स्टेट हाइवे पर गणेश विसर्जन जुलूस पर तेज रफ्तार बोलेरो चढ़ी, 3 की मौत, 22 से ज्यादा घायल

VID 20250903 WA0025

उल्लास का माहौल मातम में बदला, घायलों में एक दर्जन की हालत गंभीर, आरोपी चालक गिरफ्तार जशपुर (छत्तीसगढ़)03 सितम्बर 2025 – छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गणेश विसर्जन का जुलूस उस वक्त मातम में बदल गया जब एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। यह हादसा बगीचा थाना क्षेत्र के जुरुडांड गांव में बीती रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। घटना में 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक दर्जन से ज्यादा की हालत गंभीर बताई जा रही है। कैसे हुआ हादसा? जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण गणेश प्रतिमा का ग्राम भ्रमण कर विसर्जन करने तालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर से कुनकुरी की ओर जा रही बोलेरो ने अचानक भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे और कई लोग वाहन के नीचे कुचल गए। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। मृतकों की पहचान   इस दर्दनाक हादसे में जिनकी मौत हुई है, उनमें – अरविंद (19 वर्ष), पिता तोबियस केरकेट्टा विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष), पिता देवनारायण खिरोवती यादव (32 वर्ष), पत्नी हरीश यादव शामिल हैं। घायलों का उपचार जारी घायलों को तुरंत बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा और उनकी टीम ने पूरी रात इलाज किया। गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। इस बीच सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने पूरे स्वास्थ्य अमले को अलर्ट पर रखा है और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौके पर विधायक, कलेक्टर और एसएसपी हादसे की खबर मिलते ही जशपुर विधायक रायमुनि भगत रात में ही अस्पताल पहुंचीं और घायलों व परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशिमोहन सिंह भी देर रात अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन की ओर से मेडिकल ऑफिसर और दो नायब तहसीलदार को अंबिकापुर भेजा गया है ताकि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न हो। पुलिस ने बोलेरो व चालक को पकड़ा एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि बोलेरो और उसके चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। “प्रकरण की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” पूरे इलाके में शोक गणेश उत्सव के उल्लास के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जहां तालाब से लौटते ग्रामीणों को उत्सव का समापन करना था, वहीं अचानक हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल पैदा कर दिया।

जशपुर से हिमालय तक: जनजातीय युवाओं की ऐतिहासिक चढ़ाई की तैयारी

IMG 20250826 WA0013

जशपुर –  26 अगस्त 2025/ छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला जो अब तक अपनी हरियाली, झरनों और शांत वनों के लिए प्रसिद्ध रहा है, देशदेखा क्लाइम्बिंग सेक्टर की स्थापना के बाद अब एक और नई पहचान बनाने जा रहा है।जिले के आदिवासी युवा हिमालय की चोटियों पर अल्पाइन तरीके की रॉक क्लाइम्बिंग चढ़ाई के लिए निकलने की तैयारी कर रहे हैं। मियार वैली ट्राइबल अल्पाइन एक्सपेडिशन 2025 केवल एक पर्वतारोहण अभियान नहीं है, बल्कि यह पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व और उम्मीद की कहानी बन रहा है। इस अभियान के लिए अंतिम चरण में पाँच युवाओं का चयन किया गया है, जिनकी अपनी-अपनी कहानियाँ प्रेरणादायक हैं। रुसनाथ भगत जो एम.ए. हिस्ट्री के छात्र और एनसीसी कैडेट हैं, शहर में अपने लोकप्रिय नेपोलियन चाउमिन सेंटर चलाते हैं और कंटेंट क्रिएशन में भी सक्रिय हैं। तेजल भगत एम.एससी. बॉटनी की छात्रा, अपने गाँव बस्ता में एकता क्लब के ज़रिए शिक्षा और बाल अधिकारों के लिए काम करती हैं। सचिन कुजूर, एम.ए. हिस्ट्री के छात्र, जय हो एनजीओ से जुड़े रह चुके हैं और सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ मंडार, एक पारंपरिक जनजातीय वाद्य, बजाने में माहिर हैं। प्रतीक, बी.कॉम स्नातक और एनएसएस वॉलंटियर, खेती करना पसंद करते हैं और परिवार का सहारा बनने के लिए बर्तन की दुकान में काम भी कर चुके हैं। वहीं रवि सिंह, बाइक मैकेनिक और साइकिलिंग के शौकीन, ने हाल ही में जशपुर का पहला देशदेखा क्लाइम्बिंग को. नामक एडवेंचर गाइडिंग कार्य बाकी प्रशिक्षित युवाओं के साथ शुरू किया है। टीम को जशपुर के जंगलों और आसपास की चट्टानों में कठोर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहाँ उन्हें कैंपिंग, ट्रैड क्लाइम्बिंग, रूट ओपनिंग, वाइल्डरनेस फर्स्ट एड और माउंटेन एथिक्स जैसी अहम तकनीकें सिखाई जा रही हैं। प्रशिक्षण की कमान स्वप्निल शिरीष रचेलवार, अमेरिका से डेव गेट्स, रनर्सग्च से सागर दुबे, प्रसिद्ध भारतीय कोच प्रतीक निनवाने वर्तमान में यू मुम्बा कबड्डी टीम के प्रमुख फिटनेस कोच और काफी मीडिया से ईशान गुप्ता जैसे अनुभवी प्रशिक्षकों के हाथों में है। यह प्रशिक्षण केवल शारीरिक तैयारी नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी केंद्रित है। जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के इस अभियान को स्थानीय लोगों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़े पैमाने पर समर्थन मिला है। विश्व की सबसे बड़ी पर्वतारोहण उपकरण निर्माता कंपनी पेटज़ल ने भारत में अपने साझेदार अलाइड सेफ्टी इक्विपमेंट के साथ मिलकर आधिकारिक उपकरण प्रायोजक की भूमिका निभाई है। अद्वेनोम एडवेंचर और जय जंगल ने पौष्टिक और ऑर्गेनिक भारतीय शैली के एडवेंचर फ़ूड उपलब्ध कराने का जिम्मा उठाया है। रनर्सग्च्, एक प्रतिष्ठित एथलीट कोचिंग ब्रांड, टीम की शारीरिक और मानसिक मजबूती पर काम कर रहा है। इसके साथ स्पेन की प्रसिद्ध बार्सिलोना क्लाइम्ब्स और मिस्टिक हिमालयन ट्रेल्स ने गाइडिंग और बेसकैंप गतिविधियों में सहयोग दिया है। इस अभियान का संचालन पहाड़ी बकरा एडवेंचर कर रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ का प्रमुख औद्योगिक समूह हिरा ग्रुप इस पहल से प्रेरित होकर आधिकारिक प्रायोजक बना है। रेकी ऑउटडोर्स ने टीम को आधिकारिक पर्वतीय परिधान मुहैया कराए हैं, जबकि रेडपांडा ऑउटडोर्स और गोल्डन बोल्डर्स ने उपकरण सपोर्ट दिया है। आदि कैलाश वेलनेस पार्टनर के रूप में टीम के स्वास्थ्य और रिकवरी में सहयोग कर रहा है। मुख्य प्रायोजकों के अलावा कुल मिलाकर 15 कंपनियों ने अपना सहयोग प्रदान कर इसे शुरुआत से ही एक सफल अभियान बना दिया है। जशपुर से निकले ये पाँच युवा अब हिमालय की मियार वैली की ऊँचाइयों को छूने के सपने के साथ आगे बढ़ रहे हैं। ज्ञात रहे कि यह टीम 31 अगस्त को जशपुर से हिमाचल प्रदेश की ओर गंतव्य के लिए निकलेगी। एक महीने के इस अभियान पर जनजातीय युवक देश-विदेश के प्रसिद्ध माउंटेन क्लाइम्बर्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लीडर के तौर पर प्रतिभाग करेंगे। यह पहल केवल उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए एक प्रेरणा है। यह साबित कर रही है कि अवसर और सहयोग मिलने पर जंगलों और गाँवों से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्वतारोही तैयार हो सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अभियान आने वाले समय में भारतीय हिमालयी पर्वतारोहण की दिशा बदल सकता है और अगली पीढ़ी के अल्पाइन क्लाइम्बर्स इन्हीं अप्रत्याशित इलाकों से निकल सकते हैं। यह केवल एक चढ़ाई नहीं, बल्कि बदलाव की चढ़ाई है।

छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ डॉ. हरविंदर मांकड़ की नई फिल्म ‘अर्पण’ का सफर, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को समर्पित,

IMG 20250822 WA0007

कुनकुरी (जशपुर, छत्तीसगढ़): 22/08/2025 कुनकुरी की धरती पर आयोजित एक अद्वितीय और यादगार संध्या ने पूरे जशपुर ज़िले के लिए एक ऐतिहासिक पल रच दिया। इस अवसर पर प्रसिद्ध लेखक, कार्टूनिस्ट और फिल्म निर्देशक डॉ. हरविंदर मांकड़ को जी.के. साइकोथेरेपी एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर द्वारा विशेष रूप से मुंबई से आमंत्रित किया गया।   आदिवासी नृत्य से हुआ स्वागत डॉ. मांकड़ के आगमन पर सबसे पहले केरसई गाँव की आदिवासी जनजाति ने परंपरागत कर्मा नृत्य प्रस्तुत किया। इस नृत्य में आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। स्थानीय कलाकारों ने ढोल-नगाड़ों और लोकगीतों की थाप पर डॉ. मांकड़ का स्वागत कर कार्यक्रम को और भी गरिमामयी बना दिया। आदिवासी समाज की कला और संस्कृति को इस अवसर पर विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया, जिसे देखकर सभी अतिथि भाव-विभोर हो उठे। इसके बाद महान कार्टूनिस्ट कुनकुरी जीके साइकोथेरेपी एंड रिहैबिलिटी सेंटर पहुंचे जहां छत्तीसगढ़ और झारखंड से पहुंचे लोगों ने आत्मीय स्वागत किया।मुख्य अतिथि के रूप में श्री मांकड़ ने विशिष्ट अतिथियों दीपक बड़ा,रोशन किरो ,नितेश महतो के साथ दीप जलाकर अर्पण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री मांकड़ ने ‘प्योर सोल चिल्ड्रेन’ कुमारी नीति के हाथों अपनी किताब Journey of Soul का विमोचन हुआ। इसके बाद डॉ. हरविंदर मांकड़ ने अपनी प्रेरणादायी मोटिवेशनल क्लास में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा – “बच्चे सभी ईश्वर की अनुपम देन हैं। इन्हें भरपूर प्यार दीजिए, ये किसी से कम नहीं हैं। बस इन्हें सही इलाज और अपनापन दीजिए, यही इनकी असली ताक़त बनेगी।” उनके शब्दों ने न केवल विशेष बच्चों के अभिभावकों के दिलों को छुआ, बल्कि हर उस व्यक्ति को नई सोच दी जो समाज सेवा और मानवता की राह पर चलना चाहता है। विशेष बच्चों के उपचार में मील का पत्थर मानी जाने वाली डॉ. ग्रेस कुजूर ने अपने विचार रखते हुए कहा –“डॉ. हरविंदर मांकड़ का कुनकुरी आना किसी करिश्मे से कम नहीं है। उनका यहां आना और हमें अपना कीमती समय देना, हमारे लिए सौभाग्य की बात है। वे जिस आत्मीयता से विशेष बच्चों से जुड़े, वह इस क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है।” नई फिल्म “अर्पण” का निर्माण शुरू इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि डॉ. हरविंदर मांकड़ कुनकुरी में ही डॉ. ग्रेस कुजूर पर एक डॉक्यूमेंट्री फिक्शन फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। इस फिल्म का नाम है – “अर्पण”। यह फिल्म छत्तीसगढ़ के पर्यावरण अभियानों को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को समर्पित है। इस फिल्म को स्वयं डॉ. हरविंदर मांकड़ ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म के माध्यम से न केवल डॉ. ग्रेस कुजूर की अनूठी सेवाओं को दिखाया जाएगा, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया जाएगा कि प्रकृति और मानवता का संरक्षण साथ-साथ चलना चाहिए।   छत्तीसगढ़ की सुंदरता की सराहना की कार्यक्रम का संचालन  संतोष चौधरी ने किया। उन्होंने बताया कि डॉ. मांकड़ छत्तीसगढ़ की सुंदरता से गहराई तक प्रभावित हुए हैं। डॉ. मांकड़ के शब्दों में –“मैंने छत्तीसगढ़ से अधिक सुंदर जगह आज तक नहीं देखी। कुनकुरी की धरती सचमुच स्वर्ग के समान है। यहाँ की सादगी, अपनापन और प्राकृतिक सौंदर्य मन को छू लेने वाला है।” कुनकुरी के गणमान्य नागरिक और गायक अजय मूंदड़ा ने बताया कि यह ऐतिहासिक शाम न केवल विशेष बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में नई उम्मीद लेकर आई, बल्कि पूरे जशपुर ज़िले के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई। आदिवासी कला, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और मानवता की महक से सजी इस संध्या ने यह संदेश दिया कि सच्ची समृद्धि तभी संभव है जब हम समाज और प्रकृति दोनों को समानता और प्रेम के साथ आगे बढ़ने का अवसर दें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मोटू पतलू कॉमिक सीरीज लिखनेवाले लेखक और उन्हें उकेरनेवाले कार्टूनिस्ट डॉ हरविंदर को अपने संस्मरण बताए।

