सनसनीखेज हादसा: नशेड़ी डीजे ड्राइवर खुद नाचने में हुआ मशगूल, बच्चों ने लगा दी गाड़ी में गियर – 12 बाराती घायल

IMG 20250503 07450343

छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर आई है जिसमें डीजे की धुन पर नाच रहे बारातियों पर डीजे की ही गाड़ी चढ़ दौड़ी।यह वाकया नशे में धुत्त डीजे वाहन चालक द्वारा ख़ुद डीजे गाड़ी को छोड़कर बारातियों के साथ नाचने के दौरान बीती देर रात को घटा। बलौदा बाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र अंतर्गत हीरमि गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बीती रात बारात की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं जब नशे में धुत डीजे ड्राइवर ने लापरवाही की सारी हदें पार कर दीं। चालक ने चलती डीजे गाड़ी को सड़क पर लावारिस छोड़ दिया और खुद उतरकर बारातियों के साथ नाचने लगा। इसी बीच गाड़ी में बैठे कुछ मासूम बच्चों ने खेल-खेल में गाड़ी का गियर लगा दिया, जिससे भारी भरकम डीजे वाहन अचानक आगे बढ़ गया और तेज रफ्तार में बारातियों की भीड़ में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि करीब 10 से 12 लोग वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बलौदा बाजार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बारात में खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि डीजे चालक पूरी तरह नशे में था और उसे वाहन की कोई सुध नहीं थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लापरवाही के दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

कुनकुरी हॉलीक्रॉस अस्पताल पर गंभीर आरोप: गलत इंजेक्शन से महिला का बायाँ पैर हुआ बेकार, परिजनों ने किया हंगामा

IMG 20250429 20184791

कुनकुरी (जशपुर) 29 अप्रैल 2025 – जिले के बड़े चैरिटी वाला हॉलीक्रॉस अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। बनकोम्बो गांव की 42 वर्षीय चित्रलेखा यादव ने अस्पताल पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन दिए जाने से उनका बायां पैर काम करना बंद कर चुका है। पीड़िता और परिजनों का कहना है कि यह घटना 15 अप्रैल को हुई जब वह यूरिन इंफेक्शन के इलाज के लिए हॉस्पिटल गई थीं। चित्रलेखा ने मीडिया को बताया कि हॉलीक्रॉस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उन्हें पैर मोड़कर कमर के नीचे इंजेक्शन दिया गया। कुछ ही देर बाद जब वह बिस्तर से उठकर पेशाब करने जा रही थीं तो उनका बायां पैर काम करना बंद कर गया। 26 अप्रैल को जब वह दोबारा अस्पताल गईं तो बताया गया कि डॉक्टर मौजूद नहीं हैं। आज, 29 अप्रैल को जब वह फिर से पहुंचीं, तो डॉक्टर ने माना कि गलत इंजेक्शन लग गया है और अब न्यूरोलॉजिस्ट को दिखाना पड़ेगा। इस लापरवाही से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। पीड़िता के पति दिनेश यादव ने बताया कि उनकी पत्नी पहले बिलकुल ठीक थीं और स्कूटी चलाकर बच्चों को स्कूल छोड़ने भी जाती थीं। अब हालत ऐसी हो गई है कि घर की स्थिति और बिगड़ रही है। पीड़िता के भाई अक्षय यादव ने बताया कि इलाज के दस्तावेज मांगे जाने पर अस्पताल ने पेपर देने से इनकार कर दिया, जिससे उनका गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए पेपर छीन लिया और अब मामले की सूचना कुनकुरी थाना में देकर राउरकेला में बेहतर इलाज के लिए रवाना हो गए हैं। अस्पताल ने किया आरोपों से इनकार इस पूरे मामले पर हॉलीक्रॉस अस्पताल की अधीक्षिका डॉ. दीपशिखा ने बताया कि चित्रलेखा 15 अप्रैल को ओपीडी में आई थीं और सामान्य इलाज हुआ था। वह भर्ती नहीं थीं और पैरालाइज होने की बात पूरी तरह गलत है। डॉ. दीपशिखा का कहना है कि इंजेक्शन के बाद दर्द बढ़ सकता है, लेकिन इतनी दिनों के बाद आकर इस तरह का आरोप लगाना समझ से परे है। पहले भी विवादों में रहा हॉलीक्रॉस गौरतलब है कि इससे पहले भी हॉलीक्रॉस कई मामलों को लेकर विवादों में रहा है।महीने भर के भीतर इसी कैम्पस में संचालित हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज पर धर्मांतरण की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया था। अब इस नए मामले से एक बार फिर अस्पताल सवालों के घेरे में आ गया है। बता दें कि जशपुर ही नहीं, झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों के मरीजों के लिए भी यह मिशन अस्पताल नाम से मशहूर अस्पताल एक बड़ी सुविधा का केंद्र रहा है। ऐसे में इलाज में लापरवाही से भविष्य में और भी बड़ा जन आक्रोश खड़ा कर सकता है। देखना यह होगा कि यह मामला चिकित्सा लापरवाही के दायरे में जांच के लिए जाएगा या फिर केवल एक खबर बनकर रह जायेगा।

