राज्य महिला आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक का कुनकुरी नगर अध्यक्ष विनयशील के निवास पर आत्मीय स्वागत, इन मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा

IMG 20250516 WA0033

जशपुर, 16 मई 2025 छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और रायपुर की पूर्व महापौर डॉ. किरणमयी नायक शुक्रवार को कुनकुरी नगर अध्यक्ष विनयशील के निवास पर पहुंचीं। उनके आगमन पर नगर अध्यक्ष विनयशील और उनकी माता जी ने पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच जशपुर जिले में महिलाओं से जुड़े सामाजिक, सुरक्षा और सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। डॉ. किरणमयी नायक ने भरोसा दिलाया कि महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और भविष्य में भी आयोग हर स्तर पर सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। नगर अध्यक्ष विनयशील ने नगर पंचायत कुनकुरी की वर्तमान स्थिति, शहरी विकास की चुनौतियां और नगरीय निकाय से जुड़ी समस्याओं को किरणमयी साझा किया और सुझाव प्राप्त किए। आयोग की अध्यक्षा ने स्थानीय स्तर पर महिला सुरक्षा और कल्याण के लिए बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। इस मुलाकात के दौरान महिला बाल विकास समिति की पीआईसी सदस्य मुक्ति मिंज और आईटी सेल के अध्यक्ष नीरज पारीक ने भी डॉ. नायक का स्वागत किया और नगर विकास से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। संक्षिप्त प्रवास के पश्चात् राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रायपुर के लिए रवाना हो गईं। उनके आगमन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों में उत्साह और महिलाओं के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग की भावना को और मजबूत किया।  

*जशपुर जिले के लिए बड़ी उपलब्धि तीन सड़कों के विस्तार के लिए 185 करोड़ 96 लाख की मिली प्रशासकीय स्वीकृति*

IMG 20250514 WA0019

*मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में सड़कों का हो रहा है विस्तार* *मुख्यमंत्री की पहल रंग लाई लोगों को आवागमन करने में होगी आसानी* *जशपुर लुड़ेग, तपकरा लवाकेरा मार्ग,बागबहार कोतबा मार्ग* *जशपुर आस्ता कुसमी मार्ग के लिए मिली प्रशासकीय स्वीकृति* जशपुर 14 मई 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर वासियों को स्वास्थ्य शिक्षा,पेय जल, बिजली ,सड़कों का विस्तार के साथ सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं जिसका साकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है जशपुर में नागरिकों के आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तीन सड़कों के निर्माण कार्य के 185 करोड़ 96 लाख 95 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। जशपुर जिले में खुशी की लहर केन्द्रीय सड़क निधि योजनांतर्गत वर्ष 2024-25 के द्वितीय अनुपूरक बजट में शामिल जिला जशपुर लुडेग-तपकरा-लावा केरा मार्ग एस.एच.-04 लं. 41.00 किमी चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। राज्य शासन द्वारा विषयांकित कार्य के लिये रूपये 11033.00 लाख ,(रूपये एक सौ दस करोड़ तैतीस लाख मात्र ) की प्रशासकीय स्वीकृति भारत सरकार सड़क परिवहन एवं राजमार्ग नई दिल्ली से प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी प्रकार योजनांतर्गत वर्ष 2024-25 के द्वितीय अनुपूरक बजट में शामिल जिला जशपुर आस्ता कुसमी मार्ग के कि.मी. 28.00 कि.मी. के निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति 3586.99 लाख रुपये (पैतीस करोड़ छियासी लाख निन्याबे हजार मात्र ) की प्रशासकीय स्वीकृति भारत सरकार सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नई दिल्ली के द्वारा प्राप्त हुई है। इसी प्रकार केन्द्रीय सड़क निधि योजनांतर्गत वर्ष 2024-25 के द्वितीय अनुपूरक बजट में शामिल जिला जशपुर बागबहार कोतबा मार्ग लम्बाई 13.20 कि.मी. विषयांकित कार्य के लिये रूपये 3976.96 लाख रूपये उनचालीस करोड़ छिहत्तर लाख छियानबे हजार मात्र की प्रशासकीय स्वीकृति भारत सरकार सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नई दिल्ली के द्वारा प्राप्त हुई है।

