क्राइम किलर IPS शशिमोहन सिंह का ‘ऑपरेशन आघात’ – जशपुर में डेढ़ करोड़ की अवैध शराब जब्त

IMG 20250224 14371316

पंजाब के जलंधर से बिहार तक फैले तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, बिहार CID करेगी जांच जशपुर,24 फरवरी 2024 -जशपुर जिले में नशे के खिलाफ क्राइम किलर IPS, एसएसपी शशिमोहन सिंह की अगुवाई में चल रहा ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार तस्करों के लिए काल बनता जा रहा है। इसी अभियान के तहत जशपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पंजाब के जलंधर से बिहार ले जाई जा रही 700 पेटी अवैध विदेशी शराब से भरा ट्रक ज़ब्त किया गया है। इस तस्करी में शामिल एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, और जब्त शराब की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। बिहार में खपाने की थी साजिश, CID करेगी जांच जानकारी के मुताबिक, यह शराब बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी, जहां शराबबंदी लागू है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब बिहार CID की टीम भी जशपुर पहुंचने वाली है। पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह अंतरराज्यीय तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क तो नहीं, जिसका जशपुर केवल एक ट्रांजिट पॉइंट था। कैसे हुआ खुलासा? पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बड़ा शराब तस्कर गिरोह पंजाब से बिहार के लिए खेप भेजने वाला है। इसी इनपुट पर एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने जबरदस्त घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोका। जब तलाशी ली गई तो ट्रक में विदेशी शराब की 700 पेटियां भरी हुई थीं। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम सुराग दिए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। ‘ऑपरेशन आघात’ बना तस्करों का काल! नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ‘ऑपरेशन आघात’ चला रही है, जिसने अब तक कई तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इस कार्रवाई से पूरे गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है, और पुलिस की पैनी नजर अब उन सरगनाओं पर है, जो पर्दे के पीछे से इस धंधे को चला रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या बिहार CID की जांच में कोई बड़ा नाम सामने आएगा? क्या इस नेटवर्क के और तार जुड़ेंगे? जशपुर पुलिस की कार्रवाई से शराब माफियाओं की नींद उड़ चुकी है.

जशपुर जिला पंचायत में भाजपा की प्रचंड जीत, कांग्रेस सिमटी 3 सीटों पर

IMG 20250224 WA0007

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास को जनता का समर्थन, कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का सूपड़ा साफ जशपुर,24 फरवरी 2025 –  त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जशपुर जिले की जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और विकास कार्यों पर मुहर लगाते हुए भाजपा को बड़ी जीत दिलाई। चुनावी नतीजों में भाजपा ने 9 जिला पंचायत सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस सिर्फ 3 सीटों तक सिमट गई। वहीं, 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की। कुनकुरी विधानसभा में भाजपा का क्लीन स्वीप कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने पांचों जिला पंचायत सीटें जीतकर कांग्रेस को पूरी तरह साफ कर दिया। यहां कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नीतियों को खुलकर समर्थन दिया है। भाजपा का चुनावी दमखम और विकास पर भरोसा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा ने एकजुटता और रणनीतिक मजबूती के साथ चुनाव लड़ा। सालों से जशपुर जिला पंचायत पर काबिज भाजपा ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। क्षेत्रवासियों का मानना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले में विकास की नई राहें खोली हैं। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर तेजी से काम हुआ है, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिला है। भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया, जिसका नतीजा भाजपा की प्रचंड जीत के रूप में सामने आया। मतदाताओं का कहना है कि सीएम साय की सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा सुधार, कुनकुरी में 220 बिस्तर अस्पताल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। कुनकुरी में 220 बिस्तरों वाले अस्पताल को मंजूरी मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। हाल ही में कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डायलिसिस सुविधा शुरू की गई, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिली है। यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री जनता की जरूरतों को प्राथमिकता दे रहे हैं। जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्य गेंदबिहारी सिंह (निर्दलीय) आशिका कुजूर (कांग्रेस) मोनिका टोप्पो (निर्दलीय) शांति भगत (भाजपा) श्वेता भगत (कांग्रेस) शौर्य प्रताप सिंह जूदेव (भाजपा) मलिता बाई (भाजपा) अनिता सिंह (भाजपा) हिरामती पैंकरा (भाजपा) आरती सिंह (कांग्रेस) सालिक साय (भाजपा) सुरुचि पैंकरा (भाजपा) वेदप्रकाश भगत (भाजपा) दुलारी सिंह (भाजपा) भाजपा का बढ़ता वर्चस्व, क्षेत्रवासियों का समर्थन बरकरार भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत से स्पष्ट हो गया कि जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। जिला पंचायत के साथ-साथ जनपद पंचायतों में भी भाजपा का बहुमत साफ नजर आ रहा है। विकास कार्यों की गति और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के कारण भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिला है। जशपुर में भाजपा की इस प्रचंड जीत ने आने वाले चुनावों के लिए भी एक मजबूत राजनीतिक संकेत दे दिया है।