देश के ख्यातिप्रात कार्टूनिस्ट डॉ. हरविंदर मांककर 21 अगस्त को कुनकुरी में,जीके साइकोथेरेपी सेंटर का करेंगे दौरा, विशेष बच्चों से भी मिलेंगे

IMG 20250817 131038

जशपुर, 17 अगस्त2025 – देश के जाने-माने कार्टूनिस्ट, फिल्म निर्देशक, लेखक और मोटिवेटर डॉ. हरविंदर मांककर 21 अगस्त को कुनकुरी पहुंच रहे हैं। वे यहां जशपुर जिले की आदिवासी परंपरा और खानपान से रूबरू होंगे।खास तौर पर वे जीके साइकोथेरेपी एंड रिहैबिलिटी सेंटर का भ्रमण करेंगे, जो विशेष बच्चों के इलाज और पुनर्वास के लिए समर्पित संस्थान है।   डॉ. ग्रेस कुजूर ने दी जानकारी संस्थान की निदेशक डॉ. ग्रेस कुजूर ने बताया कि डॉ. मांककर विशेष बच्चों से मिलकर उनसे जुड़े अनुभवों और संघर्षों को समझना चाहते हैं। उन्होंने कहा – “डॉ. मांककर का यह आगमन बच्चों और उनके परिजनों के लिए प्रेरणादायी क्षण होगा।”   नई सीरीज ‘शेख चिल्ली’ डॉ. मांककर की नई कार्टून सीरीज “शेख चिल्ली” 15 अगस्त से डिस्कवरी किड्स चैनल पर शुरू हुई है। इससे पहले उनकी लोकप्रिय सीरीज “मोटू पतलू” बच्चों के बीच सालों से बेहद पसंद की जा रही है। विकिपीडिया से मिली जानकारी डॉ. मांककर अब तक 22,000 से अधिक कॉमिक स्ट्रिप्स और कहानियाँ लिख चुके हैं। वे लोटपोट मैगज़ीन के क्रिएटिव डायरेक्टर और मायापुरी फिल्म मैगज़ीन के एडिटोरियल डायरेक्टर रहे हैं। 2013 में उन्हें राजीव गांधी ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड समेत कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। एपीजे अब्दुल कलाम पर लिखी बायोग्राफी  डॉ. मांककर को पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने भी सराहा था। उन्होंने कलाम पर “रामेश्वरम टू राष्ट्रपति भवन” किताब लिखी, जिसे उन्होंने स्वयं कलाम को भेंट किया।   फिल्म और मीडिया में योगदान उन्होंने टूनपुर का सुपरहीरो और आईसी-एन-स्पाइसी जैसी फिल्मों के लिए स्क्रिप्ट और संवाद लिखे। इसके अलावा वे अपने चैनल पॉपकॉर्न फ्लिक्स के माध्यम से पॉजिटिव जिंदगी के संदेश लगातार देते रहते हैं।   जशपुर के लिए गर्व का अवसर डॉ. मांककर का कुनकुरी आगमन जशपुर जिले के लिए गर्व की बात है। यहां वे न केवल विशेष बच्चों से मिलेंगे, बल्कि आदिवासी समाज की परंपराओं और जीवनशैली को करीब से समझेंगे।