Big News: ट्रेलर – स्वराज माजदा में ऐसी टक्कर, जिसमें दस लोगों की मौत,कई गंभीर,ऐसे हुआ मौत का तांडव

IMG 20250512 WA0001

अभी हादसे के आठ से दस घंटे बीत गए है,वहां क्या मंजर होगा, अकल्पनीय है कि एक ही गांव के दस लोगों की घटनास्थल पर मौत,कई अभी भी जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे होंगे।इस घटना की सूचना बीती रात एक बजे ही पुलिस ने मीडिया के व्हाट्सएप ग्रुप में दे दी थी।अभी जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक स्वराज माजदा में 30 से ज्यादा लोग सवार थे जो छठी के कार्यक्रम से देर रात अपने घर लौट रहे थे कि ट्रेलर और ट्रक में भिड़ंत हो गई।हादसा इतना भयंकर था कि ट्रक में सवार लोग हवा में उड़ते हुए सड़क पर गिरे,कुछ ट्रक के ऊपर ही टकराकर मौत की आगोश में चले गए। रायपुर,12 मई 2025-  बीती रात रायपुर-बलौदाबाज़ार मुख्य मार्ग पर सारागांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 से अधिक लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह सभी लोग ग्राम चटौद थाना विधानसभा क्षेत्र,रायपुर से स्वराज माजदा वाहन (क्रमांक CG 04 MQ 1259) में सवार होकर खरोरा थाना अंतर्गत ग्राम बाना बनारसी में आयोजित चौथिया छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद लौटते समय देर रात माजदा वाहन की एक ट्रेलर से जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों में अधिकांश ग्रामीण शामिल हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों को तत्काल ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरोरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई को रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। रायपुर ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

“जैसे को तैसा” — जशपुर पुलिस की चाल में दिल्ली में फंसे ‘बंटी-बबली’! एसएसपी शशिमोहन सिंह ने किया बड़ा खुलासा