कुनकुरी के पूर्व विधायक यूडी मिंज के फेसबुक पोस्ट से मचा बवाल,यूडी मिंज पर राजद्रोह के तहत मामला दर्ज हो- गौरीशंकर श्रीवास

IMG 20250427 WA0034

रायपुर/कुनकुरी,27 अप्रैल 2025 – कांग्रेस लीडर पूर्व कुनकुरी विधायक यूडी मिंज ने फेसबुक पोस्ट में बेसरण (पहलगाम) आतंकवादी हमले को लेकर बयान दिया जो पूरे प्रदेश में विवादित हो गया है।मिंज ने भारत को पाकिस्तान पर हमला करने पर हार जाने की बात कही है हालांकि एक पोस्ट में मोबाइल हैक हो जाने की जानकारी देते हुए फेसबुक पोस्ट के जरिये अपना पक्ष रखा है। वहीं,भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास ने बयान जारी करते हुए कहा कि यूडी मिंज के सोशल मीडिया में जो पोस्ट है वो गद्दारी तथा सेना का मनोबल तोड़ने वाला पोस्ट है जिसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा पहलगाम में हुए सैलानियों पर हमले के बाद से पूरा देश आक्रोशित है ऐसे में अपने सोशल मीडिया हैंडल से भारत -पाक युद्ध में देश की हार तय करते हुए कायरता पूर्ण पोस्ट शेयर किया है जो कि कांग्रेस पार्टी के मूल चरित्र को प्रदर्शित करता है और ये पहला मौका नहीं है इसके पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत माँगकर देश को राष्ट्रीय पटल पर अपमानित करने का काम कांग्रेसी नेताओ ने किया था जिसे राष्ट्र नहीं भुला है! पहलगाम टेरर अटैक में छत्तीसगढ़ ने दिनेश मिरानिया के रूप में अपना लाल खोया है जिसे लेकर प्रदेश में जनता की सेना की तरफ़ टकटकी लगाकर देख रही इस गमगीन स्थिति में युद्ध के पूर्व परिणाम अपने देश के ख़िलाफ़ देने वाला एक गद्दार ही हो सकता है अतः पूर्व विधायक मिंज के ख़िलाफ़ कड़ी कार्यवाही की जाए। इधर गौरी शंकर श्रीवास के ट्वीट करने के बाद पोस्ट तेज़ी से वायरल होने लगा जिसके बाद पूर्व विधायक यूडी मिंज ने आज शाम फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था जिसके चलते उनके अकाउंट से किसी ने पोस्ट कर दिया। लेकिन गौर करने वाली बार ये है कि श्री मिंज का ये विवादित पोस्ट एक दिन पुराना है जिस पर विवाद की स्थित निर्मित होने के बाद उन्होंने हैक होने का सहारा लिया है। देखें वह पोस्ट –   

