मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रौतिया समाज के करमा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने कंडोरा आएंगे

1002527704

जशपुर/कुनकुरी- आज दिनांक 27/10/2024 को दोपहर लगभग 1:00 बजे ग्राम पंचायत कंडोरा के (आम्बा बगीचा) में रौतिया समाज द्वारा, प्रदेश स्तरीय करमा महोत्सव अखिल भारतीय रौतिया विकास परिषद छत्तीसगढ़ प्रान्त के तत्वाधान में बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डे, बस्तर सांसद महेश कश्यप, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, पत्थलगांव विधायक श्रीमति गोमती साय, पूर्व संगठन मंत्री (भाजपा) रामप्रताप सिंह, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, असम के प्रान्तीय समिति एवं सदस्य, समाज बंधु गण शामिल होंगे। इस दौरान कम से कम 5000 करमा नर्तक, कलाकार कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहीं कोरबा, जांजगीर, चांपा, बिलासपुर, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर एवं रायगढ़ जिले से भी लोग शामिल होंगे।

फोटो एलबम देकर छत्तीसगढ़ यात्रा को आपने चिरस्मरणीय बना दिया – महामहिम मुर्मू : सीएम साय की सक्रियता पर हुईं खुश

IMG 20241026 WA0033

*राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत* रायपुर, 26 अक्टूबर 2024/राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज नवा रायपुर सेक्टर 24 स्थित नवीन मुख्यमंत्री निवास पहुंची। उनके यहां पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय सहित परिजनों ने परंपरागत रूप से उनका आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने मुख्यमंत्री के परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। राष्ट्रपति ने सबके साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई। श्रीमती मुर्मु ने बच्चों को आशीष दिया और राष्ट्रपति भवन की पुस्तक और चॉकलेट उपहार स्वरूप दिया। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के सम्मान में मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने निवास में भोज का आयोजन किया था। *मुख्यमंत्री ने भेंट किया छायाचित्र का एलबम* राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान की विभिन्न अवसरों पर ली गई छायाचित्र का एलबम नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में भेंट किया। महामहिम मुर्मु ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय डिजिटल का है और फोटो डिजिटल रूप में तुरंत मिल जाती हैं। लेकिन आपने इतने सीमित समय में इसका एल्बम तैयार कर मुझे दिया है। आपने इस फोटो एल्बम के माध्यम से मेरे छत्तीसगढ़ प्रवास को चिरस्मरणीय बना दिया है।

* द्रौपदी मुर्मु , राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ भगवान के किए दर्शन………*

IMG 20241026 WA0001

रायपुर ,26 अक्टूबर 2024/ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज सुबह गायत्री नगर रायपुर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में महाप्रभु श्री जगन्नाथ भगवान की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों सहित देशवासियों की समृद्धि एवं सुख-शांति की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।

आदिकालीन प्रकृतिपूजक रौतिया समाज ने मनाया करमा पर्व,पारंपरिक वेशभूषा में पूरी रात जमकर नाचे,,देखें तस्वीरें