IMG 20250508 WA0025

दिल्ली के ताज होटल में बैठा था शातिर ठगों का सिंडिकेट, छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस बनी ‘मंत्रालय का अफसर’, रची ऐसी स्क्रिप्ट कि फंस गए दोनों  जशपुर, 08 मई 2025 क्या आपने कभी सोचा है कि कोई पुलिस टीम फिल्मी स्टाइल में सादी वर्दी में, नकली मंत्रालय अफसर बनकर दिल्ली के ताज होटल में ठगों से मीटिंग करे और उन्हें रंगे हाथों दबोच ले? जी हां, जशपुर पुलिस ने ऐसा ही कर दिखाया है। 150 करोड़ की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ठगों को पकड़ने के लिए पुलिस ने चाल चली – और ठगों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया – “जैसे को तैसा!” ठगों का ‘बंटी-बबली स्टाइल’ गैंग अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड रत्नाकर उपाध्याय और उसकी पत्नी अनीता उपाध्याय, जिन्होंने खुद को ‘राष्ट्रीय ग्रामीण साक्षरता मिशन’ का डायरेक्टर बताकर देशभर में व्यापारियों को करोड़ों का चूना लगाया, अब सलाखों के पीछे हैं। इन ठगों ने CSR फंड और सरकारी टेंडर के नाम पर व्यापारियों को सपने दिखाए, और फिर उनसे सिक्योरिटी मनी, प्रोसेसिंग चार्ज और एडवांस पेमेंट ले डकार गए। पत्थलगांव के व्यापारी ने तोड़ी चुप्पी, पुलिस ने बुनी जाल पत्थलगांव के व्यापारी अमित अग्रवाल ने जब इनकी ठगी का शिकार होने की शिकायत की, तो जशपुर पुलिस एक्टिव हुई। एसएसपी शशि मोहन सिंह के डायरेक्शन में एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम दिल्ली रवाना हुई। लेकिन ये कोई आम गिरफ्तारी नहीं थी – ये था ‘ऑपरेशन मंत्रालय’! हालांकि एसएसपी शशिमोहन सिंह ने क्लियर किया है कि इस ऑपरेशन का कोई नाम नहीं रखा है। पुलिस अफसर बना ‘मंत्रालय का अफसर’, मॉडल को बनाया असिस्टेंट पुलिस ने अनीता उपाध्याय से खुद को मंत्रालय का अफसर बताते हुए 1000 करोड़ की सप्लाई का झांसा दिया और होटल ताज में मीटिंग फिक्स की। भरोसा जमाने के लिए दिल्ली में एक लोकल मॉडल को हायर कर उसे नया कोट-पैंट पहनाया, उसे मंत्रालय का ‘असिस्टेंट’ बताया गया। अनीता चकमा देने की बहुत कोशिश करती रही, पर पुलिस की एक्टिंग इतनी परफेक्ट थी कि वो मीटिंग के लिए तैयार हो गई। रत्नाकर को ढूंढा, पीछा किया, और… पकड़ लिया! मीटिंग के दौरान अनीता से रत्नाकर का संपर्क करवाया गया, और पुलिस की तकनीकी टीम ने रत्नाकर के मोबाइल को ट्रेस कर लिया। लोकेशन बार-बार बदलते रत्नाकर को पकड़ना आसान नहीं था। मगर आखिरकार सागरपुर के मेडिकल स्टोर के पास उसे एसडीओपी ध्रुवेश ने दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के वक्त उसने जोर से चिल्लाकर कहा – “मेरा अपहरण हो रहा है!” लेकिन पुलिस पहले से ही दिल्ली पुलिस को अलर्ट कर चुकी थी। हंगामा, मारपीट और फिर गिरफ़्तारी गिरफ्तारी के दौरान रत्नाकर और अनीता दोनों ने एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल पर हाथापाई करने की कोशिश की, पर अफसर ने गर्दन नहीं छोड़ी। दिल्ली पुलिस के आने तक आरोपी पुलिस की पकड़ में ही रहे। इस बहादुरी पर रेंज आईजी दीपक झा ने टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है। अब बारी संपत्ति की – करोड़ों की कमाई, जांच जारी पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगों के पास लखनऊ में 24 फ्लैट, दिल्ली में 2 फ्लैट और एक 2.5 करोड़ की रेंज रोवर है। अनुमान है कि अब तक ये गिरोह देशभर में 150 करोड़ से ज़्यादा की ठगी कर चुका है। पुलिस विवेचना में जुट गई है।

भीख मांगती सुमित्रा बाई और सोती सरकार — मयूरचुंदी में जनकल्याण योजनाओं की पोल खुली,अंत्योदय का नारा यहां कैसे हुआ फेल? मरे विपक्ष के कारण गिद्धों की मौज