छत्तीसगढ़ की सियासत को हिला देने वाली वारदात: थाने से महज 200 मीटर दूर युवती से दुष्कर्म,कामांध युवक सलाखों के पीछे

IMG 20250427 16143545 1

जशपुर/कुनकुरी,27 अप्रैल 2025 – जशपुर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसमें कुनकुरी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर एक दरिंदे ने युवती को हवस का शिकार बनाया और फरार हो गया हालांकि क्राइम किलर एसएसपी शशिमोहन सिंह ने 24 घण्टे के भीतर हवस के दरिंदे को पकड़कर सलाखों के पीछे धकेल दिया। घटना कैसे घटी: दिनांक 25 अप्रैल को रात 8.30 बजे, पीड़िता अपने किराए के मकान के बाहर टहल रही थी। तभी एक अनजान युवक आया, पानी मांगा और मौका पाकर दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।थाने से चंद कदम दूर, इस दुस्साहसी वारदात ने स्थानीय प्रशासन को शर्मसार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने फ़िल्मी अंदाज में पीड़िता से कहा — “सलमा(बदला हुआ नाम) से कहना कि अंकित आया था!” यही वह डायलॉग बाद में पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग बना। पुलिस की चुनौती और आरोपी की गिरफ्तारी: आरोपी अज्ञात था, ना नाम, ना पहचान। पुलिस ने ब्लर सीसीटीवी फुटेज और पीड़िता द्वारा बताए गए एक वाक्य के सहारे जांच आगे बढ़ाई। मुखबिर के जरिए आरोपी अंकित खाखा (30 वर्ष) को आदर्श नगर कुनकुरी से पकड़ा गया। पीड़िता ने उसकी शिनाख्त कर दी और आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल लिया।आरोपी ने बताया कि वह एमए तक पढ़ालिखा है लेकिन नौकरी नहीं मिलने से पुताई वगैरह का काम करता था।उसके दोस्तों ने बताया था कि एक लड़की है जो जिस्मफरोशी का काम करती है जिसपर वह उसे ढूंढने गया था लेकिन वह नहीं मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का बयान: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया — “पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर जेल भेजा.आरोपी को पकड़ने में शामिल पुलिस टीम को नगद पुरस्कार दिया जाएगा.’

“बेटी पढ़ाओ” की खुली पोल — दो छात्राओं को परीक्षा से वंचित करने के पीछे किसका हाथ? छत्तीसगढ़ में सरकार नाम की चीज है भी या नहीं? प्राचार्य की मनमानी देखिए,