विशेष लेख : देवबंद और स्वतंत्रता संग्राम: भारतीय देशभक्ति का एक विस्मृत अध्याय

IMG 20250816 WA0007

लेखक : निर्मल कुमार भारत के स्वतंत्रता संग्राम के समृद्ध ताने-बाने में, औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध कई स्वर एक साथ उठे, कुछ हथियारों के साथ, कुछ विचारों के साथ, और कई अटूट नैतिक विश्वास के साथ। इनमें, उत्तर प्रदेश के एक प्रसिद्ध इस्लामी मदरसे, दारुल उलूम देवबंद की भूमिका एक शक्तिशाली, फिर भी अक्सर उपेक्षित अध्याय है। ऐसे समय में जब भारत के धार्मिक संस्थानों से अलग-थलग रहने की उम्मीद की जाती थी, देवबंद न केवल एक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभरा, बल्कि उपनिवेश-विरोधी प्रतिरोध के एक राजनीतिक केंद्र के रूप में भी उभरा। इसके विद्वानों और अनुयायियों का योगदान, जो गहरे इस्लामी मूल्यों पर आधारित है, फिर भी एक बहुलवादी, स्वतंत्र भारत के विचार के लिए प्रतिबद्ध है, भारतीय मुसलमानों के देशभक्ति के जोश का प्रमाण है। देवबंद की विरासत पर पुनर्विचार केवल ऐतिहासिक न्याय के बारे में नहीं है; यह राष्ट्रीय एकता की विस्मृत भावना को पुनः प्राप्त करने के बारे में है।   1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के कुछ ही वर्षों बाद, 1866 में स्थापित, दारुल उलूम देवबंद, औपनिवेशिक दमन के प्रति एक प्रतिक्रिया मात्र नहीं था, बल्कि यह एक वैचारिक अवज्ञा का कार्य था। जहाँ कई लोग अंग्रेजों को एक अदम्य शक्ति मानते थे, वहीं देवबंद के संस्थापकों का मानना था कि धार्मिक पहचान की रक्षा को राष्ट्र की स्वतंत्रता से अलग नहीं किया जा सकता। परिणामस्वरूप, यह संस्था धार्मिक शिक्षा और राजनीतिक चेतना का एक अनूठा संगम बन गई।   देवबंद से उभरे सबसे प्रमुख व्यक्तियों में मौलाना महमूद हसन भी थे, जिन्हें प्यार से शेखुल हिंद के नाम से जाना जाता था। उनका जीवन राष्ट्रीय स्वतंत्रता के विचार से अभिन्न रूप से जुड़ा था। उन्होंने रेशमी रूमाल तहरीक (रेशमी पत्र आंदोलन) का नेतृत्व किया, जो भारत में ब्रिटिश-विरोधी ताकतों और क्रांतिकारी समूहों के साथ सहयोग करने का एक भूमिगत प्रयास था। अंग्रेजों द्वारा उनकी गिरफ्तारी और उसके बाद माल्टा में निर्वासन ने उन्हें बहुत प्रभावित किया। उन्होंने आंदोलन को खामोश नहीं किया, बल्कि भारत के मुस्लिम समुदाय, खासकर युवा मौलवियों और छात्रों के बीच, और अधिक प्रतिरोध को भड़काया। देवबंद का प्रभाव गुप्त गतिविधियों से कहीं आगे तक फैला हुआ था। इसने जमीयत उलेमा-ए-हिंद को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो स्वतंत्रता-पूर्व भारत के सबसे महत्वपूर्ण मुस्लिम राजनीतिक संगठनों में से एक था। मुस्लिम लीग, जो विभाजन की वकालत करती थी, के विपरीत, जमीयत ने खुद को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ जोड़ लिया और धार्मिक आधार पर देश के विभाजन के खिलाफ दृढ़ता से खड़ी रही। वास्तव में, जमीयत की स्थिति इस्लामी शिक्षाओं में निहित थी, जो एकता (वहदत) और न्याय (अदल) पर जोर देती थी, जो उस समय की अलगाववादी राजनीति के लिए एक नैतिक प्रति-कथा प्रस्तुत करती थी।   कई देवबंदी विद्वानों ने महात्मा गांधी और अन्य राष्ट्रवादी नेताओं के साथ मिलकर अहिंसक प्रतिरोध और सविनय अवज्ञा में भाग लिया। देवबंद के एक और कद्दावर व्यक्ति मौलाना हुसैन अहमद मदनी न केवल ब्रिटिश शासन के मुखर विरोधी थे, बल्कि समग्र राष्ट्रवाद (मुत्तहिदा कौमियात) के भी प्रबल समर्थक थे। उनका तर्क था कि सभी भारतीय: हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई मिलकर एक राष्ट्र हैं और उन्हें औपनिवेशिक उत्पीड़कों के खिलाफ सामूहिक रूप से उठ खड़ा होना चाहिए। इस वैचारिक प्रतिबद्धता की एक कीमत चुकानी पड़ी। देवबंदी विद्वानों को अंग्रेजों द्वारा अक्सर गिरफ्तार किया जाता था, प्रताड़ित किया जाता था और उन पर निगरानी रखी जाती थी। उनके संस्थानों को परेशान किया जाता था और उनके आंदोलनों को दबा दिया जाता था। फिर भी, उनका संकल्प कभी नहीं डगमगाया। उनकी कक्षाएँ शिक्षा और राजनीतिक जागृति के स्थान दोनों बन गईं। उनके उपदेशों में न केवल ईश्वर की, बल्कि गांधी, नेहरू और आज़ाद की भी चर्चा होती थी। उनका विश्वास दुनिया से पीछे हटने का नहीं, बल्कि उसे बदलने की प्रेरणा था।   भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में, दारुल उलूम देवबंद और उसके विद्वानों का योगदान सम्मान के योग्य है। उन्होंने उपनिवेशवाद को केवल विरोध के माध्यम से ही नहीं, बल्कि एक सतत बौद्धिक और आध्यात्मिक प्रतिरोध के माध्यम से चुनौती दी, जिसने मुस्लिम और भारतीय होने के अर्थ को नए सिरे से परिभाषित किया। देवबंद की यह कहानी हमारी युवा पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुस्मारक है कि भारतीय मुसलमान हमेशा से स्वतंत्रता और न्याय के संघर्ष में सबसे आगे रहे हैं। जब हम अपनी स्वतंत्रता के नायकों का सम्मान करते हैं, तो हमें उस धर्म-मंच को नहीं भूलना चाहिए जिसने सत्ता के सामने सच बोला, उस मदरसे को नहीं भूलना चाहिए जिसने शहीदों को जन्म दिया, और उस आस्था को नहीं भूलना चाहिए जो स्वतंत्रता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चली।