IMG 20250506 124253

जशपुर/दुलदुला, 6 मई – “जब पेट भूखा हो, बच्चे रोते हों, और सरकार चुप — तब सवाल उठता है कि किसके लिए बने हैं ये योजनाएं?” दुलदुला विकासखंड के मयूरचूंदी पंचायत की सुमित्रा बाई,आज गांव-गांव घूमकर भीख मांगने को मजबूर है। हाथ में अंत्योदय का राशन कार्ड है, पर पेट खाली। दो छोटे बच्चों के साथ यह विधवा महिला अब सरकारी दुकानों के आगे नहीं, बल्कि गांववालों के दरवाजे पर झोली फैला रही है। यह एक महिला की नहीं, पूरे सिस्टम की विफलता की कहानी है। राशन कार्ड है, चावल नहीं — यह कैसा न्याय? सुमित्रा को अप्रैल में केवल चना मिला, चावल देने से मना कर दिया गया। कई बार दुकान गई, मिन्नतें कीं, लेकिन जवाब मिला – “चावल नहीं है।” क्या यही है ‘जनकल्याणकारी राज्य’ का चेहरा? सत्ता-तंत्र की संवेदनहीनता एक ओर सरकारें करोड़ों के विज्ञापन देती हैं – “हर गरीब को मिलेगा राशन” – वहीं जमीनी हकीकत सुमित्रा बाई जैसे हजारों लोगों की चीख बनकर उठती है, जिसे कोई सुनने को तैयार नहीं। जनप्रतिनिधि खामोश, अफसर नदारद पंचायत से लेकर जनपद तक, कोई जवाबदेही नहीं। जिन प्रतिनिधियों को सुमित्रा ने चुनकर भेजा, वे आज सत्ता की गर्मी में गुम हैं।जब सरपँच ही दुकानदार है तो सुमित्रा भला उम्मीद किससे करेगी? एक ही सवाल — कब मिलेगा न्याय? पंचायत के लोगों ने कहा कि “हम मांग करते हैं कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और सुमित्रा बाई जैसे हर जरूरतमंद को तत्काल राशन उपलब्ध कराया जाए।” बड़ी बात सुमित्रा को न तो सुशासन तिहार के बारे में जानकारी है न ही आवेदन कैसे बनता है,यह वो जानती है। ऐसी सामान्य महिलाएं हों या पुरुष जिनके दर्द को जब विपक्ष भी नहीं समझता तो ऐसे मरे विपक्ष के कारण पंचायती गिद्ध तो मौज उड़ाएंगे ही। तो,सुमित्रा की यह करुण कहानी आपको कैसी लगी? कमेंट करके बताइए ताकि आपके कमेंट से ऐसी और कहानियां ढूंढकर खबर ज़नपक्ष आपके सामने लाता रहेगा।

सत्ता के नशे में चूर सरपंच और उसके पार्टनर का तांडव — ट्रैफिक पुलिस से की बदसलूकी, वर्दी उतरवाने की धमकी, नशे में धुत होकर कहा “ऊपर तक लिंक है”

IMG 20250506 WA0013

कुनकुरी (जशपुर), 6 मई,2025 –  लोकतंत्र में चुने गए प्रतिनिधि जब खुद को कानून से ऊपर समझने लगें, तो यह न केवल व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि समाज के लिए भी खतरे की घंटी बन जाता है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला कुनकुरी नगर में सामने आया है, जहां कुनकुरी विकाखण्ड के ग्राम पंचायत बेने – चटकपुर का सरपंच नवीन साय शराब के नशे में ट्रैफिक पुलिस से उलझ गया, गाली-गलौच की, वर्दी उतरवाने की धमकी दी और खुद को ‘ऊपर तक पहुँच वाला’ बताते हुए खुलेआम गुंडागर्दी पर उतर आया। घटना का ब्योरा सोमवार शाम लगभग 5 से 6 बजे के बीच बस स्टैण्ड मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस ड्यूटी पर तैनात थी, जब एक कार रास्ते में अवरोधक बनी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने जब कार हटाने के लिए टोका, तो कार सवार नवीन साय और उसका साथी दीपक पाठक आपे से बाहर हो गए। गुस्से में दोनों ने पुलिस से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला हाथापाई की कगार तक पहुँच गया।तस्वीर में दीपक पाठक दिखाई दे रहा है। पुलिस द्वारा जब मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की गई, तो दीपक पाठक ने मोबाइल छीनकर सड़क पर फेंक दिया। इस दौरान सरपँच खुलेआम गाली देते हुए कहता रहा – “हम ऊपर तक जुड़े हैं, तुम्हारी वर्दी उतरवा दूंगा!” इस अभद्रता और सत्ता के घमंड से भरे व्यवहार ने राहगीरों को भी हैरान कर दिया।एक प्रत्यक्षदर्शी ने भाजपा की कार और भाजपाई दबंगों को देखकर चुटकी लेते हुए कहा – ‘हम ही बनाये हैं,हम ही सँवारेंगे।अभी सुशासन तिहार चल रहा है,ऐसे समय में ऐसी तस्वीरें सरकार की छवि खराब करती हैं।’ पुलिस की तत्परता और मेडिकल पुष्टि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंचा और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।ट्रैफिक पुलिस की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।आज दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कौन है नवीन साय? नवीन साय वर्तमान में ग्राम पंचायत चटकपुर का सरपंच है। ग्रामीणों के अनुसार, नवीन पहले रायपुर में काम करता था और हाल ही में बेने गांव के लोगों ने उसे बुलाकर सरपंच चुनाव में उतारा और जिताया था। लेकिन सत्ता मिलते ही उसके तेवर बदल गए। ग्रामीणों का आरोप है कि वह अक्सर शराब के नशे में अभद्र व्यवहार करता है और खुद को ‘तोपचन्द’ समझता है।अपनी कार के पीछे भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल के ऊपर सरपँच लिखवाकर गुंडागर्दी करता है। गाँव में रोष, बर्खास्तगी की मांग इस घटना की खबर जब गांव में फैली, तो लोगों में रोष फैल गया। कई ग्रामीणों ने सरपंच के निलंबन और बर्खास्तगी की मांग की है। लोगों का कहना है कि लोकतंत्र में चुनी हुई कुर्सी जनसेवा के लिए होती है, न कि पुलिस से बदसलूकी और कानून को चुनौती देने के लिए। प्रशासन सख्त रुख में पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ऐसे मामलों में किसी भी राजनीतिक दबाव की परवाह किए बिना सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, यदि दोष सिद्ध होता है तो सरपंच पद से भी कार्रवाई की सिफारिश की जा सकती है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सार्थक पहल से जशपुर में 3 छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की मिली सौगात