जशपुर में फुटबॉल का महाकुंभ, मुख्यमंत्री साय ने किया समापन— रणजीता स्टेडियम के जीर्णोद्धार की घोषणा

IMG 20250223 21183959

बेंगलुरु की मद्रास इंजीनियरिंग ग्रुप बनी विजेता, मुख्यमंत्री ने कहा— खेल प्रतिभाओं को मिलेगा हरसंभव समर्थन जशपुरनगर, 23 फरवरी 2025 | छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में सरकार का एक और बड़ा कदम। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज स्व. दिलीप सिंह जूदेव स्मृति अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में शिरकत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने घोषणा की कि रणजीता स्टेडियम का जीर्णोद्धार किया जाएगा, ताकि प्रदेश के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर सुविधाओं के साथ आगे बढ़ सकें। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन— ओलंपिक पदक विजेताओं को करोड़ों का इनाम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेलों के विकास के लिए उनकी सरकार पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपए की इनामी राशि दी जाएगी। इससे प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। 8 फरवरी से 23 फरवरी तक चले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के 16 राज्यों की सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीमें शामिल हुईं। बेंगलुरु की मद्रास इंजीनियरिंग ग्रुप ने रोमांचक फाइनल में साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे नागपुर को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। यह टूर्नामेंट जशपुर के लिए ऐतिहासिक रहा, क्योंकि पांच साल बाद रणजीता स्टेडियम ने राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मेजबानी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ में फुटबॉल को नई ऊंचाई देने वाला साबित होगा और स्टेडियम के उन्नयन से यहां और बड़े टूर्नामेंट आयोजित किए जा सकेंगे। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की उमड़ी भीड़ इस भव्य आयोजन में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नव-निर्वाचित पार्षद यश प्रताप सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विष्णु सरकार— खेल संस्कृति को दे रही नया आयाम छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार लगातार पहल कर रही है। फुटबॉल, मार्शल आर्ट्स, हॉकी और एथलेटिक्स में छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। जशपुर में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का सफल आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दर्शकों ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़  खेलों की नई राजधानी बनने की ओर बढ़ रहा है, और रणजीता स्टेडियम का जीर्णोद्धार इसे और ऊंचाई तक ले जाएगा।

जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गृहग्राम बगिया में मना रहे 61वां जन्मदिन, माता का आशीर्वाद लेकर सत्यनारायण कथा में हुए शामिल

IMG 20250221 133645 1

जशपुर/बगिया,21 फरवरी 2025 –  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 61वां जन्मदिन गृहग्राम बगिया में परिवार और समर्थकों के साथ मना रहे हैं। वे सुबह 11:58 बजे अपने निवास श्रीराम सदन पहुंचे, जहां उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने उन्हें माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर परिवारजनों और समर्थकों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन की शुरुआत माता श्रीमती जसमनी देवी के चरणों में आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद उनके निवास पर सत्यनारायण कथा का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं शामिल हुए हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद वे अपने गृह क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर शुभकामनाएं स्वीकार करेंगे। मुख्यमंत्री साय शाम 4 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। संघर्ष से सफलता तक – विष्णुदेव साय का प्रेरणादायक सफर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा का प्रतीक रहा है। जशपुर जिले के बगिया गांव में जन्मे साय ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र जीवन से की थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े साय ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई। विष्णुदेव साय तीन बार छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वे लोकसभा में चार बार सांसद चुने गए और केंद्र सरकार में राज्य मंत्री के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। आदिवासी समाज से आने वाले साय ने हमेशा जनजातीय समुदाय और ग्रामीण विकास के मुद्दों को प्राथमिकता दी। वर्ष 2024 में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के विकास, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं और जल आपूर्ति योजनाओं को गति दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्मदिन उनके समर्थकों और प्रदेशवासियों के लिए भी एक प्रेरणादायक अवसर है। उनका जीवन बताता है कि संघर्ष और संकल्प के साथ आगे बढ़ा जाए तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