कौन थे संविधान निर्माण में मुस्लिम दूरदर्शी? मिलिए ऐसे समावेशी भारत के वास्तुकारों से

IMG 20250816 WA0008

लेखक:निर्मल कुमार भारतीय संविधान का निर्माण केवल एक विधायी प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि यह विविध समुदायों के बीच एक नैतिक अनुबंध था, जो उपनिवेशवाद की साझा पीड़ा और एक संप्रभु, समावेशी राष्ट्र के साझा स्वप्न से जुड़ा था। ऐसे समय में जब उपमहाद्वीप विभाजन और एकता के चौराहे पर खड़ा था, कई मुस्लिम नेताओं ने सांप्रदायिक अलगाव के बजाय संवैधानिक लोकतंत्र का मार्ग चुना। संविधान सभा में बैठे इन दूरदर्शी लोगों ने धर्मनिरपेक्षता, न्याय और समान अधिकारों को प्रतिष्ठित करने वाले एक कानूनी ढाँचे को आकार देने में मदद की। निष्क्रिय भागीदार होने से कहीं आगे, वे एक आधुनिक, बहुलतावादी भारत के सक्रिय निर्माता थे। उनका योगदान हमें याद दिलाता है कि भारत की अवधारणा कभी किसी एक धर्म या विचारधारा से नहीं, बल्कि स्वतंत्रता और एकता के लिए प्रतिबद्ध विचारों के एक गठबंधन से बनी थी। इन दूरदर्शी लोगों में सबसे प्रमुख थे मौलाना अबुल कलाम आज़ाद, जो एक विद्वान, स्वतंत्रता सेनानी और स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री थे। संविधान सभा में उनकी उपस्थिति प्रतीकात्मक और महत्वपूर्ण दोनों थी। एक कट्टर मुसलमान और कट्टर राष्ट्रवादी, आज़ाद ने लंबे समय से द्वि-राष्ट्र सिद्धांत को खारिज किया था। अपने भाषणों में, उन्होंने दोहराया कि भारत का भाग्य धार्मिक अलगाव पर नहीं, बल्कि साझा इतिहास, पारस्परिक सम्मान और एक साझा भविष्य पर आधारित हो सकता है। आज़ाद की बौद्धिक गंभीरता और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता ने संविधान के कई प्रमुख प्रावधानों को प्रभावित किया। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता की गारंटी देने वाले अनुच्छेद 25 और शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना और प्रशासन के अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करने वाले अनुच्छेद 30 का पुरजोर समर्थन किया। ये केवल संवैधानिक धाराओं से कहीं अधिक, विशेष रूप से उन मुसलमानों के लिए नैतिक आश्वासन थे जिन्होंने विभाजन के बाद भारत में रहने का विकल्प चुना था।आज़ाद ने भारत की शिक्षा नीति को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) की नींव रखी और सभी जातियों व समुदायों में वैज्ञानिक सोच और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा दिया। उनके लिए, किसी राष्ट्र की प्रगति केवल संवैधानिक आदर्शों पर नहीं, बल्कि प्रबुद्ध नागरिकों पर निर्भर करती है। उन्होंने एक बार कहा था, “दिल से दी गई शिक्षा समाज में क्रांति ला सकती है।” संविधान सभा में एक और महत्वपूर्ण मुस्लिम हस्ती बेगम ऐज़ाज़ रसूल थीं, जो इस ऐतिहासिक संस्था का हिस्सा बनने वाली एकमात्र मुस्लिम महिला थीं। उनकी उपस्थिति ने ही रूढ़िवादिता को चुनौती दी और एक गहरे पितृसत्तात्मक समाज में मौजूद बाधाओं को तोड़ा। बेगम रसूल लैंगिक अधिकारों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की प्रबल समर्थक थीं। उनकी आवाज़ ने एक एकीकृत चुनाव प्रणाली बनाने के संकल्प को मज़बूत किया, जो आज भी भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रीढ़ बनी हुई है। असम के पूर्व प्रधानमंत्री सैयद मोहम्मद सादुल्लाह एक अन्य प्रमुख व्यक्ति थे जिनकी अंतर्दृष्टि ने संघीय और अल्पसंख्यक हितों के बीच संतुलन बनाने में मदद की। नागरिकता और अल्पसंख्यक सुरक्षा उपायों पर बहस में उनके हस्तक्षेप ने भारत के बहुलवादी स्वरूप की परिपक्व समझ को प्रतिबिंबित किया। उन्होंने कानूनी समानता और सामाजिक समरसता पर ज़ोर दिया, विशेषाधिकारों की नहीं, बल्कि ऐसे संरक्षण की वकालत की जिससे हर भारतीय, चाहे वह किसी भी धर्म का हो, फल-फूल सके। ये मुस्लिम नेता अलग-थलग आवाज़ें नहीं थीं। वे मुस्लिम देशभक्ति के उस व्यापक परिवेश का हिस्सा थे जो इस विचार को खारिज करता था कि धर्म राष्ट्रीय निष्ठा का निर्धारण करे। आज़ादी से पहले और बाद के वर्षों में, जमीयत उलेमा-ए-हिंद जैसे संगठनों और खान अब्दुल गफ्फार खान जैसे व्यक्तियों (हालांकि संविधान सभा में नहीं) ने भारत की एकता और संवैधानिक मूल्यों का पुरज़ोर समर्थन किया। उनकी सामूहिक उपस्थिति सांप्रदायिक दुष्प्रचार का खंडन और भारत के लोकतांत्रिक भविष्य में विश्वास की पुनः पुष्टि थी। भारतीय संविधान के निर्माण पर विचार करते हुए, हमें उन मुस्लिम नेताओं को अवश्य याद करना चाहिए जो इसके निर्माण में अग्रणी भूमिका में रहे, किसी समुदाय के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक राष्ट्र के दूरदर्शी के रूप में। उनकी विरासत केवल संविधान के पन्नों में ही नहीं, बल्कि उन अधिकारों और स्वतंत्रताओं में भी समाहित है जिनका हम आज आनंद लेते हैं। ये कहानियाँ हमें याद दिलाती हैं कि आधुनिक भारत की नींव सभी धर्मों के लोगों के हाथों रखी गई थी। संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि यह उन पुरुषों और महिलाओं के साहस, दूरदर्शिता और देशभक्ति का प्रमाण है जिन्होंने विभाजन के बजाय एकता को चुना। और उस पवित्र सभा में, मुस्लिम आवाज़ हाशिये से नहीं, बल्कि भारत के हृदय से गूंजी।