IMG 20250419 214643

अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से छत्तीसगढ़ भू-भाग आदिम जनजातियों,अनुसूचित जातियों का रहा है,जिन्हें भारत सरकार ने संविधान के तहत विशेष दर्जा दिया हुआ है।जिनको मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार कोशिशें हुईं हैं।वहीं “बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ” के नारे के साथ इन अंचलों की बेटियों को शिक्षा देने के लिए हर तरह से कोशिशें जारी है लेकिन कुछ कुंठित मानसिकता से ग्रसित लोग शिक्षा के मंदिरों में बैठकर मनमानी कर रहे हैं। दरअसल, मरवाही विकासखंड से एक बेहद चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, सिवनी में पढ़ने वाली दो आदिवासी छात्राओं को 11वीं की मुख्य परीक्षा से सिर्फ इसीलिए वंचित कर दिया गया, क्योंकि एक के आधार कार्ड और मार्कशीट में नाम का अंतर था और दूसरी के पास जाति प्रमाणपत्र नहीं था। पहली छात्रा देवकी पावले — पंडरी गांव की निवासी है। उसने 10वीं की परीक्षा पास करने के बाद आत्मानंद स्कूल में 11वीं में प्रवेश लिया। पढ़ाई की, अर्धवार्षिक परीक्षा दी। लेकिन जब मुख्य परीक्षा आई तो स्कूल प्रबंधन ने उसे परीक्षा देने से मना कर दिया, क्योंकि आधार कार्ड में उसका नाम “देवती बाई” और मार्कशीट में “देवकी पावले” दर्ज था। देवकी ने जब आधार में सुधार करवाने की कोशिश की तो आधार केंद्र ने 10,000 रुपये की मांग की — एक गरीब आदिवासी परिवार के लिए असंभव रकम। मजबूर होकर उसने परीक्षा छोड़ दी, और उसका पूरा साल खराब हो गया। दूसरी छात्रा शालिनी पेंड्रो — यही स्कूल, यही कक्षा, लेकिन समस्या दूसरी। उसका जाति प्रमाण पत्र नहीं बना था। बस इसी वजह से उसे परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया। स्कूल प्रशासन की यह मनमानी न सिर्फ छात्रा के भविष्य के साथ अन्याय है, बल्कि आदिवासी समाज के लिए भी एक अपमान है। गांव के सरपंच तपेश्वर पोट्टम ने मौके पर पहुंचकर नाराज़गी जताई और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं मरवाही के विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार पटेल ने स्वीकार किया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया से मिली है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है, और पूरक परीक्षा में दोनों छात्राओं को शामिल कर उनका एक साल बचाने की पूरी कोशिश की जाएगी। मरवाही आदिवासी बहुल इलाका है। यहां आदिवासी विधायक हैं, आदिवासी कलेक्टर हैं — ऐसे में दो आदिवासी छात्राओं का आधार और जाति प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज़ों के कारण परीक्षा से वंचित हो जाना शासन-प्रशासन के लिए गहरी चिंता और शर्म का विषय होना चाहिए। अब सवाल ये है कि क्या सिर्फ जांच और आश्वासन से इन छात्राओं का भविष्य संवर पाएगा? या फिर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर सरकार यह संदेश देगी कि ‘बेटी पढ़ाओ’ सिर्फ नारा नहीं, एक जिम्मेदारी है।

धर्म नगरी कुनकुरी में 45 जैन साध्वियों का ऐतिहासिक पदार्पण, गाजे-बाजे और अश्रुधारा के साथ हुआ भव्य स्वागत

IMG 20250406 07230637

कुनकुरी, जशपुर 6 अप्रैल 2025 छत्तीसगढ़ की पावन धर्मनगरी कुनकुरी शनिवार 5अप्रैल को आध्यात्म और तप के अनुपम दृश्य का ऐतिहासिक साक्षी बना, जब 45 जैन साध्वियों का विशाल संघ नगर में पदार्पित हुआ। आचार्यश्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य समयसागर जी महाराज की प्रमुख शिष्या, आर्यिका श्री गुरु मति माता जी एवं आर्यिका दृण मति माता जी के नेतृत्व में यह संघ तीर्थराज सम्मेद शिखरजी की ओर पदविहार कर रहा है।यह जानकारी अंशुल रारा ने दी। धार्मिक भावनाओं से ओतप्रोत वातावरण में, गाजे-बाजे और श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए जैन समाज एवं नगरवासियों ने साध्वी संघ का भव्य स्वागत किया। श्वेत वस्त्रधारी माताजीगण के चरण पड़ते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे, कई की आँखों से अश्रुधारा बह निकली। यह पहला अवसर है जब धर्मनगरी कुनकुरी में इतनी बड़ी संख्या में साध्वियों का आगमन हुआ है। लगभग 100 श्रावक भी इस पदयात्रा में शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि जैन साधु-साध्वियाँ वाहन का उपयोग नहीं करते और नंगे पाँव ही जंगल, पर्वत और पथरीले मार्गों से गुजरते हुए तप और साधना का जीवन जीते हैं। अब तक यह संघ लगभग 500 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा पूरी कर चुका है। प्रतिदिन 15 से 20 किलोमीटर तक का पदविहार, वह भी एक समय शुद्ध आहारचर्या के साथ—यह साधना अपने आप में एक तपस्वी जीवन का परिचायक है। यह संघ डोंगरगढ़ से विहार करते हुए जशपुर के रास्ते झारखंड स्थित जैन तीर्थों की सर्वोच्च भूमि तीर्थराज सम्मेद शिखरजी की ओर अग्रसर है। डोंगरगढ़ में पिछले वर्ष आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की समाधि का एक वर्ष पूर्ण होने पर विशाल आयोजन किया गया था। उसी पावन स्थल से यह साध्वीगण आगे विहार कर रहे हैं। कुनकुरी का यह ऐतिहासिक पल धर्म प्रेमियों के हृदय में सदा अमिट रहेगा। नगरवासियों ने इस आगमन को पर्व की भांति मनाते हुए धर्म, संयम और तप की प्रेरणा ग्रहण की।