IMG 20250505 WA0030

Jashpur विकास खंड के ग्राम आरा पत्थलगांव विकास खंड के ग्राम कुडे़केला और बगीचा विकास खंड के ग्राम छिछली अ में बैंक खोलने की मिली स्वीकृति किसानों और आम नागरिकों को अब लम्बी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी जशपुर वासियों में खुशी की लहर मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद जशपुर 5 मई 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सार्थक पहल से जशपुर जिले के जनता को 3 छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की सौगात मिली है। संवेदनशील मुख्यमंत्री ने दूरस्थ अंचलों के आम जनता की समस्याओं को देखते हुए जशपुर विकास खंड के ग्राम आरा और पत्थलगांव विकास खंड के कुडे़केला (घरजियाबथान) दूरस्थ और पाठ क्षेत्र बगीचा विकास खंड के ग्राम छिछली अ में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक खोलने की स्वीकृति मिल गई। अब क्षेत्र किसानों,आम नागरिकों को बैंक के लिए लम्बी दूरी तय करनी नहीं पड़ेगी। किसानों का समय और आवागमन करने के लिए पैसे की भी बचत होगी। जशपुर वासियों ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है। कलेक्टर  रोहित व्यास ने बताया कि लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए ग्राम पंचायत के द्वारा गांव में भवन उपलब्ध कराया गया है। जहां बैंक का संचालन किया जाएगा।

विष्णु का सुशासन: क्रेडा अधिकारी पर रिश्वत और ठेकेदारी के आरोप पर तत्काल तबादला – जांच समिति गठित

FB IMG 1746102432351

जशपुर,05 मई 2025- ख़बर ज़नपक्ष की खबर पर एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। जशपुर जिले के क्रेडा जिला प्रभारी उप अभियंता नीलेश श्रीवास्तव पर रिश्वत लेने और ठेकेदारी में संलिप्तता के गंभीर आरोप सामने आने के बाद शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाकर सरगुजा भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच समिति का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू किए गए सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। क्षेत्रीय समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया में लगातार यह आरोप सामने आ रहे थे कि क्रेडा की परियोजनाओं में कार्य दिलाने के नाम पर मोबाइल पेमेंट ऐप्स से रिश्वत ली जा रही है। प्रमुख कार्यपालन अधिकारी  राजेश सिंह राणा के निर्देश पर यह सख्त निर्णय लिया गया। अब जशपुर का क्रेडा प्रभार संदीप कुमार मार्को को सौंपा गया है, जबकि नीलेश श्रीवास्तव को सरगुजा में पदस्थ किया गया है। मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 7 दिनों के भीतर जांच समिति अपनी प्राथमिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके लिए वंदना राजवाड़े को जिला प्रभारी, क्रेडा सरगुजा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। ख़बरजनपक्ष ने इस खबर को प्रमुखता से उठाया था, जिसकी गूंज अब कार्रवाई के रूप में सामने आई है। सरकार द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।  