*कांवड़ यात्रा:* *एक पवित्र यात्रा जो सम्मान और सहिष्णुता की हकदार है*

IMG 20250801 WA0001

निर्मल कुमार भारत के सर्वाधिक पूजनीय तीर्थयात्रा में से एक, कांवड़ यात्रा, देश भर के करोड़ों शिव भक्तों द्वारा की जाने वाली एक वार्षिक आध्यात्मिक यात्रा है। श्रावण के पवित्र महीने में, कांवड़िये कहे जाने वाले ये तीर्थयात्री, नंगे पैर और अक्सर कठोर मौसम में, सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर गंगा से पवित्र जल इकट्ठा करते हैं और उसे उत्तर भारत के मंदिरों में भगवान शिव को अर्पित करते हैं। यह सदियों पुरानी परंपरा ईश्वर के प्रति गहरी व्यक्तिगत आस्था, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। फिर भी, हाल के वर्षों में, जिसे भारतीय आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक एकता के एक जीवंत उदाहरण के रूप में मनाया जाना चाहिए, उसे कभी-कभी गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और अनुचित रूप से निशाना बनाया गया है। यह समझना महत्वपूर्ण है कि कांवड़ यात्रा कोई खतरा नहीं है, यह एक शांतिपूर्ण, धार्मिक परंपरा है जो सभी समुदायों के सम्मान और समर्थन की हकदार है। हमारे जैसे विविध राष्ट्र में, धार्मिक सहिष्णुता एक विकल्प नहीं, बल्कि एक कर्तव्य है और इस पवित्र समय में, समाज के सभी वर्गों को शांति, धैर्य और आपसी समझ सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।   कांवड़िये कोई राजनीतिक एजेंट या उपद्रवी नहीं हैं, वे आम नागरिक हैं, जिनमें छात्र, मजदूर, किसान, पेशेवर और यहाँ तक कि पूरा परिवार भी शामिल है, जो अपने जीवन से आध्यात्मिक पथ पर चलने के लिए समय निकालते हैं। वे अपने आराध्य के प्रति प्रेम के कारण कष्ट और थकान सहन करते हैं। इस प्रकार की भक्ति आधुनिक समय में विरले ही देखने को मिलती है और इसकी प्रशंसा की जानी चाहिए, आलोचना नहीं। दुर्भाग्य से, कुछ उपद्रवी व्यक्तियों से जुड़ी छिटपुट घटनाओं को अक्सर मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रमुखता से दिखाया जाता है, जिससे अधिकांश लोगों की भक्ति दब जाती है। यह कहानी अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जाती है कि यह यात्रा सार्वजनिक जीवन को बाधित करती है या सांप्रदायिक तनाव पैदा करती है। सच तो यह है कि ज़्यादातर कांवड़िये अनुशासन का पालन करते हैं, झगड़ों से बचते हैं और प्रार्थना करते हुए चुपचाप चलते हैं।   यह भी ध्यान रखना ज़रूरी है कि यात्रा के दौरान, सरकारी अधिकारी यातायात, सफ़ाई और सुरक्षा प्रबंधन के लिए गंभीर प्रयास करते हैं। स्वयंसेवक और गैर-सरकारी संगठन, जिनमें अन्य धार्मिक समुदाय भी शामिल हैं, अक्सर अपनी सेवाएँ प्रदान करते हैं।पानी, भोजन या प्राथमिक उपचार वितरित करके सहायता प्रदान करना। यह भारत की परस्पर सम्मान की गहरी जड़ें जमाए हुए संस्कृति की कहानी कहता है। हालाँकि, कुछ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में, कांवड़ यात्रा को संदेह या असहजता की दृष्टि से देखा जाता है, जिससे अनावश्यक तनाव पैदा होता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है और यात्रा की भावना के साथ घोर अन्याय है। जिस प्रकार अन्य समुदाय अपने त्योहारों और धार्मिक प्रथाओं के सम्मान की अपेक्षा करते हैं, उसी प्रकार कांवड़ियों को भी इसी तरह के सम्मान की आवश्यकता है।   भारत विविध धर्मों का देश है, लेकिन इसके मूल में एक साझा मूल्य निहित है: शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व। कोई भी धार्मिक समुदाय तब तक फल-फूल नहीं सकता जब तक वह दूसरे की आस्था की अभिव्यक्ति को दबाने की कोशिश न करे। सहिष्णुता चयनात्मक नहीं होनी चाहिए। अगर रमज़ान के दौरान लाउडस्पीकर या क्रिसमस के दौरान ईसाई जुलूस स्वीकार्य हो सकते हैं, तो निश्चित रूप से सार्वजनिक सड़कों पर शांतिपूर्वक और क़ानूनी ढंग से आयोजित हिंदू भक्ति के कुछ दिनों का भी स्वागत किया जाना चाहिए। यह प्रतिस्पर्धा का विषय नहीं है; यह करुणा का विषय है। धार्मिक सहिष्णुता का अर्थ है दूसरों की भक्ति का सम्मान करना, भले ही वह आपकी अपनी न हो। आख़िरकार, शिव, जिनकी कांवड़िये सेवा करते हैं, उन्हें “भोलेनाथ” भी कहा जाता है, यानी वे भोले भगवान जो बिना किसी भेदभाव के सभी को गले लगाते हैं।   हाँ, सभी तीर्थयात्रियों को कानून का पालन करना चाहिए और उकसावे से बचना चाहिए, लेकिन बाकी सभी को भी ऐसा ही करना चाहिए। स्थानीय समुदायों, नागरिक समाज और मीडिया का भी यह समान कर्तव्य है कि वे ज़िम्मेदारी से काम करें और छोटी-छोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने से बचें। विभाजन को बढ़ावा देने के बजाय, उन्हें आपसी सम्मान और सद्भाव को बढ़ावा देना चाहिए। भारत की आत्मा उन त्योहारों में निहित है जहाँ हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई पड़ोसी एक-दूसरे का हाथ थामकर एक-दूसरे का साथ देते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भी यही क्रम जारी रहे।   कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, यह भक्ति, एकता और दृढ़ता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे समय में जब दुनिया आस्था और पहचान के आधार पर विभाजित होती जा रही है, यह तीर्थयात्रा हमें विश्वास और सहनशीलता की शक्ति का स्मरण कराती है। आइए, कुछ घटनाओं या राजनीतिक उद्देश्यों को इसकी पवित्रता को धूमिल न करने दें। अन्य समुदायों के हमारे भाइयों और बहनों से, यह एक विनम्र अपील है: इस पवित्र यात्रा के दौरान अपने कांवड़िये पड़ोसियों के साथ खड़े रहें। धैर्य रखें, सम्मान करें और दयालु बनें। उनकी भक्ति आपकी भक्ति को कम नहीं करती; उनकी आस्था आपकी आस्था को खतरे में नहीं डालती। जिस प्रकार आप अपने धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान शांति और सम्मान चाहते हैं, उसी प्रकार दूसरों को भी प्रदान करें। भारत तभी मजबूत रह सकता है जब उसके लोग केवल सड़कों और यात्राओं पर ही नहीं, बल्कि दिलों ओ दिमाग से भी एक साथ चलें। (नोट:लेखक निर्मल कुमार आर्थिक,सामाजिक और धार्मिक मुद्दों के जानकार हैं और यह उनके निजी विचार हैं।)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सौगात: जशपुर में 18.46 करोड़ से बनेंगी 6 नई सड़कें, मधेश्वर पहाड़ तक पक्के रास्ते से पहुंचेंगे शिवभक्त