IMG 20241024 WA0003

जशपुर/कुनकुरी,24 अक्टूबर 2024 – अखिल भारतीय रौतिया समाज के कुनकुरी मंडल में जनजातीय समाज का पवित्र त्यौहार करमा महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया।यह पर्व करमा अर्थात कर्म देवता की आराधना करते हुए घर-परिवार,समाज,पृथ्वी के समस्त प्राणियों की सुख-समृद्धि की कामना करने का त्यौहार है।जिसमें सभी लोग करम वृक्ष की डगाल लाकर पूजा स्थल में गाड़ते हैं और रातभर लोकगीतों के साथ पारंपरिक वाद्ययंत्रों ( ढोलक,मांदर,नगाड़ा इत्यादि)बजाते हुए करम नृत्य करते हैं। अखिल भारतीय रौतिया समाज के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम रौतिया विशेष रूप से आज के युवाओं को अपनी प्राचीन लोकसंस्कृति, परम्परा, पूजा-पद्धति से जोड़ने के लिए रौतिया भवन पहुंचे हुए थे। दरअसल, रौतिया समाज कुछ गलतफहमियां और दस्तावेजों में हुई/की गईं त्रुटियों के कारण छत्तीसगढ़ में जनजाति समुदाय की सूची में नहीं जुड़ पाया।बीते तीन दशकों से इस विषय को लेकर समाज प्रमुखों के द्वारा सत्ता में बैठी राजनैतिक पार्टियों के सामने खुद को आदिवासी घोषित कराने के लिए लगातार प्रयास किया गया।पिछले विधानसभा चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव में भाजपा ने डबल इंजन की सरकार में समाज की मांग पूरी करने का भरोसा दिया था। अखिल भारतीय रौतिया समाज के कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मीनू सिंह कहते हैं कि हम वे आदिवासी हैं जिन्हें संविधान लागू होते समय सूचीबद्ध नहीं किया गया।1954 से इसके प्रयास शुरू हुए जो आज तक जारी है।वह अलग विषय है।हम यहां करम त्यौहार मनाने इकट्ठे हुए हैं।यह त्यौहार आधुनिकता के संक्रमण से छूट रहा था,जिसे हम पुनः गौरवशाली ढंग से स्थापित कर रहे हैं।27 अक्टूबर को कंडोरा आम बगीचा में राष्ट्रीय स्तर पर यह त्यौहार मनाने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र की S.H.G महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किया बड़ा काम, 24 लाख रुपये के चेक वितरित

IMG 20241023 WA0007

भेलवां के ग्रामीणों को मिली नई बैंकिंग सुविधा, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किया यूको बैंक शाखा का शुभारंभ जशपुर/बगिया, 23 अक्टूबर 2024 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में फरसाबहार विकास खंड के ग्राम भेलवां में आज यूको बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया, जिससे ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 40 स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों को 24 लाख रुपये के चेक प्रदान किए, जिससे वे रोजगार के नए अवसरों को साकार कर सकेंगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने बैंक शाखा के उद्घाटन पर स्थानीय ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा, “यह कदम वित्तीय समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे फरसाबहार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा, खासकर महिलाओं को, जो आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर हो रही हैं।” श्री साय ने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन स्व-सहायता समूहों की महिलाएं सब्जी उत्पादन, व्यापार, आचार-पापड़ निर्माण, कोसा उद्योग और अन्य क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर रही हैं, जिससे उनका आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रयासरत है। “बैंकिंग सुविधा ग्रामीणों के लिए बहुत आवश्यक है और यह शाखा उनके आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी,” उन्होंने कहा। सीएम निवास बगिया में यूको बैंक के उद्घाटन के मौके पर श्री साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ स्व सहायता समूह की महिलाओं को लखपति दीदी बनने की शुभकामना दी। इस मौके पर स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया और इस नई सुविधा के लिए खुशी जाहिर की।  

आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

IMG 20241022 WA0025

सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में प्रगतिरत कार्याे को दो माह में पूर्ण करने के निर्देश प्राधिकरण की बजट राशि 50 से बढ़ाकर 75 करोड़ की गई, मयाली में पर्यटन को बढ़ावा देने 10 करोड़ की घोषणा खराब सड़कों की होगी शीघ्र मरम्मत जशपुर, 22 अक्टूबर 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के मयाली में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक ली। उन्होंने विधायक रेणुका सिंह की मांग पर प्राधिकरण की बजट राशि को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ करने की घोषणा की। साथ ही मयाली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बैठक में प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत कार्याे की समीक्षा की और निर्देश दिए कि अप्रारंभ कार्याे को निरस्त कर प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने वन-टू-वन चर्चा कर सदस्यों की समस्याओं और मांगों की जानकारी ली और संबंधित विभागों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बस्तर से लेकर सरगुजा तक विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं के तहत पिछड़े क्षेत्रों में बजट का प्रावधान कर विकास कार्याे को गति दी जा रही है।” बैठक में उन्होंने जशपुर जिले की खनिज संपदा और वन संसाधनों का जिक्र करते हुए वनोपज के वैल्यू एडिशन पर जोर दिया और कहा कि इससे ग्रामीणों और किसानों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मयाली में पर्यटन को बढ़ावा देने से जिले के विकास में मदद मिलेगी और राजधानी से आए अधिकारियों से जिले के उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। बैठक के दौरान लुण्ड्रा-बतौली क्षेत्र में गन्ना खरीदी केंद्र को पुनः प्रारंभ करने, हाथी से जनहानि रोकने के उपाय, और बिजली से जुड़ी समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राशन की कमी से संबंधित शिकायतों को भी सुलझाने के निर्देश दिए गए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की इस बैठक से इन क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आएगी और जन-जीवन को बेहतर बनाया जाएगा। बैठक में कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत कई प्रमुख नेताओं ने अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर चर्चा की। सभी ने अपनी-अपनी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिन्हें शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।  