आंखों देखी : जशपुर : पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी, मतदाताओं में दिखा उत्साह

Screenshot 2025 02 20 08 36 45 62 99c04817c0de5652397fc8b56c3b3817

जशपुर: पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी, मतदाताओं में दिखा उत्साह जशपुर, 20 फरवरी 2025 – जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। जशपुर जिले की चार जनपद पंचायतों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। जनपक्ष के संपादक संतोष चौधरी ने सुबह 7 से 8 बजे तक दो मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। धुमाडांड में दिखा मतदान का उत्साह सुबह 7 बजे कुनकुरी जनपद क्षेत्र के धुमाडांड ग्राम पंचायत में बूथ क्रमांक 62 और 63 पर मतदान शुरू हो चुका था। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाता उत्साह के साथ अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इस बार पंच, सरपंच, जनपद सदस्य (बीडीसी) और जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) के लिए मतदान हो रहा है, जिसके कारण प्रत्येक मतदाता को चार बैलेट पेपर पर वोट देना पड़ रहा है। इससे प्रक्रिया में थोड़ी अधिक समय लग रहा है, लेकिन मतदाताओं का जोश बरकरार है। गड़ाकटा में मतदान धीमा सुबह 7:45 बजे गड़ाकटा ग्राम पंचायत के बूथ क्रमांक 128 पर भी मतदान जारी था, लेकिन यहां मतदाताओं में अपेक्षाकृत कम उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मतदान प्रक्रिया और समय सीमा की जानकारी हर बूथ के बाहर वॉल राइटिंग के जरिए पहले से दी गई थी, ताकि मतदाता समय पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। शांतिपूर्ण तरीके से हो रही वोटिंग अभी तक मतदान केंद्रों पर कोई बड़ी परेशानी सामने नहीं आई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होने की संभावना है। 

जशपुर: पंचायत चुनाव में लापरवाही पर तीन शासकीय कर्मचारी निलंबित

IMG 20241208 WA0003

जशपुर: पंचायत चुनाव में लापरवाही पर तीन शासकीय कर्मचारी निलंबित जशपुर, 20 फरवरी 2025 – त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2024-25 के दौरान लापरवाही बरतने पर तीन शासकीय कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों के निलंबन आदेश जारी किए। पीठासीन अधिकारी नशे की हालत में पाए गए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जशपुर में निर्वाचन सामग्री वितरण के दौरान पीठासीन अधिकारी के रूप में तैनात प्रधान पाठक श्री जुनास खलखो और व्याख्याता श्री गणेश कुमार मंडल नशे की हालत में पाए गए। चिकित्सकीय परीक्षण में उनके शराब के सेवन की पुष्टि हुई, जिससे वे ड्यूटी करने की स्थिति में नहीं थे। यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-23 का उल्लंघन माना गया, जिसके चलते दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। 70 दिनों तक ड्यूटी से गायब रहे पटवारी वहीं, तहसील फरसाबहार में पदस्थ पटवारी श्री विजय कुमार श्रीवास्तव को मतदाता सूची की मॉर्ड कॉपी तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन, वे बिना किसी पूर्व अनुमति के 2 दिसंबर 2024 से 10 फरवरी 2025 (कुल 70 दिन) तक अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहे। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद उन्होंने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। इसे निर्वाचन प्रक्रिया में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें भी निलंबित कर दिया गया। तत्काल प्रभाव से निलंबन कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में श्री जुनास खलखो और श्री गणेश कुमार मंडल का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कांसाबेल तथा श्री विजय कुमार श्रीवास्तव का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (रा.) फरसाबहार निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कुनकुरी में सुबह-सुबह हुई हल्की बारिश,आम की फसल को मिलेगा फायदा

IMG20250220063502

कुनकुरी, 20 फरवरी – आज गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे कुनकुरी शहर और आसपास के गांवों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में सुबह 9 बजे के आसपास हल्की बूंदाबांदी और शाम 4 से 6 बजे के बीच बारिश व आंधी की संभावना है। इन दिनों आम के पेड़ बौर (मंजर) से लदे हुए हैं। ऐसे में हल्की बारिश से आम की फसल को फायदा होगा। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय हुई नमी से बौर को पोषण मिलेगा, जिससे आम की सेटिंग बेहतर होगी और फल अच्छी गुणवत्ता के बनेंगे। कृषि वैज्ञानिक बताते हैं कि आम के पेड़ों के लिए यह हल्की बारिश लाभकारी है क्योंकि इससे फूलों को ताजगी मिलेगी और वातावरण में नमी बढ़ेगी। इससे फल बनने की प्रक्रिया तेज होगी। हालांकि, ज्यादा बारिश या तेज आंधी से फूल झड़ सकते हैं, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है। किसानों का मानना है कि यदि बारिश सीमित मात्रा में होती है और तेज हवाएं नहीं चलतीं, तो इससे आम की फसल को अच्छा फायदा होगा। अब सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम का प्रभाव फसल उत्पादन पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नगरपंचायत अध्यक्ष विनयशील की संवेदनशील पहल: टोंगरीटोली की प्यास बुझी