विष्णु के सुशासन में दारूबाजों की खैर नहीं, पार्टी कर रहे हो तो सावधान हो जाओ,,,

IMG 20250405 074019

रायपुर,05 अप्रैल 2025 – छत्तीसगढ़ सरकार ने नई आबकारी नीति के तहत 1 अप्रैल 2025 से शादी, पार्टी और अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब परोसने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए शुल्क भी निर्धारित किया गया है। लाइसेंस शुल्क विवरण: निजी भवन में आयोजन: यदि कोई अपने निजी भवन (फार्म हाउस को छोड़कर) में निजी कार्यक्रम में शराब परोसना चाहता है, तो उसे एक दिन के लिए ₹10,000 का लाइसेंस शुल्क देना होगा। होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज हॉल या फार्म हाउस में आयोजन: इन स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए एक दिन का लाइसेंस शुल्क ₹15,000 निर्धारित किया गया है। इवेंट, कंसर्ट, लाइव संगीत, नृत्य कार्यक्रम, नव वर्ष समारोह आदि: ऐसे बड़े आयोजनों में शराब परोसने के लिए एक दिन का लाइसेंस शुल्क ₹30,000 होगा। लाइसेंस प्राप्ति की प्रक्रिया: आयोजकों को संबंधित आयोजन से पूर्व स्थानीय आबकारी विभाग में आवेदन कर निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। बिना लाइसेंस के शराब परोसने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य: आबकारी विभाग के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य शराब के अवैध सेवन और बिक्री पर नियंत्रण रखना है, साथ ही सरकारी राजस्व में वृद्धि करना है। इस वर्ष सरकार का लक्ष्य 12 हजार करोड़ का है। शराब की कीमतों में कमी: नई आबकारी नीति के तहत, 1 अप्रैल 2025 से शराब की कीमतों में लगभग 4% की कमी आएगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। यह नई नीति राज्य में शराब के उपभोग और बिक्री को अधिक संगठित और नियंत्रित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी में धर्म परिवर्तन का दबाव, छात्रा का आरोप – जिला प्रशासन से की शिकायत,विहिप ने दी चेतावनी