प्रकृति की गोद में ऐतिहासिक बैठक आज: *सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में लगेगी विकास की मुहर* ऐसी हुई है तैयारी,,देखें ताजा तस्वीरे

Picsart 24 10 22 09 17 23 636

जशपुर 22 अक्टूबर 2024/ नैसर्गिक सुंदरताओं को समेटे जशपुर की खूबसूरती को भला कौन निहारना नहीं चाहेगा..। सिन्दूरी सुबह और गुलाबी ठण्ड के दस्तक के बीच नीले आकाश, पक्षियों के चहचहाहट, कलरव के साथ हरे-भरे वातावरण और स्वच्छ पानी में अपना रूप झाँकते मधेश्वर पर्वत के प्रतिबिम्ब के बीच मयाली में  सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक होने जा रही है। ग्राम खण्डसा से मयाली में बैठक स्थल तक जलविहार करते हुए तमाम अतिथि नाव से पहुँचेंगे। यहाँ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित सभी मंत्रियों अन्य अतिथियों के स्वागत सत्कार के लिए स्थानीय ग्रामीण भी बेताब है। मयाली में गेंदे सहित आसपास खिलने वाले अन्य पीले फूलों और जवाफूल, बासमती धान की बालियों,पीले मक्के के साथ मन को मोह लेने वाले स्वागत द्वार तैयार किए गए हैं। यह स्वागत द्वार मयाली आने वाले सभी आगंतुकों को भावविह्वल करेगी। मुख्यमंत्री श्री साय के गृह जिले जशपुर के मयाली में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक के लिए खास तैयारी की गई है। यहाँ ग्रामीण महिलाओं ने मुख्यमंत्री सहित अन्य सभी अतिथियों के लिए स्वागत द्वार तैयार किया है। यहाँ की संस्कृति से मेल कराने के साथ जशपुर जिले में उगाई जाने वाली जवाफूल, बासमती धान के बालियों, मक्के और फूलों को इस तरह सजाया गया है कि इसे देखने वाले इस ओर आकर्षित होने के साथ यहाँ के दृश्यों और स्वागत सत्कार को हमेशा अपने जेहन में बसा लेंगे। रामवती, कमला यादव सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि यह खुशी और गौरवान्वित करने का क्षण है कि उनके खण्डसा ग्राम पंचायत में हमारे मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री, सांसद,जनप्रतिनिधि, बड़े अधिकारी भी यहाँ आएंगे। ग्राम खण्डसा से नाव में चढ़कर बैठक स्थल पर पहुँचेंगे। इस दौरान स्थानीय आदिवासी महिलाओं को सभी के स्वागत, अभिनन्दन का अवसर मिला है। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने धान की बालियों,गेंदे सहित आसपास के फूलों और मक्के सहित अन्य सामग्रियों से स्वागत द्वार तैयार किया है। इधर मयाली नेचर कैम्प स्थल पर जिला प्रशासन द्वारा भी व्यापक तैयारी की गई है। पत्थरों में उकेरे गए खूबसूरत दृश्य, रंगीन लाइट में आकर्षित करते पानी के फव्वारे,  मयाली बांध में भरे हुए पानी के बीच जुगनुओं की तरह टिमटिमाती रोशनी बहुत दूर से ही सभी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय अपने सभी मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सरगुजा सम्भाग के विकास की नई गाथा लिखेंगे, वही दिन के उजाले में अपनी खूबसूरती से मयाली बांध और आसपास का दिव्य नैसर्गिक सौंदर्य जशपुर जिले से निकलकर एक नई पहचान बनाने को तैयार है।

*मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीदों को दी विनम्र श्रद्धांजलि*

Picsart 24 10 21 09 42 48 287

रायपुर, 20 अक्टूबर 2024/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को उन वीर पुलिसकर्मियों के सम्मान में मनाया जाता है जिन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। यह दिन हमें हमारे देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका की याद दिलाता है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सुरक्षा बलों और पुलिस के वीर शहीदों द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान दिए सर्वाेच्च बलिदान पर पूरे देश को गर्व है।

*राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आत्मीय स्वागत, कुछ ही देर में प्रधानमंत्री मोदी मां महामाया एयरपोर्ट से विमानसेवा का करेंगे लोकार्पण*

IMG 20241020 WA0024

रायपुर, 20 अक्तूबर 2024/महामाया एयरपोर्ट दरिमा अंबिकापुर के लोकार्पण समारोह में शामिल होने अंबिकापुर पहुंचे राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय का एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। राज्यपाल श्री डेका का यह प्रथम जिला आगमन है। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री अरूण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री एवं प्रभारी मंत्री सरगुजा ओ.पी. चौधरी भी अंबिकापुर पहुंचे। इस अवसर पर आदिम जाति कल्याण एवं कृषि मंत्री  रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री  श्यामबिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाडे़, संसदीय क्षेत्र सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, अम्बिकापुर विधायक  राजेश अग्रवाल, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, संयुक्त सचिव संजीव झा, सरगुजा संभागायुक्त जीआर चुरेंद्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल उपस्थित रहे।

*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘दिव्यांगता: चुनौतियों से अवसर तक’ पुस्तक का किया विमोचन* *लेखकों के बारे में जानिए,,,*

IMG 20241020 WA0002

  रायपुर, 20 अक्टूबर 2024/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार शाम को अपने निवास कार्यालय में दिव्यांगता पर आधारित पुस्तक दिव्यांगता: चुनौतियों से अवसर तक का विमोचन किया। इस कृति को सुश्री के. शारदा, श्रीमती प्रीति शांडिल्य और डॉ. अभिनव मिश्रा ने सह-लेखक के रूप में तैयार किया है। मुख्यमंत्री को पुस्तक के लेखकों ने बताया कि यह किताब छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, संसाधनों और सुविधाओं का व्यापक विवरण प्रस्तुत करती है। इसके अतिरिक्त, यह दिव्यांगता प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया, दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं और अधिकारों से संबंधित जानकारी प्रदान करती है। समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से यह पुस्तक शिक्षकों और दिव्यांगजनों के परिवारजनों को प्रशिक्षण देने और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने पर भी केंद्रित है। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के दिव्यांगजनों की 15 प्रेरणादायक कहानियों को भी शामिल किया गया है, जो उनकी अदम्य इच्छाशक्ति, चुनौतियों पर विजय और असाधारण धैर्य की मिसाल पेश करती हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लेखकों द्वारा इस महत्वपूर्ण विषय को उजागर करने की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक न केवल दिव्यांग समुदाय बल्कि समूचे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यह पुस्तक समाज में दिव्यांगजनों के प्रति एक सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और उनके जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उल्लेखनीय है कि इस पुस्तक के लेखकगण सुश्री के. शारदा एवं श्रीमती प्रीति शांडिल्य शासकीय विद्यालयों में शिक्षिकाएं हैं, जबकि डॉ. अभिनव मिश्रा एक पत्रकार हैं। दुर्ग जिले की सुश्री के. शारदा, जो स्वयं भी दिव्यांग हैं, को हाल ही में भारत की राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया गया है। धमतरी जिले की शासकीय विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती प्रीति शांडिल्य को राज्यपाल पुरस्कार 2024 के लिए चयनित गया है। वहीं, डॉ. अभिनव मिश्रा को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अंग्रेज़ी पत्रकारिता के क्षेत्र में किए गए उनके कार्यों के लिए सराहा जा चुका है। पुस्तक विमोचन के अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप व  शांतनु सिन्हा भी उपस्थित थे।