IMG 20250524 WA0011

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, ग्रामीण आवागमन होगा सुलभ, जनता में खुशी की लहर जशपुर, 23 मई 2025 – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले को एक और बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन द्वारा जिले में 6 प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 18 करोड़ 46 लाख 87 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे न केवल ग्रामीण अंचलों के लोगों को आवागमन में सुगमता मिलेगी, बल्कि विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग माने जाने वाले मधेश्वर पहाड़ तक श्रद्धालुओं की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी। मधेश्वर मंदिर तक पक्की सड़क – धार्मिक पर्यटन को लगेगा पंख कुनकुरी क्षेत्र के मयाली नेचर कैंप से लेकर मधेश्वर मंदिर और जोकारी से मधेश्वर पहाड़ तक पक्की सड़क का निर्माण होना है। इस पहल से न सिर्फ शिवभक्तों की आस्था की राहें आसान होंगी, बल्कि क्षेत्रीय धार्मिक पर्यटन को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। जोकारी और भंडरी पंचायत के ग्रामीणों में इस खबर से गहरी प्रसन्नता है और लोग मुख्यमंत्री की जय-जयकार कर रहे हैं। ये हैं स्वीकृत सड़कों के विवरण – 1. चटकपुर से रेंगारबहार (2.46 किमी) – ₹2.89 करोड़ 2. कुनकुरी-औरीजोर-मतलूटोली-पटेलापारा (2.54 किमी) – ₹3.01 करोड़ 3. NH-43 से मयाली डेम तक (2.28 किमी) – ₹2.85 करोड़ 4. मयाली नेचर कैंप से मधेश्वर मंदिर (2.20 किमी) – ₹2.71 करोड़ 5. रानीबंध चौक–चिडराटांगर–पंडरीआमा–उपरकछार (3.44 किमी) – ₹3.29 करोड़ 6. जोकारी से मधेश्वर पहाड़ (2.88 किमी) – ₹3.68 करोड़   “अब जशपुर में विकास की नई राह खुल रही है। श्रद्धा, सुविधा और समर्पण के संग मुख्यमंत्री की यह सौगात सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि ग्रामीण जनजीवन को जोड़ने वाला भविष्य का पुल है।” – नरेश नंदे, वरिष्ठ अधिवक्ता व विचारक जशपुर जिला प्रशासन सक्रिय, जल्द होगा कार्य प्रारंभ कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि प्रत्येक गांव और धार्मिक स्थल तक पक्की और सुरक्षित सड़क पहुंचे ताकि आमजन को विकास का सीधा लाभ मिले। मुख्यमंत्री का वादा – “सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सबको साथ लेकर चलेंगे” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहले ही स्पष्ट किया था कि जशपुर जिले को बुनियादी सुविधाओं में आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क निर्माण की यह नई श्रृंखला विष्णु के सुशासन मॉडल का प्रत्यक्ष प्रमाण है।  