IMG 20250402 18402866

जशपुर,02 अप्रैल 2025 – बड़ी खबर कुनकुरी से सामने आई है जहाँ हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी की एक छात्रा ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि कॉलेज की प्रिंसिपल सिस्टर विंसी जोसेफ द्वारा उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया और मना करने पर मानसिक प्रताड़ना दी गई। कलेक्टर जशपुर को छात्रा ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि वह कॉलेज में  नर्सिंग कोर्स के अंतिम वर्ष की छात्रा है और उसे फर्स्ट ईयर में दाखिले के लगभग 3 महीने बाद से ही सिस्टर विंसी द्वारा धर्म परिवर्तन कर नन बनने के लिए बार-बार दबाव डाला गया। जब उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो प्रबंधन ने उसके साथ भेदभाव करना शुरू कर दिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि 01 अप्रैल 2024 को उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया और कॉलेज परिसर में प्रवेश से भी रोका गया। इसके बाद उसे पढ़ाई और वार्षिक परीक्षा से वंचित करने की कोशिश की गई। जब उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तब जाकर उसे परीक्षा में बैठने दिया गया, लेकिन प्रबंधन ने उसे प्रैक्टिकल परीक्षा से बाहर रखने की कोशिश की।सिस्टर विंसी छात्रा का शैक्षणिक जीवन खराब कर रही है। छात्रा ने इस उत्पीड़न के खिलाफ जशपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रा ने एएसपी शशिमोहन सिंह को भी शिकायत की एक कॉपी सौंपी है। छात्रा ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगी। इस शिकायत के बारे में जैसे ही हिन्दू संगठन विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख करनैल सिंह को जानकारी मिली तो उन्होंने इस विषय को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।करनैल सिंह ने कहा कि ” शिक्षा और सेवा को धर्मान्तरण का हथियार बनाने वाली मिशनरी संस्था में एक गरीब हिन्दू लड़की को नन बनाने के लिए उसे धर्मपरिवर्तन करने के लिए प्रताड़ित करने से सर्व हिन्दू समाज आहत है।यदि कलेक्टर ,एसपी इस विषय पर तत्काल कार्रवाई कर दोषी संस्था को बंद करते हुए धर्मांतरण करने के लिए छात्रा को फेल करने तक कि साजिश रचनेवाली संस्था प्रमुख को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो हमें मजबूरन सड़क पर उतरना होगा।” इस मामले में ख़बर ज़नपक्ष हॉलीक्रॉस नर्सिंग कालेज प्रबंधन का पक्ष जानने की कोशिश कर रहा है ,जैसे ही उनका पक्ष सामने आता है,पाठकों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा।

LIVE: मयाली जलाशय में बड़ा हादसा टला, SDRF जवानों ने 6 लोगों की जान बचाई

IMG 20250326 WA0056

जशपुर, 26मार्च 2025 – मयाली जलाशय से बड़ी खबर   कुनकुरी के मयाली जलाशय में आज बुधवार  उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दोपहर दो बजकर पचास मिनट पर छह लोगों से भरी एक मोटर बोट अचानक पलट गई। लेकिन SDRF के जवानों की बहादुरी और तत्परता ने बड़ा हादसा होने से रोक लिया। चंद सेकंड में ही जवानों ने बोट तक पहुंचकर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। खास बात यह है कि बोट में सवार दो लड़कियों को तैरना नहीं आता था, लेकिन उन्होंने समय रहते लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। कैसे हुआ हादसा? यह घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई।दरअसल,25 मार्च को वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स कार्यक्रम के लिए एक पुरानी बोट खमगड़ा जलाशय से लाई गई थी।जिसे आज मयाली डेम में चलाई जा रही थी। जब बोट जलाशय में आगे बढ़ रही थी, तभी उसमें सवार एक युवक सेल्फी लेने के लिए अचानक झुका। इससे बोट का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हादसे के तुरंत बाद सेल्फी लेने वाला युवक मौके से भाग निकला। उसे कोई पहचान भी नहीं पाया। SDRF जवानों ने दिखाई अद्भुत तेजी जैसे ही बोट पलटी, SDRF के जवानों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जलाशय में पहले से मौजूद जवानों ने तुरंत दूसरी बोट से पहुंचकर सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। नाव में सवार मोनिका केरकेट्टा ने बताया, “मुझे तैरना नहीं आता, लेकिन लाइफ जैकेट की वजह से मैं बच गई। अगर SDRF के जवान समय पर नहीं आते, तो हमारी जान को खतरा हो सकता था।” हादसे के बाद बोटिंग बंद वन प्रबंधन समिति खंडसा के अध्यक्ष चंदर सिंह ने बताया कि घटना के बाद मयाली जलाशय में बोटिंग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। नगरसेना के कमांडेंट विजय किशोर ने बताया कि सभी सवारियों को लाइफ जैकेट पहनने की अनिवार्यता थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। LIVE अपडेट: ✅ SDRF जवानों की बहादुरी से 6 लोग सुरक्षित ✅ दो लड़कियों को तैरना नहीं आता था, लेकिन लाइफ जैकेट ने बचाई जान ✅ सेल्फी लेने वाला युवक मौके से भागा, पहचान अज्ञात ✅ हादसे के बाद मयाली जलाशय में बोटिंग पर रोक यह SDRF जवानों की सतर्कता और बहादुरी का ही नतीजा है कि आज छह लोगों की जान बच गई। लेकिन यह हादसा एक चेतावनी भी है कि सेल्फी के जुनून में लापरवाही से लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। प्रशासन अब इस मामले की जांच कर रहा है और सुरक्षा उपायों को और कड़ा करने की तैयारी में है।

