*आज सीएम लेंगे कलेक्टरों की क्लास,कल एसपी**न्यू सर्किट हाउस में होगी कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक कॉन्फ्रेंस *

IMG 20240804 WA0005

  रायपुर, 12 सितम्बर 2024/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 12 और 13 सितम्बर को राजधानी रायपुर में कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक कॉन्फ्रेंस लेंगे। राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस के पहले दिन मुख्यमंत्री 12 सितम्बर को जिलों के कलेक्टर और संभाग के कमिश्नर से राज्य और केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वहीं कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन 13 सितम्बर को मुख्यमंत्री कलेक्टर और संभागायुक्त के साथ पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक के साथ जिलों में कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करेंगे। कलेक्टर कॉन्फ्रेंस राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में प्रातः 10 बजे से शुरू होगी।

*भाजपा विधायक रायमुनी भगत ने धर्मविशेष व ईसा मसीह का अपमान करने का अपराध किया है,मुकदमा दर्ज करे पुलिस – यू.डी. मिंज*

FB IMG 1602475159338

जशपुर/कुनकुरी – पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व कुनकुरी विधायक यू. डी. मिंज ने जशपुर विधायक रायमुनी भगत के ईसा मसीह के ऊपर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है उन्होंने जारी प्रेस-विज्ञप्ति में कहा कि एक विधायक होते हुए भी उन्होंने दूसरे धर्म के ईष्ट के ऊपर शर्मनाक बयान दिया है। जशपुर एक बेहद शांत जिला है जहां सभी जाति और धर्म के लोग मेल प्रेम से निवास करते हैं सभी धार्मिक उत्सव मिल जुल कर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मांधता फैलाने के लिए भाजपा विधायक ईसाई धर्म के साथ ईसा मसीह पर स्तरहीन बयान देकर अपने आप को बड़ा नेता बनाने का प्रयास कर रही है । इस बयान की कड़ी शब्दों में निंदा करता हूँ। पूर्व विधायक ने आगे कहा कि सत्ता के नशे में चूर विधायक रायमुनी भगत यह भूल गई है कि इस देश में सब धर्म को मानने वालों को रहने का अधिकार है और संविधान में सभी धर्म को सामान अवसर है लेकिन भाजपा का काम ही धार्मिक उन्माद फैला कर वोट हासिल करो यही जशपुर विधायक कर रहीं हैं जो कि उनकी अविकसित  घटिया मानसिकता का परिचायक  है. उन्हें राजनीती करना है करें लेकिन अपने गिरते ग्राफ को बचाने के लिए धर्म का आड़ लेना कायरता और विकृत मानसिकता को दिखाता है। श्री मिंज ने कहा कि रायमुनि भगत की ईसा मसीह पर अमर्यादित टिप्पणी से स्वयं मुझे तथा हमारी समुदाय की आस्था एवं विश्वास को गहरा  चोट पहुँचा है। एक संवैधानिक पद पर होकर उनसे ऐसे बयान की उम्मीद नहीं थी।उन्होंने कहा कि विधायक रायमुनि भगत ने ईसा मसीह पर अमर्यादित टिप्पणी किसी धार्मिक कार्यक्रम में नहीँ कही है बल्कि उन्होंने शासकीय कार्यक्रम में अपनी इमेज़ बढ़ाने के लिए की है जिसके लिए हम उनपर कार्रवाई की माँग करते है क्योंकि किसी धर्म को लेकर किया गया यह टिप्पणी समुदायों के मध्य शत्रुता एवं घृणा, वैमन्सयता फैलाने का काम कर रहा है,जो कि अपराध की श्रेणी में आता है। हम आपको बता दें कि  जशपुर से भाजपा विधायक श्रीमती रायमुनी भगत द्वारा दिनांक 01 सितम्बर 2024 को ग्राम-ढंगनी, थाना-आस्ता, तहसील-मनोरा, जिला जशपुर (छ.ग.) में भुंईहर समाज के सामुदायिक भवन के भूमिपूजन के कार्यक्रम में दिये गये भाषण का वीडियो सोशल मीडिया व्हाट्सएप्प में वायरल हुआ है।जिसमें उन्होंने ईसाई धर्म व ईसा मसीह पर कथित रूप से विवादित बातें कही हैं।वायरल वीडियो में कैमरे के पीछे से विधायक की बातें सुनकर नाराजगी जताते हुए शब्द भी सुने जा सकते हैं।हालांकि खबर जनपक्ष वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।    

*किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे किसान को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मिला नया जीवन* *बिलकिस बानो ने सीएम साय को दिया धन्यवाद*

Picsart 24 09 11 14 16 42 220

  *परिवार ने जताया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार, योजना से 131 मरीजों को मिला लाभ* रायपुर, 11 सितंबर 2024। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से बिलासपुर जिले के मंगला निवासी किसान मुजफ्फर खान को किडनी की गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक सहायता मिली है, जिससे उनका इलाज अब आसानी से हो रहा है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत उन्हें इस वर्ष के दौरान इलाज के लिए राशि स्वीकृत हुई, जिससे खान परिवार को बड़ी राहत मिली है। इस योजना से अब तक जिले के 131 मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। मुजफ्फर खान, जो पिछले दो वर्षों से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे, का इलाज किसी बड़े निजी अस्पताल में चल रहा था। लेकिन हर तीसरे दिन होने वाले महंगे डायलिसिस के खर्च ने उनकी आर्थिक स्थिति को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया। उनके बेटे मुश्ताक खान ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में जानकारी हासिल की और तत्काल आवेदन किया। कुछ ही समय में उनके पिता के इलाज के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत हो गई, जिससे उनका डायलिसिस और दवाओं का खर्च पूरा हो रहा है। खान परिवार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की इस मदद से उनके पिता को नया जीवन मिला है। मुजफ्फर खान की पत्नी बिल्किस बानों ने कहा, “मुख्यमंत्री की ओर से मिली इस सहायता ने हमारी सारी परेशानियों को हल कर दिया। अब हम बिना किसी आर्थिक चिंता के उनके इलाज को जारी रख सकते हैं।” मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को 25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस वर्ष, बिलासपुर जिले में 131 मरीजों को इस योजना का लाभ मिला है, जिससे उनकी जिंदगियों में नई उम्मीद और राहत आई है। विष्णु देव साय का संवेदनशील और स्वस्थ शासन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की यह योजना न केवल मरीजों को जीवनदान दे रही है, बल्कि गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को भी कम कर रही है।

*बलौदाबाजार: दो शिक्षकों का नशे में धुत्त वीडियो वायरल, पालकों को निलंबन नहीं शराबी शिक्षकों की बर्खास्तगी चाहिए*

Picsart 24 09 11 13 14 32 550

बलौदाबाजार। पलारी ब्लॉक के ग्राम दतान (प) और लरिया में दो सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का नशे में धुत्त वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम दतान (प) के शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक कुम्भज राम ध्रुव और ग्राम लरिया के सहायक शिक्षक राजकुमार ध्रुव का वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों शराब के नशे में धुत्त पाए गए। इस घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, क्योंकि ऐसे शिक्षकों के हाथों में देश के भविष्य, यानी बच्चों की जिम्मेदारी थी। नशे में धुत्त पाए गए इन शिक्षकों ने अपने कर्तव्य का घोर उल्लंघन किया है।इन्हें निलंबित करके मामले को दबाया जा रहा है जबकि सीधे बर्खास्त कर देना चाहिए। शिक्षा विभाग की लापरवाही उजागर इस घटना ने राज्य में शिक्षा विभाग की लापरवाही को फिर से उजागर कर दिया है। छत्तीसगढ़ में इस तरह की घटनाएं यह दिखाती हैं कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में सरकार की निगरानी और संवेदनशीलता में कमी है। इस मामले ने प्रदेश में शिक्षा प्रणाली की गुणवत्ता और शिक्षकों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आक्रोश और भविष्य की कार्रवाई ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और शिक्षा विभाग को इस प्रकार की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए और दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

