जशपुर में फगुआ का रंगीन धमाका: “तोर लागिन जान भी देई देबूं” ने मचाई धूम,EX MLA विनय और श्वेता की हिट जोड़ी, यूट्यूब में कमेंट्स की बौछार

IMG 20260303 WA0009

जशपुर में फगुआ का रंगीन धमाका: “तोर लागिन जान भी देई देबूं” ने मचाई धूम जशपुर, 3 मार्च 2026 –  होली के रंगों के बीच जशपुर की धरती से एक बार फिर सांस्कृतिक सरगम गूंज उठी है। जशपुर के पूर्व विधायक Vinay Bhagat और उनकी पत्नी Shweta Bhagat ने आधुनिक नागपुरी फगुआ एलबम “तोर लागिन जान भी देई देबूं” रिलीज कर होली के जश्न में चार चांद लगा दिए हैं। दो मार्च को यूट्यूब पर लॉन्च हुए इस एलबम ने महज 20 घंटे में ही 19 हजार व्यूज़ का आंकड़ा पार कर लिया, जो इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर यह गीत तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शकों से जबरदस्त सराहना बटोर रहा है। एलबम की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन और सांस्कृतिक प्रस्तुति है। जशपुर की नैसर्गिक सुंदरता, पहाड़, हरियाली और स्थानीय परंपराओं को बेहद खूबसूरती से फिल्माया गया है। शूटिंग Sarna Resort Balachhapar में की गई है, जहां होली के रंग में डूबे लोग स्थानीय पारंपरिक पेय हड़िया (चावल से निर्मित राइस बीयर) को मिट्टी के बर्तनों में पीते और पारंपरिक नृत्य करते नजर आते हैं। यह दृश्य एलबम को पूरी तरह से लोक संस्कृति से जोड़ता है। दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी दिल छू लेने वाली हैं। एक दर्शक बालमुकुंद यादव ने कमेंट करते हुए लिखा, “यह वीडियो बहुत सुंदर है। कभी भोजपुरी गाना में भी बनाइए, आप लोग भोजपुरी हीरो-हीरोइन जैसे दिखते हो।” ऐसे हजारों सकारात्मक कमेंट्स इस एलबम की सफलता की कहानी खुद बयां कर रहे हैं। एलबम की प्रस्तुति में Vinay Bhagat और Shweta Bhagat मुख्य कलाकार के रूप में नजर आ रहे हैं, जिनका नृत्य और अभिव्यक्ति दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। उनके डांस को जशपुर ही नहीं, बल्कि झारखंड, ओडिशा, असम और बंगाल तक में खूब पसंद किया जाता है। इस एलबम की प्रोड्यूसर श्वेता विनय भगत हैं। गायन की जिम्मेदारी कयूम अब्बास और केशो देवी ने संभाली है, जबकि कैमरा और एडिटिंग का कार्य अरुण कुमार ने किया है। सह कलाकार संगम और दिव्या ने भी अपने अभिनय से गीत में जीवंतता भर दी है। होली के इस खास मौके पर “तोर लागिन जान भी देई देबूं” ने यह साबित कर दिया है कि क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति में भी वह ताकत है जो सीमाओं को पार कर दिलों को जोड़ सकती है। जशपुर की धरती से निकला यह रंगीन फगुआ गीत अब पूरे पूर्वी भारत में अपनी छाप छोड़ता नजर आ रहा है।

पति की हत्या कर शव को शौचालय की टंकी में छिपाया, तीन दिन बाद हुआ खुलासा

IMG 20250519 WA0023

घरेलू विवादों में हिंसक घटनाएं समाज में रोज ब रोज बढ़ती चली जा रही है।विवाद को सुलझाने के लिए जो वातावरण होना चाहिए – मध्यस्थता और समझाइश – यह दोनों पक्ष को पसंद नहीं है।निर्णय दोनों पक्ष तत्काल कर रहे हैं, जिसकी परिणति बहुत ही दर्दनाक,खौफनाक हो रही है।ताजा मामला सामने आया है जिसमें पत्नी अपने शराबी पति के रोज – रोज कलह से तंग आकर कुल्हाड़ी से गर्दन काट दी।जब पति के प्राण हर लिए तो शव को शौचालय की टंकी में दफना दिया। पलामू | पांकी | 19 मई 2025 पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घरेलू कलह के चलते एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी और शव को शौचालय की टंकी में छिपा दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना पांकी के गरिहारा गांव (केकरगढ़ पंचायत) की है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय बुधन उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधन शराब का लती था और अक्सर नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना की रात भी जब उसने पत्नी ललिता देवी के साथ हाथापाई की, तो खुद को बचाने के प्रयास में ललिता ने उसे धक्का दे दिया। गिरने के बाद ललिता ने घर में रखी टांगी से उसके गले पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद ललिता ने शव को छिपाने के लिए पास में बने शौचालय की टंकी में डाल दिया और तीन दिनों तक किसी को भनक नहीं लगने दी। लेकिन जब बुधन का पता नहीं चला तो गांव में संदेह गहराया। ग्रामीणों ने पूछताछ की तो ललिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूचना पर पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शौचालय की टंकी से बाहर निकाला। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली गई है। ललिता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।    

छत्तीसगढ़ के निर्भीक पत्रकार मुकेश चंद्रकार की हत्या पर झारखंड के पत्रकारों ने जताई कड़ी नाराज़गी,कहा- हत्यारों को फांसी दो