उरांव महिलाओं ने दिखाई शौर्यगाथा की झलक, पारंपरिक ‘जनी शिकार’ का किया प्रदर्शन, पांच दिवसीय सम्मेलन में संस्कृति, परंपरा और अस्तित्व की रक्षा का लिया संकल्प, हजारों महिलाओं ने पुरुष वेश में नगाड़ों की थाप पर किया जुलूस, धर्मांतरण के खिलाफ गरजे गणेश राम भगत

IMG 20250523 WA0003

जशपुर,23 मई 2025 – जशपुरनगर के तेतरटोली में 18 से 22 मई तक हिन्दू उरांव महिला समिति के बैनर तले एक पांच दिवसीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उरांव समाज की महिलाओं को अपनी पारंपरिक संस्कृति, लोकगीत, नृत्य और जातिगत परंपराओं से जोड़ना था, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी मूल पहचान और गौरवशाली विरासत को समझ सकें। कार्यक्रम के अंतिम दिन ऐतिहासिक ‘जनी शिकार’ परंपरा का प्रतीकात्मक प्रदर्शन हुआ, जिसमें हजारों महिलाओं ने पारंपरिक पुरुष वेश में हाथों में पारंपरिक हथियार लेकर नगाड़ों की थाप पर शहर में विशाल रैली निकाली। यह प्रदर्शन रोहतासगढ़ की उस गौरवशाली गाथा की याद दिलाने के लिए था, जब उरांव महिलाओं ने अपने शौर्य से मुगलों को तीन बार पराजित किया था। आमसभा में जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक गणेश राम भगत ने धर्मांतरण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छोटा नागपुर क्षेत्र को ‘ईसाई राज’ में बदलने की साजिशें लगातार चल रही हैं, लेकिन समाज अब जागरूक हो चुका है। उन्होंने डीलिस्टिंग कानून की मांग को दोहराते हुए सरकार से इस पर ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। फोटो: पारंपरिक परिधान में दंत चिकित्सक डॉ कांति प्रधान अन्य सामाजिक नेताओं के साथ रैली में सभा में झारखंड के संदीप उरांव और अंबिकापुर से आए डॉ. आज़ाद भगत ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यदि जनजातीय समाज अपनी भाषा, परंपरा और रीति-रिवाजों को नहीं भूले, तो धर्मांतरण जैसी चुनौतियों से सहजता से निपटा जा सकता है। इस मौके पर गणेश राम भगत ने जशपुर रेल परियोजना में अवरोध उत्पन्न करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह जनभावना से जुड़ा मामला है, और ऐसे तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने संरक्षित जंगलों में अंधाधुंध पेड़ कटाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए उसकी जांच की मांग की तथा बारिश में वृक्षारोपण का आह्वान किया। इस आयोजन में हज़ारों की संख्या में महिलाएं और समाजजन शामिल हुए। तेज धूप में रैली में शामिल लोगों के सेवा में शहर के सामाजिक संगठनों ने भी भागीदारी निभाई। संवेदना फाउंडेशन, श्री बालाजी जन कल्याण समिति, और गुड मॉर्निंग ग्रुप जैसे संगठनों ने रैली में शामिल लोगों को पानी, शीतल पेय और फल वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता, जनजागरण और आत्मगौरव की मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।

शराब का ऐसा साइड इफेक्ट! 7 साल पहले बेटे की हत्या कर सेप्टिक टैंक में दफनाया शव, अब खुला खौफनाक राज – पिता गिरफ्तार

IMG 20250521 WA0011

धमतरी,21 मई 2025 –  धमतरी जिले के भोयना गांव से एक दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। सात साल पहले लापता हुए युवक की असलियत उस वक्त सामने आई, जब एक बंद गोदाम के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान नरकंकाल बरामद हुआ। पुलिस जांच में इस कंकाल की कहानी जब खुलकर सामने आई, तो सब हैरान रह गए – यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि युवक के ही सौतेले पिता ने की थी। ऐसे हुआ खुलासा 17 मई को अर्जुनी थाना अंतर्गत भोयना गांव के एक बंद गोदाम में स्थित सेप्टिक टैंक की सफाई कराई जा रही थी। सफाई के दौरान जब सफाईकर्मियों को अंदर नरकंकाल दिखाई दिया, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को बाहर निकालकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम और पुलिस को कंकाल कई साल पुराना प्रतीत हुआ, जिससे मामला रहस्यमयी बन गया।   पिता ने ही किया था कत्ल पुलिस जांच में सामने आया कि नरकंकाल गांव के ही एक युवक का था, जो 7 साल पहले अचानक लापता हो गया था। जब पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की, तो शक की सुई मृतक के सौतेले पिता राममिलन ध्रुव पर जाकर टिकी। गहन पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पिता ने बताया कि उसका सौतेला बेटा आए दिन शराब पीकर उससे झगड़ा करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई और मारपीट तक नौबत पहुंच गई। इसी दौरान बेटे का सिर दीवार से टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उस समय घर में कोई और मौजूद नहीं था। घबराए राममिलन ने अपराध छिपाने के लिए बेटे के शव को लोहे की छड़ से बांधकर बंद पड़े गोदाम के सेप्टिक टैंक में दफना दिया और पूरे मामले को दबा दिया।   पुलिस ने किया गिरफ्तार राज खुलने के बाद अर्जुनी थाना पुलिस ने आरोपी पिता राममिलन ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। क्या कहती है यह घटना? यह घटना न सिर्फ एक परिवार के भीतर पनपते तनाव और नफरत की कहानी है, बल्कि यह समाज के लिए भी एक चेतावनी है। जब घर के भीतर रिश्तों की दीवारें ही दरकने लगें, तो परिणाम कितना भयावह हो सकता है, इसका यह जीता-जागता उदाहरण है।