*पत्थलगांव को मिला नगर पालिका का दर्जा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा से क्षेत्र में खुशी की लहर*

Picsart 24 09 11 11 16 49 609 1

  रायपुर, 5 सितंबर 2024– छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने पत्थलगांव को नगर पालिका का दर्जा देने की अधिसूचना जारी कर दी है। छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 5 के तहत, राज्य सरकार ने पत्थलगांव नगर पंचायत को अपग्रेड कर नगर पालिका बनाने की घोषणा की। इस अधिसूचना को गुरुवार को छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित किया गया। राज्यपाल की ओर से जारी इस अधिसूचना में बताया गया है कि पत्थलगांव नगर पंचायत, जिसकी जनसंख्या 2011 की जनगणना के अनुसार 16,613 थी, अब नगर पालिका बनेगी। इस नए दर्जे के तहत पत्थलगांव नगर पालिका की सीमाएं पूर्व की नगर पंचायत की सीमाओं के अनुरूप ही रहेंगी। जनता में उत्साह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस घोषणा से पत्थलगांव के निवासियों में भारी उत्साह है। नगर पालिका बनने से यहां के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर में न सिर्फ सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि प्रशासनिक सेवाओं में भी सुधार होगा। सरकार की अधिसूचना के अनुसार, इस घोषणा के खिलाफ कोई भी स्थानीय व्यक्ति या प्राधिकारी अगले 21 दिनों के भीतर अपनी आपत्ति या सुझाव जशपुर कलेक्टर को लिखित रूप में भेज सकता है।

*जशपुर: गोल्ड ब्लॉक्स की नीलामी रद्द, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिणाम – सुनील गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष*

Picsart 24 09 10 16 49 35 574

  *जशपुर, 10 सितंबर 2024* – जशपुर जिले में सोने की खदानों के लिए जारी नीलामी प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया है। संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म छत्तीसगढ़, रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मेंडरबहार-भगोरा और बनगांव नॉर्थ स्थित गोल्ड ब्लॉक्स के लिए 30 जुलाई 2024 को जारी एनआईटी (नोटिस इनवाइटिंग टेंडर) को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। जशपुर के जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने इस फैसले का स्वागत किया और इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “स्वयं मुख्यमंत्री भी नहीं चाहते कि जनभावनाओं के खिलाफ कोई उद्योग यहां शुरू हो।” यह फैसला तब आया है जब फरसाबहार ब्लॉक मुख्यालय में सोना खदान की नीलामी को लेकर दो बार लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति उत्पन्न हो चुकी थी। नीलामी के खिलाफ स्थानीय लोगों में व्यापक असंतोष था, और लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। **नीलामी रद्द होने के पीछे जनभावनाओं का सम्मान** नीलामी समिति की बैठक में विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समिति की अनुशंसा के आधार पर, मेंदरबहार-भगोरा और बनगांव नॉर्थ स्थित गोल्ड ब्लॉक्स की नीलामी को रद्द कर दिया गया है। जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने विरोध प्रदर्शनों को “बेवजह का हंगामा” करार देते हुए कहा कि सरकार जनहित में काम कर रही है और मुख्यमंत्री का यह कदम स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से सरकार के सुशासन और जनसमर्थन की छवि और मजबूत हुई है। **फरसाबहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति** फरसाबहार ब्लॉक मुख्यालय में नीलामी के विरोध में स्थानीय लोगों ने दो बार प्रदर्शन किया था, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की नौबत आई थी। हालांकि, प्रशासन ने स्थिति को काबू में रखा और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम उठाए गए। यह निर्णय जशपुर जिले के विकास और स्थानीय जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, और इससे यह साबित होता है कि राज्य सरकार स्थानीय समुदायों की अपेक्षाओं और अधिकारों का सम्मान करती है। अब देखना यह होगा कि भविष्य में इस क्षेत्र में खनन और अन्य उद्योगों से संबंधित नीतियों में क्या बदलाव होते हैं, और किस तरह से सरकार इन परियोजनाओं को जनता की सहमति के साथ आगे बढ़ाती है।

