतु पाठशालाओं, महाविद्यालयों, छात्रावासों, पंचायतों, राज संस्थाओं एवं नवनागरिकों, शासकीय एवं अशासकीय बाल देखभाल संस्थाओं के अधिकारियों/कर्मचारियों के माध्यम से जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।इस अभियान में कंचन प्रजापति,अमित तिड़ू, रोहित चौधरी जागरूकता के सन्देश दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ रवि मित्तल ने मोतियाबिंद से 48 लोगों को दिलाई मुक्ति,मरीजों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार,

IMG 20241006 WA0014

जशपुर, 6 अक्टूबर 2024 – जशपुर जिले में मोतियाबिंद मुक्त अभियान के तहत आयोजित शिविर में 48 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया है। जिला अस्पताल जशपुर और सिविल अस्पताल पत्थलगांव में यह सर्जरी की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार, जिले में मोतियाबिंद शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। जिला अस्पताल जशपुर में 26 और सिविल अस्पताल पत्थलगांव में 22 मरीजों का सफल ऑपरेशन हुआ। यह सर्जरी विजिटिंग सर्जन डॉ. मधुरीमा पैंकरा (कोरिया), डॉ. रजत टोप्पो, और डॉ. अनिता मिंज द्वारा की गई। कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के निर्देश और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में हर सप्ताह नियमित रूप से मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार, आगामी शनिवार, 8 अक्टूबर 2024 को सिविल अस्पताल पत्थलगांव में फिर से मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह जात्रा ने बताया कि इस अभियान के तहत इस वित्तीय वर्ष में अब तक 970 मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन किया जा चुका है। मरीजों को निःशुल्क परिवहन, भोजन, और सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर की तिथि और अन्य जानकारी के लिए जिला नोडल अधिकारी और जिला प्रभारी सलाहकार से संपर्क किया जा सकता है। हेल्पलाइन नंबर 9131318933 और 9340797400 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस अभियान में नोडल अधिकारी डॉ. आर.एस. पैंकरा, जिला सलाहकार श्री सत्येंद्र यादव, खुले प्रसाद यादव, सभी बीएमओ, नेत्र सहायक अधिकारी, मितानिन बहनें और नेत्र विभाग के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।