‘साइड इन्कम’ के लिए सरकारी हेडमास्टर ने किया ऐसा घिनौना काम,गया जेल

IMG 20240723 184952

पैसे कमाने की भूख इस कदर किसी इंसान के मन में बढ़ जाती है कि वह भूख मिटाने के लिए लोक-लाज,नियम-धर्म,क़ानून सब ताक में रख देता है।ऐसी ही भूख एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर को लगी और देशी,विदेशी सुराप्रेमियों को झारखण्ड की शराब,देशी महुए की शराब बेचने लगा। जशपुर/04 मई 2025 –जशपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर की अवैध शराब तस्करी ने सभी को चौंका दिया है। फरसाबहार थाना क्षेत्र के खुटगांव गांव में पदस्थ शिक्षक पंकज कुमार को पुलिस ने किराना दुकान की आड़ में अंग्रेजी और देशी शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर और दुकान में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। फरसाबहार पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के आंगन से बोरी से ढंके कार्टन और जरकिन में कुल 24 लीटर 300 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹9,600 आंकी गई है। उसके कब्जे से पुलिस टीम ने 18 नग रॉयल व्हिस्की,10 नग गॉडफादर बियर,7 लीटर महुआ शराब – देसी हाथ भट्टी से बनी बरामद किया। आरोपी के पास शराब रखने या बिक्री का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका : सहायक उप निरीक्षक शांतिएल टोप्पोमहिला प्रधान आरक्षक सुशीला सिंहआरक्षक राजकुमार भगत,नगरसैनिक शिवनंदन पैंकरा एसपी शशि मोहन सिंह ने क्या कहा? “ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस का मुखबिर तंत्र पूरी तरह सक्रिय है। अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

जशपुर: तेज आंधी में चलती कार पर गिरा पेड़, चालक की मौत, एक की हालत गंभीर – रांची रेफर

IMG 20250503 WA0043

जशपुर: तेज आंधी में चलती कार पर गिरा पेड़, चालक की मौत, एक की हालत गंभीर – रांची रेफर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे बतौली-चराईडांड मार्ग पर तेज आंधी के दौरान एक चलती कार पर भारी पेड़ गिर गया, जिससे कार चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान प्रदीप राम करमाली (40 वर्ष), निवासी रामगढ़ टोपा, झारखंड के रूप में हुई है। हादसे में घायल विवेक कुमार (23 वर्ष), निवासी जरही, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) और पप्पू कुमार मिस्त्री (27 वर्ष), निवासी रामगढ़ टोपा, झारखंड को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से विवेक की हालत गंभीर होने पर उसे एंबुलेंस से रांची रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप करमाली अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में शामिल होने सूरजपुर के जरही आए थे। वहां से लौटते वक्त उन्होंने विवेक को भी साथ लिया था,जिसे रांची में ड्रॉप करना था। कार जशपुर जिले से गुजर रही थी, तभी नारायणपुर क्षेत्र के महुआटोली के पास अचानक तेज आंधी आई और आम का पेड़ चलती कार पर गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।कार के अंदर तीन लोग सवार थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नारायणपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायलों की मदद के लिए समाजसेवी रवि गजेंद्र जैन,कुनकुरी थाने से एएसआई मनोजकुमार साहू, हेड कांस्टेबल रामानुजम पांडे बारिश में भींगते हुए आगे आए।