*जशपुर: विधायक रायमुनी भगत की विवादित टिप्पणी से ईसाई समुदाय में आक्रोश, थानों में दर्ज कराई गई शिकायतें*

Screenshot 2024 09 10 15 48 27 88 99c04817c0de5652397fc8b56c3b3817

  *जशपुर, 10 सितंबर 2024* – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर में एक बार फिर धार्मिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। जशपुर की विधायक श्रीमती रायमुनी भगत द्वारा ईसाई धर्म और यीशु मसीह को लेकर की गई विवादित टिप्पणी से ईसाई समुदाय आक्रोशित हो गया है। इस बयान के बाद जिले के विभिन्न थानों में ईसाई समुदाय के नेताओं ने विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब विधायक रायमुनी भगत का 1 सितंबर 2024 को ग्राम ढंगनी, थाना आस्ता, तहसील मनोरा में आयोजित भुंईहर समाज के सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में दिया गया भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में विधायक ने ईसाई धर्म और यीशु मसीह पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की, जिससे ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। ईसाई नेता वाल्टर कुजूर, क्रिस्तोफर खलखो, अनिमानंद,अभिनंद,कुंदन,जुलियस,जयंत ने कुनकुरी थाने में ज्ञापन सौंपा और विधायक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि विधायक ने अपने भाषण में ईसाई धर्म और यीशु मसीह का अपमान करते हुए उन्हें सूली पर चढ़ाने और उनके पुनर्जीवित होने के विश्वास पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। ईसाई समुदाय के नेताओं ने विधायक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने, धर्म के आधार पर वैमनस्य और घृणा फैलाने का आरोप लगाते हुए  की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की है। इस घटना ने जिले में धार्मिक और सामुदायिक सौहार्द को चुनौती दी है, और राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इसकी चर्चा जोर-शोर से हो रही है। धार्मिक नेताओं और विभिन्न संगठनों ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

*मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता ने बचाई जान: आर्थिक सहायता से रामविलास पाठक की सफल हार्ट सर्जरी*

IMG 20240910 WA0010

*रायपुर, 10 सितम्बर 2024* – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण ने एक बार फिर से एक परिवार को नई उम्मीद और जीवन की सौगात दी है। बालोद जिले के दल्लीराजरा निवासी  रामविलास पाठक, जिन्हें इस वर्ष जून माह में अचानक दिल का दौरा पड़ा था, अब स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। यह संभव हो पाया मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत मिली आर्थिक मदद से, जिसने रामविलास पाठक की हार्ट सर्जरी का खर्च उठाया। श्री पाठक के परिवार के लिए यह एक बहुत ही कठिन समय था। जब उनके दिल की जटिल स्थिति का पता चला और डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी, तो परिवार की आर्थिक स्थिति ने उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया। 5 लाख रुपये का खर्च परिवार के लिए असंभव था। लेकिन ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सहायता ने एक किरण बनकर परिवार को राहत दी। श्री रामविलास पाठक के बेटे रजनीश कुमार ने बताया, “हमारी संयुक्त परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि हम पिताजी की सर्जरी का खर्च उठा सकें। हमने लगभग उम्मीद छोड़ दी थी। परंतु, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में पता चलने के बाद, हमें एक नई आशा मिली।” श्री रजनीश ने अपने पिताजी के इलाज का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री निवास पहुँचकर मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री श्री साय ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। उनके हस्तक्षेप से 5 लाख 29 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जिससे एम्स रायपुर में रामविलास पाठक की सफल सर्जरी हो पाई। आज, श्री पाठक पूर्णतः स्वस्थ हैं और अपने परिवार के साथ खुशी-खुशी जीवन बिता रहे हैं। उनका परिवार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करता है। परिवार ने कहा, “मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता ने हमारे परिवार में एक पिता, पति और दादा को नया जीवन दिया है।” श्री साय के इस संवेदनशील और सहायक रवैये ने एक बार फिर साबित किया है कि उनका शासन केवल नीतिगत निर्णयों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें एक मानवीय पक्ष भी है, जो जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति रखता है।