IMG 20250107 08525166

गुमला(झारखण्ड), 07 जनवरी 2025 – बस्तर के प्रसिद्ध और निर्भीक पत्रकार मुकेश चंद्रकार की निर्मम हत्या ने पूरे पत्रकारिता जगत को झकझोर कर रख दिया है। इस कायराना हमले के विरोध में झारखंड के पत्रकारों ने एकजुट होकर श्रद्धांजलि दी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। गुमला जिले में आयोजित आपात बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला करार दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे हमलों को समाज में कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों की प्रमुख मांग थी कि नृशंस हत्या में शामिल दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी सुनिश्चित की जाए। पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि पत्रकारों के लिए विशेष सुरक्षा कानून लाने की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वरिष्ठ पत्रकारों ने बताया कि इस मामले में प्रेस क्लब महासंघ और झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके जरिए दोषियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में खड़ा करने की मांग की जाएगी। पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि मुकेश चंद्रकार जैसे निर्भीक पत्रकार समाज के लिए प्रेरणा हैं, और उनकी हत्या का दोषियों को कड़ा परिणाम भुगतना होगा।  

झारखण्ड के विकास के लिए भाजपा का समर्थन जरूरी है – कौशल्या साय, चुनावी समर में कुशल संवाद से मतदाताओं को डबल इंजन के फायदे गिनाए,, देखें तस्वीरें

IMG 20241111 WA0006

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय ने संभाला चुनावी मोर्चा, झारखंड में भाजपा के लिए मांगा समर्थन जशपुर,11 नवम्बर 2024 – झारखंड विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी गतिविधियों में तेजी ला दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने भी झारखंड के सिमडेगा जिले में भाजपा के पक्ष में प्रचार किया। रविवार को उन्होंने सिमडेगा के कूटमाकछार, डुमरडीह, दर्रीपारा, चाडरीमुंडा, मेसना और बनगांव जैसे महत्वपूर्ण गांवों में चुनावी सभाएं कीं और भाजपा के लिए समर्थन की अपील की। कौशल्या साय ने अपने संबोधनों में भाजपा की नीतियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और पार्टी के घोषणापत्र पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी जीत से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी। उन्होंने जनता से भाजपा को वोट देने का आग्रह करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा की जीत जरूरी है। अपने भाषणों में कौशल्या साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और किसानों के लिए समर्थन मूल्य जैसी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। भाजपा के घोषणापत्र के मुख्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कौशल्या साय ने गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल तय करने और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के वादों का जिक्र किया। “झारखंड के विकास के लिए भाजपा का समर्थन जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा इस राज्य के विकास को प्राथमिकता दी है। हमारे घोषणापत्र में झारखंड की जनता के सभी सवालों का समाधान है।” – कौशल्या साय वहीं भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानन्द बेसरा ने कहा कि “श्रीमती साय के इस दौरे से भाजपा के चुनावी अभियान में जोश और गति आई है। उनकी सहज भाषण शैली और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की क्षमता ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में उनकी भूमिका जीत की ओर ले जानेवाली है।  

गुमला पुलिस को बड़ी सफलता: झांगुर गुट का कुख्यात अपराधी अरविंद उरांव उर्फ झुंझुनू गिरफ्तार, पुलिस से लूटी गई पिस्टल और कारतूस बरामद

1002537222

गुमला, झारखंड ,29 अक्टूबर 2024– गुमला पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अपराधी संगठन झांगुर गुट के सक्रिय सदस्य अरविंद उरांव उर्फ झुंझुनू उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने अपराधी के कब्जे से एक पुलिस से लूटी गई 9 एमएम पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और एक देशी कट्टा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि अरविंद उरांव बिशुनपुर और गुरदारी थानों में कई मामलों में वांछित था। एसपी ने जानकारी दी कि कुछ समय पहले नेतरहाट घाटी में एक पुलिस जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें अरविंद मुख्य आरोपी था। इस हत्या में उसी 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, जो पुलिस ने उसके पास से बरामद की है। एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा, “अरविंद की गिरफ्तारी झांगुर गुट के लिए एक बड़ा झटका है। यह गुट झारखंड में अपराध की कई घटनाओं में शामिल रहा है। जल्द ही इस संगठन के बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार कर पूरी तरह से समाप्त किया जाएगा।” पुलिस ने इस सफलता में जिला बल और एसएसबी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की है। कार्रवाई के दौरान एसएसबी टीम ने तत्परता से सहयोग करते हुए अपराधी को पकड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एसपी ने बताया कि झांगुर गुट का सरगना रामदेव उरांव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी, जिसके आधार पर रेड कार्रवाई की गई और इस दौरान अरविंद उरांव गिरफ्त में आ गया। इस सफलता से झांगुर गुट को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी जीत मानी जा रही है, और गुमला पुलिस अपराधी संगठन के अन्य सदस्यों को भी जल्द ही पकड़ने का दावा कर रही है। बता दें कि झांगुर गुट उसी तरह चरमपंथियों का एक दस्ता है जैसा मंगल नगेशिया का था।इस गुट के पास आधुनिक स्वचालित हथियार भी हैं।इसका प्रभाव क्षेत्र गुमला और लातेहार जिले में माना जाता रहा है।