IMG20250219132621

कुनकुरी,19 फरवरी 2025 – कुनकुरी नगरपंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होते ही विनयशील ने शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में सक्रिय कदम बढ़ा दिए हैं। उनकी एक संवेदनशील पहल से टोंगरीटोली के सैकड़ों निवासियों को वर्षों बाद पानी की सुविधा मिल सकी है। दरअसल, टोंगरीटोली बस्ती में लोग हर चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करते थे, लेकिन उनकी वर्षों पुरानी मांग—पीने के पानी की सुविधा—अब तक पूरी नहीं हो सकी थी। चुनाव प्रचार के दौरान जब विनयशील को इस समस्या की जानकारी मिली, तो उन्होंने इसे अपनी प्राथमिकता में रखा। नगरपंचायत का फंड सीमित होने के कारण उन्होंने निजी खर्च पर एक हजार लीटर की पानी टंकी लगवाई, जिससे वार्ड नंबर 2 और 14 के करीब 55 घरों के 250 लोगों को राहत मिली। पानी की सुविधा मिलने पर मोहल्लेवासियों में हर्ष है। सोनिया नायक, गणेश, चंद्रवती, सुकरीता यादव ने अध्यक्ष विनयशील का आभार जताया, वहीं सेरोफिना लकड़ा ने उनके घर पहुंचकर धन्यवाद दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों बाद किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्या को गंभीरता से लिया और तुरंत समाधान किया।गौर करने वाली बात है कि अभी विनयशील ने अध्यक्ष पद की शपथ नहीं ली है । नगरपंचायत अध्यक्ष विनयशील की यह पहल यह दर्शाती है कि जब संकल्प मजबूत हो, तो संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बनती। उनकी संवेदनशीलता ने टोंगरीटोली के निवासियों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा दी है।

बच्चों की पढ़ाई में बड़ी बाधा बनी मधुमक्खी के छत्तों को हटाने एक्शन में आये विनयशील,5 बच्चों को मधुक्खियों ने मारी डंक

Picsart 25 02 18 10 47 12 772

कुनकुरी,18 फरवरी 2025 – कुनकुरी शहर की कन्या शाला में वर्षों पुरानी समस्या पर नवनिर्वाचित नपं अध्यक्ष विनयशील का ध्यान गया है।उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से मधुक्खियों के छत्ते हटाते हुए स्थायी समाधान करने पर चर्चा की है। दरअसल,आज सुबह विनयशील खेल मैदान चौक पर लोगों से मुलाकात कर रहे थे।इसी दौरान युवा कौशल शर्मा ने बताया कि कन्या शाला में सेमल के बड़े पेड़ों पर मधुक्खियों के कई सारे छत्ते हैं।जिनमे से विभिन्न कारणों से मधुमक्खियां निकलकर स्कूल के बच्चों,टीचरों समेत स्टेट हाइवे से गुजरनेवाक़े राहगीरों पर हमला कर देती हैं।आज मंगलवार की सुबह साढ़े नौ बजे के करीब स्कूल की 5 छात्राओं को मधुक्खियों ने डंक मार दिया है।कौशल ने यह भी बताया कि उसे भी स्कूटी से गुजरते वक्त तीन दिन पहले मधुमक्खी ने गाल पर डंक मारा था जिससे वे सड़क पर गिरते-गिरते बचे। इस परेशानी को जानने के बाद विनयशील ने तत्काल वन विभाग के एसडीओ कुनकुरी को फोन लगाकर इस सम्बंध में चर्चा की।विनयशील ने बताया कि इससे सैंकड़ो बच्चों के जीवन के लिए हमेशा बड़ा खतरा बना हुआ है।परीक्षा सिर पर है।स्कूल परिसर के बाहर भी भीड़भाड़ रहती है।व्यस्त सड़क है।ऐसे में मधुक्खियों के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाना जरूरी है।इसे हटाने में जो भी खर्च करना पड़े,उसमें यदि फंड की कोई दिक्कत है तो निजी खर्च पर हटाऊंगा। अब देखना है कि मधुक्खियों और इंसानों का जीवन सुरक्षित करते हुए युवा नपं अध्यक्ष कब तक स्थायी समाधान कर पाते हैं।इससे पहले भी स्कूल प्रबंधन व छात्राओं ने छोटे से लेकर बड़े-बड़े जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने की गुहार लगाते रहे हैं।