*दुर्ग ब्रेकिंग: भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय के पिता का निधन, शोक की लहर**मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक संतप्त परिवार को ढाँढस बंधाया*

IMG 20240909 WA0005

  दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय के पिता, स्वर्गीय श्याम जी पांडेय का आज निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज दुर्ग के सेक्टर 9 स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के मुख्य अस्पताल में हो रहा था। उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता जा रहा था, जिसके बाद आज उन्होंने अंतिम सांस ली। स्वर्गीय श्याम जी पांडेय के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सरोज पांडेय को फोन कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा, “श्याम जी का निधन एक अपूरणीय क्षति है। मैं परिवार के साथ इस दुख की घड़ी में खड़ा हूं।” भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी स्वर्गीय श्याम जी पांडेय के निधन पर शोक व्यक्त किया है। भाजपा के विभिन्न नेता और कार्यकर्ता दुख की इस घड़ी में सरोज पांडेय और उनके परिवार के साथ खड़े हैं। स्वर्गीय श्याम जी पांडेय का अंतिम संस्कार आज शिवनाथ नदी स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा, जहां परिवार और समर्थकों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि श्याम जी पांडेय एक साधारण और सादगीपूर्ण जीवन जीते थे, और उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पार्टी के कई लोगों को भी व्यक्तिगत क्षति हुई है।

*व्याख्याता अयोध किशोर गुप्ता को राज्यपाल से मिला राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान* *परिजनों के साथ स्कूली विद्यार्थियों में खुशी का माहौल*

IMG 20240909 WA0004

  *जशपुर, 8 सितम्बर 2024* – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंदरचुवा के व्याख्याता अयोध किशोर गुप्ता को शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल श्री रामेन डेका जी द्वारा “राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में दरबार हाल, राजभवन में यह सम्मान प्रदान किया गया। श्री गुप्ता, जो कि जशपुर जिले के बंदरचुवा निवासी हैं, अपने मिलनसार व्यक्तित्व और शिक्षण के क्षेत्र में अपने समर्पण के लिए जाने जाते हैं। वह रामजी गुप्ता और माता पार्वती गुप्ता के सुपुत्र हैं और 2009 से अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की थी। बच्चों के शैक्षिक उन्नयन और उनके समग्र विकास के लिए उनके द्वारा किए गए नवाचार और प्रयास प्रशंसनीय हैं। गणित जैसे जटिल विषय को सरल तरीके से समझाना, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद करना, और छात्रों में नैतिकता और मानव मूल्यों का विकास करना उनकी प्राथमिकताएँ हैं। श्री गुप्ता के मार्गदर्शन में बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ कैरियर गाइडेंस और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। वह यूनिसेफ के साथ मिलकर बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बाल लैंगिक अपराध से बचाव पर भी काम कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, श्री गुप्ता बच्चों को रोजगारोन्मुख शिक्षा और स्वरोजगार की ओर प्रेरित करने के लिए विभिन्न व्यवसायिक संस्थानों से जुड़े हुए हैं। शिक्षा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें पूर्व में राष्ट्रपति रजत पदक और मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण से भी नवाजा जा चुका है। इस सम्मान पर श्री गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता, गुरुजनों, और मित्रों के आशीर्वाद को दिया है। शुभकामनाओं का तांता उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के छात्रों, सहयोगियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। संयुक्त संचालक  संजय गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर, और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुनकुरी ने बधाई संदेश भेजे। बीआरसी विपिन अंबस्त ने कहा कि यह कुनकुरी विकासखंड के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि यह पहली बार है जब इस क्षेत्र से किसी को राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त हुआ है। श्री गुप्ता की इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में एक प्रेरणा का संचार किया है, और उनके द्वारा किए जा रहे कार्य शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।