शिव महापुराण कथा में उमड़ा भक्तों का सैलाब, पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रवचनों से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु,कोरवा जनजाति भी कथा सुनने पहुंचा

IMG 20250323 WA0023

जशपुर, 23 मार्च 2025। जशपुर के मयाली में मधेश्वर महादेव के पावन धाम में चल रही शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रख्यात कथावाचक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा ने अपने दिव्य प्रवचनों से भक्तों को शिव महापुराण के गूढ़ रहस्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि “जिसने भी इस मृत्युलोक में जन्म लिया है, उसे सुख के साथ दुख भी झेलना पड़ेगा। भगवान राम और कृष्ण को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा।” शिव महापुराण: दुख सहने की शक्ति देता है कथावाचक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शिव महापुराण कथा व्यक्ति को कठिन समय में शक्ति प्रदान करती है। जिस प्रकार छाता बारिश से बचाता है, उसी तरह यह कथा जीवन की समस्याओं से लड़ने का संबल देती है। उन्होंने बताया कि “जिन्हें अधिक अपमानित किया जाता है, वे ही आगे चलकर संसार में बड़ा नाम कमाते हैं।” भगवा रंग में रंगा भारत, दया ही सबसे बड़ा धर्म अपने प्रवचन में पंडित मिश्रा ने कहा कि आज भारत भगवा रंग में रंग चुका है, यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने भक्तों से आग्रह किया कि वे धर्म और भक्ति के मार्ग पर अडिग रहें। “समुद्र मंथन में निकले विष को भगवान शिव ने ग्रहण कर समस्त लोक की रक्षा की, यही सच्ची त्याग और बलिदान की पराकाष्ठा है।” पहाड़ी कोरवाओं ने किया शिव कथा का श्रवण कथा के तीसरे दिन युवराज विजय आदित्य सिंह जूदेव के साथ बोरोकोना, तहसील मनोरा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के लोग भी इस भक्ति-धारा में सराबोर हो गए। दिनेश राम, राजनाथ राम, रंजीत राम ने कहा कि “भगवान शिव की कथा सुनकर आत्मिक शांति मिली। पंडित प्रदीप मिश्रा जी के प्रवचन हमें भक्ति और जीवन का सही मार्ग दिखा रहे हैं।” राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति इस अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रियम्वदा सिंह जूदेव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी कथा स्थल पहुंचे और शिव महापुराण कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भक्तों में भक्ति की उमंग, जारी रहेगी कथा मधेश्वर महादेव धाम में चल रही शिव महापुराण कथा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। हर दिन हजारों भक्त भगवान शिव की महिमा का गुणगान सुनने पहुंच रहे हैं। कथा का आयोजन अगले कुछ दिनों तक इसी भव्यता के साथ जारी रहेगा।