समाज को शिक्षा अपनाना और नशे से दूर रहना होगा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

IMG 20250214 WA0027

*सरकार गठन के 13 माह में मोदी की अधिकांश गारंटियों को किया पूरा: मुख्यमंत्री* जशपुर 14 फरवरी 2025/ मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय आज फरसाबहार तहसील के ग्राम पंचायत कोनपारा के आश्रित ग्राम चट्टीड़ांड़ में खड़िया समाज के 15 वां सामाजिक वार्षिक उत्सव सम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने माता सरस्वती और क्रांतिकारी वीर शहीद तेलंगा खड़िया की छायाचित्र पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक और सरगुजा क्षेत्र विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय मौजूद थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खड़िया समाज से शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा विकास का आधार है। समाज की प्रगति के लिए समाज के पदाधिकारियों और समाज से जुड़े सभी लोगों को इस पर चिंतन करते हुए युवाओं और बच्चों को मार्गदर्शन करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने नशा से दूर रहने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़िया समाज पारम्परिक रीति-रिवाजों से और अपनी प्रकृति से आदिम समाज का हिस्सा रहा है। आपको याद होगा साल 2011 में जब खड़िया समाज को अनुसूचित जनजाति वर्ग में जगह दी गई, तब छत्तीसगढ़ में भाजपा की ही सरकार थी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के बने सिर्फ 13 महीने में ही मोदी कि अधिकांश गारंटियों को पूरा का लिया गया है। सरकार के गठन होते ही शपथ-ग्रहण के दूसरे ही दिन कैबिनेट की पहली बैठक में ही प्रधानमंत्री आवास योजना से प्रदेश के 18 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का निर्णय लिया गया था। हमारी सरकार पिछले दो खरीफ सीजन से किसानों से 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी कर रही है। इस बार प्रदेश में 149 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी कर रिकॉर्ड कायम किया है। वनवासी परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए तेंदूपत्ता संग्रहण दर को चार हजार रूपये से बढ़ाकर साढ़े 5 हजार रुपए प्रति मानक बोरा किया गया है। प्रदेश की 70 लाख माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 10 हजार रुपये देने का प्रावधान किया गया है। श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराया गया है। जनजातीय समाज के विकास के लिए पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाएँ आ संचालित की जा रही है। यूपीएससी की तैयारी करने वाले अधिक-से-अधिक युवाओं को अवसर देने के लिए दिल्ली के द्वारका में स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में सीटों को 50 से बढ़ाकर 185 किया गया है। बच्चों के शिक्षा के स्तर में वृद्धि के लिए निजी विद्यालयों की तर्ज पर राज्य में 341 विद्यालयों का निर्माण पीएमश्री योजना अंतर्गत किया जा रहा है। विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि जब से पृथ्वी में मानव समाज की रचना हुई है तब से जनजाति समाज रहा है। जैसे जैसे समय के साथ जो समाज उन्नति करता गया वो आगे बढ़ता गया। उन्होंने जनजातीय समाज से अपील करते हुए कहा कि जनजातीय समाज को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ने के लिए समाज को चिंतन करते हुए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए तभी समाज आगे बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने अपने उद्बोधन में नशा को समाज के विकास में बाधक बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की। इसके लिए उन्होंने महिलाओं को आगे आकर प्रतिबद्धता के साथ नशामुक्ति के लिए कार्य करने का आह्वाहन किया। उन्होंने कहा कि समाज में विकास के लिए हर परिवार के सभी सदस्यों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्य करना चाहिए तभी समाज आगे बढ़ सकता है। इस अवसर पर पूर्व विधायक भरत साय,  सुनील गुप्ता, खड़िया समाज के प्रदेश अध्यक्ष  मदन नायक, जिला संरक्षक  बोध साय मांझी, जिला महामंत्री कृपाल मांझी, जिला उपाध्यक्ष  रामसागर सोरेंग और बाल कुमार प्रधान, समाज के अन्य पदाधिकारी सहित भारी संख्या खड़िया समाज के लोग मौजूद थे।